डीएम के एक्शन से अधिकारी कर्मचारियों के होश उड़े , जीरो टॉलरेंस के तहत चार कर्मियों को किया निलंबित
फर्रुखाबाद l
जनपद में भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं अनियमितताओं के विरुद्ध प्रशासन द्वारा  “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देश पर विभिन्न तहसीलों में तैनात चार कार्मिकों के विरुद्ध गंभीर आरोपों के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। यह कदम प्रशासन की पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जनपद की तहसील सदर में कार्यरत राजस्व निरीक्षक विमल कुमार श्रीवास्तव को एंटी करप्शन टीम द्वारा उनके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान उनके साथ एक अन्य व्यक्ति पवन सक्सेना उर्फ ऋषभ को हिरासत में लिया गया। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी कार्यालय (भूलेख अनुभाग) द्वारा तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। तहसील कायमगंज में तैनात राजस्व निरीक्षक विजय पाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें प्रथम दृष्टया अनियमितता एवं अनुचित आचरण के संकेत मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी कायमगंज द्वारा जांच कराई गई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर जिलाधिकारी कार्यालय (भूलेख अनुभाग) द्वारा उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, तहसील अमृतपुर में कार्यरत लेखपाल उत्कर्ष दुबे के विरुद्ध पैमाइश कार्य में अनावश्यक विलंब एवं लापरवाही बरतने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें भी निलंबित किया गया है। साथ ही ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को शौचालय केयरटेकर के भुगतान को अनावश्यक रूप से लंबित रखने एवं कार्य में शिथिलता बरतने के कारण निलंबन की कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जनपद में भ्रष्टाचार, लापरवाही एवं कदाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को पारदर्शी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करें। साथ ही यह भी कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
यह कार्रवाई न केवल संबंधित कर्मचारियों के लिए चेतावनी है, बल्कि समस्त शासकीय तंत्र के लिए एक स्पष्ट संदेश भी है कि अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार एवं लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पश्चिम बंगाल, असम और पुढेचेरी में भाजपा की जीत पर माहुल में  समर्थकों ने मनाया जश्न
वी कुमार यदुवंशी

आजमगढ़।  पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की सरकार बनने की खबर पर नगर पंचायत माहुल में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जाहिर करते हुए जश्न मनाया। शिवाजी मेन चौक पर एकत्रित होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उत्साहपूर्वक नारेबाजी की। इस दौरान प्रधानमंत्री के चित्र के साथ खुशी व्यक्त की गई और जीत को ऐतिहासिक बताया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा नेता एवं नगर पंचायत माहुल में शासन से नामित  सभासद सुजीत जायसवाल ‘आशु’ ने किया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के विश्वास और प्रधानमंत्री के नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों के कारण जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
इस अवसर पर दिनेश अग्रहरि, अतुल मोदनवाल, सुनील सिंह, विशाल मोदनवाल, सनी शर्मा, संदीप जायसवाल, लालू मोदनवाल, प्रिंस अग्रहरि, संजय गुप्ता, अखिलेश पांडेय सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
महिला की मौत के बाद गायत्री अस्पताल सील, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पहुंचकर की गहनता से पड़ताल, पीड़ित को दिए कार्रवाई का आश्वासन

फर्रुखाबाद। सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित मसैनी चौराहा के निकट गायत्री अस्पताल में एक प्रसूता अपना इलाज कराने के लिए आईं थी इस दौरान महिला की मौत हो गई तो परिवार के लोगों ने अस्पताल में हंगामा काटते रहे। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रविन्द्र कुमार ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले और उनकी बात सुनकर निजी चिकित्सालय के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कमेटी गठित कर जांच शुरू की जाएगी।
अवैध खनन करने पर डंपर पकड़ा 55 हज़ार जुर्माना, चालाक नहीं दिखा सका प्रपत्र
फर्रुखाबाद l जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा इस संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है, जिसके अंतर्गत संबंधित विभागों को नियमित निगरानी एवं सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान थाना नवाबगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गनीपुर जोगपुर में खनन अधिकारी द्वारा औचक छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक डम्पर, जो गिट्टी से लदा हुआ था, को रोककर उसकी सघन जांच की गई। जांच के दौरान वाहन चालक सोनू वैध प्रपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया, किन्तु वह कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वाहन द्वारा गिट्टी को बिना वैध प्रपत्र के ले जा रहे थे जो खनन नियमों का उल्लंघन है। इस पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए संबंधित के विरुद्ध अवैध परिवहन के जुर्म में ऑनलाइन नोटिस निर्गत किया गया l साथ ही 55,780 रुपये का जुर्माना मौके पर ही वसूल किया गया।
जिलाधिकारी ने इस कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा न जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल राजस्व की हानि हो रही हैं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित हो रहा हैं। इसलिए संबंधित विभाग पूरी सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
उन्होंने खनन विभाग, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं आकस्मिक छापेमारी की जाए तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। साथ ही, सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों पर विशेष बल दिया जाए।
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग अथवा स्थानीय प्रशासन को सूचित करें। नागरिकों के सहयोग से ही इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है। प्रशासन कानून व्यवस्था एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आगे भी कठोर कार्रवाई जाएगी।
अवैध शराब के अड्डों पर छापामार कार्रवाई की गई, 80 किलो लहन किया नष्ट, शराब की बरामद
फर्रुखाबाद lआबकारी आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री के विरुद्ध सघन छापामार अभियान जारी रहेगा l इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी जी० पी० गुप्ता के निर्देश पर छापामार अभियान के अंतर्गत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र कुमार गौरव सिंह द्वारा अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम लकूला में सघन दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा निर्माण से जुड़े संदिग्ध स्थानों एवं अड्डों की गहन तलाशी ली गई। मौके पर लगभग 80 किलोग्राम लहन (अवैध शराब बनाने हेतु प्रयुक्त कच्चा माल) को नष्ट किया गया तथा 18 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस संबंध में एक अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की गई । इसके अतिरिक्त क्षेत्र में स्थित कबाड़ी की दुकानों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया इस दौरान आबकारी दुकानों—बाग लकूला कम्पोजिट, बाग लकूला देशी, आवास विकास मॉडल शॉप एवं आवास विकास देशी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। साथ ही देशी मदिरा दुकानों की कैंटीन व्यवस्था की भी गहन जांच की गई। जनपद में अवैध मदिरा के विरुद्ध यह छापामार अभियान आगे भी निरंतर एवं प्रभावी रूप से जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश

फर्रूखाबाद l  तहसील अमृतपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का जिलाधिकारी  डॉक्टर अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजन किया गया। समाधान दिवस के दौरान जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 114 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 48, पुलिस विभाग की 22, विद्युत विभाग की 03, विकास विभाग की 18, खाद्य एवं रसद विभाग की 05 तथा अन्य विभागों की 13 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर 02 शिकायतों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त शिकायतों में से 05 महत्वपूर्ण प्रकरणों पर उसी दिन सायं तक जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए लेखपाल उत्कर्ष दुबे एवं ग्राम विकास अधिकारी मानेंद्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी अधिकारी इस कार्य को गंभीरता से लें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखी जाए तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान 03 लाभार्थियों को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनवाकर वितरित किए गए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस का उद्देश्य अधिकारों के प्रति जागरूक कर आत्म निर्भर बनाना,17 श्रमिक हुए सम्मानित
फर्रुखाबाद। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए, और उनको कितने समय तक श्रम चाहिए इन सभी की जानकारी दी जाती है जिससे वह केंद्र और प्रदेश सरकार की संचालित योजनाओं का लाभ लें सके।
जिला अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने कहा कि इंडस्ट्रियल विभाग में जाकर श्रमिकों को अपना श्रमिकों को अपना अनिवार्य रूप से पंजीकरण करना चाहिए जिससे सरकार की योजना का उन्हें लाभ मिल सके उन्होंने कहा कि पंजीकरण के दौरान जो भी कागजात मांगे जाते हैं उन्हें उपलब्ध करा दें जिससे पंजीकरण करने में उन्हें किसी भी तरीके की दिक्कत है ना हो उन्होंने कहा कि श्रमिकों को जागरूक करने के लिए जल्द ही एक कार्यक्रम जिला स्तर पर आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम में श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति और उनके क्या कार्य हैं जागरूक किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न क्षेत्र में कार्य कर रहे 17 श्रमिकों को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया।
बाढ़ कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रखा जाए, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने के निर्देश डीएम
फर्रूखाबाद ।जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति को दृष्टिगत रख कर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बाढ़ नियंत्रण एवं राहत कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बाढ़ से निपटने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर उसे 24 घंटे संचालित रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों की स्थापना कर निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में बाढ़ आश्रय स्थलों की स्थापना एवं वहां साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नावों, नाविकों एवं गोताखोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी तैनाती संवेदनशील स्थानों पर प्राथमिकता से किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पेयजल, खाद्यान्न, डीजल एवं मिट्टी के तेल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया। पशुपालन विभाग को पशुओं के टीकाकरण एवं चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को संभावित आपदाओं के मद्देनज़र चिकित्सा टीमों एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित एजेंसियों को संपर्क मार्गों एवं सड़कों की मरम्मत एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही, विद्युत विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। परिवहन व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।
बैठक में पीएसी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की तैनाती एवं उनकी तत्परता की भी समीक्षा की गई। आवश्यकता पड़ने पर इन बलों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, बाढ़ से विस्थापित विद्यालयों के संचालन हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
बाढ़ निरोधक कार्यों के अंतर्गत तटबंधों की सुरक्षा, कटान संभावित स्थलों की पहचान एवं आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ निरीक्षण कार्यों के दौरान आवश्यक सामग्री समय से कार्यस्थल पर उपलब्ध कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त स्थलों की तत्काल मरम्मत हेतु मजदूरों एवं संसाधनों की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बाढ़ निरोधक कार्यों की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार पीएसी, पुलिस या होमगार्ड्स द्वारा नियमित पेट्रोलिंग कराई जाए। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां रात्रि के समय कार्य की आवश्यकता हो, वहां पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके। बैठक में संभावित कटान से प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष चर्चा की गई तथा विगत तीन वर्षों में बाढ़ के दौरान आई समस्याओं एवं चुनौतियों का विश्लेषण कर उनके समाधान हेतु प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि एवं धनहानि को न्यूनतम किया जा सके।
लिंक एक्सप्रैस वे परियोजना से जुड़े दो लेखपाल हटाए गए, तीन लेखपालों के वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश

फर्रूखाबाद l जनपद में प्रस्तावित फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना हेतु भूमि क्रय कार्यों की प्रगति की जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर द्वारा समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप भूमि क्रय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं की जा रही है, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वपूर्ण एवं जनहित से जुड़ी परियोजना में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित राजस्व कार्मिकों को अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए 02 लेखपालों—सौरभ पांडेय एवं अतुल प्रताप सिंह—को तत्काल प्रभाव से भूलेख कार्यालय से संबद्ध (अटैच) कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त 03 लेखपालों—विकास दीक्षित, सुभाष चंद्र एवं सत्येंद्र गंगवार—का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि भूमि क्रय की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना जनपद के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराएं।

आलू खरीद केंद्र पर कर्मचारी गायब, किसानों ने काटा हंगामा, निदेशक ने उद्यान निदेशक से की शिकायत
फर्रुखाबाद l गुरुवार को सातनपुर मंडी पहुंच कर जिला अधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने आलू क्रय केंद्र का निरीक्षण किया । किसानों से सीधे संवाद किया l सुबह सात बजे से आलू की खरीद कराने के निर्देश दिए।शासन द्वारा आलू 650रूपया कुंतल की दर से 20लाख मीट्रिक टन आलू खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।28अप्रैल को उद्यान निदेशक वीपी राम व हाफेड के प्रबंध निदेशक शैलेंद्र कुमार सुमन ने मंडी में सरकारी आलू खरीद केंद्र का उद्घाटन किया। गुरुवार को सुबह किसान मंडी में आलू बेंचने आये तो वहा कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं थे। जिस पर किसानो ने हंगामा किया।
आलू विकास विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार ने आलू विकास अधिकारी राघवेन्द्र सिंह को फ़ोन किया लेकिन उनका फोन नहीं उठा। उन्होंने उद्यान निदेशक वीपी राम को फोन कर कोई कर्मचारी मौजूद न होने की समस्याओ़ से अवगत कराया। उद्यान निदेशक ने नाराजगी जताई तथा तुरंत आलू अधिकारी को खरीद केंद्र पहुंचने कि निर्देश दिया। अशोक कटियार ने मोबाइल से जिलाधिकारी को भी खरीद न होने की समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने खरीद केंद्र पहुच कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि शासन की नीति के अनुसार आलू खरीद का लक्ष्य पूरा किया जाए, मंडी टैक्स समाप्त किया जाए। आलू का निर्यात किया जाए तथा आलू आधारित उद्योग फर्रुखाबाद में लगाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि वह आलू समस्या पर शीघ्र ही वैठक बुलाए जाने की बात कही है l उन्होंने कहा कि आलू किसानों की समस्याओ़ व समाधान के लिए ड्राफ्ट तैयार करने के लिए कहा।इस मौके पर आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, लालू यादव,रिंकू वर्मा, राजकुमार वर्मा, अरविन्द राजपूत, परशुराम वर्मा, रामलड़ैते राजपूत,अजय वर्मा सहित बडी संख्या में किसान,व्यापारी, आढ़ती मौजूद रहे।