राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सीएम योगी का संदेश

“यूपी को बनाएंगे देश का ‘डीप टेक कैपिटल’, युवा सीखें नई तकनीक”
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष पाती लिखते हुए युवाओं से नवीनतम तकनीकों को अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 11 मई भारत के वैज्ञानिक सामर्थ्य और आत्मगौरव का प्रतीक दिवस है। इसी दिन पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के माध्यम से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और सामरिक क्षमता का एहसास कराया था। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि 11 मई को ही ‘हंस-3’ विमान की सफल उड़ान तथा स्वदेशी ‘त्रिशूल’ मिसाइल का सफल परीक्षण भी हुआ था।
सीएम योगी ने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त आधार है। आज तकनीक प्रयोगशालाओं से निकलकर खेत-खलिहानों तक पहुंच चुकी है और आम जनजीवन को बदल रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को तकनीक और नवाचार का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में रोबोटिक्स और एआई मिशन की शुरुआत की गई है, जबकि डेटा सेंटर क्लस्टर विकसित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘टेक युवा समर्थ युवा योजना’ के जरिए युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड” है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे भविष्य के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि आज उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी हो रहा है, जो प्रदेश की बढ़ती तकनीकी और औद्योगिक क्षमता का प्रमाण है। अपने संदेश में उन्होंने कहा, “तकनीक समय की तरह है। तकनीक के साथ नहीं चलना, समय से पिछड़ जाना है।” सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आत्मनिर्भर प्रदेश और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
1 hour and 17 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k