जर्जर लाइन और लो-वोल्टेज से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई* विद्युत उपकेंद्र तेरवा दहिंगवा के अंतर्गत जर्जर विद्युत लाइन व ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने व लोकल फाल्ट के कारण, अघोषित कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या से आजिज आकर सैकड़ो ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र तेरवा दहिंगवा पहुंचकर संबंधित अधिकारी को ज्ञापन दिया। बताते चले विद्युत उपकेंद्र तेरवा दहिंगवा को बीकापुर मल्लावां विद्युत उपकेंद्र से 33 केवी उपकेंद्र की सोर्स लाइन जुड़ी है। ग्रामीणों का कहना है जब से बीकापुर मल्लावां से सोर्स लाइन जुड़ी है, तब से अघोषित कटौती रात में ज्यादा समस्या बनी है। पूर्व में कछौना से 33 केवी सोर्स लाइन होने पर इतनी दिक्कत नहीं थी। इस विद्युत उपकेंद्र तेरवा दहिंगवा के अंतर्गत 70 ग्राम है, काफी बड़ा क्षेत्र है। इसके अंतर्गत कई सरकारी अस्पताल, प्राइवेट हॉस्पिटल, विद्यालय, मार्केट, नलकूप, औद्योगिक इकाई सहित घरेलू कनेक्शन है। लगातार घोषित कटौती के कारण जनजीवन प्रभावित है। सबसे ज्यादा बुजुर्ग, बीमार, बच्चों को दिक्कत होती है। इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित होती है। बृहस्पतिवार को अवर अभियंता रामकृपाल को ग्रामीण हसनापुर, प्रधान प्रतिनिधि शिवाजी वर्मा, अर्जुन वर्मा बेहसार, पप्पू सिंह गौरीतालिब, मोहम्मद गयास असही सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर ज्ञापन दिया।
ट्रेन सफर में कुरकुरे दिलाने के बहाने मासूम को ले गया अजनबी
*जीआरपी में मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की तलाश तेज
मड़िहान/मीरजापुर। संतनगर थाना क्षेत्र स्थित कमलापुर ओबराडीह गांव निवासी दिल्ली जाने के लिए घर से निकले थे। मां ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि रास्ते में मिला एक अजनबी कुछ ही घंटों में उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी चिंता बन जाएगा। ट्रेन के सफर के दौरान परिवार से घुल-मिल गए अज्ञात व्यक्ति ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर महज “बेटी को कुरकुरे दिलाकर लाता हूं” कहकर नौ वर्षीय मासूम को अपने साथ लिया और फिर वापस नहीं लौटा। देखते ही देखते कुछ मिनटों का इंतजार घंटों की बेचैनी में बदल गया। मां स्टेशन पर अपनी बेटी को खोजती रही, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला। मामले में पीड़ित मां की तहरीर पर जीआरपी प्रयागराज में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बताया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस की टीमें बच्ची को सकुशल बरामद करने और आरोपी तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं। घटना 08 सितंबर 2026 की बताई जा रही है। मड़िहान थाना क्षेत्र की रहने वाली आशा देवी अपनी नौ वर्षीय बेटी और मुंह बोले भाई अनुज के साथ दिल्ली जाने के लिए घर से निकली थीं। प्रयागराज से आगे की यात्रा के लिए वह मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहीं उनकी मुलाकात एक अजनबी व्यक्ति से हुई। उसने भी स्वयं को दिल्ली जाने वाला बताया। एक ही मंजिल की बात सुनकर सामान्य यात्री की तरह बातचीत शुरू हुई और परिवार को उस समय उस पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। पीड़ित मां की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, उस व्यक्ति ने भी उनके साथ टिकट लिया। शाम करीब छह बजे सभी ट्रेन से प्रयागराज के लिए रवाना हुए। कुछ घंटों का यह साथ धीरे-धीरे विश्वास में बदलता गया। किसी को अंदाजा नहीं था कि यही भरोसा आगे चलकर परिवार के लिए इतनी बड़ी परेशानी का कारण बन जाएगा। प्रयागराज रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद करीब साढ़े सात बजे शाम आरोपी ने मासूम से कुरकुरे दिलाने की बात कही और उसे अपने साथ लेकर चला गया। मां को लगा कि वह बच्ची को कुछ खाने का सामान दिलाकर कुछ ही मिनट में वापस आ जाएगा। वह इंतजार करती रही। पहले पांच-दस मिनट गुजरे, फिर समय बढ़ता चला गया। लेकिन न वह अजनबी लौटा और न ही उसके साथ गई बच्ची। दुकानों, प्लेटफॉर्म और आसपास के हिस्सों में मासूम को तलाशा गया, लेकिन हर कोशिश के बाद परिवार के हाथ मायूसी ही लगी। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजन जीआरपी के पास पहुंचे और पूरी घटना बताई। मां की तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। घटना रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान पर होने के कारण सीसीटीवी कैमरों को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया। पुलिस ने स्टेशन तथा आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। बताया जा रहा है कि कैमरों में बच्ची को साथ ले जाता संदिग्ध दिखाई पड़ा है। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी और बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए तलाश तेज कर दी गई है। हालांकि पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी होने तक उसकी पहचान को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
जनगणना के द्वितीय चरण हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई अपरजिलाधिकारी(वि0रा0)/जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद के सभागार में जनगणना के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण के अंतर्गत होने वाली जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान  जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले अधिकारियों प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र/प्रश्नावली को सही ढंग से भरने तथा गणना संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यापक दायित्व है। इसलिए सभी गणनाकर्मी निर्धारित दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करते हुए प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति से संबंधित जानकारी का सही एवं सावधानीपूर्वक संकलन सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण के दौरान गणनाकर्मियों को जनगणना कार्य में प्रयुक्त तकनीकी माध्यमों एवं मोबाइल एप के उपयोग, डेटा की शुद्धता, गोपनीयता तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही गणना के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अधिकारियों ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को क्षेत्र में कार्य करते समय प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि जनगणना का द्वितीय चरण निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. गौरव पांडेय, उपनिदेशक मंडल, प्रभारी जनगणना, विनय कुमार वर्मा, जिला जनगणना प्रभारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तथा समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 73 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चन्द्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे
महासमाधि दिवस पर यूपी पर्यटन की बड़ी पहल, नीब करोरी बाबा के नाम से बना नया आध्यात्मिक सर्किट

*नीब करोरी बाबा की विरासत को बड़ा सम्मान, यूपीएसटीडीसी ने शुरू किए 5 प्रकार के खास टूर पैकेज*

*दिल्ली-लखनऊ से चलेंगे बाबा नीब करोरी के विशेष टूर...2, 3 और 5 दिन के पैकेज शुरू*

*पर्यटन सुविधाओं से संवरेगा फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद, 12.93 करोड़ रुपये की परियोजनाएं*

*नीब करोरी बाबा की विरासत को संरक्षित कर देश-दुनिया तक पहुंचा रही सरकार: जयवीर सिंह*

लखनऊ/फर्रुखाबाद । संत नीब करोरी बाबा के 'महासमाधि दिवस' पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नीब करोरी बाबा के जीवन और विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन का नया सर्किट विकसित किया जा रहा है। इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 'बाबा नीब करोरी' के पांच विशेष टूर पैकेज भी शुरू किए हैं। इसके साथ ही फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगभग 12.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करोरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। फेज-1 के तहत पर्यटन सुविधाओं के विकास पर 8.65 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा 2.22 करोड़ रुपये की फेज-2 परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी। वहीं फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास पर 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है। इन सभी कार्यों का उद्देश्य बाबा से जुड़े स्थलों को बेहतर सुविधाओं के साथ एक व्यवस्थित आध्यात्मिक पर्यटन अनुभव में बदलना है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि नीब करोरी बाबा का 'महासमाधि दिवस' ऐसे संत को याद करने का अवसर है, जिनका आस्था, सादगी और सेवा का संदेश आज भी भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने बताया वर्ष 2017 से पहले बाबा के जीवन और विरासत से जुड़े स्थलों की पर्यटन क्षमता पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अब उनकी विरासत को संरक्षित करने और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही है। पर्यटन परियोजनाओं, बेहतर सुविधाओं और विशेष रूप से तैयार पर्यटन अनुभवों के माध्यम से बाबा की विरासत को जीवंत रखने के साथ प्रदेश में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं।
अकबरपुर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक और बाबा के जीवन एवं आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी हॉल बनाया जा रहा है। इसके अलावा डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा विकसित की जा रही है। फेज-2 में गार्ड रूम, सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं और पत्थर के रास्ते बनाए जा रहे हैं। वहीं ग्रामीण पर्यटन परियोजना के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और पर्यटक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फर्रुखाबाद के नीब करोरी आश्रम में भी यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं।
बाबा की आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों को अब ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ के रूप में जोड़ा जा रहा है। इस सर्किट में वृंदावन स्थित समाधि मंदिर शामिल है, जहां वर्ष 1973 में बाबा ने महासमाधि ली थी। इसके साथ फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव, फर्रुखाबाद का नीब करोरी बाबा आश्रम धाम मंदिर और लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर भी सर्किट का हिस्सा हैं। मान्यता है कि फर्रुखाबाद स्थित आश्रम में बाबा ने भूमिगत गुफा में करीब 12 वर्ष साधना की थी। इस तरह जन्मस्थली से लेकर समाधि स्थल तक बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को एक ही पर्यटन मार्ग में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महासमाधि दिवस को खास बनाते हुए यूपीएसटीडीसी ने ‘बाबा नीब करोरी’ के पांच विशेष टूर पैकेज* शुरू किए हैं। जिसमें 5 दिन, 3 दिन और 2 दिन की यात्राएं शामिल हैं। पर्यटकों की मांग के आधार पर इन पैकेजों का संचालन दिल्ली और लखनऊ से किया जाएगा। इसका उद्देश्य देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों की यात्रा को आसान बनाना है। टूर पैकेज की जानकारी के लिए पर्यटक +91 91490 99890 पर संपर्क कर सकते हैं या यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट upstdc.co.in पर जानकारी ले सकते हैं।
अपर मुख्य सचिव एवं पर्यटन महानिदेशक अमृत अभिजात ने बताया कि नया 'नीब करोरी बाबा सर्किट' उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध आध्यात्मिक पर्यटन सर्किटों में एक महत्वपूर्ण नया आयाम जोड़ेगा। बाबा से जुड़े प्रमुख स्थलों को एक साथ जोड़ने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए इन स्थानों तक पहुंच आसान होगी और उन्हें बाबा की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक तथा स्थानीय विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि महासमाधि दिवस पर शुरू किए गए विशेष टूर पैकेज इस पहल को और उपयोगी बनाएंगे तथा बाबा की विरासत को भारत के साथ दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों तक पहुंचाने में मदद करेंगे।
कर्नल ब्रह्मानंद कॉलेज में जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न
विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने दिखाया शानदार खेल, खिलाड़ियों के उत्साह से गूंजा खेल प्रांगण


फ़र्रूख़ाबाद ।  कर्नल ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज, शुकरूल्लापुर में जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमोद चंद गंगवार, खेल सचिव अतुल दास एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य दुष्यंत कुमार जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।


प्रतियोगिता का परिणाम
Under-17 (बालक वर्ग):

विजेता: मऊ पब्लिक स्कूल, कायमगंज

उपविजेता: कर्नल ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज, शुकरूल्लापुर,

Under-19 (बालक वर्ग):

विजेता: आदर्श जनता इंटर कॉलेज, रानूखेड़ा,

उपविजेता: ए. वी. इण्टर कालेज, शमशाबाद
निर्णायक मण्डल में  इंजाज अहमद सिद्दीकी (शारीरिक शिक्षक) – आदर्श जनता इंटर कॉलेज, रानूखेड़ा,  कुलदीप सिंह (शारीरिक शिक्षक) – स्वामी दीन बंधु इंटर कॉलेज, सिरौली, अर्जुन प्रताप सिंह (शारीरिक शिक्षक) – डी. बी. बी. पी. इंटर कॉलेज, शोभा यादव (शारीरिक शिक्षिका) – शकुंतला देवी इंटर कॉलेज, कायमगंज,
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य महोदय एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अंत में क्रीड़ा प्रभारी प्रशुभ गुप्ता ने उपस्थित सभी अतिथियों, निर्णायक मण्डल एवं प्रतिभागी टीमों का धन्यवाद किया।
गणेश चतुर्थी को लेकर प्रशासन और पुलिस ने बैठक कर बनाई रणनीति
फर्रुखाबाद।
आज अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गणेश चतुर्थी पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सुरक्षा-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, जुलूस/शोभायात्रा के मार्ग, संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता तथा आवश्यक पुलिस प्रबंधों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विवेचक लंबित प्रकरणों का गुण दोष के आधार पर करें निस्तारण
फर्रुखाबाद।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में महिला संबंधी अपराधों एवं गुमशुदा/अपह्रता से संबंधित विवेचनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई । उन्होंने कहा कि गुमशुदा/अपहृता की शीघ्र बरामदगी कर विवेचक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित प्रकरणों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि विवेचना कार्य की प्रगति का नियमित पर्यवेक्षण किया जाए, ताकि विभागीय स्तर पर निस्तारण की गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखी जा सके। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर व विवेचक आदि मौजूद रहे।
बुलंदशहर में सपा की जनसभा की अनुमति न मिलने पर अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार की तानाशाही नहीं चलेगी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुलंदशहर में सपा की जनसभा की अनुमति नहीं मिलने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार बताया। गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर प्रशासन सपा के कार्यक्रमों की अनुमति रोक रहा है।

उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में पार्टी के सावन में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए अधिकारियों ने पहले अनुमति का आश्वासन दिया, बाद में सावन का महीना होने के कारण तारीख आगे बढ़ाने को कहा गया। सपा ने कार्यक्रम आगे बढ़ाया, लेकिन इसके बाद भी अनुमति नहीं दी गई।

अखिलेश ने कहा कि बाद में पुलिस लाइन में पानी भरे होने की बात कही गई। उन्होंने तंज किया कि “मैंने समझा शायद काली नदी की बाढ़ आ गई।” अखिलेश ने पुलिस लाइन का वीडियो दिखाते हुए दावा किया कि वहां पानी नहीं था।

स्पा अध्यक्ष ने कहा कि “लोकतंत्र में इतनी खराब सरकार किसी ने नहीं देखी होगी, जहां अधिकारों को छीना जा रहा हो।” उन्होंने कहा कि “न तानाशाही रही, न दानाशाही रहेगी।”

हर जिले के मुद्दों पर बनेगा घोषणा पत्र

2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा प्रदेश के लिए घोषणा पत्र जारी करने के साथ जिलावार घोषणा पत्र भी तैयार करेगी। इसमें प्रत्येक जिले के स्थानीय मुद्दों और जरूरतों को प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समस्याओं के साथ स्थानीय स्तर के मुद्दों को भी चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाएगा।

अखिलेश ने भाजपा पर आरक्षण के खिलाफ होने का आरोप लगाया। लखीमपुर के विकास को लेकर उन्होंने सरकार बनने पर पुल और घाटों का निर्माण कराने तथा दुधवा नेशनल पार्क और पीलीभीत के जंगल को एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर सभी को मुफ्त इलाज मिलेगा और इलाज के लिए किसी का कार्ड नहीं देखा जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब अखिलेश यादव से आकाश आनंद को समाजवादी पार्टी में शामिल किए जाने के संबंध में सवाल पूछा गया तो उनके जवाब के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गईं।

हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से आकाश आनंद को पार्टी में शामिल करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद की अगली राजनीतिक राह और यूपी की सियासत में उसके असर पर सबकी नजर बनी हुई है।
भदोही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा, केस दर्ज था: दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने वाला गिरफ्तार

नितेश श्रीवास्तव


भदोही। भदोही पुलिस ने दहेज के लिए एक विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विवाहिता को चोट पहुंचाने और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल की निगरानी में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम मंगलम पाण्डेय (29 वर्ष) है। वह परगासपुर नई बाजार, थाना और जिला भदोही का रहने वाला है। उसके पिता का नाम अरुणेश पाण्डेय है।

आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिवाकर राय, कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल पीसी विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल वंदना और महिला कांस्टेबल शालिनी शामिल थीं।