सरदार पटेल चौक पार्क का लोकार्पण, विधायक बोले— नगर की सुंदरता विकास की पहचान
बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी कस्बे में नगर पालिका परिषद की ओर से नवनिर्मित सरदार पटेल चौक पार्क का लोकार्पण विधायक श्याम प्रकाश चेयर पर्सन शाहीन बेगम ,अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान पार्क परिसर में स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, सभासदों व बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम प्रकाश ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को विकास और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर की सुंदरता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं तथा यह पार्क नगरवासियों के लिए एक सुंदर सौगात साबित होगा।
विधायक ने कहा कि नगर के प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण नगर की पहचान को नई दिशा देता है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने नगर पालिका परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य नगरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। सरदार पटेल चौक पार्क को आधुनिक स्वरूप देकर विकसित किया गया है, जिससे लोगों को बैठने और सुंदर वातावरण का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर की सुंदरता बनाए रखने में आमजन का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में मौजूद सभासदों और स्थानीय लोगों ने पार्क निर्माण को नगर के लिए सराहनीय पहल बताया। समारोह के दौरान पूरे पार्क को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और लोकार्पण के बाद लोगों ने पार्क पहुंचकर नई व्यवस्था का अवलोकन किया। विधायक प्रतिनिधि धर्मेश मिश्रा विपिन मिश्रा चेयरपर्सन प्रतिनिधि सैफ खान, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, मनीष शर्मा, नीरज सिंह , रामदास कटियार, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपामऊ नागेंद्र सिंह, रितेश सिंह, भानु मिश्रा ,अमित कुमार सभासद, दिनेश अर्कवंशी, शिव सिंह,अंकित श्रीवास्तव , पूर्व सभासद राजीव गुप्ता,सभासद पियूष शुक्ला , सभासद सानू सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष आदर्श सिंह , अवधेश रस्तोगी आदि लोग मौजूद रहे।
तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापना की उठी मांग
पिहानी कस्बे के पूर्व सभासद संजीव शर्मा ने सरदार पटेल चौक पर तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में यह स्थान बंदर पार्क के नाम से प्रसिद्ध था और यहां तीन बंदरों की पहचान लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही है।
संजीव शर्मा ने विधायक श्याम प्रकाश से मांग करते हुए कहा कि सरदार पटेल चौक के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यहां तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित कराई जाए, जिससे पुरानी पहचान भी कायम रह सके और नई पीढ़ी को महात्मा गांधी के “बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत कहो” के संदेश से प्रेरणा मिले।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा पार्क को सुंदर रूप दिया गया है, जिससे कस्बे की सुंदरता में चार चांद लगे हैं। यदि यहां तीन बंदरों की प्रतिमा स्थापित हो जाती है तो यह चौक लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए इसे कस्बे की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय बताया।
1 hour and 19 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1