त्याग और बलिदान का सीख देता है कुर्बानी का त्योहार बकरीद
बबलू प्रजापति
पिहानी(हरदोई)भूखे को अपने हिस्से की रोटी देना हो या बुरी आदतों से तौबा। खुदा के बताए रास्ते पर चलकर गरीबों और यतीमों के जीवन में खुशियां भरना, ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व हमें यही संदेश देता है। बृहस्पतिवार कलसे तीन दिन तक चलने वाले कुर्बानी के त्योहार बकरीद की तैयारी जोरों पर है। इस्लामिक साल के अंतिम महीने इदुल हिज्ज की 10वीं तारीख को यह त्योहार मनाया जाता है।

जामा मस्जिद के मौलाना सुलेमान  का कहना है कि कुर्बानी का त्योहार त्याग और बलिदान की सीख देता है। कुर्बानी का अर्थ त्याग और बलिदान होता है। जो अल्लाह को पाने का साधन है। समय-समय पर अल्लाह अपने बंदों ( अपने मानने वालों) का इम्तिहान लेता रहता है।

ईद-उल-अजहा एक प्रेरणादायक कहानी से जुड़ा है। हजरत (सम्मान सूचक शब्द) इब्राहिम को एक रात सपना आता है, जिसमें खुदा उन्हें अपनी सबसे प्यारी चीज को कुर्बान करने का हुक्म सुनाते हैं। वह अपने कई प्रिय पशुओं की कुर्बानी देते हैं, लेकिन अल्लाह बार-बार सपने में आते हैं और उसी बात को दोहराते हैं। इब्राहिम सोचते हैं कि वह सबसे ज्यादा प्यार इकलौते बेटे इस्माइल से करते हैं, जिसकी उम्र सिर्फ 11 वर्ष थी और जो उन्हें 90 साल की उम्र में प्राप्त हुआ था। इस्माइल ने भी इब्राहिम को अल्लाह के हुक्म की तामील (आदेश को मानना) करने को कहा। बेटे को कुर्बान करने के लिए वह मक्का के नजदीक मीना नामक पहाड़ी पर पहुंचे। इस्माइल अपने पिता से कहते हैं कि आप अपनी आंखों पर पट्टी बांध लीजिए नहीं तो पुत्र के प्रेम में आप अल्लाह के इम्तिहान में फेल हो जाएंगे। हजरत इस्माइल पिता की आंखों पर पट्टी बांध देते हैं, जिससे वह विचलित न हों। हजरत इब्राहिम बेटे पर छुरी चलाते हैं, लेकिन वह छुरी इस्माइल की गर्दन को नहीं काट पाती, ऐसा दो बार होता है। लेकिन तीसरी बार में कुर्बानी कर जब आंख से पट्टी हटाते हैं तो देखते हैं कि फरिस्ता (देवदूत) हजरत जिब्राइल ने इस्माइल को वहां से हटाकर एक दुबा (कुर्बानी का जानवर) रख दिया और हजरत इस्माइल सही सलामत मुस्करा रहे थे। इस पर फरिश्ते ( देवदूत) कहते हैं कि अल्लाह को इस्माइल की कुर्बानी नहीं चाहिए थी, वह तो सिर्फ इब्राहिम का इम्तिहान ले रहे थे। तभी से कुर्बानी का यह त्योहार मनाया जा रहा है। कुर्बानी के दिन ही हाजियों का हज पूरा होता है।

कुर्बानी का महत्व केवल बलिदान तक सीमित नहीं है; यह त्याग, समर्पण और अल्लाह के प्रति पूर्ण विश्वास का प्रतीक है। इस दिन मुसलमान हलाल जानवर जैसे बकरे, भेड़ या ऊंट की कुर्बानी देते हैं। कुर्बानी के लिए जानवर का स्वस्थ और बालिग होना जरूरी है। कुर्बानी का मांस तीन हिस्सों में बांटा जाता है। एक हिस्सा परिवार के लिए, दूसरा रिश्तेदारों और दोस्तों के लिए, और तीसरा गरीबों और जरूरतमंदों के लिए। यह प्रथा समाज में एकता, भाईचारे और दान की भावना को बढ़ावा देती है। इस्लाम में कुर्बानी को सवाब का काम माना जाता है, और यह हर सक्षम मुसलमान के लिए वाजिब है, यानी ऐसा कर्तव्य जो फर्ज से ठीक नीचे आता है।
खेत में सांप काटने से किसान की मौत, तहसीली तंत्र की संवेदनहीनता से भड़का आक्रोश
घर बैठे बना दी मौत की रिपोर्ट! सर्पदंश को “अज्ञात” लिखकर मृतक किसान के साथ कागजी अन्याय बल्दियत बदली, उम्र गलत लिखी, बिना मौके पर पहुंचे तैयार कर दी सरकारी रिपोर्ट


रितेश मिश्रा
शाहाबाद (हरदोई), 27 मई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर गयंद में गन्ने के खेत में पानी लगाते समय जहरीले सांप के काटने से किसान धर्मवीर सिंह (50) पुत्र इंद्रकुमार सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। लेकिन किसान की मौत से भी अधिक शर्मनाक पहलू तब सामने आया, जब तहसीली तंत्र की कथित लापरवाही और संवेदनहीनता ने एक गरीब किसान की मृत्यु तक को सरकारी कागजों में संदिग्ध बनाकर रख दिया।
बताया गया कि धर्मवीर सिंह मंगलवार को अपने खेत में गन्ने की फसल में पानी लगा रहे थे। इसी दौरान खेत में छिपे जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचायतनामा भरते हुए प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण सर्पदंश दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक विवाह योग्य बेटी छोड़ गया है। बेटे अभी शिक्षारत एवं बेरोजगार बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार धर्मवीर सिंह दिन-रात खेतों में मेहनत कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे तथा बेटी के विवाह के लिए लगातार उपयुक्त वर की तलाश में जुटे थे। अचानक हुई मौत से परिवार की आर्थिक और सामाजिक रीढ़ ही टूट गई। घर में मची चीख-पुकार और बदहवास पत्नी की हालत देखकर गांव के लोगों की आंखें भी नम हो उठीं।
“सर्पदंश” को बना दिया “अज्ञात” — तहसीली रिपोर्ट पर उठे गंभीर सवाल
शाहाबाद (हरदोई), 27 मई।
जहां पुलिस पंचायतनामा में स्पष्ट रूप से सर्पदंश की बात दर्ज कर रही है, वहीं तहसील प्रशासन की प्रारंभिक रिपोर्ट ने पूरे मामले को संदेह और संवेदनहीनता के घेरे में खड़ा कर दिया है।
आरोप है कि संबंधित हल्का लेखपाल श्रेयसी द्विवेदी ने न मौके पर जाना जरूरी समझा, न खेत देखने की जरूरत महसूस की और न ही मृतक परिवार से सही जानकारी लेने का प्रयास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि घर बैठे तैयार की गई रिपोर्ट में मृतक किसान की उम्र गलत अंकित कर दी गई, बल्दियत तक बदल दी गई और सबसे चौंकाने वाली बात — मृत्यु का कारण सीधे “अज्ञात” लिख दिया गया।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब पूरा गांव सर्पदंश की घटना का प्रत्यक्ष गवाह है, पुलिस रिकॉर्ड उसी की पुष्टि कर रहा है, तब आखिर तहसीली रिपोर्ट में सच्चाई को बदलने का प्रयास क्यों किया गया?
ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि यदि पत्रकार और परिजन आवाज न उठाते, तो शायद एक गरीब किसान की मौत सरकारी अभिलेखों में हमेशा के लिए “अज्ञात” बनाकर दफना दी जाती।क्या गरीब किसान की मौत भी अब सिर्फ फाइलों का खेल बनकर रह गई है?
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि गरीब और असहाय परिवारों के प्रति अमानवीय संवेदनहीनता का उदाहरण है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या सरकारी सहायता और मृतक आश्रितों को मिलने वाले लाभों को प्रभावित करने वाली आधार रिपोर्टें अब बिना जांच-पड़ताल के ही तैयार की जाने लगी हैं?
क्या बिना “सुविधाशुल्क” अब सही रिपोर्ट लिखना भी कठिन हो गया है?
क्या सरकारी कर्मचारी इतने संवेदनशून्य हो चुके हैं कि एक मृतक किसान की आत्मा और उसके रोते-बिलखते परिवार की पीड़ा भी उन्हें विचलित नहीं करती?
हालांकि बाद में मृतक परिजनों एवं पत्रकारों द्वारा सही तथ्य अवगत कराने पर नायब तहसीलदार शाहाबाद संतोष कुशवाहा ने रिपोर्ट में सुधार कराने का आश्वासन दिया। वहीं दो बार एसडीएम शाहाबाद के सीयूजी नंबर पर संपर्क का प्रयास भी किया गया, लेकिन नेटवर्क समस्या के कारण बातचीत नहीं हो सकी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में यही चर्चा है कि यदि एक मृतक किसान की स्पष्ट सर्पदंश मृत्यु को भी सरकारी कागजों में “अज्ञात” बनाया जा सकता है, तो आम आदमी आखिर किस व्यवस्था पर भरोसा करे?
बड़े मंगल पर नगर में हुए जगह जगह भंडारे

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।ज्येष्ठ के बड़े चौथे बड़े मंगल पर नगर में जगह जगह भंडारे का आयोजन किया गया जिसमे राहगीरों ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया और आयोजको को साधुवाद दिया।
      आपको बता दें कलियुग में हनुमान जी को जल्द मनोकामना पूर्ण करने वाले भगवान के रूप में पूजा जाता है। वैसे तो हर मंगलवार को हनुमान जी का पूजन किया जाता है लेकिन ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले मंगल को बड़े मंगल के रूप में पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाया जाता है इस दिन भक्तगण एकत्र होकर पूड़ी सब्जी, शरबत, सव्जी चावल आदि का वितरण किया करते हैँ आज ज्येष्ठ के चौथे मंगलवार को नगर के गुलाब बैंड चौराहा, चौक, बड़ी बाजार, अल्लाहपूर तिराहा,अम्बेडकर मैदान गेट सहित कई स्थानों पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कस्बे के मोहल्ला गिलजई में अस्पताल के पीछे दिलेरगंज के सभासद प्रतिनिधि रचित गुप्ता,गोविंदा, पप्पू, लाला, रामू पंडित, मंगल, सर्वेश, मनोज, शब्बू आदि ने पूरे उत्साह के साथ हनुमान जी को भोग लगाकर सब्जी और चावल का वितरण किया। नगर में आयोजित भण्डारों में तेज धुप और गर्म हवाओ के बीच राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण कर शीतल जल से अपनी प्यास बुझाई। प्रसाद ग्रहण करने वालों ने आयोजको की भूरि भूरि प्रशांसा करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
नगर की सभी सड़कों को शीघ्र दुरुस्त कराया जायेगा- बब्बू
पाइप लाइन पड़ने के कारण कई सड़के हुई हैँ खराब

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रतिदिन वार्डों का पैदल भ्रमण कर जनमानस की समस्यायों से रूबरू हो रहे हैँ उनके द्वारा वार्डों की सफाई व्यवस्था, मार्गो की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।
      मंगलवार पैदल निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा इस समय नगर के मोहल्लों में जल जीवन मिशन के तहत पाइप डाली जा रही हैँ जिससे मोहल्ले की सड़के खराब हुई हैँ संबंधित ठेकेदार को उन्होंने खराब सभी सड़कों को ठीक करने के निर्देश दिए हैँ। पाइप लाइन पड़ने के बाद शीघ्र ही पालिका द्वारा नगर की सभी सड़कों को ठीक करबाया जायेगा।स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर श्री खां ने कहा उनके द्वारा सभी वार्डो की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है और सफाई नायको को सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही करने पर कड़ी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें निर्धारित स्थान पर कूड़ा डाला जाए।
जनता की आवाज़ बने सेठ अरुण गुप्ता
विरोधियों के चक्रव्यूह को तोड़ लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

बबलू प्रजापति
पिहानी। अपनी मेहनत,लगन और सेवा भाव से जनता के दिलों में खास जगह बनाने वाले पिहानी युवा मोर्चा नगर मंडल अध्यक्ष सेठ अरुण गुप्ता एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपनी बढ़ती लोकप्रियता के कारण अक्सर स्थानीय राजनीतिक विरोधियों के निशाने पर रहने वाले अरुण गुप्ता ने तमाम बाधाओं को पीछे छोड़कर सीधे सत्ता के शीर्ष तक पिहानी की आवाज़ पहुंचाई है। उन्होंने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को उनके सामने रखा।

तीन दिनों से लखनऊ में डाल रखा है डेरा

क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर सेठ अरुण गुप्ता पिछले तीन दिनों से प्रांतीय राजधानी लखनऊ में डटे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने न केवल मुख्यमंत्री, बल्कि शासन के कई कद्दावर मंत्रियों से भी मुलाकात की। उनका यह दौरा किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि पिहानी क्षेत्र के विकास और यहाँ के नागरिकों को उनका हक दिलाने के लिए है।

विरोधियों के निशाने पर, फिर भी हौसले बुलंद

जमीन से जुड़कर काम करने वाले सेठ अरुण गुप्ता ने बहुत कम समय में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले गुप्ता की यही सक्रियता उनके विरोधियों को खटकती रही है। आए दिन वे विरोधियों के चक्रव्यूह और साजिशों के निशाने पर रहते हैं, लेकिन जनता के प्रति उनका समर्पण और मजबूत इरादे कभी डगमगाए नहीं।
सामाजिक सरोकार और सेवा की मिसाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेठ अरुण गुप्ता सिर्फ एक राजनीतिक चेहरे नहीं हैं, बल्कि वे सुख-दुख के साथी हैं। समाज के हर वर्ग के लिए चौबीसों घंटे खड़े रहना उनकी आदत में शुमार है। मुख्यमंत्री से हुई इस उच्च स्तरीय मुलाकात के बाद पिहानी की जनता में विकास की नई उम्मीद जगी है और विरोधियों के खेमे में मायूसी साफ देखी जा सकती है।
सड़क सुरक्षा जाँच में सोलह ओवरलोड ट्रक किये गए सीज
एएसपी के नेतृत्व में चलाया जा रहा वाहन चेकिंग अभियान

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।सड़क और सुरक्षा को लेकर लगातार चलाये जा रहे अभियान के तहत रविवार की रात शाहाबाद थाना छेत्र में 16 ओवर लोड ट्रकों को सीज किया गया है। पुलिस की एक साथ हुई बड़ी कार्यवाही के बाद ट्रक चालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
      एएसपी/ सीओ शाहाबाद सर्किल के नेतृत्व में पूरे सर्किल छेत्र में लगभग प्रतिदिन सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जिसमे बाइक चार पहिया वाहन डबल डेकर बसें और ओवर लोड वाहनों पर कार्यवाही की जा रही है। सीओ आलोक राज नारायण ने बताया चेकिंग अभियान के चलते अपराध में कमी आई है चेकिंग में मिली संदिग्ध वस्तुओं को जब्त किया जा रहा है आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही भी की जा रही है। इसके आलावा सड़क और सुरक्षा की दृष्टि से डबल डेकर बसों के संचालन की शिकायतों को सही पाए जाने पर बसों को सीज किया गया है ओवरलोड ट्रकों के विरुद्ध भी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा रविवार की देर रात चेकिंग अभियान में 16 ओवरलोड ट्रकों को सीज किया गया है। पुलिस के लिए लोगों की सुरक्षा प्राथमिक है।
एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रताप सिंह जल्द बनेंगे आईपीएस, प्रमोशन सूची में शामिल होने से खुशी की लहर
रितेश मिश्रा
हरदोई में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) मार्तंड प्रताप सिंह जल्द आईपीएस बनने जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षकों की प्रमोशन सूची शासन तक पहुंच चुकी है, जिसमें कुल 29 अधिकारियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। इस सूची में मार्तंड प्रताप सिंह का नाम भी शामिल है।
मार्तंड प्रताप सिंह लगभग एक वर्ष पूर्व मथुरा से तबादला होकर हरदोई आए थे। अपने दमदार व्यक्तित्व, बेहतर कार्यशैली और साफ-सुथरी छवि के कारण उन्होंने कम समय में ही लोगों के बीच अलग पहचान बनाई है। कानून व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रियता और कार्यशैली की अक्सर सराहना होती रही है।
जैसे ही प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होगी, मार्तंड प्रताप सिंह को आईपीएस का दर्जा मिलने की उम्मीद है। यह खबर सामने आने के बाद उनके शुभचिंतकों, परिचितों और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल है। उनके चाहने वाले इसे उनकी मेहनत, ईमानदारी और बेहतर कार्यशैली का परिणाम मान रहे हैंl
ज्येष्ठ माह के चतुर्थ बड़े मंगलवार पर जगह जगह भंडारे का हुआ आयोजन
भक्तों ने प्रसाद ग्रहण  उठाया आनंद*

रितेश मिश्रा
कछौना हरदोई  ज्येष्ठ माह के चतुर्थ मंगलवार को कछौना कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से श्रद्धालु पुरुष, महिलाएं, बच्चे, पौराणिक मंदिर बाबा लंगड़े दास पर दर्शन कर पूजा अर्चना की, यहां पर शरबत प्याऊ लगा था। यहां दूरदराज से श्रद्धालु आते हैं तथा मेले का आयोजन भी होता है। इस अवसर पर बच्चों ने मेला का आनंद उठाया। ज्येष्ठ माह में हनुमान जी की पूजा का विशेष रूप से महत्व माना जाता है। बताया जाता है इस महीने हनुमान जी और राम जी का प्रथम मिलन हुआ था। हनुमान जी और प्रभु श्री राम जी के मिलन की याद में मनाया जाता है। हनुमान चालीसा सुंदरकांड का पाठ कर लोग श्रद्धा भाव से मनाते हैं। कछौना चौराहे पर भाजपा परिवार  की तरफ से भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें  सभापति अशोक अग्रवाल जनप्रतिनिधि राधा रमण शुक्ला उर्फ पंकज,  उप नेता संचित अग्रवाल, ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया, इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह, जिला उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, अजय बाजपेई, अनूप दीक्षित, अरुण वर्मा, संजय सिंह प्रतीक गुप्ता, राहुल अग्रवाल, अवधेश गुप्ता, श्रीश मिश्रा, गौतम मिश्रा सहित भाजपा पदाधिकारी गण एकता कमेटी के अध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह उर्फ राहुल सहित व्यापारी बंधुओं ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग, किया, भानू इंडस्ट्रीज के संचालक योगेंद्र राठौर ने राहगीरों को छोला चावल खिलाकर भंडारे का आयोजन किया। इस अवसर पर भानू इंडस्ट्रीज के संचालक योगेंद्र राठौर,रामकृष्ण राठौर, आलोक राठौर, आशुतोष प्रजापति, सनोज राठौर, रामजी गुप्ता, सरोज राठौर, समाजसेवी ओपी राठौर सहित प्रबुद्ध जनों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया कस्बा कछौना के ठाकुरगंज में ब्रह्मदेव स्थान, रामलीला मैदान, में मुन्नू सिंह, समाज सेवी ने भंडारे का आयोजन किया, इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, शिवम मिश्रा, अनूप सिंह निवासी ठाकुरगंज, अनूप सिंह कलौली वाले, उमेश सिंह, सभासद तोताराम, प्रबुद्ध जनों ने प्रतिभाग किया। बहुत ही रमणीक स्थल पर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता व ग्राम प्रधान प्रत्याशी प्रेम यादव, ने गाजू चौराहे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया। जिसमें क्षेत्र सहित राहगीरो व बच्चों ने खूब प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकता अशर्फीलाल वर्मा, विजय वर्मा जिला पंचायत सदस्य मनीष यादव, हरेंद्र यादव, गुड्डू यादव अधिवक्ता, अन्नू मिश्रा, रामकिशोर गाजू, सुमित कश्यप, पंकज यादव, शमशेर सिंह शेरा, मोहन यादव, अनुराग यादव गाजू, बेचेलाल राठौर, योगेश सिंह, वीरभद्र, नरपत खेड़ा, मुन्ना जोशी नरपत खेड़ा दिनेश गोठवा, सहित प्रबुद्ध जनों ने प्रतिभाग किया। ग्राम सभा बरौली में नैमिष पांडेय के यहां भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओम प्रकाश मिश्रा, श्रीश मिश्रा, गौतम कन्नौजिया, युवा नेता संचित अग्रवाल ने पहुंच कर प्रसाद
जन सुनवाई से प्राप्त शिकायतो का ससमय निस्तारण करें:- जिलाधिकारी
रितेश मिश्रा
हरदोई. आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 71 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण ससमय और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट अरूणिमा श्रीवास्तव व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
जनसुनवाई की शिकायतों का हो न्याय पूर्ण निस्तारण

रितेश मिश्रा
हरदोई। पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पीड़ितों की शिकायतों को सुनते हुए अधिनस्थों को न्यायपूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
        पुलिस कार्यालय पर न्याय पाने की आस में आये पीड़ितों से उन्होंने पुलिस कार्यालय तक आने की वजह भी जानी और सभी फरियादियों के प्रार्थना पत्र का गहनता से अवलोकन कर सम्बंधित अधीनस्थ को कार्यवाही के लिए अग्रसारित किया।
      इस अवसर पर उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को चेताया है कि थाने आने वाले पीड़ितों की तत्काल रिपोर्ट दर्ज की जाए और उनका न्यायपूर्ण निस्तारण किया जाए।ताकि पीड़ितों को पुलिस कार्यालय तक न्याय के लिए भटकना न पड़े।