जनपद के विभिन्न मार्गों एवं सेतुओं की कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक*


*विधानसभा एवं लोकसभावार सड़कों तथा सेतुओं के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव किये गए आमंत्रित*


*बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों व सेतुओं के सुदृढ़ीकरण एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु दिये सुझाव*


*गोण्डा 04 मई,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जनपद के विभिन्न मार्गों एवं सेतुओं के निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के माननीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए विकास कार्यों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के दौरान जनपद के माननीय विधायक, माननीय सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से विधानसभा एवं लोकसभावार सड़कों तथा सेतुओं के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव आमंत्रित किए गए। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क निर्माण, सेतु निर्माण, जर्जर मार्गों के सुदृढ़ीकरण एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ प्रस्तावों की व्यवहारिकता, प्राथमिकता एवं बजट संबंधी बिंदुओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त प्रस्तावों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के विकास में सड़क एवं सेतु निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूर्ण कराया जाए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर जनपद में सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित सड़क और सेतु नेटवर्क विकसित करना है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिल सके।

बैठक के दौरान वहां पर उपस्थित  सांसद तथा  विधायकगणों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने विधानसभा से संबंधित सड़कों व सेतुओं के निर्माण हेतु प्रस्ताव दिए हैं।

बैठक में  विधायक तरबगंज श्री प्रेम नारायण पाण्डेय, एमएलसी गोण्डा श्री अवधेश कुमार सिंह उर्फ मन्जू सिंह, माननीय सांसद गोण्डा/केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री प्रतिनिधि राजेश सिंह,  सांसद कैसरगंज एवं विधायक सदर गोण्डा प्रतिनिधि संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा एक्सईएन प्रांतीय खण्ड प्रमोद त्रिपाठी, एक्सईएन लोक निर्माण खंड-1 सुरेशराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
चकमार्ग विवादों पर आयुक्त का एक्शन प्लान, जल्द खुलेंगे अवरुद्ध रास्ते
*आयुक्त का बड़ा फैसला: पैमाइश के बाद तुरंत होगा मिट्टी पटाई व खड़ंजा*


*चकमार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती, आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के आदेश*


*आयुक्त बोलीं—अवरुद्ध रास्ते अब बर्दाश्त नहीं, राजस्व-विकास विभाग के समन्वय से होगी कार्रवाई* 


*गोण्डा, 05 मई 2026*   -   देवीपाटन मण्डल की आयुक्त ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के आकस्मिक निरीक्षण के बाद चकमार्गों पर हो रहे अतिक्रमण और अवरुद्ध रास्तों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तहसील कर्नैलगंज में जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे प्रार्थना-पत्र सामने आने पर *आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल* ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि केवल पैमाइश कर देना पर्याप्त नहीं है। जब तक चकमार्गों पर मिट्टी पटाई या खड़ंजा निर्माण नहीं होगा, तब तक रास्ते स्थायी रूप से अतिक्रमणमुक्त नहीं हो पाएंगे और विवाद की स्थिति बनी रहेगी। इसे देखते हुए राजस्व और विकास विभाग के बीच अनिवार्य समन्वय पर विशेष जोर दिया गया है।

निर्देशों के अनुसार, क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा पैमाइश के बाद चकमार्गों की सूची ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर प्रस्ताव पारित कर शीघ्र निर्माण कार्य कराया जा सके। साथ ही, तहसील स्तर पर लेखपालों से प्राप्त सूची को तहसीलदार के माध्यम से उप जिलाधिकारी और खण्ड विकास अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा, जहां से वित्तीय प्रबंधन कराकर कार्य सुनिश्चित होगा। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र पंचायतवार चिह्नित चकमार्गों की सूची जिला स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी और अपर जिलाधिकारी को भेजी जाए, ताकि बड़े और छूटे हुए चकमार्गों पर भी प्राथमिकता से कार्य हो सके। अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्य के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस की उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि जहां चकमार्गों पर अस्थाई निर्माण हैं, उन्हें न्यायालय के माध्यम से न कराकर सीधे अतिक्रमणमुक्त कराया जाये। आयुक्त ने देवीपाटन मण्डल के सभी जिलाधिकारियों से इस सम्बन्ध में 15 दिनों के भीतर विस्तृत सूचना मांगी है। साथ ही, अवशेष चकमार्गों का सीमांकन कराकर फोटो सहित संकलित आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस सख्ती से साफ संकेत है कि अब चकमार्गों पर कब्जा और रास्तों की बाधा को लेकर प्रशासन शून्य सहनशीलता की नीति पर काम करेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विवाद कम हों और आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
मौसम का बदला मिजाज, तेज हवाओं संग बारिश शुरू, तापमान गिरा
*रेड अलर्ट जारी,आकाशीय बिजली चमकी

गोंडा।जिले में आज सुबह लगभग 10 बजे मौसम ने अचानक करवट ले लिया और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरु हो गई,जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज किया गया।इस दौरान आकाशीय बिजली भी चमकती रही।मौसम के बदले मिजाज के मद्देनजर मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।जिले में पिछले 24 घंटे पहले भी बारिश हुई थी और तापमान में  काफी कमी आई थी।जिले के कटरा बाजार, कौड़िया व दुबहा बाजार जैसे कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है।कई हिस्सों में घने बादल छाए रहने से दिन में ही अंधेरा छा गया।पांच मई को होने वाले वैवाहिक व तिलक समारोहों की तैयारियों पर भी इसका असर पड़ा है,जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है।जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है,जबकि अन्य क्षेत्रों में भी घने बादलों के कारण बारिश का अनुमान है।राजेश श्रीवास्तव ने सभी लोगों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया।आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी मिली है,जिसके मद्देनजर लोगों को एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
शिव के मानस से प्रकट हुई थी रामकथा - राजन जी महराज
*रामचरित मानस रचना मात्र नहीं बल्कि व्यवहार व भवपार संहिता

गोंडा।जिले के कौड़िया बाजार स्थित सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा में नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन प्रारंभ हो गया है।श्रीराम कथा के पहले दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा को सुना।कथा के प्रथम दिवस ही हजारों की संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर श्रीराम कथा की महिमा का रसपान किया।कथा व्यास पूज्य राजन जी महराज ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीराम चरित मानस महज एक ग्रंथ मात्र नहीं,बल्कि व्यवहार संहिता और भवपार संहिता है।उन्होंने कहा कि यह ग्रंथ मनुष्य को जीवन जीने की सही दिशा देता है और भवसागर पार कराने में सक्षम है।राजन जी महराज ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि जब भगवान शिव ने इस दिव्य कथा को अपने मानस में धारण किया तब उचित समय आने पर इसे प्रकट किया।उन्होंने यह भी बताया कि माता पार्वती की जिज्ञासा के बाद यह कथा आगे बढ़ी और आमजनमानस तक पहुंची।राजन जी महराज ने कहा कि जब किसी व्यक्ति के मन में रामकथा के प्रति श्रृद्धा जागृत हो जाती है तो यह समझ लेना चाहिए कि उसके जीवन का सबसे सुंदर समय प्रारंभ हो गया है।उन्होंने जोर देकर कहा कि राम से जुड़ा समय ही मनुष्य के जीवन का वास्तविक शुभ समय है।उन्होंने यह भी कहा कि विश्व में 100 करोड़ से अधिक रामायणें लिखी गई हैं,क्योंकि भगवान राम के जीवन प्रसंगों को अलग अलग लोगों ने अपने अनुभव व दृष्टि से वर्णित किया है।
लाइसेंसी बन्दूक से धमकाने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
*भांग की दुकान पर लोगों को डरा रहा था

गोंडा।नगर कोतवाली पुलिस ने लाइसेंसी बन्दूक से लोगों को धमकाने और रौब झाड़ने के आरोप में प्रत्यूष पांडेय उर्फ पीयूष पांडेय को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण करवा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।वह सरकारी भांग की दुकानों पर जाकर राहगीरों और दुकान मालिकों को धमकाता था।यह कार्रवाई गल्ला मंडी के सामने स्थित एक सरकारी भांग की दुकान पर हुई।पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रत्यूष पांडेय वहां लाइसेंसी बन्दूक लेकर एक व्यक्ति को धमका रहा था।सूचना पाकर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और प्रत्यूष पांडेय को बन्दूक सहित पकड़कर नगर कोतवाली ले आई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रत्यूष पांडेय और पिता का नाम दिनेश चंद्र पांडेय निवासी जानकी नगर बताया।जांच में सामने आया कि 12 बोर की यह बन्दूक उसके पिता दिनेश चंद्र पांडेय के नाम पर पंजीकृत है।प्रत्यूष इसे बिना किसी वैध अनुमति के सार्वजनिक स्थानों पर लेकर लोगों को धमकाने के लिए इस्तेमाल करता था।पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने एक संस्थान का फर्जी आईडी कार्ड  भी बनवा रखा था,जिसका उपयोग वह लोगों को डराने के लिए करता था।नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।बन्दूक का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
दो बाईकों की भिड़ंत में युवक की मौत
विपिन राठौर मीरापुर रामराज मुज़फ्फरनगर

मीरापुर। रामराज क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया
गांव रहड़वा निवासी मोहन पुत्र जल सिंह ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उनका बेटा कार्तिक 15 वर्ष और सोहनवीर उर्फ सोनू 30 अप्रैल की देर शाम अपनी बाईक से रामराज की और से गांव लौट रहे थे। बाईक सोहनवीर चला रहा था।
बाईक सवार जैसे ही पंजाब फार्म के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही एक अन्य बाईक चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाईक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाईकों की भिड़ंत में कार्तिक और सोहनवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही कार्तिक की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना छपिया पुलिस द्वारा अन्तर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 05 अदद चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 03 अभियुक्त गिरफ्तार-
*कार्यवाहीः-*       गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी मनकापुर उदित नारायण पालीवाल के नेतृत्व में थाना छपिया पुलिस टीम द्वारा 03 शातिर चोरों-01. नरेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ छोटू, 02. मंगरू चौहान, 03. धनन्जय को नगरा खुर्द तिराहे के पास से चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर उनके कब्जे व निशानदेही से चोरी की 05 अदद मोटरसाईकिलों को बरामद किया गया।

*घटना का संक्षिप्त विवरण-*
आज दिनांक 03.05.2026 को थाना छपिया के उ0नि0 घनश्याम वर्मा मय पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर नगरा खुर्द तिराहे के पास घेराबंदी कर 03 शतिर चोरो को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 03 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं तथा उनकी निशानदेही पर बभनान रेलवे स्टेशन गोदाम के पास छिपाकर रखी गई 02 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों की बरामदगी की गयी।  गिरफ्तार अभियुक्तगणों के विरूद्ध थाना छपिया पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।

*पूछताँछ का विवरण-*
गिरफ्तार अभियुक्तगणों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि वे संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न स्थानों (बाजार, स्टेशन, सुनसान जगह) पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर मास्टर चाबी की मदद से चोरी करते थे। गिरोह में नरेन्द्र बहादुर सिंह उर्फ छोटू, मगरू चौहान, धनंजय, अवनीश गुप्ता व विशाल चौधरी शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलें अलग-अलग स्थानों (दढ़ीवा मेहनिया, अयोध्या, बभनान क्षेत्र) से चोरी की गई थीं। चोरी के बाद वाहन विशाल चौधरी को लगभग ₹4000/- प्रति मोटरसाइकिल में बेचे जाते थे। अभियुक्त नरेन्द्र के पास से बरामद ₹2100/- पूर्व चोरी की घटना का हिस्सा है। घटना के दिन भी अभियुक्त 03 मोटरसाइकिल बेचने जा रहे थे। यह एक संगठित वाहन चोर गिरोह है, जिसके फरार सदस्य अवनीश गुप्ता व विशाल चौधरी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
दूध टैंकर ने परिवार को रौंदा,पति पत्नी व बच्चे की मौत

*शादी में शामिल होने जा रहा था परिवार

गोंडा।जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।यह हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कनकपुर के पास हुआ है।मृतकों में पति पत्नी व बेटा शामिल है।बताते चलें कि बस्ती जनपद के गंगापुर कलवारी निवासी मानसिंह (35),उनकी पत्नी उर्मिला (29) और बेटा लवकुश (12) बहराइच जा रहे थे।वे बहराइच जिले के ग्यारहसौ रेती में अपने साले के बेटी की शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे,कनकपुर के पास गोंडा की तरफ से अयोध्या जा रहे एक दूध टैंकर ने उनकी बाइक को रौंद दिया।इस हादसे में तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए,जिससे मौके पर ही उर्मिला व उनके बेटे लवकुश की मौत हो गई।जबकि मानसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज ले जाया गया,जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने उर्मिला, लवकुश व मानसिंह के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि टैंकर चालक फरार हो गया है।पुलिस ने दूध के टैंकर को जब्त कर नवाबगंज थाने पहुंचाया है और मामले की जांच शुरू कर दिया है।
श्रीराम कथा को लेकर पैड़ीबरा से सरयू घाट तक निकली भव्य कलश यात्रा
*सैकड़ों गाड़ियों के साथ निकली कलश यात्रा

गोंडा।जिले के कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पैड़ीबरा स्थित सम्मय माता मंदिर में आज रविवार से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन प्रारंभ हो रहा है।पूज्य राजन जी महाराज के श्री मुख से वाचन होने वाली इस कथा से पहले सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा से सरयू घाट करनैलगंज तक कलश यात्रा निकाली गई है।जिसमें सैकड़ों गाड़ियों का काफिला शामिल हुआ।श्रद्धालु करनैलगंज स्थित सरयू घाट से सरयू नदी का जल लेकर सम्मय माता मंदिर पैड़ीबरा पहुंचेंगे जहाँ कलश स्थापना की जाएगी।जिले में रह पहली बार है जब इतनी दूर कलश यात्रा पैदल ना चलकर सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ निकाली गई है।श्रीराम कथा का शुभारंभ रविवार शाम 5 बजे से होगा,जिसमें पूज्य राजन जी महराज श्रीराम कथा महिमा का गुणगान करेंगे।कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके तहत पुलिसकर्मी तैनात थे तथा पुलिस वाहन काफिले के आगे पीछे और बीच में चल रहे थे ताकि यात्रा सकुशल संपन्न हो सके।इस कलश यात्रा और नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन श्रीराम कथा आयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है।इस कथा में कई वीवीआईपी लोगों के शामिल होने की संभावना है।इस कथा में देवी पाटन मंडल के चारों जिलों के साथ ही आसपास के चार अन्य मंडलों के लोगों को कथा श्रवण के लिए आमंत्रित किया गया है।यह श्रीराम वर्ष 2022 में कटरा बाजार भाजपा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला द्वारा बुक की गई थी।चार साल के लंबे अंतराल के बाद अब इस कथा का आयोजन हो रहा है।श्रीराम कथा को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।खराब मौसम को देखते हुए भी उससे बचाव को लेकर भी इंतजाम किया गया है।इस श्रीराम कथा में योगी आदित्यनाथ सरकार के सभी मंत्रियों सहित सभी विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।जिसमें पक्ष और विपक्ष दोनों शामिल हैं।
अयोध्या के राजस्व अभिलेखों को गोंडा में जलाया,पिकअप से लाकर पेट्रोल डालकर जलाया
*ढेमवाघाट पीपापुल के पास जलाए गए राजस्व अभिलेख

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेमवाघाट पीपापुल के पास अयोध्या जिले के राजस्व अभिलेखों के जलाए जाने का मामला सामने आया है।इन अभिलेखों को एक पिकअप वाहन में लादकर लाया गया था और पेट्रोल डालकर जलाया गया है।मौके से कई अधजले दस्तावेज मिले हैं जो अयोध्या जिले के बताए जा रहे हैं।गोंडा जिला प्रशासन को इन अभिलेखों को जलाए जाने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी, इस घटना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।जलाए गए  दस्तावेजों में खतौनी,बैनामा,स्टांप,इकरारनामा व वसीयतनामा जैसे महत्वपूर्ण कागजात शामिल थे।जिस ढेमवाघाट पीपापुल के पास यह घटना हुई है वहां से मात्र 500 मीटर की दूरी पर ढेमवाघाट पुलिस चौकी है।पुलिसकर्मियों को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी और ना तो उन्हें सूचित किया गया था।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि जलाए गए कागजात अयोध्या जिले के पुराने अभिलेख थे।उन्होंने पुष्टि किया कि पुलिसकर्मिर्यों को मौके पर भेज कर जांच कराई गई है और इसकी पुष्टि हुई है तथा उपजिलाधिकारी तरबगंज को भी इस पूरे मामले की जानकारी उपलब्ध करा दी गई है।मामले में उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है कि अभिलेख कहां से लाए गए थे।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस के अनुसार उक्त अभिलेख अयोध्या जिले के थे और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर भेजा गया है।जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह अभिलेख हमारे गोंडा जनपद के नहीं हैं।उन्होंने यह भी बताया कि मौके से जो भी कागजात मिले हैं,उसको भी देखा जा रहा है।