कृपाशंकर सिंह के जन्मदिन पर विशाल स्वास्थ्य शिविर व वृक्षारोपण
![]()
जौनपुर। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्य मंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह का 76वां जन्मदिन शनिवार को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था के संगम के रूप में बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्मदिवस को "जनसेवा संकल्प समारोह" का स्वरूप देते हुए दिनभर स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक अनुष्ठान एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम सहोदरपुर-खमपुर स्थित प्राचीन महादेव मंदिर परिसर में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी योगिता सिंह एवं सीएमओ गंगाराम गौतम किया। शिविर में विभिन्न रोगों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने शिविर का लाभ उठाया। आयोजन समिति की ओर से लोगों को बरसात के मौसम को देखते हुए छातों का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों ने इस पहल की सराहना की।
स्वास्थ्य शिविर के उपरांत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
इसके बाद प्राचीन महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का वैदिक विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन-अर्चन किया गया। विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, समृद्ध भविष्य तथा पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनसेवा की कामना की गई। धार्मिक आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्तिमय वातावरण का आनंद लिया।जन्मदिन समारोह के दौरान समर्थकों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने केक काटकर कृपाशंकर सिंह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घ जीवन की कामना करते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि कृपाशंकर सिंह का सार्वजनिक जीवन सदैव जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहा है तथा उनके जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाना समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।
इस अवसर पर शाहगंज विधायक रमेश सिंह सहित श्यामराज सिंह, सुनीता सिंह, सुषमा पटेल, डॉ. विकास सिंह, डॉ. आर. एन. त्रिपाठी, रत्नाकर सिंह, शशि, मुन्ना सिंह, डॉ. विनोद कन्नौजिया, डॉ रामयश यादव, सुधांशु सिंह, विवेक मौर्य, शशि प्रकाश सिंह, राममोहन सिंह,सतीश सिंह, विजय यादव, अमरीश सिंह,धीरू सिंह,राहुल मिश्रा,चंचल सिंह,आशु सिंह,डॉ श्रीनिवास, दिवाकर सिंह, विकास यादव,समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।पूरे आयोजन में जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण एवं धार्मिक आस्था का सुंदर समन्वय देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हैं तथा नई पीढ़ी को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण से जोड़ने की इस पहल की लोगों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।


जौनपुर। जिले के नईगंज स्थित श्री कृष्ण न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय की आठवीं वर्षगांठ हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे। चिकित्सालय पहुंचने पर अस्पताल के प्रमुख डॉ. हरिनाथ यादव ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।इस अवसर पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा चिकित्सालय के आठ सफल वर्षों के लिए डॉ. हरिनाथ यादव और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सदर क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता को भी चिकित्सालय की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।वर्षगांठ समारोह में जिले की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर चिकित्सालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की देखरेख डॉ. हरिनाथ यादव के बड़े भाई एवं प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष उमानाथ यादव ने की।अपने संबोधन में डॉ. हरिनाथ यादव ने कहा कि क्षेत्रवासियों के अटूट विश्वास, स्नेह और सहयोग के बल पर चिकित्सालय ने निस्वार्थ सेवा के आठ वर्ष सफलतापूर्वक पूरे किए हैं। उन्होंने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी विश्वास और समर्पण के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।उन्होंने स्थापना दिवस के अवसर पर सभी से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की, ताकि धरती को हरा-भरा और समृद्ध बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में चिकित्सालय की ओर से उपस्थित लोगों को पौधों का वितरण भी किया गया।
जौनपुर। जिले के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पास्को समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, घटना 13 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई गई है। छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में लल्लू दुबे उर्फ विजय बेलवा निवासी ने उसे रोक लिया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। छात्रा द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इससे पहले भी आरोपी बच्ची के साथ कुत्सित प्रयास कर चुका था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में परिजनों ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे परिवार में भय का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- स्कूल वैन चालक पर लापरवाही का आराेप, जांच में जुटी पुलिस
जौनपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्धिविनायक धाम, नखतपुर (सराय दुर्गादास), जनपद जौनपुर में श्री रामदूतम चैरिटेबल ट्रस्ट अयोध्या के तत्वावधान में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, आरती एवं हवन-पूजन में भाग लेकर अपने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त op की।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री निर्मल शरण जी महाराज ने गुरु पूर्णिमा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही मनुष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक जीवन पर आधारित प्रेरणादायक कथा सुनाई, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।पूजन एवं कथा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे आश्रम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमुहाई जौनपुर के समाजशास्त्र विभाग के डॉ. प्रशान्त सिंह को राज्यपाल एवं कुलाधिपति महोदय के हाथों 'उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान' प्रदान किया गया। समारोह विश्वविद्यालय परिसर में पूरी गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को उपाधियाँ एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान किए गए।डॉ. प्रशान्त सिंह विगत 6 वर्षों से समाजशास्त्र के अध्यापन से जुड़े हैं। शिक्षण, शोध एवं प्रकाशन के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। अपनी सरल शिक्षण-शैली तथा विद्यार्थियों के प्रति सहज उपलब्धता के लिए वे महाविद्यालय में विशेष रूप से जाने जाते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।सम्मान प्राप्त होने पर डॉ. प्रशान्त ने कहा -"यह क्षण मेरे लिए सौभाग्य का है। इसका श्रेय मेरे माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन, सहकर्मियों के सहयोग और विद्यार्थियों के स्नेह को जाता है। यह सम्मान मेरे दायित्व को और बढ़ाता है और आगे भी मैं इसी निष्ठा से कार्य करता रहूँगा। "महाविद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि डॉ. प्रशान्त की यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इससे अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलेगी। प्राचार्य प्रो. मिथिलेश पांडेय ने कहा कि यह सम्मान महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की समर्पित सेवा का प्रमाण है।इस अवसर पर समस्त शिक्षक साथियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
जौनपुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जौनपुर में गोभक्तों ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एवं हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा। अभियान के तहत गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने सहित 30 से अधिक मांगें उठाई गईं।अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले छह माह से देशभर में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों सहित ज्ञापन सौंपा गया था। मांगों पर निर्णय न होने के बाद द्वितीय चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र शासन को भेजा गया।जौनपुर में भी गोभक्तों ने लगभग पांच लाख नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को प्रेषित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोपूजन, शंखनाद और सामूहिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर और प्लेकार्ड के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।प्रार्थना-यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम और गोमाता की झांकी भी शामिल रही। अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है तथा सरकार से संबंधित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपेक्षा की गई। कार्यक्रम में 1008 योगीराज पागल बाबा महंत संकट मोचन हनुमान मंदिर, पवन मिश्रा, डॉ. अमरनाथ पांडे, अजीत प्रताप प्रजापति, सुनील मौर्य, शैलेंद्र, विधु प्रकाश शुक्ला, राखी सिंह, किरण सिंह, खुशी सिंह, सरिता सिंह, बिट्टू किन्नर, अवधेश मौर्य, राज दुबे, राज तिवारी, राज यादव, अमन यादव, अमन श्रीवास्तव,आशीष मिश्र, सुनील शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, व्यापारी और बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
जौनपुर। श्री बजरंग इंटर कॉलेज, घनश्यामपुर में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव सिंह साहिल के नेतृत्व में किया गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीज स्वास्थ्य जांच कराने के लिए पहुंचे, जहां विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनकी जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया।शिविर में नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), गुर्दा एवं मूत्र रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग तथा सामान्य रोग से संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों की आवश्यक जांच के बाद उन्हें रोग के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराई गईं और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। इस अवसर पर डॉक्टर रोबिन सिंह, डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. दिनेश, डॉ. राजेश, डॉ. कार्तिक, डॉ. जफर तथा डॉ. हर्ष विक्रम सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में पहुंचे लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श मिलने पर आयोजन की सराहना की। आयोजक अभिनव सिंह साहिल ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अनुभवी चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे समय रहते अपने स्वास्थ्य की जांच कराकर गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक अनिल सिंह, प्रधानाचार्य शशि भूषण मिश्रा, प्रवक्ता मयाशंकर तिवारी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, संजय कुमार चतुर्वेदी, प्रदीप कुमार सिंह, संजय कुमार तिवारी, अजीत प्रताप सिंह, राम सागर सिंह, शेर बहादुर मौर्या ,संतोष तिवारी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्था सुचारु रही और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
Aug 01 2026, 18:04
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1