देवघर-गांधी जयंती पर जीडी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में विविध कार्यक्रमों का आयोजन, ‘रन फॉर डीएवी’ में दिखा उत्साह।
देवघर:
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा से हुई।
इसमें विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ का गायन किया। भजनों के माध्यम से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को याद किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने भाषण और कविता पाठ भी किया। डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के तत्वावधान में आयोजित ‘रन फॉर डीएवी’ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। दौड़ का शुभारंभ शंख मोड़ से हुआ, जबकि समापन इनडोर स्टेडियम में किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रवि राउत उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को सत्य, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रम की सराहना की ओर बच्चों को इसे दैनिक जीवन में अपनाने को कहा। विद्यालय की एनसीसी इकाई की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया।
एनसीसी कैडेट्स ने सफाई अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया और गांधीजी के स्वच्छता संबंधी विचारों को व्यवहार में उतारने का प्रयास किया। विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजीद ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन त्याग, सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, नैतिकता और सेवा भावना को अपने आचरण में शामिल करना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में दौड़ के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में कन्हैया कुमार ,कक्षा 10, रोशन कुमार ,कक्षा 9 और विशाल कुमार कक्षा 11 क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे दूसरी ओर बालिका वर्ग में सौम्या भारद्वाज, कक्षा 10, प्रिया कुमारी ,कक्षा 7 और सृष्टि कुमारी ,कक्षा 8 क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे कार्यक्रम का समापन राष्ट्रसेवा, स्वच्छता और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।
Oct 03 2026, 08:14
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
11- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.9k