छह केंद्रो पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, 2976 अभ्यर्थी होंगे शामिल
*15 दिनों के अंदर बीएड, टीजीटी और पुलिस भर्ती की होगी परीक्षाएं*


नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले में तीन दिनों तक होने वाली यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए छह केंद्र बनाए गए हैं। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। आगामी दिनों में होने वाली तीन प्रमुख परीक्षाओं के लिए नोडल अधिकारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती कर दी गई है। सीसीटीवी निगरानी में होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा में 2976 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा छह पालियों में कराई जाएगी।
उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए काशी नरेश राजकीय विश्वविद्यालय ज्ञानपुर, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही और गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज गोपीगंज को केंद्र बनाया गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सहायक केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को फोटो पहचान पत्र सहित अन्य जांच प्रक्रिया के लिए परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। पहली पाली के लिए जांच सुबह आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर एक बजे से ढाई बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि 31 मई से 10 जून तक तीन प्रमुख परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। 31 मई को बीएड प्रवेश परीक्षा, तीन जून को टीजीटी-पीजीटी परीक्षा तथा 8 से 10 जून तक पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित होगी। सभी परीक्षाओं के लिए अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

परीक्षा केंद्र पर सिर्फ ये ले जाएं

-एडमिट कार्ड की स्पष्ट प्रिंटेड कॉपी

-एक वैध फोटो पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी)

-हाल ही का दो पासपोर्ट साइज फोटो

-पारदर्शी पेन (यदि निर्देशित हो)


इन पर प्रतिबंध

-मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित होंगे।
भदोही में शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक: शैक्षिक गुणवत्ता, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर जनपद भदोही की जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बाल गोविंद शुक्ल ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन, विद्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक का संचालन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने किया। बैठक में विभागीय योजनाओं, नामांकन अभियान, विद्यालय निरीक्षण, निर्माण कार्यों तथा शिक्षण गुणवत्ता से संबंधित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि कंपोजिट ग्रांट के माध्यम से जनपद के कम से कम 50 विद्यालयों में सोलर पैनल स्थापित कराए जाएं, जिससे विद्यालयों में विद्युत व्यवस्था बेहतर हो सके। सीडीओ ने विद्यालयों में संचालित क्लासरूम टाइल्स एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हाल ही में आए आंधी-तूफान से विद्यालयों में हुई क्षति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर क्षतिग्रस्त कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं।
शादी अनुदान योजना: 37 पात्र आवेदकों को मिली स्वीकृति: जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के समयबद्ध सत्यापन के दिए निर्देश

नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌। बुधवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में शादी अनुदान योजना की जिला स्तरीय स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। इस बैठक में पिछड़ा वर्ग के 37 पात्र आवेदकों को शादी अनुदान प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।
यह योजना पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों के विवाह के लिए संचालित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने सदस्य/सचिव, सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को लंबित आवेदन पत्रों का शीघ्र सत्यापन और जांच कराने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य पात्र आवेदनों को समय पर अग्रसारित करना है, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक देरी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने जोर दिया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की पुत्रियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
औराई के विधायक दीनानाथ भास्कर ने भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ मिलना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सहायता मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में भदोही में अभिनव पहल
*लालानगर टोल प्लाजा पर गूंजे देशभक्ति के गाने, सड़क सुरक्षा और हीटवेव से बचाव के लिए अनोखा जागरूकता अभियान*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन भदोही द्वारा जनहित एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एक विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के कुशल निर्देशन में बुधवार को लालानगर टोल प्लाजा पर आमजन और राहगीरों को जागरूक करने के लिए एक वृहद और अनूठा प्रसारण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत टोल प्लाजा से गुजरने वाले यात्रियों को सड़क सुरक्षा के नियमों, भीषण गर्मी (हीटवेव) से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ-साथ देशभक्ति गीतों के माध्यम से राष्ट्रहित के प्रति प्रेरित किया गया।

*सुरक्षित यात्रा और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष जोर*

इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य राहगीरों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कराना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवाना तथा इस भीषण गर्मी के मौसम में उनके स्वास्थ्य की रक्षा करना है। टोल प्लाजा पर हुए विशेष प्रसारण के माध्यम से यात्रियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
हीटवेव से बचाव: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के दौरान पूरी सावधानी बरतें। यात्रा के दौरान और घर पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
अनावश्यक धूप से बचें: दोपहर के समय जब तक बहुत आवश्यक न हो, धूप में बाहर निकलने से परहेज करें। सड़क सुरक्षा: वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें।

इस सराहनीय पहल पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि आपदा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर संचालित किए जाएंगे। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि "जागरूकता ही हर आपदा और दुर्घटना से बचाव का सबसे अचूक माध्यम है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक तक समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा संदेश पहुँचते रहें। सभी लोग नियमों का पालन करें, स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक बनाएं।"
           जिला प्रशासन की इस अनूठी और संवेदनशील पहल की यात्रियों और स्थानीय जनता द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। भीषण गर्मी के इस दौर में यह अभियान आम जनमानस के लिए एक बेहतरीन नज़ीर और सुरक्षा कवच साबित हो रहा है। सुरक्षित रहें, सतर्क रहें।
भदोही में अवैध तमंचे के साथ एक गिरफ्तार:गोपीगंज पुलिस ने शस्त्र और कारतूस बरामद किए
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही पुलिस ने अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में गोपीगंज थाना पुलिस को यह सफलता मिली। पुलिस टीम ने बुधवार को एक अभियुक्त को नाजायज तमंचे के साथ पकड़ा।

उपनिरीक्षक शशांक बाजपेई, चौकी प्रभारी कस्बा गोपीगंज, अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली खास सूचना पर वन विभाग कार्यालय के पास गोरी मोड़ पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (315/12 बोर) और एक जिंदा कारतूस (315/12 बोर) बरामद हुआ।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजन कुमार पुत्र सदानंद गौतम, निवासी बलनपुर, थाना गोपीगंज, जनपद भदोही, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है।

गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना गोपीगंज में मु0अ0सं0-210/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शशांक बाजपेई (चौकी प्रभारी कस्बा गोपीगंज), उपनिरीक्षक चंद्रशेखर राय, कांस्टेबल अतुल कुमार और कांस्टेबल मनोज कुमार यादव शामिल थे।
साइबर ठगी के शिकार को ₹66,400 वापस मिले:भदोही पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क का पीड़ित ने किया धन्यवाद


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही में साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ₹66,400 की धनराशि वापस मिल गई है। पीड़ित शुभम मौर्या ने अपने खाते में पैसे वापस आने पर भदोही पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क थाना सुरियावां का आभार व्यक्त किया। शुभम मौर्या, जो भिखमापुर थाना सुरियावां के निवासी हैं, को साइबर अपराधियों ने आईफोन जीतने का लालच दिया था। इस झांसे में आकर उन्होंने कुल ₹80,001 ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे। धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई। साइबर हेल्प डेस्क थाना सुरियावां ने प्राप्त प्रार्थना पत्र और एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल का अवलोकन करते हुए त्वरित कार्रवाई की। इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप, शुभम मौर्या के खाते में ₹66,400 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित और उनके परिजनों ने पुलिस अधीक्षक भदोही तथा साइबर हेल्प डेस्क थाना सुरियावां की सराहना की।पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी ने जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए जनपदीय साइबर हेल्प डेस्क/साइबर क्राइम थाना को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मामले में उपनिरीक्षक शकील खां, महिला कांस्टेबल गरिमा यादव और कांस्टेबल छोटेलाल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गंगा दशहरा पर बाबा बड़े शिव धाम में भव्य श्रृंगारदेर रात तक गूंजते रहे जयकारे, श्रद्धालुओं ने की पूजा

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही गोपीगंज में मां गंगा के अवतरण दिवस गंगा दशहरा के अवसर पर  बाबा बड़े शिव धाम में विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा बड़े शिव महाराज का आकर्षक श्रृंगार किया गया और देर रात तक भक्तों के जयकारे गूंजते रहे।
बाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति द्वारा भगवान भोलेनाथ का भगवान रामेश्वरम के स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया। यह श्रृंगार भगवान रामेश्वरम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किया गया था। भगवान को पंच द्रव्यों से विधिवत स्नान कराया गया और पूरे मंदिर परिसर को सुगंधित पुष्पों एवं दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
ढोल, नगाड़े, घंटा, घड़ियाल और शंख की ध्वनि के बीच भगवान की दिव्य आरती उतारी गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। पूरा मंदिर परिसर देर रात तक भक्तों के जयकारों से गुंजायमान रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर समिति के सचिव रामकृष्ण खाटू, अवनीश दुबे, शंकराचार्य दुबे, मिठाई लाल गिरी, पुजारी विकास, सनी जायसवाल, दीनानाथ साहू सहित कई अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मदरसा शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी का बोझ, जनगणना ड्यूटीll और पठन-पाठन एक साथ करना
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। ऑल इंडिया टीचर्स एसोसिएशन मदारिस अरबिया के राष्ट्रीय महामंत्री  वहीदुल्लाह खान सईदी ने मदरसा शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मदरसों के शिक्षकों को एक साथ जनगणना कार्य और मदरसों में पठन-पाठन की जिम्मेदारी दी गई है, जिससे शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना ड्यूटी के आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मदरसा शिक्षक केवल जनगणना कार्य करेंगे या उन्हें मदरसों में उपस्थित होकर बच्चों को पढ़ाना भी अनिवार्य होगा। इसी अस्पष्टता के कारण शिक्षक भारी मानसिक और शारीरिक दबाव में काम करने को मजबूर हैं। वहीदुल्लाह खान सईदी ने कहा कि भीषण गर्मी, तपती लू और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जनगणना का कार्य करना पहले से ही चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में शिक्षकों से यह अपेक्षा करना कि वे दिनभर जनगणना ड्यूटी निभाने के बाद मदरसों में उपस्थित होकर नियमित पठन-पाठन भी कराएं, व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। इससे शिक्षकों के बीमार होने और लू लगने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, जिलाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, रजिस्ट्रार तथा जनगणना निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर समाधान की मांग की गई है। बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकांश विद्यालयों में जून माह में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है, जिससे वहां के शिक्षक अपनी सुविधा अनुसार जनगणना कार्य कर पा रहे हैं। जबकि मदरसों में गर्मी की छुट्टियां पहले रमजान के दौरान दी जा चुकी हैं, इसलिए वर्तमान समय में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में मदरसा शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी डालना उनके साथ अन्याय जैसा है। उन्होंने शासन और प्रशासन से मांग की है कि मदरसा शिक्षकों की स्थिति को गंभीरता से देखते हुए तत्काल स्पष्ट आदेश जारी किए जाएं, ताकि या तो उन्हें जनगणना कार्य से अस्थायी राहत दी जाए या फिर पठन-पाठन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ेगा।
छात्रों को फर्श से अर्श पर पहुंचाने का निःशुल्क नीट कोचिंग देते हैं डॉ मिथिलेश कुमार बिंद
भदोही। ग्राम सभा हरिचंद पुर भीटी हंडिया प्रयागराज के रहने वाले डॉ मिथिलेश कुमार बिंद चर्म रोग विशेषज्ञ स्वरूप रानी हॉस्पिटल प्रयागराज में कार्यरत है।इस समय पूरे भदोही में चर्चा का विषय बने हुए हैं इनकी सोच हर वर्ष लगभग 100 बच्चों को ममता चैरिटेबल ट्रस्ट एंड स्किन केयर हॉस्पिटल सुभाष नगर भदोही के प्रांगण में एक सुपर 25 क्लासेस खोलकर निशुल्क नीट की तैयारी स्वयं और प्रशिक्षित प्रोफेसर डॉक्टर्स से नीट  विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देते हैं।बी एस वी एस न्यूज़ के साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य है कि जौनपुर, प्रयागराज, भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर ,जैसे शहरों में सुपर 25 प्रशिक्षण केंद्र खोलकर बच्चों के भविष्य का निर्माण करें।बच्चों के भविष्य और देश के निर्माण में सहायक महान समाजसेवी डॉ मिथिलेश कुमार बिंद को बहुचर्चित संगठन बिंद समाज विकास संघ ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर बच्चों को मेडल और डॉ मिथिलेश कुमार बिंद  को, संघ का स्मृति चिन्ह दीवाल घड़ी से सम्मानित किया।शुभकामना देते हुए संघ ने कहा कि जिस तरह से घड़ी निरंतर चलती रहती है समय के महत्व को समझती है इस तरह आप हमेशा रुके  ना ,थके ना ,हिम्मत ना हारे और बच्चों के भविष्य को निरंतर निर्माण करते रहे।मुख्य रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ शेषधर बिंद सहित,सूरत गुजरात प्रदेश अध्यक्ष फूलचंद बिंद, सूरत महासचिव दीनानाथ बिंद, सूरत प्रवक्ता गुलाब चंद्र बिंद, सूरत युवसेना अध्यक्ष सुरेश कुमार बिंद, बी एस वी एस न्यूज रिपोर्टर अरविंद बिंद,भदोही जिला अध्यक्ष डॉ रमाशंकर बिंद,जिला भदोही सलाहकार डॉ हरिश्चंद्र बिंद,जिला भदोही संगठन मंत्री मोहनलाल बिंद, युवासेना संगठन मंत्री राज बिहारी बिंद,उदल कुमार बिंद, बसंत लाल मौर्य,सुभाष बिंद, गोरेलाल बिंद मौजूद रहे।
गर्मी से पशु - पक्षी बेहाल

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गर्मी के कारण पशु और पक्षी बेहाल है। जानवरों को भी दिक्कतें हो रही है। रविवार को पशुओं के नाद में भरे गए पानी में बैठकर गर्मी से बचने का प्रयास किया।