पुराने प्यार के लिए छोड़ा ससुराल


पति ने पत्नी की इच्छा का सम्मान कर प्रेमी से करा दिए सात फेरे

लखनऊ। शादी के मंडप में लिए गए सात फेरे आमतौर पर जिंदगीभर साथ निभाने का वादा होते हैं, लेकिन मलिहाबाद में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां शादी के करीब एक साल बाद दुल्हन ने अपने पुराने प्यार के लिए ससुराल छोड़ दिया। हैरानी की बात यह रही कि पत्नी के इस फैसले पर पति ने न तो हंगामा किया और न ही कोई कड़वाहट दिखाई। बल्कि उसने पत्नी की खुशी को प्राथमिकता देते हुए उसके प्रेमी के साथ शादी कराने में ही अपनी सहमति दे दी।

मामला माल थाना क्षेत्र से जुड़ा है। बताया जाता है कि महिला और उसका प्रेमी एक ही स्कूल में पढ़ते थे। पढ़ाई के दौरान दोनों की दोस्ती कब प्यार में बदल गई, उन्हें भी पता नहीं चला। हालांकि, परिवार की इच्छा के मुताबिक करीब एक साल पहले युवती की शादी मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रहने वाले एक PRD जवान से कर दी गई।

शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य चलता रहा, लेकिन महिला अपने पहले प्यार को दिल से निकाल नहीं सकी। बताया जाता है कि वह चोरी-छिपे अपने प्रेमी के संपर्क में बनी रही और दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला भी जारी रहा।

चार दिन पहले अचानक घर से गायब हुई महिला

करीब चार दिन पहले महिला अचानक ससुराल से लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद मलिहाबाद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की तो मोबाइल लोकेशन और सर्विलांस के जरिए महिला के हरदोई में होने की जानकारी मिली।पुलिस टीम हरदोई पहुंची और महिला को उसके प्रेमी के साथ सकुशल बरामद कर मलिहाबाद थाने ले आई।

घंटों समझाने के बाद भी नहीं बदला फैसला

थाने में दोनों पक्षों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत और पंचायत चली। परिवारवालों और पुलिस ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुई। उसने साफ कर दिया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है।

पत्नी के इस अडिग फैसले के सामने PRD जवान ने भी जबरदस्ती रिश्ता निभाने के बजाय उसकी इच्छा का सम्मान करने का फैसला किया। बताया जाता है कि उसने अलग होने पर सहमति जताई और पत्नी की खुशी को अपनी प्राथमिकता माना।

पति ने खुद कराए प्रेमी संग सात फेरे

इसके बाद जरूरी कानूनी औपचारिकताओं के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया। सात फेरे पूरे होने के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ विदा हो गई।

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा उस PRD जवान की हो रही है, जिसने पत्नी के फैसले का विरोध करने या विवाद खड़ा करने के बजाय उसकी इच्छा को स्वीकार किया। इलाके में अब लोग उसके इस फैसले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

एक ओर जहां यह मामला पुराने प्यार की कहानी बयां करता है, वहीं दूसरी ओर पति के अप्रत्याशित फैसले ने इसे और भी चर्चा में ला दिया है।
बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुपालन विभाग ने लगाए चिकित्सा शिविर*


*पशुओं का किया गया टीकाकरण, पशुपालकों को दी गई आवश्यक जानकारी*


*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भूसा का कराया गया वितरित*



*बाढ़ प्रभावित ग्राम दत्तनगर, ऐलीपरसौली, साकीपुर, महेशपुर तथा चौखड़िया आदि गांवों में पशुपालन विभाग की टीम द्वारा विशेष चिकित्सा एवं टीकाकरण का कैम्प*


*गोण्डा 10 सितम्बर,2026*
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देशानुसार जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुधन की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर पशुपालन विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहसील तरबगंज अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम दत्तनगर, ऐलीपरसौली, साकीपुर, महेशपुर तथा चौखड़िया आदि गांवों में पशुपालन विभाग की टीम द्वारा विशेष चिकित्सा एवं टीकाकरण कैम्प लगाए गए।

कैम्प के माध्यम से बाढ़ प्रभावित पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विभागीय टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार पशुओं के लिए दवाओं का वितरण किया गया। इससे बाढ़ की स्थिति के बीच पशुपालकों को अपने पशुओं के उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ा और उन्हें मौके पर ही आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सकी।

बाढ़ के दौरान पशुओं में विभिन्न प्रकार के संक्रामक रोग फैलने की आशंका को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा सभी उपलब्ध पशुओं का टीकाकरण भी किया गया। विभागीय कर्मचारियों एवं पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
पशुपालकों को सलाह दी गई कि बाढ़ के दौरान पशुओं को यथासंभव सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखा जाए तथा उन्हें स्वच्छ पेयजल और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही किसी भी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशुपालन विभाग को सूचना देने के लिए कहा गया, जिससे समय रहते उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के चारे की समस्या को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को भूसा भी वितरित किया गया। इससे बाढ़ के कारण चारे की उपलब्धता प्रभावित होने वाले पशुपालकों को काफी राहत मिली। विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुओं की आवश्यकताओं का जायजा लेते हुए दवा, टीकाकरण और चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के निर्देश पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ की विषम परिस्थितियों में पशुधन को सुरक्षित रखना तथा पशुपालकों को आवश्यक पशु चिकित्सा एवं चारा संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है। पशुपालन विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार चिकित्सा सेवाएं एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भारत कौशल प्रतियोगिता 2026 के लिए) पंजीकरण 15 सितंबर तक*

*भारत कौशल प्रतियोगिता-2026: युवाओं के लिए सुनहरा मौका, 15 सितंबर तक करें पंजीकरण*

*63 कौशलों में प्रतिभागिता का अवसर, भारत कौशल प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण शुरू*

*23 वर्ष तक के युवा बन सकते हैं भारत कौशल प्रतियोगिता का हिस्सा, 15 सितंबर अंतिम तिथि*


*गोण्डा 10 सितम्बर 2026*  -  कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा भारत कौशल प्रतियोगिता-2026 (India Skill Competition-2026) का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 63 कौशलों को शामिल किया गया है। पात्रता मानदंड पूरा करने वाले इच्छुक प्रतिभागियों के लिए भारत सरकार के स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

जिले के युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए SIDH पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 23 वर्ष होनी चाहिए। इच्छुक प्रतिभागी स्किल इंडिया डिजिटल हब के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए जारी क्यूआर कोड को स्कैन करके भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा*

गोण्डा। आज दिनांक 10.09.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री अभिषेक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर में स्थित लाइब्रेरी, पुलिस कैफे, आवासीय परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सर्वप्रथम पुलिस लाइन की लाइब्रेरी का निरीक्षण कर उपलब्ध पुस्तकों, अध्ययन सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इसके पश्चात पुलिस कैफे एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, रख-रखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी गई। मेस के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। तथा संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को अभिलेखों एवं रजिस्टरों का नियमानुसार रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा पुलिस लाइन परिसर में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं संसाधनों का बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा निरीक्षण के दौरान संबंधित शाखाओं में व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने तथा अभिलेखों के रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक की मौत

*तेज रफ्तार का कहर, परिवार में मचा कोहराम - 5 साल के बेटे और ढाई साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया*

*लंभुआ, सुल्तानपुर।* लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के शिवगढ़ रोड पर करनपुर मठिया के पास तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। लंभुआ की ओर आ रहे ई-रिक्शा को पीछे से आ रहे चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों व पुलिस की मदद से घायल चालक को एंबुलेंस से सीएचसी लंभुआ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गिरजेश पुत्र रामजग उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम दहैव गोपाल पट्टी, थाना लंभुआ के रूप में हुई है।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे 5 वर्षीय बेटा, ढाई वर्षीय बेटी और पत्नी अर्चना को छोड़ गया है। पत्नी अर्चना का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
सूचना पर पहुंची लंभुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कारवाही कर रही है, वहीं टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कन्नौज में जनपदीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

पंकज कुमार श्रीवास्तव

कन्नौज शहर के सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज में जनपदीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के छह विद्यालयों के बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग कर योगासन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र लाल सिंह और जनपदीय क्रीड़ा सचिव सुनील यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में राष्ट्रीय विद्यामंदिर इंटर कॉलेज अकबरपुर, जे.डी. जनता इंटर कॉलेज छिबरामऊ, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, लाला श्यामलाल इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज और सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

अंडर-14 बालक वर्ग में राष्ट्रीय विद्यामंदिर इंटर कॉलेज अकबरपुर के दिव्यांशु ने प्रथम, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज के दक्ष कुशवाहा ने द्वितीय और शशांक कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में राष्ट्रीय विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के प्रांशू प्रथम रहे। सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज के प्रतीक यादव ने द्वितीय और ललित ने तृतीय स्थान हासिल किया।

अंडर-19 बालक वर्ग में सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज के अमन पाल प्रथम रहे। राष्ट्रीय विद्यामंदिर इंटर कॉलेज के हिमांशु ने द्वितीय और आर्यन शाक्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज की सायरा ने प्रथम और जैनब ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

अंडर-17 बालिका वर्ग में राष्ट्रीय विद्यामंदिर इंटर कॉलेज की पायल प्रथम रहीं, जबकि जे.डी. जनता इंटर कॉलेज की प्रिया ने द्वितीय और प्राची ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका जनपदीय क्रीड़ा सचिव सुनील यादव, आदित्य गंगवार, चंद्रवीर, दिव्यांशु दुबे, राघवेंद्र मिश्रा, राहुल त्रिपाठी, अभिषेक वर्मा, आकाश गुप्ता, संगीता वर्मा, सऊद रज़ा और रवीन्द्र स्वर्णकार ने निभाई।
इस मौके पर जनपदीय क्रीड़ा सचिव सुनील यादव ने छात्रों को योग के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि योग से शरीर का प्रत्येक अंग स्वस्थ और मजबूत रहता है। उन्होंने स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के महत्व पर भी प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र लाल सिंह ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि फिटनेस के लिए योग बेहद आवश्यक है। योग से मन, मस्तिष्क और शरीर स्वस्थ रहने के साथ ही व्यक्ति स्फूर्तिवान बना रहता है।

कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य विनोद कुमार कुशवाहा, क्रीड़ा प्रभारी ओम शंकर त्रिवेदी, सूर्य सिंह, शरद दीक्षित, हर्षवर्धन, राजेश कुमार, धीरज द्विवेदी, राकेश यादव, ऋषभ कुमार द्विवेदी, सुफियान अहमद समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव सिंह कुशवाहा ने किया।
आन लाइन होगा कॉलेज का डाटा*
*- छात्र ,छात्राओं में उत्साह*
*गोण्डा।*
बेलसर ब्लाक के आजाद नगर स्थित
राज नरायन राम गनेश इंटर कालेज आजाद नगर  में कक्षा 1 से 12 तक के छात्र- छात्राओं का डाटा ऑनलाइन होगा। यह जानकारी कालेज प्रवक्ता चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव ने दी है। उन्होंने बताया कि कालेज में पढ़ने वाले सभी बच्चों के टेस्ट, अर्धवार्षिक परीक्षा, वार्षिक परीक्षा, हाजिरी, स्कूल खुलने व शिक्षण का विवरण और छातो की उपस्थिति का संपूर्ण ब्योरा  एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से तैयार किया जा रहा है। इसे कॉलेज में शीघ्र
लागू कर दिया जाएगा। इससे  छात्र ,छात्राओं के माता-पिता को भी आसानी से घर बैठे अपडेट मिलता रहेगा। कार्यक्रम को कालेज में लागू करने के लिए  भारत भूषण पांडेय  अपने स्वैच्छिक संस्था डब्लू डब्लू ओ के सहयोग   से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शहरी जैसी सुविधा प्रदान करने का संकल्प लिया है।
कालेज के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं, प्रधानाचार्य, संस्थापक, प्रबंधक   अभिभावक, छात्र एवं छात्रा ने  डब्लू डब्लू ओ संस्था के प्रति खुशी जताया है।
खुशी जताने वालो में अयोध्या प्रसाद प्रजापति, श्रीमती अनीता शुक्ला,  नीता तिवारी, कुमारी कंचन उपाध्याय, शिवाकांत दुबे , पवन कुमार तिवारी, कु ज्योति, शामिल हैं।
विद्यालयों में किट से होगी विज्ञान-गणित की पढ़ाई*

रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब विज्ञान और गणित की पढ़ाई के तरीका में बदलाव होगा। शासन की पहल पर विद्यालयों में विज्ञान और गणित की किट पहुंचाई जा रही है। इस किट की मदद से बच्चे किसी विषय या वस्तु को प्रयोग करके समझेंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और खोज की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना है।

बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इसमें एक लाख 33 हजार बच्चे पंजीकृत हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए शासन स्तर से तमाम प्रयास किया जा रहा है। अब जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में विज्ञान और गणित की किट से पढ़ाई शुरू की जाएगी। किट में टेलिस्कोप, परखनली, चुंबक, थर्मामीटर, कंपास और प्रिज्म जैसे उपकरण शामिल हैं। इनकी मदद से बच्चे किसी भी विषय को व्यावहारिक रूप में समझ सकेंगे। विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्र स्वयं प्रयोग कर विषय की गहराई तक पहुंचेंगे। शिक्षक बच्चों को प्रयोग के जरिए पढ़ाएंगे, जिससे कक्षा अधिक सक्रिय और दिलचस्प बनेगी।
मऊ में मासिक गोद भराई कैंप संपन्न, कम दरों पर हुई स्वास्थ्य जांचें, मासिक गोद भराई कैंप संपन्न
मऊ। मुंशीपुरा स्थित पानी टंकी के निकट आजमगढ़ मोड़ पर डॉ. राय हॉस्पिटल में आयोजित मासिक गोद भराई कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

कैंप के दौरान डॉ. लाल पैथ लैब की ओर से मात्र ₹10 में हीमोग्लोबिन एवं शुगर की जांच तथा ₹200 में थायराइड और HbA1c सहित अन्य जांचें बेहद कम दरों पर की गईं। वहीं बीएमडी टेस्ट और चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

कैंप में लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। डॉ. अलका राय एवं डॉ. एस एन राय सहित अन्य चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया और आवश्यक जांचों के बारे में जानकारी प्रदान की।

आयोजकों ने बताया कि इस तरह के कैंप का उद्देश्य लोगों को कम खर्च में बेहतर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है। कैंप में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना की।

स्थान: डॉ. अलका राय हॉस्पिटल, मुंशीपुरा, पानी टंकी के पास, आजमगढ़ मोड़, मऊ।
इंटर कॉलेजों में छात्रों की सुरक्षा करेंगे बाल प्रहरी*
* रिपोर्टर -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही । माध्यमिक विद्यालयों में अब बच्चों को अपनी सुरक्षा की समझ भी दी जाएगी। इसके लिए सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग क्लब (एएचटीसी) गठित किए जाएंगे। इन क्लबों के माध्यम से छात्र-छात्राएं ‘’बाल प्रहरी’’ की भूमिका निभाएंगे और अपने साथियों व परिवार को सतर्क करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि जिले में 38 राजकीय, 25 एडेड और 163 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को क्लब गठन के आदेश जारी किए हैं। विद्यालयों को निर्धारित समय सीमा में समिति का विवरण, फोटोग्राफ और रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। विद्यालयों में क्लब गठित करने के साथ इसकी रिपोर्ट, फोटो और अन्य विवरण जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। क्लब से संबंधित जानकारी राज्य स्तरीय पोर्टल पर भी अपलोड की जाएगी।