ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पैदल मार्च करने जा रहे सपा नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट
*जिलाध्यक्ष समेत सभी नेताओं को रोका गया

गोंडा।देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी द्वारा प्रस्तावित पैदल मार्च से पहले पुलिस ने कई सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया।बताते चलें कि सोमवार सुबह 11 बजे गांधी पार्क से लेकर अंबेडकर चौराहे तक पैदल मार्च प्रस्तावित था।इससे पहले रविवार देर रात 12 बजे से अलग अलग थानों की पुलिस ने सपा नेताओं को उनके घरों में ही रोक दिया और नेताओं को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।पुलिस कार्रवाई के बावजूद सपा नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों से गांधी पार्क पहुंचने का आह्वान किया है।पार्टी नेताओं का कहना है कि पैदल मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला जाएगा।वहीं पुलिस की तरफ से नेताओं को रोके जाने पर सपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया है।देहात कोतवाली पुलिस ने जमुनियाबाग स्थित सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट किया है।नगर कोतवाली पुलिस ने बूढ़ादेवर में मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप,सूरज होटल के पास लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लालचंद्र गौतम,छात्रसभा के जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह,अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष अफजल खान और नगर अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी को उनके घरों में रोक दिया।खोंड़ारे पुलिस ने गौरा से पूर्व सपा प्रत्याशी व पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री संजय विद्यार्थी को हाउस अरेस्ट किया।करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक व प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह को उनके भंभुआ स्थित आवास पर रोक लिया तो वहीं कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे को उनके नगर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड स्थित आवास पर तो विनोद शुक्ला को भी पुलिस ने घर से बाहर नहीं निकलने दिया।इसी तरह नवाबगंज पुलिस ने दिनेश यादव,तरबगंज पुलिस ने रामभजन चौबे, मनोज चौबे को हाउस अरेस्ट किया तो धानेपुर पुलिस ने अंजू वर्मा समेत कई अन्य नेताओं को भी अलग अलग स्थानों पर घरों में नजरबंद किया गया।देर रात से ही पुलिस टीमें नेताओं के घरों पर तैनात हैं।सपा जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन से भी पार्टी नेताओं को रोका जा रहा है।उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से पैदल मार्च निकालना चाहते थे और इसी को लेकर गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहे तक कार्यक्रम रखा गया था।
दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की नई कार्यकारिणी गठित, रविशंकर मिश्रा बने प्रबंधक और रामचंद्र प्रसाद अध्यक्ष

चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के हसनपुर-कम्हरिया गांव स्थित त्रिपुर सुंदरी महाशक्तेश्वरी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

समिति में वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार रविशंकर मिश्रा को प्रबंधक तथा रामचंद्र प्रसाद को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शंकर जायसवाल को महामंत्री, राजन गुप्ता को मंत्री, अभिषेक जायसवाल को उपमंत्री और जयप्रकाश को संरक्षक बनाया गया। बाबूनंदन शर्मा को आय-व्यय निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई।

इसके अलावा विकास सहित अन्य सदस्यों को उपाध्यक्ष, मुंशी और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंदिर के पुजारी गुलाब, अभय नर्सिंग, राहुल, चंदन, सुजीत यादव, सुभाष यादव, शशिकांत और रामकरन समेत अन्य लोगों को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर चार दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों और फूलों से सजाया जाएगा। महोत्सव के दौरान मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार, प्रतिदिन आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए समिति की ओर से बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रसाद वितरण और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए अलग से दर्शन की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई गई है।

समिति के प्रबंधक रविशंकर मिश्रा ने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा। समिति आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गई है।
कुम्हीडड़िया दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा*


*चोरी के इरादे से स्कूल पहुंचे थे आरोपी, विरोध करने पर दंपती की हत्या का आरोप*

*फावड़ा-कुल्हाड़ी, 34,960 रुपये और खून के निशान वाले कपड़े बरामद*

सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुम्हीडड़िया गांव में मनराजी शिक्षण संस्थान में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी की नीयत से शिक्षण संस्थान पहुंचे थे। इसी दौरान विरोध करने पर दंपती की हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार 28/29 सितंबर की रात मनराजी शिक्षण संस्थान में 53 वर्षीय मुकेश कुमार सिंह और उनकी 47 वर्षीय पत्नी विनीता सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर कादीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर SOG, सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए थे।

*स्कूल की जानकारी होने का स्कूल ड्राइवर राकेश ने उठाया फायदा*

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार यादव मनराजी शिक्षण संस्थान में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने का काम करता था। उसे स्कूल, कार्यालय और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि राकेश ने अपने पड़ोसी और पटीदार आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 28 सितंबर की रात दोनों आरोपी स्कूल पहुंचे। राकेश ने कार्यालय में रखी चाबी से अलमारी का लॉकर खोला और नकदी निकालने लगा। इसी दौरान विनीता सिंह ने उन्हें पकड़ लिया और विरोध किया।

पुलिस के मुताबिक पहचान किए जाने के डर से राकेश ने पास रखे फावड़े से विनीता सिंह पर कई वार कर दिए। इसी दौरान मुकेश सिंह ने घटना देख ली और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने उनका पीछा किया और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी।
नकदी और मोबाइल लेकर फरार हुए आरोपी
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद दोनों आरोपी लॉकर से नकदी, विनीता सिंह का मोबाइल फोन और आधार कार्ड लेकर मौके से फरार हो गए। पूछताछ में राकेश ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसने मृतका के मोबाइल से रात में कई ट्रांजेक्शन किए। पकड़े जाने के डर से बाद में मोबाइल फोन कुएं में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल रक्तरंजित फावड़ा और कुल्हाड़ी बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से चोरी की 34,960 रुपये की नकदी और मृतका का आधार कार्ड बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना के समय पहने गए आरोपियों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं, जिन पर खून के निशान मिले हैं।

*दोनों आरोपी गिरफ्तार*

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश कुमार यादव पुत्र स्व. लहुरी यादव, उम्र करीब 36 वर्ष और आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव पुत्र हरिनाथ यादव, उम्र करीब 26 वर्ष, दोनों निवासी कुम्हीडड़िया, थाना कादीपुर, सुलतानपुर के रूप में की है।
नवरात्रि,श्रीदुर्गा पूजा,श्रीरामलीला व दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न।
                                 
सदर विधायक पल्टूराम व नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।              
                                                         
बलरामपुर। आगामी नवरात्रि पर्व,श्रीदुर्गा पूजा,श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण,सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को  एम.एल.के.पी.जी. कॉलेज के ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ द्वारा किया गया। इसमें पर्व से संबंधित विभिन्न दुर्गा पूजा,रामलीला समितियों के अध्यक्ष,महामंत्री,जनप्रतिनिधि,प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों सहित जनपद के गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में आगामी पर्वों के दौरान नगर में साफ-सफाई,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था,यातायात,सुरक्षा व्यवस्था,जुलूस एवं शोभायात्रा के मार्ग,रामलीला एवं दुर्गा पूजा स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों से उनकी आवश्यकताओं,समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता राज कुमार श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महाराज,सदर विधायक पलटू राम रहे। कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी मनोज कुमार,क्षेत्राधिकारी नगर पुलिस अभिषेक सिंह,केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अविनाश मिश्रा,डॉ.कौशल्या गुप्ता, रासविहारी शुक्ल,हरिवंश सिंह,डॉ.कुलदीप विश्वकर्मा,प्रीत पाल सिंह,रामनरेश त्रिपाठी,लड्डू सिंह,हरिवंश सिंह, विजय अग्रवाल,सुनील गुप्ता,डॉ तुलसीश दुबे,डॉ देवेश श्रीवास्तव,डीपी सिंह वैस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सभासदगण तथा सभी संबंधित समितियों के अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संजय शुक्ला ने किया।

पर्व हमारी आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक : पल्टूराम

मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि नवरात्रि,श्रीदुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा हमारे धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसलिए सभी आयोजक समितियां प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर पूरा सहयोग दिया जाएगा। सभी लोग आपसी भाईचारे,सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना के साथ पर्व मनाएं।

व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी : डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नगर में नवरात्रि,दुर्गा पूजा,श्रीरामलीला एवं दशहरा पर्व को लेकर नगर पालिका द्वारा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। पूजा पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास साफ-सफाई,पेयजल,प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो,इसके लिए नगर पालिका प्रशासन संबंधित विभागों एवं आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करेगा। उन्होंने सभी समितियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से आयोजन सम्पन्न कराएं। डॉ.‘धीरू’ ने कहा कि बलरामपुर की पहचान आपसी भाईचारे,गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द से है। सभी पर्व एवं धार्मिक आयोजन इसी भावना के साथ सम्पन्न हों,यही हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की ओर से पर्व को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में उपस्थित समिति पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने अपने-अपने सुझाव एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी आवश्यक बिंदुओं पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बैठक का उद्देश्य आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण,सुरक्षित,स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा।
न्यायालय के आदेश पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित राजस्व कर्मियों के खिलाफ मुकदमा


चंदौली।मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पथरा गांव के जमीन विवाद में न्यायालय के आदेश पर  पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी, उनके पति अरविंद कुमार सिंह समेत आठ नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में डीडीयू तहसील से जुड़े नायब तहसीलदार सुनील कुमार सिंह, लेखपाल सियाराम और कानूनगो जगदंबा सिंह के नाम भी शामिल हैं।

शिकायतकर्ता गया प्रसाद उर्फ अंगनू यादव ने आरोप लगाया है कि पथरा गांव की आराजी संख्या 136/1, 136/5 और 136/2 से संबंधित पुराने राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर कर वर्ष 2009 में गलत तथ्यों के आधार पर बैनामा कराया गया। शिकायत में जमीन की पैमाइश के दौरान गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने तहरीर में लगाए गए आरोपों के आधार पर धारा 323, 504, 506, 419, 420, 467, 468, 471, 120बी, 166 और 167 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान विवादित जमीन से जुड़े राजस्व अभिलेख, बैनामा और संबंधित राजस्व कार्रवाई की पड़ताल की जाएगी। मुकदमा दर्ज होना आरोपों की पुष्टि नहीं है। नामजद लोगों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की सत्यता पुलिस जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
एमडीआर को लेकर व्यापारियों में रोष।अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल।*
सुलतानपुर। यूपीआई आज देश में डिजिटल भुगतान का एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक माध्यम बन चुका है। विशेष रूप से लघु एवं मध्यम वर्गीय व्यापारियों, उद्यमियों एवं उपभोक्ताओं के लिए यूपीआई ने भुगतान प्रक्रिया को सरल, त्वरित एवं सुविधाजनक बनाया है।

इसी क्रम में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश मंत्री हिमांशु मालवीय के दिशा निर्देशन एवं क्षेत्रीय प्रभारी अवध क्षेत्र अमर बहादुर सिंह की अगुआई व जिला प्रभारी प्रविन्द्र भालोटिया की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री भारत सरकार को उनके द्वारा 15 अक्टूबर से ₹2,000 से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर निर्धारित किए जाने तथा मासिक अधिकतम एमडीआर सीमा ₹1 लाख निर्धारित किए जाने के संदर्भ में जिलाध्यक्ष विजय प्रधान की सहमति से ज्ञापन देना सुनिश्चित किया।

हमारा मानना है कि इस प्रकार की व्यवस्था से लघु एवं मध्यम वर्गीय व्यापारियों तथा उद्यमियों पर अनावश्यक वित्तीय भार पड़ेगा यदि एमडीआर की निर्धारित राशि को बढ़ा दिया जाए तो व्यापारी बिना किसी अतिरिक्त दबाव के यूपीआई एवं डिजिटल भुगतान को अपनाते रहेंगे।
आज यूपीआई देश के व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए एक आवश्यक भुगतान माध्यम बन चुका है। इसकी सुविधा, पारदर्शिता और त्वरित भुगतान व्यवस्था ने व्यापारिक गतिविधियों को गति प्रदान की है।
ऐसे समय में आवश्यक है कि ऐसी नीतियां ना बनाई जाएं, जिससे व्यापारी डिजिटल भुगतान से विमुख होकर पुनः नकद लेनदेन की ओर जाने के लिए विवश न हों, इसी लिए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से माननीय प्रधानमंत्री जी को जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से ज्ञापन दिया गया, जिसमें एमडीआर की न्यूनतम लेनदेन सीमा ₹10,000 तथा मासिक अधिकतम सीमा ₹5 लाख किए जाने पर आवश्यक निर्णय लेने हेतु निवेदन किया गया।
यह कदम देश में डिजिटल भुगतान को और अधिक प्रोत्साहित करने, व्यापारियों के हितों की रक्षा करने तथा डिजिटल एवं कैशलेस अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होग।
इस विशेष मौक़े पर जिला उपाध्यक्ष गोपालजी सोनी,भोलानाथ सोनी,सुनील सिंह,विनय सिंह,चंद्रदेव मिश्रा आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
दुर्गा पूजा की तैयारियां पूर्ण, केंद्रीय श्री दुर्गा पूजा महासमिति ने उठाई आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग, डीजे प्रतिबंध पर पुनर्विचार की मांग
तुलसीपुर बलरामपुर  आगामी शारदीय नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से केंद्रीय श्री दुर्गा पूजा महासमिति, तुलसीपुर द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अध्यक्ष दिलीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिलाधिकारी महोदय को संबोधित करते हुए उप जिलाधिकारी  को  ज्ञापन सौंपा।

महासमिति ने विशेष रूप से डीजे पर लगाए गए प्रतिबंध का विरोध करते हुए प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की । समिति ने  कहा है कि पर्व के दौरान धार्मिक आयोजन एवं शोभायात्रा की परंपराओं को ध्यान में रखते हुए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के प्रासंगिक दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप डीजे संचालन की अनुमति दी जानी चाहिए।

ज्ञापन में प्रमुख मांगे—

- सभी दुर्गा पूजा पंडालों पर सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत व्यवस्था।
- नवरात्रि से पूर्व सड़कों, पटरियों एवं नालियों से संबंधित निर्माण कार्यों को व्यवस्थित कराने।
- विजयदशमी से पूर्व नगर की सड़कों को गड्ढामुक्त कराने।
- पर्व के दौरान आवागमन प्रभावित करने वाले निर्माण कार्यों को अस्थायी रूप से रोकने।
- प्रमुख धार्मिक क्षेत्रों में मांस, मछली एवं अंडे की बिक्री पर नियमानुसार व्यवस्था।
- पूर्व वर्षों की भांति नगर को विद्युत कटौती से मुक्त रखने।
- हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट सहित प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने।
- पूजा पंडालों एवं आसपास विशेष साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं छिड़काव।
- सभी प्रमुख पूजा पंडालों पर पर्याप्त पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

केंद्रीय श्री दुर्गा पूजा महासमिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि नवरात्रि प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और नवरात्रि एवं दशहरा पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। इस दौरान प्रदीप गुप्ता, संजय अग्रवाल, अनिल कसौधन, घनश्याम गुप्ता, रंणजय कमला, संजय प्रजापति, दीपू,राज अग्रहरी, सौरभ, रजत, शक्ति वर्मा, अमर सिंह, रवि पांडे,अभिषेक त्रिपाठी, इष्ट देव, रामदयाल सोनी, मुकेश कुमार, मनोज, राजेश कसौधन, विनोद कुमार आदि दर्जनों की संख्या में कमेटी के सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
मऊ डॉ. अलका राय को आईएनडीजीपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया
मऊ। डॉ. अलका राय को भारतीय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक जनता पार्टी (INDGP) के जनता महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन पर समर्थकों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. अलका राय चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। मऊ जनपद से लेकर नोएडा और दिल्ली तक विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में उनकी सहभागिता रही है।

मऊ जनपद में उनका नर्सिंग होम भी संचालित है, जहां मरीजों की चिकित्सा देखभाल के साथ जरूरतमंद, गरीब एवं बेसहारा लोगों की सहायता किए जाने की बात कही गई है।

पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है कि डॉ. अलका राय के संगठन से जुड़ने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से महिला मोर्चे की गतिविधियों को विस्तार देने में मदद मिलेगी।

डॉ. अलका राय के मनोनयन पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
नमो घाट पर एयर शो की तैयारियों का जायजा, यातायात के लिए बनेगा डायवर्जन प्लान
चंदौली/वाराणसी। नमो घाट पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने एयर शो के दौरान दर्शकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, डीसीपी वाराणसी गौरव बंसवाल, जिलाधिकारी वाराणसी सतेंद्र कुमार, जिलाधिकारी चंदौली चंद्रमोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बुरादे के नीचे छिपी थी 1.50 करोड़ की शराब, चंदौली में ट्रक समेत तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खुलासा करते हुए एक ट्रक से 1185 पेटी यानी 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। मौके से राजस्थान निवासी 23 वर्षीय शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को NH-19 पर काले शाह बाबा की मजार के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध अशोक लेलैण्ड ट्रक MH 18 BZ 7720 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ट्रक से उतरकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान ट्रक में पीली प्लास्टिक की बोरियों में भरे लकड़ी के बुरादे के नीचे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। इनमें Kings Gold, Imperial Blue, McDowell’s, Party Special और Super Jubilee ब्रांड की शराब शामिल थी।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा के पानीपत के पास से शराब लेकर बिहार जा रहा था। इसके बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मौके से ट्रक, आईफोन समेत अन्य सामान भी बरामद हुआ।