मेरठ की सभी विधानसभाओं में गंगा विचार मंच के संयोजकों की नियुक्ति, ‘नमामि गंगे’ अभियान को मिलेगी गति
मेरठ। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत “नमामि गंगे” कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने के लिए मेरठ जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में गंगा विचार मंच के नए संयोजकों की नियुक्ति की गई है। यह नियुक्तियां जिला संयोजक शैलेन्द्र मलिक द्वारा की गईं, जिसका उद्देश्य गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण और स्वच्छता अभियानों को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।

नवीन नियुक्तियों के तहत सरधना विधानसभा में अंकित सैनी, मेरठ कैंट में विशाल चौधरी, सिवालखास में अंकुर जाटव, हस्तिनापुर में जतिन सैनी “बॉक्सर”, किठौर में आकाश कुमार और मेरठ विधानसभा में नीरज निषाद को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला संयोजक शैलेन्द्र मलिक ने बताया कि सभी संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में गंगा और सहायक नदियों जैसे हिंडन और काली की स्वच्छता, घाटों के जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण, प्लास्टिक उन्मूलन और जन-जागरूकता अभियान चलाएंगे। इसके साथ ही सह संयोजक, मीडिया संयोजक और ग्राम स्तर पर गंगा प्रहरियों की नियुक्ति भी की जाएगी।

इन सभी प्रयासों का लक्ष्य “स्वच्छ गंगा, निर्मल गंगा और अविरल गंगा” के संकल्प को साकार करना है, जिसमें जिला प्रशासन, नगर निकायों और ग्राम पंचायतों का सहयोग भी लिया जाएगा।
क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति की मासिक बैठक आयोजित, सामाजिक एकता और शिक्षा पर दिया जोर
मेरठ। बहसूमा-रामराज क्षेत्र में क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति की मासिक बैठक का आयोजन पंडित सतेंद्र शर्मा के आवास पर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। बैठक की अध्यक्षता पंडित नरेश शर्मा ने की, जबकि संचालन संदीप शर्मा ने किया।

सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय ब्राह्मण सभा समिति के अध्यक्ष पंडित विधि चंद शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज को संगठित होकर अपनी आवाज राजनीतिक और सामाजिक मंचों पर मजबूती से उठानी होगी। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही आने वाले पंचायत एवं विधानसभा चुनावों में अपनी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज हमेशा सर्वधर्म और सर्वजाति को साथ लेकर समाजहित में कार्य करता आया है और आगे भी करता रहेगा।

डॉ. हनुमान प्रसाद मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है। वहीं पंडित सतेंद्र शर्मा ने मातृ दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और मां का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता।

पंडित वैष्णो दयाल शर्मा ने समाज से दहेज प्रथा समाप्त करने और युवा पीढ़ी को शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

सभा में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे। इनमें संरक्षक पंडित रामफल फौजी, जोगिंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा, अजय कुमार शर्मा, विपुल राम शर्मा, पुनीत कुमार शर्मा, प्रदीप शर्मा, सुमित शर्मा, बिट्टू शर्मा, सचिन शर्मा, दीपक शर्मा, रितिक शर्मा, हर्ष शर्मा, नरेश शर्मा और आदित्य शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
ईमानदारी और सौम्य व्यवहार की मिसाल बने उपनिरीक्षक सोनू कुमार, बहसूमा थाने में भावुक विदाई समारोह
मेरठ। उत्तर प्रदेश पुलिस के थाना बहसूमा में उपनिरीक्षक सोनू कुमार के सम्मान में भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, क्षेत्रीय गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं थाना हस्तिनापुर के भद्रकाली चौकी इंचार्ज अवधेश चौधरी की विदाई भी इसी समारोह में संपन्न हुई।

समारोह के दौरान क्षेत्र के लोगों ने उपनिरीक्षक सोनू कुमार के कार्यकाल की जमकर सराहना की। ग्रामीणों और मौजूद लोगों ने कहा कि सोनू कुमार ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, लगन और निष्पक्षता के साथ कार्य किया। उनका व्यवहार आमजन के प्रति हमेशा सरल और सहयोगात्मक रहा, जिसके चलते वे क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाने में सफल रहे। लोगों ने कहा कि आज भी क्षेत्र में उनकी कार्यशैली और अच्छे व्यवहार की चर्चा होती है।

इस अवसर पर थाना स्टाफ के साथ क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें स्मृति चिन्ह और फूलमालाएं भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में सुमित चहल, विमल चहल, अमरजीत देशवाल, धर्मेंद्र चौधरी, परविंदर चौधरी सहित कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपनिरीक्षक उदयपाल सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक, शुभम त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल रमेश पुंडीर, कांस्टेबल विकास कुमार, मुंशी देवेंद्र तथा थाना बहसूमा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विदाई समारोह के दौरान माहौल भावुक नजर आया और सभी ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वसी हत्याकांड को लेकर भाकियू (तोमर) का बड़ा ऐलान, 13 मई को SSP कार्यालय पर महापंचायत की चेतावनी
मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के गांव मोड़ खुर्द में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की एक विशाल पंचायत का आयोजन संगठन के जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल के आवास पर किया गया। पंचायत में किसानों का भारी जनसैलाब उमड़ा, जहां संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर और राष्ट्रीय सलाहकार ईन्दरजीत सांगवान का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

पंचायत को संबोधित करते हुए चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि यह पंचायत संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता वसी को न्याय दिलाने के उद्देश्य से बुलाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 अप्रैल को दौराला थाना क्षेत्र के लोईयां गांव निवासी वसी की गांव के ही गैंगस्टर आमिर और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। घटना के कई दिन बाद भी आरोपी शैजान और अदनान पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे किसानों और संगठन में भारी रोष व्याप्त है।

उन्होंने मांग उठाई कि सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए तथा फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। चौधरी संजीव तोमर ने यह भी आरोप लगाया कि वसी ने हत्या से पहले दरोगा दिगम्बर को अपनी जान का खतरा बताते हुए गांव में पुलिस बल भेजने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते यह घटना हो गई।

राष्ट्रीय सलाहकार ईन्दरजीत सांगवान ने मेरठ पुलिस पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि वसी अस्पताल में करीब छह घंटे तक जीवित रहा, लेकिन किसी मजिस्ट्रेट द्वारा उसके बयान दर्ज नहीं किए गए, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करते हैं, तब ऐसे मामलों में अपराधियों का खुलेआम घूमना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा से पहले रामराज में पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च निकालकर दिया सुरक्षा का संदेश
मेरठ। बहसूमा थाना क्षेत्र के कस्बा रामराज में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। आगामी कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस ने कस्बे के मुख्य मार्गों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला।

थाना प्रभारी रविंद्र पंवार के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में चौकी इंचार्ज आशीष कुमार, उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह, उप निरीक्षक सोनू कुमार, उप निरीक्षक अभिषेक तथा कांस्टेबल सुधीर कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त करते हुए लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी रविंद्र पंवार ने कहा कि शोभायात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की मौजूदगी से कस्बे में सुरक्षा का माहौल देखने को मिला। लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन को सुरक्षा का संदेश देते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
डी मॉनफोर अकैडमी में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
मेरठ। बहसूमा स्थित डी मॉनफोर अकैडमी में मदर्स डे बड़े उत्साह, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय में सभी माताओं को आमंत्रित किया गया, जहां उनके लिए विभिन्न मनोरंजक गेम्स और गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के सम्मान में रंगारंग प्रस्तुतियां, गीत और एक्ट्स पेश किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित माताएं भावुक होने के साथ-साथ आनंदित भी नजर आईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ट्रेज़र हंट गेम रहा, जिसमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने बच्चों के लिए छुपाए गए उपहारों को खोजा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को मनोरंजन के साथ नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की जिज्ञासा और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।

विद्यालय के निर्देशक डॉ. के.के. शर्मा ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में माताओं की सहभागिता से विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संबंध स्थापित होते हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।

पूरा विद्यालय परिसर प्यार, मुस्कान और खुशियों से सराबोर रहा। मदर्स डे का यह आयोजन सभी माताओं और बच्चों के लिए यादगार बन गया।
दशमेश पब्लिक स्कूल में उत्साह के साथ मनाया गया मदर्स डे
मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के रामराज स्थित दशमेश पब्लिक स्कूल में मदर्स डे बड़े ही उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. सिंह सहोता एवं प्रधानाचार्य आमिर खान ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, भाषण, गीत, कविताएं और नाटक प्रस्तुत कर अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और आभार व्यक्त किया। बच्चों ने अपनी मां के स्नेह और त्याग को अलग-अलग अंदाज में प्रस्तुत किया, जिससे विद्यालय परिसर भावुकता और उत्साह से भर गया।

इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को अपने माता-पिता का सदैव सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मां अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है और मां की दुआ कभी खाली नहीं जाती।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आमिर खान, कोऑर्डिनेटर स्वाति अरोड़ा, मनजोत कौर, हर्षिका अरोड़ा, दीप्ति शर्मा, कोमल राणा, गुरविंदर कौर, गुरजीत कौर, नेहा रानी, हरप्रीत कौर, अमृतपाल कौर, मोनिका, हरविंदर, मनप्रीत, खुशबू, निखिल आर्य, अशोक कुमार, धनवीर सिंह, प्रवेश कुमार, सुशील कुमार, अनिकेत राणा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा को लेकर रामराज क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च
मेरठ। रामराज चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बहसूमा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में थाना अध्यक्ष बहसूमा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मय फोर्स क्षेत्र के प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाला।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, मुख्य चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्रवासियों, व्यापारियों एवं शोभायात्रा आयोजकों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों को अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय उत्पन्न करना है।

इस दौरान उप निरीक्षक सोनू कुमार, रामराज चौकी इंचार्ज आशीष यादव, उप निरीक्षक धर्मवीर कुमार, कांस्टेबल सुधीर कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा एवं शांति का माहौल बना रहा।
3 प्रतिशत की जगह 7 प्रतिशत ब्याज वसूली का आरोप, किसान ने सहकारी समिति पर लगाए गंभीर आरोप
मेरठ/बहसूमा। क्षेत्र के मोड खुर्द स्थित जिला सहकारी बैंक एवं सहकारी समिति पर किसानों से निर्धारित दर से अधिक ब्याज वसूले जाने के आरोप सामने आए हैं। ग्राम मोहम्मदपुर साकिस्त निवासी किसान नेपाल सिंह पुत्र लक्खी ने आरोप लगाया कि उनसे जबरदस्ती 7 प्रतिशत ब्याज लिया जा रहा है, जबकि सरकार द्वारा किसानों के लिए 3 प्रतिशत ब्याज निर्धारित बताया जा रहा है।

किसान नेपाल सिंह का कहना है कि वह कई बार मोड खुर्द जिला सहकारी समिति पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों एवं अधिकारियों से ब्याज दर कम करने की मांग की, लेकिन उनकी बात सुनने को कोई तैयार नहीं हुआ। किसान के अनुसार जब उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों पर किसानों से 3 प्रतिशत ब्याज लिया जा रहा है, तब समिति कर्मियों ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “जहां 3 प्रतिशत लग रहा है, वहीं से काम करा लो, यहां तो 7 प्रतिशत ही देना पड़ेगा।”

नेपाल सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हित में योजनाएं चला रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी मनमानी कर किसानों को परेशान कर रहे हैं और सरकार की छवि खराब करने में लगे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले को लेकर क्षेत्र के किसानों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। किसानों का कहना है कि यदि सरकार द्वारा कम ब्याज दर निर्धारित की गई है तो उसी के अनुसार वसूली होनी चाहिए। किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर राहत दिलाने की मांग की है।

इस संबंध में एआर दीपक तरेजा ने बताया कि मामले की जानकारी ली जा रही है और किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। वहीं सहकारी समिति मोड खुर्द के एमडी गंगा माल शर्मा ने कहा कि “एक-दो दिन में किसानों की समस्य�
चेरी के खेत में छुपे तेंदुए का 4 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, वन विभाग ने किया काबू
मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के गांव मोड़ कला में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब किसान लोकेंद्र मास्टर के खेत में एक तेंदुआ पेड़ पर बैठा दिखाई दिया। सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। इसी दौरान गांव के कुत्तों ने तेंदुए का पीछा करना शुरू कर दिया, जिससे घबराकर तेंदुआ पेड़ से उतरकर पास के चेरी के खेत में जाकर छुप गया।

घटना की जानकारी मिलते ही हस्तिनापुर वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची। वन रेंजर खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में दरोगा अंकित कुमार, अतुल स्वामी सहित वन विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर खेतों के चारों ओर जाल लगाए गए और ग्रामीणों को दूर रहने की सलाह दी गई। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने तेंदुए को बेहोशी का इंजेक्शन देकर काबू में कर लिया।

रेस्क्यू अभियान में थाना बहसूमा की रामराज चौकी पुलिस की भी अहम भूमिका रही। चौकी इंचार्ज आशीष यादव, उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह और कांस्टेबल सुधीर कुमार लगातार मौके पर मौजूद रहे तथा ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा।

तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में बंद कर हस्तिनापुर वन रेंज ले जाया गया। अभियान के दौरान गांव में दहशत का माहौल बना रहा। मौके पर विकास कुमार, अमरजीत सिंह, इंद्रपाल, लोकेंद्र और विपिन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस टीम की सूझबूझ व बहादुरी की सराहना की।