Sambhal शानो-शौकत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं से गूंजा सम्भल
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मदरसा अहले सुन्नत अजमल उल उलूम के तत्वावधान में जुलूस-ए-मौहम्मदी शानो-शौकत, अकीदत और उत्साह के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा शहर ‘या रसूल अल्लाह’ की सदाओं, नात-ए-पाक और दरूदो-सलाम से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में अकीदतमंद हाथों में इस्लामी झंडे लेकर जुलूस में शामिल हुए।

जुलूस मदरसे से शुरू होकर अन्जुमन मदरसा, मौहल्ला दीपा सराय, तिलंगो वाली मस्जिद और पेपटपुरा होते हुए दीपा सराय चौक पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ और तकरीर का आयोजन किया गया। चमन सराय-जगत से निकला जुलूस मियां मीरन शाह रोड, दरीबा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। वहीं देहली दरवाजा से निकला जुलूस मुख्य बाजार, चक्की का पाट, टंडन तिराहा, कोतवाली के सामने और आर्य समाज रोड से मुख्य जुलूस में पहुंचा। मौहल्ला रायसत्ती से निकला जुलूस बल्ले की पुलिया होते हुए खग्गू सराय तिराहा पहुंचा, जबकि डेरासराय से निकला जुलूस होली चौक, कटरा बाजार, एजेंटी तिराहा और आर्य समाज रोड होते हुए मुख्य जुलूस में शामिल हुआ। इसके अलावा विभिन्न मौहल्लों और गांवों से निकले छोटे-छोटे जुलूस भी मुख्य जुलूस का हिस्सा बने। जुलूस में विभिन्न नक्शे और झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने सोशल मीडिया की बढ़ती लत से दूर रहकर कुरआन मजीद से जुड़ने का संदेश देने वाला नक्शा प्रस्तुत किया। रास्ते भर जगह-जगह लंगर और पानी की व्यवस्था की गई। लोगों ने फूल बरसाकर जुलूस का स्वागत किया और अकीदतमंदों की खिदमत की। दीपा सराय चौक पर जुलूस संपन्न होने के बाद लोगों को तबर्रुकात की जियारत कराई गई। इस दौरान मुल्क और शहर में अमन-ओ-अमान की दुआ की गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जुलूस के मार्ग पर सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम, सीओ पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात रहे और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
Sambhal राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, कांग्रेस का हल्लाबोल—पैदल मार्च कर कोतवाली पहुंचे कार्यकर्ता, जांच की मांग
राष्ट्रगान के अपमान के आरोप को लेकर कांग्रेस ने सम्भल में विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया और कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने आरोप लगाया कि उन्नाव में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान हो रहा था और इसी बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना वहां से चले गए। कांग्रेस ने इस पूरे घटनाक्रम को राष्ट्रगान का अपमान और देश के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। आरिफ तुर्की ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में मांग की कि कार्यक्रम की वीडियो फुटेज निकलवाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पैदल मार्च कर अपना विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रगान देश की आन-बान और सम्मान का प्रतीक है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। वहीं, कांग्रेस के मुताबिक पुलिस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब कांग्रेस की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
Sambhal चादर और लंगर का ट्रक लेकर कलियर शरीफ को रवाना हुए अकीदतमन्द

संभल। हज़रत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक का सालाना उर्स मेला मनाने और मेलार्थियों की सेवा करने के लिए सम्भल से अकीदतमन्दो का काफिला कलियर शरीफ को रवाना हुआ।
        नगर के मौहल्ला बदायू दरवाज़ा चौधरी सराय से खानकाह बज़मे चिश्तीया साबरिया अरमुगानिया युसूफिया से सज्जादानशींन व अध्यक्ष हज़रत सैयद युनूस मियां के नेतृत्व मे अकीदतमन्दों का काफिया पीरान कलियर शरीफ के लिए रवाना हुआ। इस दौरान अकीदत के साथ चादर उठी जो कि हज़रत साबिर पाक के उर्स मे चढ़ाई जायेगी। साथ ही लंगर से भरा ट्रक भी रवाना किया गया। कैम्प लगाकर उर्स मेले मे आने वाले जायरीन व अकीदतमन्दो के लिए खिदमत अंजाम दी जाएगी। इस दौरान युनूस मियां ने अमन शांति की दुआ के साथ काफिले को रवाना किया। इस मौके पर मुशर्रफ हुसैन, तसलीम साबरी, असलम खां, फरमान अशरफ, बाबर खान साबरी, फरज़न्द अली वारसी, वसीम सलमानी, मौ0 फैज़ आदि मौजूद रहे।
किसानों की एकजुटता और संगठन विस्तार पर जोर, भारतीय किसान यूनियन की बैठक संपन्न

संभल।  भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा ग्राम - गोजनी में तहसील संरक्षक सेवक सैनी के नेतृत्व में जनजागरण अभियान के अंतर्गत बैठक का आयोजन किया गया ! बैठक की अध्यक्षता इस्माइल खां ने की तथा संचालन सुफियान पाशा ने किया !
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आज किसान और मजदूर दोनों ही बढ़ती महंगाई की मार से जूझ रहे हैं। रोजमर्रा की जरूरतों के दाम लगातार बढ़ने से परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। आमदनी सीमित है, जबकि खेती और घरेलू जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते किसान और मजदूर आर्थिक तंगी से गुजरने को मजबूर हैं ! किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य, समय पर गन्ने का भुगतान, पर्याप्त बिजली, खाद-बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना जरूरी है ! संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि संगठन गांव-गांव पहुंचकर किसानों और मजदूरों की समस्याओं को चिन्हित करेगा तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाकर समाधान कराने का प्रयास करेगा ! बैठक में बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर, गन्ना भुगतान, खाद-बीज की उपलब्धता, आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान, सरकारी प्रमाण पत्रों में देरी तथा वारिसान दर्ज कराने जैसी समस्याएं उठाईं गईं ! गांव में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने, दवा का छिड़काव कराने, गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गांवों के नाम के बोर्ड लगाने और संभल रेल विस्तार से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी ! संगठन किसानों और ग्रामीणों के हित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से उठाएगा। यदि अधिकारियों के स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया ! बैठक के दौरान कार्यकारिणी द्वारा संगठन विस्तार करते हुए ताराचंद सैनी को तहसील सचिव सम्भल, राजीव सैनी को तहसील प्रभारी, संजय सैनी को ग्राम अध्यक्ष, सतवीर सैनी को ग्राम प्रभारी, राकेश सैनी को ग्राम महासचिव, आकाश सैनी को ग्राम सचिव नियुक्त किया गया।
युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, जिला प्रचार मंत्री सन्तवीर सिंह, जिला महासचिव (अ. मो.) इस्माइल खां, जिला मंत्री (अ.मो.) सुफियान पाशा, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, ब्लॉक महामंत्री मनीराम गूर्जर, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, वरिष्ठ कार्यकर्ता होराम सिंह सैनी, अशरफ अली, मुशाहिद अली, रामचरन सिंह सैनी, श्योराज सैनी, आकाश सैनी, सतवीर सिंह सैनी, अर्जुन कुमार आदि सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Sambhal राहुल गांधी के धरने का असर! छात्रों की मांग पर FIR दर्ज, सम्भल कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
दिल्ली में छात्रों के साथ पुलिस की कथित बर्बरता के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सम्भल कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने दावा किया कि छात्रों की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं होने के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद थाने पहुंचे और SHO से FIR दर्ज करने की मांग की। FIR दर्ज नहीं होने पर राहुल गांधी थाने में ही धरने पर बैठ गए।

आरिफ तुर्की के मुताबिक, राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद छात्रों की मांग मान ली गई और FIR दर्ज कर ली गई। उन्होंने कहा कि अगर FIR दर्ज नहीं होती तो सम्भल जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बड़े धरना-प्रदर्शन की तैयारी थी। उन्होंने चेतावनी दी कि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस सम्भल में कभी भी आंदोलन कर सकती है। वहीं भाजपा द्वारा कांग्रेस को मुस्लिम लीग जैसी पार्टी बताए जाने के सवाल पर आरिफ तुर्की ने भाजपा पर मुद्दों से भटकाने और हिन्दू-मुस्लिम तथा मंदिर-मस्जिद की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास विकास और जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के लिए कुछ नहीं है। आरिफ तुर्की ने यह भी आरोप लगाया कि मंदिरों के नाम पर मिले चंदे में करोड़ों रुपये के घोटाले हुए हैं और भाजपा को ऐसे पवित्र स्थलों पर सवाल उठाने से पहले खुद जवाब देना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने साफ कहा कि छात्रों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ी तो सम्भल में भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
एबीसी किड्ज मांटेसरी में नन्हे-मुन्नों ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

संभल, चंदौसी । एबीसी किड्ज मांटेसरी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्री-नर्सरी से एलकेजी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यालय परिसर में पौधे लगाए।

इस अवसर पर विद्यालय की संचालिका श्रीमती संगीता भार्गव जी ने बच्चों को वृक्षों के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का अनमोल आधार हैं। वे हमें स्वच्छ वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।

नन्हे बच्चों ने शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में पौधे लगाए तथा उनमें पानी डालकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। बच्चों में पौधारोपण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को छोटी उम्र से ही प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया।

स्कूल संचालिका संगीता भार्गव जी ने कहा कि बच्चों को केवल किताबों के माध्यम से शिक्षा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले कल के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा पर्यावरण तैयार कर सकता है।

एबीसी किड्ज मांटेसरी का यह प्रयास बच्चों के मन में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम रहा। नन्हे-मुन्नों के हाथों लगाए गए पौधों ने विद्यालय परिसर को हरियाली और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में शालू निशा mantsha काजल लक्षिता हुमा कुमुद वंशिका अध्या रूपाली संतोष दीपा आदि अध्यापिकाओं का सहयोग रहा।
Sambhal चामुंडा मंदिर की जमीन से कब्जा हटाने पहुंचा बुलडोजर, कांग्रेस नेता की कोठरी पर कार्रवाई
जनपद सम्भल के सिरसी क्षेत्र में चामुंडा मंदिर की भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। गाटा संख्या 696 को राजस्व अभिलेखों में चामुंडा के नाम दर्ज बताते हुए प्रशासन की टीम बेदखली की कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। कार्रवाई की जद में कांग्रेस के आरटीआई विभाग के जिलाध्यक्ष मंज़र अब्बास की कोठरी और दीवारें भी बताई जा रही हैं।

मौके पर मौजूद मंज़र अब्बास ने दावा किया कि उनकी करीब 35-40 साल पुरानी जमीन का बैनामा गाटा संख्या 688 में है और उनका कहना है कि मंदिर की जमीन अलग गाटा संख्या 692 है। उन्होंने बताया कि तहसीलदार न्यायालय के आदेश के खिलाफ अपील की गई थी और अब मामला कमिश्नर के समक्ष लंबित है। मंज़र अब्बास ने कहा कि प्रशासन कार्रवाई करता है तो वह उसका सामना करेंगे। वहीं मंदिर पक्ष के लोगों का आरोप है कि मंज़र अब्बास ने करीब 20 वर्षों से लगभग 72 मीटर जमीन पर कब्जा कर रखा था। उनके मुताबिक पहले भी कुछ अन्य लोगों से जमीन खाली कराई जा चुकी है और अब इस हिस्से को खाली कराने के बाद मंदिर का गेट निर्माण पूरा किया जाएगा। मामले में एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि गाटा संख्या 696 अभिलेखों में चामुंडा के नाम दर्ज है। इस भूमि पर दुकान और मकान के रूप में अवैध निर्माण को लेकर तहसीलदार न्यायालय में मुकदमा चला था। पिछले महीने बेदखली का आदेश पारित हुआ, जिसके खिलाफ जिलाधिकारी के समक्ष अपील की गई, लेकिन डीएम ने भी आदेश को यथावत रखा। इसी आदेश के अनुपालन में मौके पर बेदखली की कार्रवाई की जा रही है।
ग्राम भारतल में भाकियू बीआरएसएस की बैठक, किसानों के मुद्दों पर बनी रणनीति

संभल। भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा रविवार को ग्राम - भारतल में जिला महासचिव अनमोल कुमार के नेतृत्व में जनजागरण अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया ! बैठक की अध्यक्षता इस्माइल खां एवं संचालन युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार ने किया ।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याएं केवल खेती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बिजली, गन्ना भुगतान, सरकारी विभागों से जुड़े कार्य, आवारा पशु और अन्य जनहित के मुद्दों से भी किसान परेशान हैं। संगठन गांव-गांव पहुंचकर किसानों की समस्याओं को चिन्हित करेगा और संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाकर समाधान कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर संगठन मजबूत होने से किसानों की सामूहिक आवाज को मजबूती मिलेगी ! संगठन द्वारा लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में गन्ना भुगतान, बिजली व्यवस्था, स्मार्ट मीटर, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, खाद-बीज की उपलब्धता, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र और वारिसान दर्ज कराने सहित कई समस्याओं पर चर्चा हुई। ग्रामीणों ने रहस्यमयी बुखार की रोकथाम के लिए गांव में दवा का छिड़काव कराने, गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गांवों के नाम के बोर्ड लगवाने तथा संभल रेल विस्तार कार्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी मुद्दों को संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर किसानों के हित में आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी। बैठक के दौरान संगठन विस्तार करते हुए नदीम अली को जिला सचिव (अ. मो.) सम्भल, आजम मलिक को तहसील महासचिव संभल, वसीम मलिक को तहसील महामंत्री, फैजान मालिक को तहसील प्रभारी, तारीफ अली को तहसील मंत्री, नुशरत मलिक को तहसील सचिव, अरशद अली ब्लॉक सचिव नियुक्त किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, जिला महासचिव अनमोल कुमार, जिला प्रचार मंत्री सन्तवीर सिंह, जिला महासचिव (अ. मो.) इस्माइल खां, युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार, जिला मंत्री (अ.मो.) सुफियान पाशा, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील संगठन मंत्री श्रीपाल यादव, तहसील अध्यक्ष (अ.मो.) मेंहदी हसन, ब्लॉक महामंत्री मनीराम गूर्जर, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, वरिष्ठ कार्यकर्ता नरेन्द्र चौधरी, मो. दाऊद, अशरफ अली, अजहर हसन, अनवार अली, अमानत अली, जाकिर अली, ताहिर अली, भूरे अली, अफसर अली, अकबर अली, अरुण कुमार, आफताब, लवकुश कुमार एवं महिला मोर्चा से ननिहा देवी जिला सचिव, निशा देवी ब्लॉक सचिव, कश्मीरी देवी, दिलवरी बेगम, भूरी देवी आदि सही तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीरत-ए-मुस्तफ़ा को अपनाएँ, अपनी ज़िंदगी को नूर-ए-मुस्तफ़ा से रोशन बनाएँ
( *मौलाना फैजान अशरफ हामिदी*
जर्नल सेक्रेटरी
तंज़ीम उलामाऐ अहले सुन्नत,संभल

1501वें मिलाद-ए-मुस्तफ़ा ( स• अ• व)के मुबारक मौके पर तंज़ीम उलमाए अहले सुन्नत, सम्भल का संदेश

सम्भल (स्टाफ रिपोर्टर):
“सीरत-ए-मुस्तफ़ा को अपनाकर अपनी ज़िंदगियों को रोशन करें।” 1501वें मिलाद-ए-मुस्तफ़ा  के मुबारक अवसर पर तंज़ीम उलमाए अहले सुन्नत, सम्भल ने देश के मुसलमानों, उलेमा, मशायख, मदरसों, मस्जिदों और नौजवानों से अपील की है कि हुज़ूर नबी-ए-करीम की सीरत को केवल जलसों और महफ़िलों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसे अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बनाया जाए।
तंज़ीम उलामाऐ अहले सुन्नत ने कहा कि हुज़ूर नबी-ए-करीम से सच्ची मोहब्बत का तकाज़ा यह है कि हम आपकी पाक सीरत और सुन्नतों पर चलें। हमारा व्यवहार, हमारे घर, कारोबार, रिश्ते-नाते और समाज—हर जगह नबी-ए-करीम  की शिक्षाओं की झलक दिखाई देनी चाहिए।
तंज़ीम उलमाए अहले सुन्नत, सम्भल ने अपील की है कि 1501वें मिलाद-ए-मुस्तफ़ा ﷺ के साल को “सीरत-ए-मुस्तफ़ा  के अमली साल” के रूप में मनाया जाए और इस मौके पर अपनी ज़िंदगी को बेहतर बनाने का संकल्प लिया जाए।
मुख्य संकल्प
नमाज़ और इबादत:
नमाज़ की पाबंदी की जाए, इबादत का शौक बढ़ाया जाए और रोज़ाना ज़्यादा से ज़्यादा दरूद-ओ-सलाम पढ़ा जाए।
सच्चाई और ईमानदारी:
झूठ, धोखा, बेईमानी, वादा ख़िलाफ़ी और बुरी नीयत से बचा जाए। हर मामले में सच्चाई और ईमानदारी को अपनाया जाए।
माता-पिता और रिश्तेदारों के हक़:
माता-पिता के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। रिश्तेदारों, पड़ोसियों, यतीमों, विधवाओं, गरीबों और ज़रूरतमंदों की मदद की जाए और उनके हक़ अदा किए जाएँ।
कारोबार में ईमानदारी:
व्यापार और लेन-देन में किसी को धोखा न दिया जाए। नाप-तौल में कमी न की जाए और किसी पर ज़ुल्म न किया जाए।
अच्छा अख़लाक और भाईचारा:
मतभेद होने के बावजूद एक-दूसरे का सम्मान किया जाए। गाली-गलौज, नफ़रत और झगड़े से बचते हुए प्यार, भाईचारे और अच्छे व्यवहार को बढ़ावा दिया जाए।
घर को नबी की सीरत का नमूना बनाएँ:
अपने घरों में मोहब्बत, हया, अदब, दया और अच्छे अख़लाक का माहौल बनाया जाए। बच्चों को नबी-ए-करीम की पाक ज़िंदगी और सुन्नतों से परिचित कराया जाए।
युवाओं से खास अपील
तंज़ीम ने युवाओं से अपील की कि हर युवा अपनी ज़िंदगी में कम से कम एक ऐसी सुन्नत को अपनाए जिससे उसका अपना जीवन और समाज बेहतर हो। इसके साथ ही कम से कम एक दूसरे व्यक्ति तक भी सीरत-ए-मुस्तफ़ा  का यह संदेश पहुँचाए।
मस्जिदों और मदरसों की अहम ज़िम्मेदारी
तंज़ीम ने मस्जिदों के इमामों, उलेमा और मदरसों के ज़िम्मेदारों से अपील की कि मस्जिदों में सीरत-ए-मुस्तफ़ा का नियमित दर्स रखा जाए। मदरसों और इस्लामी संस्थानों में ऐसे कार्यक्रम बनाए जाएँ जिनके ज़रिए नबी-ए-करीम की शिक्षाओं, इंसाफ, अच्छे अख़लाक और इंसानियत की सेवा को व्यवहारिक रूप दिया जा सके।
तंज़ीम ने उलेमा और मशायख से भी अपील की कि वे 1501वें मिलाद-ए-मुस्तफ़ा के साल को एक बड़े सीरत-ए-मुस्तफ़ा सुधार अभियान का रूप देने में अपना महत्वपूर्ण किरदार अदा करें और लोगों को केवल नबी-ए-करीम से मोहब्बत का संदेश ही न दें, बल्कि आपकी सुन्नत और पाक सीरत पर चलने की प्रेरणा भी दें।
तंज़ीम उलमाए अहले सुन्नत, सम्भल का संदेश है कि मिलाद-ए-मुस्तफ़ा की खुशी के साथ-साथ हम अपनी ज़िंदगी को भी नबी-ए-करीम ﷺ की सीरत के मुताबिक़ बनाने का संकल्प लें। यही सच्ची मोहब्बत, यही बेहतर किरदार और यही समाज की असली सुधार की राह है।
ईरान-अमेरिका की जंग खत्म होने वाली नही - सम्भल में मौलाना ज़मीर अब्बास जाफरी का बड़ा दावा
शिया-सुन्नी एकता पर बोले खाई खत्म बन चुकी है इत्तेहाद की दीवार

सम्भल के मंडी किशन दास सराय में आयोजित खास मजलिस में मौलाना ज़मीर अब्बास जाफरी ने ईरान-अमेरिका संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया। मजलिस में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। मौलाना ने कहा कि ईरान और अमेरिका की जंग फिलहाल खत्म होने वाली नहीं है और लोगों को अपनी उम्मीदें वास्तविक रखनी चाहिए।

मौलाना ज़मीर अब्बास जाफरी ने कहा कि ईरान अपने संसाधनों पर किसी दूसरे देश का कब्जा स्वीकार नहीं करेगा। उनके मुताबिक, अमेरिका और ईरान दोनों अपने-अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं और इस संघर्ष को खत्म करने के लिए किसी एक पक्ष का पीछे हटना जरूरी होगा। 15 अगस्त के मौके पर उन्होंने हिंदुस्तानी मुसलमानों से एकता, भाईचारे और मोहब्बत के साथ रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज से हर तरह के भेदभाव को खत्म कर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना चाहिए। भारत के नजरिए पर मौलाना ने कहा कि भारत ने औपनिवेशिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष किया है और आजादी के इतिहास को याद करते हुए दुनिया में इंसाफ और आजादी की आवाज को मजबूत किया जाना चाहिए। वहीं सम्भल में शिया-सुन्नी एकता पर उन्होंने कहा कि अब दोनों समुदायों के बीच की “खाई खत्म हो चुकी है और इत्तेहाद की दीवार बन चुकी है।” उन्होंने इस एकता को और मजबूत करने की जरूरत बताई।