जनता की समस्याओं का समाधान और नगर का विकास ही प्राथमिकता- बब्बू
वाटर फ्रीजर, सड़क और सफाई का चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू प्रतिदिन वार्डों का पैदल भ्रमण कर जनमानस की समस्यायों से रूबरू हो रहे हैँ उनके द्वारा वार्डों की सफाई व्यवस्था, मार्गो की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
      शनिवार को नगर के मोहल्ला मौलागंज, मौखेल और सरदारगंज मोहल्लो में पैदल निरीक्षण के दौरान उन्होंने क़स्बा वासियों से मुलाक़ात कर उनका हाल जाना इस मौके पर लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।मोहल्लों में विभिन्न स्थानों पर लगे वाटर फ्रीजर से लोगों को सहूलियत के विषय में जानकारी ली और साफ सफाई व्यवस्था देखी।इस मौके पर श्री खां ने कहा जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।नगर के मोहल्लों में जल जीवन मिशन के तहत पाइप डाली जा रही हैँ जिससे मोहल्ले की सड़के खराब हुई हैँ संबंधित ठेकेदार को उन्होंने खराब सभी सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए हैँ। पाइप लाइन पड़ने के बाद शीघ्र ही पालिका द्वारा नगर की सभी सड़कों को ठीक करबाया जायेगा।भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका द्वारा वाटर फ्रीजर लगवाए गए हैँ जिससे लोगों शुद्ध व शीतल जल के लिए भटकना न पड़े।स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर श्री खां ने कहा उनके द्वारा सभी वार्डो की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है और सफाई नायको को जिम्मेदारी से कर्तव्य पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें निर्धारित स्थान पर कूड़ा डाला जाए।
फसल बचा रहे भाई को मारपीट कर किया घायल, रिपोर्ट
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली के ग्राम सिकंदरपुर नरकतरा में खेत में फसल बचा रहे भाई को मारपीट कर घायल करने के मामले में पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जंच शुरू की है।
       पीड़ित राकेश कुमार पुत्र शिवलाल के अनुसार वह 28 मई को दोपहर में 3 बजे खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था। उसके भाई राजेश कुमार ने अपनी पत्नी और पुत्र अंकुल के साथ पुरानी किसी बात पर गाली गलौज किया गाली देने से मना करने पर उसे लात घूंसो से मारपीट कर घायल कर दिया।
       पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
न्यायालय के आदेश पर एबीएमपीएल के सीएमडी सहित पांच पर अस्सी लाख के गबन की रिपोर्ट दर्ज
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।प्रति माह निवेश किये हुए धन पर दस प्रतिशत का ब्याज देने वाली एबीएमपीएल कम्पनी के सीएमडी सहित पांच लोगों के विरुद्ध न्यायालय के आदेश पर शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने अस्सी लाख रूपये ग़बन करने की रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
      कस्बे के बुद्ध बाजार निवासी राम प्रवेश पुत्र राम औतार के अनुसार एबीएमपीएल के प्रमोटर समीर राहने ने उनसे 2022 में सम्पर्क कर कम्पनी की रुपरेखा और निवेश से होने वाले लाभ के लिए बताया और कंपनी के सीएमडी हरदोई निवासी पुष्पेंद्र मौर्य पुत्र ब्रजलाल मौर्य से उसकी मीटिंग करवाई उसने 2022 में कम्पनी में 15000 रूपए का निवेश किया उसे अगले माह मुनाफे के दस प्रतिशत लाभ भी मिला फिर अगली मीटिंग में सीएमडी पुष्पेंद्र के साथ उसका भाई सत्यप्रकाश मौर्य पत्नी नीलम रानी और जय प्रकाश मौर्य पुत्र महिपाल मौर्य साथ आये और कम्पनी से मिलने वाले फायदे के बारे में काफ़ी बताया कम्पनी का अपना एक ऐप्प भी दिखाया माय एबीएमपीएल जिसे खोलकर उसकी आईडी जनरेट की गई उसने अगस्त 25 में कम्पनी में अपने बैंक खाते से पांच लाख छियत्तर हजार 206 रूपए का कम्पनी में और निवेश किया मीटिंग में आने वाले अरुण शर्मा, किशन कुमार, रमेश यादव, वैभव अवस्थी, आदेश, मुद्दसीर, फिरोज, विनीत कुमार और रोहित ने भी उसकी आईडी से अलग अलग करीब छियत्तर लाख रूपए का निवेश एबीएमपीएल कम्पनी में किया कुल निवेश उसके द्वारा 8157000 रूपए का किया गया। कुछ समय बाद पता चला कम्पनी भाग गई उसने माई एबीएमपीएल ऐप्प खोला तो वह नहीं खुला उसके बाद उसने एसपी और डीएम को कई शिकायती पत्र रजिस्टर्ड डाक से भेजे लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई।
       न्यायालय के आदेश पर कम्पनी के सीएमडी सहित पांच लोगों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जाँच पड़ताल शुरू कर दी है।
महिला परिचालकों का फूटा गुस्सा, .
रितेश मिश्रा
हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की महिला परिचालकों ने हरदोई डिपो की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवहन अधिकारी को भेजी गई एक गुमनाम शिकायत में महिला परिचालकों ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता नहीं है और उन्हें लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। महिला परिचालकों का कहना है कि ड्यूटी पाने के लिए उन्हें कई दिनों तक चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी सुनवाई नहीं होती। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने नगद वसूली की जाती है और यूनियन नेताओं के करीबी लोगों को लगातार प्राथमिकता दी जाती है।
महिला कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ यूनियन नेता वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं और उनके प्रभाव में ही ड्यूटी का आवंटन किया जाता है। शिकायत पत्र में जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न के आरोप भी लगाए गए हैं। आरोप है कि कई बार किसी परिचालक के नाम अलॉट की गई गाड़ी पर पैसे लेकर दूसरे व्यक्ति को भेज दिया जाता है। वहीं ड्यूटी मांगने पर महिला परिचालकों को कई दिनों तक टालमटोल का सामना करना पड़ता है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि टाइमकीपर अपने चहेते कर्मचारियों को प्रतिदिन ड्यूटी देते हैं, जबकि अन्य कर्मचारियों को नजरअंदाज किया जाता है।
महिला परिचालकों ने परिवहन अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, ड्यूटी आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने तथा सभी कर्मचारियों को समान अवसर प्रदान करने की मांग की है। साथ ही लखनऊ और दिल्ली रूट पर तैनात कुछ चालक-परिचालकों की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा किए जाने की मांग उठाई गई है।फिलहाल शिकायत के बाद रोडवेज विभाग में चर्चाओं का माहौल है।
श्रीमद्भागवत कथा के सप्तम दिवस में धर्म, शिक्षा एवं सच्ची मित्रता का संदेश
रितेश मिश्रा
हरदोई, बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल, नघेटा रोड, हरदोई स्थित श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सप्तम दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कथा के सप्तम दिवस की मुख्य यजमान के रूप में डॉ. कीर्ति सिंह, अध्यक्ष — जीवनदीप सत्संग मंडल, हरदोई उपस्थित रहीं। मुख्य सहयजमान के रूप में श्री त्रिलोकी सिंह गौर (वरिष्ठ अधिवक्ता), श्री के.पी. दीक्षित (आत्मबोधाय आश्रम, हरदोई) एवं श्री ओम पाण्डेय सपरिवार उपस्थित रहे। सभी ने व्यासपीठ एवं कथा व्यास का विधिवत पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारम्भ कराया।

कथा के मंगलाचरण अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उन्नाव विभाग के विभाग संघचालक माननीय शिवस्वरूप जी तथा सुशील अवस्थी ‘छोटे महाराज’ ने उपस्थित होकर परम पूज्य कथा व्यास गुरुदेव का स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर नैमिषारण्य से पधारे अनन्त श्री विभूषित परम पूज्य स्वामी महामण्डलेश्वर स्वामी विद्या चैतन्य जी महाराज, अध्यक्ष नारदानन्द आश्रम, सीतापुर का पावन सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त हुआ। आयोजन समिति द्वारा उनका माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।

स्वागत करने वालों में डॉ. कीर्ति सिंह, शिव शंकर पाण्डेय, शिव प्रकाश त्रिवेदी, नवल किशोर द्विवेदी, त्रिलोकी सिंह गौर, सुशील अवस्थी ‘छोटे महाराज’, अश्वनी दीक्षित, के.पी. दीक्षित, इन्द्रेश्वर नाथ गुप्ता, अरविन्द द्विवेदी, अरुण मिश्रा, राकेश त्रिपाठी, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह (प्रधानाचार्य, आर.आर. इंटर कॉलेज, हरदोई), ओम पाण्डेय, संदीप अवस्थी एवं वीनस अवस्थी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तगण उपस्थित रहे।

अपने आशीर्वचन में स्वामी विद्या चैतन्य जी महाराज ने कहा कि धर्म केवल पूजा-पाठ अथवा धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, करुणा, सेवा, सदाचार एवं कर्तव्यपालन का नाम ही धर्म है। मनुष्य को अपने जीवन में सदैव सत्य एवं न्याय का साथ देते हुए धर्म के मार्ग पर अग्रसर रहना चाहिए। धर्म हमें मानवता, प्रेम और परस्पर सम्मान का संदेश प्रदान करता है।

उन्होंने श्रीमद्भागवत में वर्णित भगवान श्रीकृष्ण एवं सुदामा जी की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि सुदामा जी अत्यंत निर्धन नहीं थे, बल्कि वे ज्ञान और विद्या रूपी अमूल्य धन से समृद्ध थे। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता यह शिक्षा देती है कि सच्ची मित्रता धन, पद एवं प्रतिष्ठा पर नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, त्याग और आत्मीयता पर आधारित होती है।

स्वामी जी ने कहा कि आज समाज को ऐसे व्यक्तित्वों की आवश्यकता है जो अपने जीवन को केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित न रखकर अध्यात्म, शिक्षा और समाज सेवा के माध्यम से जनकल्याण हेतु समर्पित करें। डॉ. कीर्ति सिंह जी ऐसे ही प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, नैतिकता एवं राष्ट्रप्रेम का भी विकास किया है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में उनकी सक्रिय सहभागिता समाज को सनातन मूल्यों एवं आध्यात्मिक परम्पराओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।

स्वामी विद्या चैतन्य जी महाराज ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि डॉ. कीर्ति सिंह जी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरन्तर समाज सेवा की शक्ति प्राप्त हो, जिससे वे इसी प्रकार राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देती रहें।

कथा व्यास पूज्य स्वामी सत्यानन्द गिरि जी महाराज ने श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान के 16,108 विवाहों का आध्यात्मिक रहस्य समझाया। उन्होंने कहा कि भगवान की आठ प्रमुख पटरानियाँ प्रकृति के आठ स्वरूपों का प्रतिनिधित्व करती हैं। ईश्वर और जीव में यही मूलभूत अंतर है कि प्रकृति ईश्वर के अधीन है, जबकि जीव प्रकृति के अधीन रहता है।

उन्होंने “एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति” का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्म एकमात्र शाश्वत सत्य है, जबकि प्रकृति परिवर्तनशील एवं नश्वर है। ऋतुओं, परिस्थितियों और संसार के सभी परिवर्तन प्रकृति के ही स्वरूप हैं, परन्तु ब्रह्म सदैव अविनाशी है।

सुदामा चरित्र का वर्णन करते हुए स्वामी जी ने कहा कि विद्या ही मनुष्य का वास्तविक धन है। शास्त्रों में कहा गया है — “विद्या नाम नरस्य रूपमधिकम्” अर्थात विद्या मनुष्य का श्रेष्ठ आभूषण है। जिस व्यक्ति के पास ज्ञान और शिक्षा का धन है, वह कभी दरिद्र नहीं हो सकता।

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि वे अपने बच्चों को भौतिक सम्पत्ति न भी दे सकें तो कोई बात नहीं, किन्तु उन्हें शिक्षित अवश्य बनाएं। विद्या मनुष्य में विनय, नम्रता, सदाचार, शालीनता एवं समृद्धि का विकास करती है। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्या का वास्तविक महत्व तभी है जब वह धर्म और संस्कारों से जुड़ी हो। जिस प्रकार स्वादिष्ट भोजन में घी का विशेष महत्व होता है, उसी प्रकार शिक्षा में धर्म का विशेष महत्व है।

स्वामी जी ने बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल एवं आर.आर. इंटर कॉलेज की प्रबन्धक डॉ. कीर्ति सिंह तथा समस्त शिक्षकों को हरदोई के बालक-बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु उत्कृष्ट योगदान के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं।

सुदामा चरित्र की भावपूर्ण कथा के उपरान्त सम्पूर्ण परिसर “राधे-राधे” एवं “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान का स्मरण किया।

आयोजन समिति ने बताया कि दिनांक 31 मई 2026 को पूर्णाहुति हवन एवं विशाल भण्डारा प्रसाद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से सादर सहभागिता का अनुरोध किया गया है।
आखिरकार, बड़ी जद्दोजहद के बाद ही महुआकोला में भगवान बुद्ध प्रतिमा हुई स्थापित।      
                                   

रितेश मिश्रा
हरदोई के बेनीगंज क्षेत्र के महुआकोला गांव में हाल ही में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापना को लेकर हुए विवाद के बाद शुक्रवार को माहौल पूरी तरह बदलता नजर आया। प्रदेश नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद भाजपा जनप्रतिनिधियों की सक्रियता बढ़ी और गांव में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने की पहल तेज हुई। सुबह होते ही भगवान बुद्ध की प्रतिमा गांव लाई गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रशासन भी पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रहा। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग महुआकोला गांव पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने मौर्य समाज के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बिना अनुमति प्रतिमा स्थापना को लेकर वर्ष 2008 में बने कानून का प्रशासन द्वारा पालन किया गया है तथा बाहरी व अराजक तत्वों द्वारा गांव के भोले-भाले लोगों को गुमराह करने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।
विधायक रामपाल वर्मा ने ग्रामीणों से कहा कि यदि लोग पहले जनप्रतिनिधियों से संपर्क करते तो समस्या पहले ही सुलझ जाती। जनप्रतिनिधियों की बात सुनने के बाद ग्रामीणों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान दिखाई दी।
इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में भगवान बुद्ध की प्रतिमा को विधिवत मंदिर में स्थापित कराया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर सौहार्द एवं भाईचारे के नारे लगाए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने भी अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं। महुआकोला निवासी सुरेश सिंह, द्रोण शुक्ला आदि ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके द्वारा मंदिरों में रखी गई शिव मूर्तियां तोड़ व गायब कर दी गई थीं, जिससे मंदिर निर्माण का सपना अधूरा रह गया। इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने दोनों पक्षों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने-अपने इष्ट देवों की पूजा करें और मिलजुल कर रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि मुझे युद्ध नहीं चाहिए बल्कि बुद्ध चाहिए। जिससे कि समाज में शांति का माहौल बना रहे। भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना से कार्य कर रही है।
वहीं विधायक रामपाल वर्मा ने बुद्ध मंदिर परिसर में हाईमास्ट लाइट एवं पेयजल व्यवस्था कराने की घोषणा की। साथ ही प्रशासन से मामले में दर्ज मुकदमों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया। इस दौरान समूचे गांव में दिनभर शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहा।
छेड़छाड़ की घटना का पुलिस ने किया खंडन
दो बाइक की भिड़ंत में हुई मारपीट की घटना में पीड़िता ने पुलिस पर लगाया था आरोप

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।गुरुवार को कस्बे के मोहल्ला चौक स्थित केनरा बैंक के पास दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने इसे छेड़छाड़ की घटना का खंडन करते हुए आपस में बाइक टकराने की घटना बताया है। अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया गुरुवार को केनरा बैंक चौक के पास विशाल निवासी खेड़ा बीबी जयी अपनी बहन स्वेता को बाइक से लेकर बाजार में सामान क्रय करने जा रहा था। दूसरे पक्ष के निसार और रिजवान पुत्रगण अली अहमद निवासी हाता सुभान खां स्कूटी से आ रहे थे। दोनों की आपस में टक्कर हो गई। इसी पर वाद विवाद हुआ और मारपीट हो गई। मारपीट का यह वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। विशाल की ओर से छेड़छाड़ की घटना की तहरीर दी गई । दोनों पक्ष जब क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचे तो वहां पर वाद विवाद और गाली गलौज होने लगा। विशाल पक्ष की कुछ महिलाओं ने वीडियो बनाना प्रारंभ किया। क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात एक आरक्षी ने मोबाइल छीन लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया है घटना आपस में बाइक और स्कूटी टकराने की थी। छेड़छाड़ का कोई मामला नहीं था। प्रथम पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया और प्रथम पक्ष से भी दो लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई है। बाइक और स्कूटी की टक्कर को लेकर नगर के कुछ लोगों ने ईद होने की बजह से इसे हिंदू मुस्लिम का रूप देने का प्रयास किया लेकिन उनकी हरकत कामयाब नहीं हो सकी। पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया और मामले को सुलझा दिया।
युवक की ट्रेन से कटकर मृत्यु
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।लखनऊ दिल्ली रेलवे ट्रैक पर शाहाबाद कोतवाली छेत्र के ऐगवा और आंझी के बीच गुरुवार की रात करीब 8 बजे खम्भा नंबर 12037 के निकट ट्रेन से कटकर एक युवक की मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। युवक की पहचान हो गई है।
     जानकारी के अनुसार मझिला थाना के ग्राम टुमुर्की के मजरा दौलतपुर निवासी बालक राम का 27 वर्षीय पुत्र रणजीत कुमार शराब पीने के आदी था। गुरुवार की शाम से ही घर से बिना बताये निकला था। जिसकी रात 8 बजे ट्रेन से कटकर मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पंचनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी इंचार्ज आंझी चौकी ने बताया घटना के कारणों की जाँच की जा रही है। मृतक चार भाई और दो बहन था। बहनों का विवाह हो चुका है। मृतक अविवाहित था। घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने की सीएम डैश बोर्ड राजस्व एवं विकास कार्यो की समीक्षा बैठक
रितेश मिश्रा
हरदोई आज विवेकानंद सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडबाल, की अध्यक्षता में राजस्व एवं विकास कार्यों से सम्बंधित विभागों की सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक आहूत की गयी। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय योजनाओं की प्रगति बढायी जाये। उन्होंने कहा कि सभी विभाग राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दे और निर्धारित समयसीमा मे लक्ष्य पूरा करें। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि सीएम डैश बोर्ड पर खराब प्रगति जनपद की रैंक को प्रभावित कर सकती है, इसलिये सभी विभाग अपने-अपने विभाग की रैकिंग पर विशेष ध्यान दे। रैकिंग में सुधार के लिए विशेष प्रयास किये जाएं। सूचनाओं की विभागीय पोर्टल पर ससमय फीडिंग सुनिश्चित की जाये। उन्होंने फैमिली आईडी कार्ड तथा स्वनिधि योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुये प्रगति मे सुधार लाने के निर्देश सम्बन्धित को दिये। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि पुराने वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाये। उन्होंने निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुये सीएनडीएस को प्रगति बढाने के निर्देश दिये। इस अवसर अपर जिलाधिकारी वि0रा0 दीपाली भार्गव, ज्वाइंट मजिस्टेट संस्कृति द्विवेदी, सभी उप जिलाधिकारी प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम, व अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे
सरदार पटेल चौक पार्क का लोकार्पण, विधायक बोले— नगर की सुंदरता विकास की पहचान
बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी कस्बे में नगर पालिका परिषद की ओर से नवनिर्मित सरदार पटेल चौक पार्क का लोकार्पण विधायक श्याम प्रकाश चेयर पर्सन शाहीन बेगम ,अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह  ने फीता काटकर किया। इस दौरान पार्क परिसर में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, सभासदों व बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को विकास और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर की सुंदरता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा यह पार्क नगरवासियों के लिए एक सुंदर सौगात साबित होगा।

विधायक ने कहा कि नगर के प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण नगर की पहचान को नई दिशा देता है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने नगर पालिका परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नगरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। सरदार पटेल चौक पार्क को आधुनिक स्वरूप देकर विकसित किया गया है, जिससे लोगों को बैठने और सुंदर वातावरण का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर की सुंदरता बनाए रखने में आमजन का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में मौजूद सभासदों और स्थानीय लोगों ने पार्क निर्माण को नगर के लिए सराहनीय पहल बताया। समारोह के दौरान पूरे पार्क को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और लोकार्पण के बाद लोगों ने पार्क पहुंचकर नई व्यवस्था का अवलोकन किया। विधायक प्रतिनिधि धर्मेश मिश्रा विपिन मिश्रा चेयरपर्सन प्रतिनिधि सैफ खान, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, मनीष शर्मा, नीरज सिंह , रामदास कटियार, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपामऊ नागेंद्र सिंह, रितेश सिंह, भानु मिश्रा ,अमित कुमार सभासद, दिनेश अर्कवंशी, शिव सिंह,अंकित श्रीवास्तव , पूर्व सभासद राजीव गुप्ता,सभासद पियूष शुक्ला , सभासद सानू सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष आदर्श सिंह , अवधेश रस्तोगी आदि लोग मौजूद रहे।

तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापना की उठी मांग

पिहानी कस्बे के पूर्व सभासद संजीव शर्मा ने सरदार पटेल चौक पर तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यह स्थान बंदर पार्क के नाम से प्रसिद्ध था और यहां तीन बंदरों की पहचान लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही है।

संजीव शर्मा ने विधायक श्याम प्रकाश से मांग करते हुए कहा कि सरदार पटेल चौक के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यहां तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित कराई जाए, जिससे पुरानी पहचान भी कायम रह सके और नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के “बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो” के संदेश से प्रेरणा मिले।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा पार्क को सुंदर रूप दिया गया है, जिससे कस्बे की सुंदरता में चार चांद लगे हैं। यदि यहां तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित हो जाती है तो यह चौक लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए इसे कस्बे की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय बताया।