किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने गांव-गांव शुरू किया जनसंपर्क अभियान

संभल , भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा रविवार को ग्राम - महोरा लखूपुरा में जिला प्रभारी सुभाष चाहल के नेतृत्व में जनजागरण अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा एवं संचालन युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार ने किया !
बैठक में जिला अध्यक्ष संभल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि किसान केवल खेती से जुड़ी समस्याओं से ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की अनेक प्रशासनिक और जनहित से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहा है। किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार होने से किसानों की आवाज और अधिक मजबूती के साथ उठाई जा सकेगी ! संगठन का उद्देश्य किसानों को उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई के लिए एकजुट करना है। गांव-गांव संगठन मजबूत होने से किसानों की सामूहिक आवाज को मजबूती मिलेगी और प्रशासन के सामने समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराना संगठन की प्राथमिकता है और जरूरत पड़ने पर अधिकारियों से लगातार वार्ता करने के साथ आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा ! संगठन के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि गांवों में लगातार जनसंपर्क कर किसानों को उनके अधिकारों और समस्याओं के प्रति जागरूक किया जाएगा ! बैठक में गन्ना भुगतान, बिजली व्यवस्था, स्मार्ट मीटर, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, खाद-बीज की उपलब्धता, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, वारिसान दर्ज कराने सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा रहस्यमयी बुखार की रोकथाम के लिए गांव में दवा का छिड़काव कराने, गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर गांवों के नाम के बोर्ड लगवाने तथा संभल रेल विस्तार कार्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई गई ! कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रखा जाएगा। किसानों की समस्याओं का समय से समाधान नहीं होने पर संगठन आगे की रणनीति तैयार करेगा ! बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने के साथ किसानों की स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने पर जोर दिया गया ! कार्यकारिणी द्वारा संगठन विस्तार करते हुए गौरव यादव को तहसील महासचिव संभल, संतोष यादव को ग्राम महासचिव, हिरदेश यादव को ग्राम प्रभारी, चंद्रकेश यादव को ग्राम सचिव नियुक्त किया गया !
मुख्य रूप से युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला अध्यक्ष सम्भल कामेन्द्र चौधरी, जिला प्रभारी सुभाष चाहल, जिला सलाहकार सरदार गुरुवचन सिंह, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार, तहसील संरक्षक सेवक सैनी, तहसील संगठन मंत्री श्रीपाल यादव, ब्लॉक महामंत्री मनीराम गूर्जर, युवा ब्लॉक उपाध्यक्ष मो. हसन, वरिष्ठ कार्यकर्ता नरेन्द्र चौधरी, सतवीर सिंह, बिजेन्द्र सिंह, मो. दाऊद, कमल यादव, श्रीराम शर्मा, बिजेन्द्र यादव, दिवाकर सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे!
एबीसी किड्स मॉन्टेसरी स्कूल में तीन दिवसीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकली भव्य रैली



संभल /चंदौसी । एबीसी किड्स मॉन्टेसरी स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन तीन दिनों के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न देशभक्ति एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर उनमें राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना विकसित की जाएगी। इसी क्रम में आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत कक्षा यूकेजी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।

रैली में विद्यालय के विद्यार्थी हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ शामिल हुए। बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को ‘ हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। नन्हे विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘हर घर तिरंगा’ जैसे नारों के माध्यम से देश के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त किया। रैली के माध्यम से बच्चों को यह संदेश भी दिया गया कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य भी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ जोड़ना है।

विद्यालय की संचालिका श्रीमती संगीता भार्गव जी ने विद्यार्थियों को 15 अगस्त के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रध्वज का सदैव सम्मान करने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय प्रतीकों के महत्व से भी परिचित कराया जा रहा है। विद्यालय परिवार का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही देशप्रेम एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

इसी क्रम में कल, 14 अगस्त को प्री-नर्सरी एलकेजी तक के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा भारत माता का मानचित्र/आकृति बनाई जाएगी। इस रचनात्मक गतिविधि में छोटे बच्चे उत्साहपूर्वक भाग लेकर भारत की आकृति को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करेंगे। गतिविधि के माध्यम से बच्चों को भारत देश की पहचान और उसके प्रति प्रेम एवं सम्मान का भाव समझाया जाएगा।

तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में बच्चों के लिए अलग-अलग देशभक्ति गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिससे स्वतंत्रता दिवस का पर्व बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक, रचनात्मक और यादगार बन सके।
इस कार्यक्रम में शालू निशा काजल प्रिया सिल्की इशिता सरिता अंकिता शिल्पा सोनल दीपिका दीक्षा अर्शी शालिनी मीनू गौरव आदि अध्यापिकाओं का सहयोग रहा।

“हर घर तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति—यही हमारे स्वतंत्र भारत की पहचान है।
भाकियू का संगठन विस्तार अभियान तेज, किसानों के हितों पर रहेगा पूरा फोकस
संभल ।भारतीय किसान यूनियन (बीआरएसएस) भारत राष्ट्रीय सेवक संघ द्वारा ग्राम - सारंगपुर में जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी के नेतृत्व में  जनजागरण अभियान के अंतर्गत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक महासचिव धीरेन्द्र त्यागी एवं संचालन युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार ने किया !
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संभल कामेन्द्र चौधरी ने कहा कि बैठक का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि किसानों की आवाज़ को मजबूती के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक ब्लॉक, तहसील एवं ग्राम स्तर पर नई कार्यकारिणियों का गठन किया जाएगा तथा सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों, युवाओं को जोड़ा जाएगा ! कहा कि किसान आज भी अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर है। आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने, वारिसान दर्ज कराने, गन्ना भुगतान, बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर, आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा, खाद-बीज की कालाबाजारी तथा अन्य जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ! बैठक में रहस्यमयी बुखार की रोकथाम के लिए गांवों में नियमित कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने, गंगा एक्सप्रेस एक्सप्रेस वे की सर्विस रोड पर गांव के चिन्हित बोर्ड लगाने, संभल रेल विस्तारीकरण कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान कराने तथा क्षेत्र की अन्य जनहित समस्याओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि जल्द ही संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। संगठन के जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी ने कहा कि संगठन हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से किसानों की लड़ाई लड़ता आया है। यदि प्रशासन ने समय रहते किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर किसानों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में उपस्थित सभी किसानों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को संगठन से जोड़ने का निर्णय लिया गया। संगठन विस्तार करते हुए गौरव चौधरी तिमनपुर को जिला सचिव संभल, श्रीपाल यादव को तहसील संगठन मंत्री, अशोक यादव को ग्राम महासचिव, बालजीत यादव को ग्राम सचिव, विजयपाल शर्मा को ग्राम सचिव, अतुल यादव को ग्राम प्रभारी नियुक्त किया गया !
मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष संभल कामेन्द्र चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मिंकू चौधरी, जिला संगठन मंत्री चौ. ऋषिपाल सिंह, इस्माइल खां जिला महामन्त्री (अ. मोर्चा), जिला मंत्री (अ. मो.) सुफियान पाशा, युवा जिला मीडिया प्रभारी निर्देश कुमार, जिला मंत्री खेमपाल यादव, तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, तहसील अध्यक्ष (अ. मो.) मेहंदी हसन, ब्लॉक महासचिव धीरेन्द्र त्यागी, ब्लॉक मंत्री मनीराम गूर्जर, वरिष्ठ कार्यकर्ता सतवीर चौधरी, नरेंन्द्र चौधरी, मो. हसन, रजा हसन, मुस्कुरान अली, सतपाल सिंह, हेमेन्द्र सिंह, महेश यादव, अनवार अली आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे !
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता' का भव्य आयोजन

Sambhal, 5 अगस्त: गरिमा समाज सेवा समिति (हापुड़) एवं कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज (संभल) के संयुक्त तत्त्वावधान में आज नवाब महमूद अंसारी गर्ल्स इंटर कॉलेज, संभल में एक विशेष 'स्वास्थ्य एवं शिक्षा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता' का भव्य आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता का कुशल संचालन कॉलेज की प्रधानाचार्या मिस हुुरमा नसीम, संयोजक सईद अख्तर तथा कैंब्रिज अकैडमी ऑफ फॉरेन स्टडीज की कंप्यूटर शिक्षिका मुस्कान की देखरेख व मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनके सामान्य ज्ञान के स्तर को सुदृढ़ बनाना था।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के उपरांत प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान (Ist): तसमिया
द्वितीय स्थान (IInd): अतूफा
तृतीय स्थान (IIIrd): इनशा शकील
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में गरिमा समाज सेवा समिति के अध्यक्ष श्री अशोक मित्तल द्वारा विजेता छात्राओं को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
छात्राओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री अशोक मित्तल ने कहा:
"स्वास्थ्य और शिक्षा किसी भी समाज की उन्नति के मुख्य स्तंभ हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बालिकाओं का मानसिक विकास होता है और उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है।"
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या मिस हुरमा नसीम, संयोजक सईद अख्तर एवं कंप्यूटर शिक्षिका मुस्कान ने गरिमा समाज सेवा समिति व कैंब्रिज अकैडमी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
मॉडलिंग में भी लहराया एबीसी किड्स मॉन्टेसरी स्कूल का परचम, लगभग 30 स्कूलों को पछाड़ नन्हे सितारों ने जीते गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल

संभल, चंदौसी।"जहाँ प्रतिभा को सही मंच और सही मार्गदर्शन मिलता है, वहाँ सफलता कदम चूमती है।" इसी कहावत को एक बार फिर एबीसी किड्स मॉन्टेसरी स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सच साबित कर दिखाया। स्केटिंग और ताइक्वांडो में लगातार अपनी शानदार सफलता का परचम लहराने के बाद अब विद्यालय के बच्चों ने मॉडलिंग के क्षेत्र में भी अपना जलवा बिखेरते हुए पूरे विद्यालय का नाम गर्व से ऊँचा कर दिया।

2 अगस्त 2026 को मुरादाबाद में आयोजित North India Zone Dance Championship एवं मॉडलिंग प्रतियोगिता में लगभग ३०  प्रतिष्ठित विद्यालयों के बच्चों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच एबीसी किड्स मॉन्टेसरी स्कूल के नन्हे मॉडल्स ने अपने आत्मविश्वास, आकर्षक रैंप वॉक, बेहतरीन स्टाइल और दमदार प्रस्तुति से निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ शील्ड अपने नाम कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
संभल: ट्रक और टैम्पों की टक्कर में तीन की मौत, एक घायल
संभल । जनपद संभल की सदर कोतवाली क्षेत्र में चंदौसी रोड पर टैम्पों और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में टैम्पों सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हादसा संभल कोतवाली कस्बा क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर टांडा में हुआ।

हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पहले दो लोगों को मृत घोषित किया और बाद में रेफर करने के दौरान एक और व्यक्ति की मौत हो गई। घायल युवक की पहचान रोहित पाल निवासी देहली, कोतवाली संभल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही रोहित के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। वहीं, सड़क हादसे में मृत हुए तीनों लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर रामलाल यादव ने बताया कि गांव मोहम्मदपुर टांडा के पास हुए सड़क हादसे में चार लोगों को घायल अवस्था में अस्पताल में लाया गया था जिनमें से दो को देखते ही मृत घोषित कर दिया गया था। एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
Sambhal जिला अस्पताल में महिला से मारपीट का आरोप, शिकायत के बाद भड़की महिला ने बाल पकड़कर पीटा; जान से मारने की धमकी का भी दावा

जिला अस्पताल सम्भल में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक महिला ने दूसरी महिला के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि घटना अस्पताल परिसर में उस समय हुई, जब वह डिलीवरी वार्ड में अपने कार्य में व्यस्त थी।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता ने कुछ समय पहले जिला अस्पताल में मरीजों से कथित अवैध धन वसूली की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर आरोपी महिला अस्पताल पहुंची और पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर पीड़िता के बाल पकड़ लिए और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता का दावा है कि शोर-शराबा सुनकर अस्पताल में मौजूद तनजीम आशा, नीलोफर आशा, इफ्फत आशा और आसमा आशा मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर उसे आरोपी महिला से छुड़ाया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जाते समय आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली सम्भल पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल यह आरोप शिकायत पत्र में लगाए गए हैं। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
Sambhal पानी में मिला पिता का शव, बेटे का आरोप- पुलिस ने हत्या को बताया सुसाइड, FIR तक नहीं लिखी
सम्भल में एक संदिग्ध मौत को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीतापुरी के मुजाहिदपुर सराय निवासी योगेंद्र सिंह ने बताया कि 22 तारीख को पुलिस ने सूचना दी थी कि उनके पिता ब्रम्हानंद सिंह की बाइक कुरुक्षेत्र मंदिर के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो मंदिर के पास तालाब में मात्र एक फीट पानी के भीतर ब्रम्हानंद सिंह का शव पड़ा मिला।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शव मिलने के बाद न तो उन्हें समय पर सूचना दी और न ही अस्पताल ले जाकर जान बचाने की कोई कोशिश की। पुलिस ने सीधे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन परिजन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का हवाला देकर रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। योगेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की और यह कहते हुए मामला टाल दिया कि उनके पिता ने आत्महत्या की है। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में केवल पानी में डूबने से मौत का उल्लेख है, आत्महत्या की पुष्टि कहीं नहीं की गई है। परिजनों ने सवाल उठाया कि जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या का जिक्र नहीं है तो पुलिस किस आधार पर इसे सुसाइड बता रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए।
ताइक्वांडो कलर बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली दो छात्राओं को कलर बेल्ट पहनाकर सम्मानित किया गया
संभल, चंदौसी। आज एबीसी किड्ज़ मॉन्टेसरी स्कूल, चंदौसी में आज ताइक्वांडो कलर बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली दो छात्राओं को कलर बेल्ट पहनाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती संगीता भार्गव ने छात्राओं को बेल्ट पहनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सम्मानित होने वाली छात्राओं में एविशा ने ग्रीन बेल्ट तथा अंशवी ने येलो बेल्ट प्राप्त की। दोनों छात्राओं ने सफलतापूर्वक ताइक्वांडो कलर बेल्ट परीक्षा पास कर अपनी मेहनत और लगन का परिचय दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या संगीता भार्गव ने कहा, "यदि ये दोनों बेटियां ताइक्वांडो सीख सकती हैं, तो अन्य छात्र-छात्राएं भी अवश्य सीख सकते हैं। आत्मरक्षा हमारे अपने हाथ में होती है। ताइक्वांडो केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और सुरक्षा का माध्यम है।" दोनों छात्राओं को पिछले काफी समय से अंकुश ताइक्वांडो क्लब के कोच अंकुश राणा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास का परिणाम है कि दोनों खिलाड़ियों ने सफलतापूर्वक कलर बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय परिवार एवं अंकुश ताइक्वांडो क्लब ने दोनों छात्राओं को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। इसमें स्कूल की काजल शालू निशा प्रिया सिल्की इशिता मनप्रीत रक्षा अर्शी कुमुद वंशिका हिमांशी आरती अध्या रूपाली शिल्पा मनप्रीत शिल्की अंकिता मीनू आदि शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।
शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा पेश करने वाली याचिका पर अगली सुनवाई अब 25 को

जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में स्थित शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा पेश करने वाली याचिका में आज सिविल जज सीनियर डिवीजन ने सुनवाई की अगली तिथि 25 अगस्त नियत की।

जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में स्थित शाही जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा पेश करने वाली याचिका पर आज 21 जुलाई को जिला न्यायलय में सिविल जज सीनियर डिवीज़न आदित्य सिंह के कोर्ट में सुनवाई हुई लेकिन सुप्रीम कोर्ट से स्टे होने के कारण न्यायलय ने इस मामले में सुनवाई के लिए अगली तिथि 25 अगस्त 2026 नियत की है।
आपको बता दे कि संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर होने की आठ याचियों की ओर से दावा करने वाली एक याचिका सिविल जज सीनियर डिवीज़न के यहाँ 19 नवंबर 2024 को दाखिल की गई थी जिस पर आज सुनवाई होनी थी।
इससे पूर्व सिविल जज सीनियर डिवीज़न आदित्य सिंह के कोर्ट में पिछली सुनवाई 26 मई को हुई थी आज हुई सुनवाई में न्यायलय ने इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 25 अगस्त तय की है।
इस विषय में जानकारी देते हुए हिंदू पक्ष के अधिवक्ता श्रीगोपाल शर्मा ने बताया कि सुनवाई के लिए नियत था लेकिन क्योंकि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से अभी स्थगन है इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हुई और उसमें 25 अगस्त नियत हो गई।
वही कल न्यायालय द्वारा मध्यस्थता के लिए किए गए प्रयास पर उन्होंने कहा कि मध्यस्थता के मामले में कोई परिणाम नहीं निकल पाया नहीं हम तो तैयार थे लेकिन उन्हीं की तरफ से था वह कोई बात मानने को तैयार नहीं थे
वही इस मामले में शाही जामा मस्जिद पक्ष के अधिवक्ता शकील अहमद वारसी ने बताया कि इस मामले में सनी के लिए अगली तिथि 25 अगस्त नियत कर दी गई है क्योंकि अभी माननीय सर्वोच्च न्यायालय में मामला अभी विचार अधीन है।
वही मध्यस्थता के सवाल पर उन्होंने कहा कि मध्यस्थता का प्रयास सफल नहीं हुआ क्योंकि उनकी डिमांड मामले से अलग थी उनकी डिमांड थी कि हमें पूजा का अधिकार दिया जाए जो कि हमें स्वीकार नहीं था और हमने कहा कि हमें यह स्वीकार नहीं है और इसका निर्णय माननीय न्यायालय को ही करना चाहिए न्यायालय का जो भी निर्णय होगा वह हमें स्वीकार होगा।