पूर्व विधायक पुत्र व गैस एजेंसी संचालक में मारपीट,जमकर चले लात घूंसे व कुर्सियां

*फोन ना उठाने पर हुआ विवाद

गोंडा।जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा विधायक कुंवर अजय प्रताप सिंह उर्फ़ लल्ला भैया की दूसरी पत्नी के बड़े बेटे कुंवर कमलेन मोहन सिंह और गैस एजेंसी संचालक वैभव सिंह के बीच जमकर मारपीट हुई।मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है,इसमें दोनों पक्षों के समर्थक भी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।मामला परसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चरसड़ी स्थित सावित्री गैस एजेंसी का है।एजेंसी के उपभोक्ता लगातार गैस ना मिलने की शिकायत कुंवर कमलेन मोहन सिंह से कर रहे थे।आरोप है कि बुकिंग के बावजूद एजेंसी पर गैस वितरण नहीं हो रहा था।इसी शिकायत को लेकर कुंवर कमलेन मोहन सिंह मंगलवार को भी एजेंसी पहुंचे थे और समस्या दूर करने के लिए कहा था।बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को फिर से उपभोक्ताओं की शिकायतें आने पर कुंवर कमलेन मोहन सिंह ने एजेंसी संचालक वैभव सिंह को फोन किया,परन्तु फोन नहीं उठाया गया।इसके बाद वह सीधे एजेंसी पहुंच गये और वहां फोन ना उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई,जो देखते ही देखते गाली गलौज और मारपीट में बदल गई।मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक भी भिंड़ गये।घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोग इधर उधर भागते नजर आए।परसपुर थाने की पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दिया है।फिलहाल किसी भी पक्ष की तरफ से थाने में तहरीर नहीं दी गई है।थानाध्यक्ष परसपुर ने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मनपसंद गाना न बजाने पर मारपीट, मुकदमा दर्ज
*वधु पक्ष ने डीजे संचालक व दूल्हे के भाइयों को पीटा

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चौबेपुर गांव में मनपसंद गाना न बजाने को लेकर डीजे संचालक व दूल्हे के भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,लड़की पक्ष के लोगों ने डीजे संचालक से अपनी पसंद का गाना बजाने के लिए कहा।जिस पर डीजे संचालक ने बताया कि दूल्हे के भाई ने एक विशेष गाना बजाने के लिए कहा था।इसी बात को लेकर दूल्हे के भाई और डीजे संचालक की लोगों से कहासुनी हो गई,इसके बाद कुछ लोग डीजे पर चढ़ गए और उनके साथ मारपीट किया।यह घटना बीते 25 अप्रैल की बताई जा रही है।जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।मारपीट के दौरान लाठी डंडों का भी इस्तेमाल किया गया,जिसमें गांव के कई लोग और महिलाएं भी शामिल थीं।हमलावरों ने डीजे में तोड़फोड़ की और जिस पिकप गाड़ी से डीजे लाया गया था उसके अगले हिस्से का शीशा भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।डीजे संचालक लाल बाबू गुप्ता ने नवाबगंज थाने में तहरीर दिया है।उनकी शिकायत पर राम बिहारी,मुंशी,जवाहर और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, डीजे व गाड़ी में तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।लाल बाबू गुप्ता ने बताया कि 25 अप्रैल को वे चौबेपुर में हरिश्चंद्र के यहाँ डीजे लेकर गया था,जहाँ रात में कुछ लोगों ने भीम आर्मी का गाना बजाने को कहा और मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई,साथ ही दूल्हे के भाइयों को भी पीटा गया।सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद नवाबगंज थाने की पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है।नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मनपसंद गाना बजाने को लेकर इन लोगों ने डीजे संचालक के साथ मारपीट किया है।मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले को लेकर जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित

*बैठक में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया गया जोर*


*बैठक के दौरान पर्यावरण एवं ड्रेनेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*बैठक में लापरवाह अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी*


*गोण्डा 30 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों, गो आश्रय, जिला स्तरीय ओडीटी सेल, सरयू ड्रेनेज खंड, जिला पर्यावरण समिति, जिला गंगा समिति सहित पंचायत, कृषि, नेडा, समाज कल्याण, सिंचाई, पूर्ति, जल निगम, बेसिक शिक्षा, प्रोबेशन, विद्युत, फैमिली आईडी, वन, खनन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं एनआरएलएम से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए, जिससे जनहित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंच सके। साथ ही विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने सरयू ड्रेनेज खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि सभी नालों की सफाई से संबंधित अद्यतन सूचना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए। उन्होंने जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सभी विभागों के समन्वय से कार्य करने पर बल दिया।


बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी विभाग में कार्यों के प्रति लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्य धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीसी एनआरएलएम जेएन राव, डीपीआरओ लालजी दूबे, एक्सईएएन विद्युत राम मोहन पाण्डेय, एआरओ सप्लाई विभाग शिव प्रकाश त्रिपाठी, सीडीपीओ दुर्गेश कुमार सहित सभी बीडीओ, एडीओ पंचायत एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा अवैध रिवाल्वर के साथ 01 अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी कर्नलंगज  अभिषेक दावच्या के नेतृत्व में थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा अभियुक्त अर्पित मौर्या पुत्र मुन्ना उर्फ सत्यनारायण मौर्या निवासी ग्राम महिपतगंज बुढवलिया थाना को0कर्नलगंज, जनपद गोण्डा को महिपतगंज कठीपुरवा मार्ग आंगनवाड़ी केन्द्र के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद अवैध रिवाल्वर बरामद किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 30.04.2026 को थाना को0कर्नलगंज के उ0नि0मृत्युजंय सिंह मय हमराह पुलिस बल के साथ तलाश वांछित अभि0/ रात्रि गश्त हेतु क्षेत्र में भ्रमणशील थे। दौरान गश्त मुखबिर खास की सूचना पर अभियुक्त अर्पित मौर्या पुत्र मुन्ना उर्फ सत्यनारायण मौर्या निवासी ग्राम महिपतगंज बुढवलिया थाना को0कर्नलगंज, जनपद गोण्डा को महिपतगंज कठीपुरवा मार्ग आंगनवाड़ी केन्द्र के पास से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 01 अदद अवैध रिवाल्वर बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 कर्नलंगगज पुलिस द्वारा गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजी
371 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण निरस्त,दस्तावेजों में कमी के कारण हुई कार्रवाई

*5 जून तक पुनः पंजीकरण कराने के निर्देश

गोंडा।जिले में सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने वक्फ संपत्तियों को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 371 वक्फ संपत्तियों का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है।यह कार्रवाई वक्फ दस्तावेजों में खामियों और आवश्यक जानकारी के अभाव में की गयी है।प्रशासन ने धार्मिक सामुदायिक संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता लाने के लिए यह कदम उठाया गया है।केंद्र सरकार ने वक्फ संपत्तियों के डिजिटलीकरण और पारदर्शिता के लिए उम्मीद (UMMEED) पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू किया था।इस दौरान पंजीकरण तिथि, क्षेत्रफल,स्थापना का समय व मुतवल्ली (प्रबंधक) की शैक्षिक योग्यता व नियुक्ति पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे गये थे।निर्धारित सूचनाएं एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध न होने के कारण बोर्ड ने इन संपत्तियों का पंजीकरण निरस्त करने का निर्णय लिया है।हालांकि यह रद्दीकरण अंतिम नहीं है।बोर्ड ने प्रभावित पक्षकारों और प्रबंधकों को अपनी गलतियां सुधारने का अवसर दिया गया है। जिन संपत्तियों का रद्दीकरण हुआ है,उनके आवेदक 5 जून तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उम्मीद पोर्टल पर दोबारा आवेदन कर सकते हैं।दोबारा पंजीकरण के लिए आवश्यक पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो,पते का प्रमाण,मुतवल्ली का नियुक्ति पत्र,मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी,धर्म और शैक्षिक योग्यता का विवरण देना अनिवार्य होगा।विभागीय सूत्रों व वक्फ निरीक्षक के अनुसार, इस कार्रवाई से प्रभावित होने वाली वक्फ संपत्तियों में सबसे अधिक संख्या कब्रिस्तानों व मस्जिदों की है।सूची में छोटे मुहल्लों की मस्जिदों से लेकर बड़े सार्वजनिक कब्रिस्तान,मदरसे, ईदगाह,इमामबाड़ा,दरगाह और आय अर्जित करने वाली व्यवसायिक वक्फ संपत्तियां भी शामिल हैं।बताते चलें कि जिले में लगभग 1100 से अधिक वक्फ संपत्तियां सूचीबद्ध की गई थीं,जिनमें एक तिहाई से अधिक पर कार्रवाई हुई है।प्रशासन का मुख्य उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड को पारदर्शी बनाना और अवैध कब्जों या गलत प्रबंधन को रोकना है।अब सभी की नजरें 5 जून की समय सीमा पर टिकी हुई हैं,ताकि इन धार्मिक स्थलों का वैधानिक दर्जा बहाल हो सके।जिले के वक्फ निरीक्षक अनिल कुमार ने पुष्टि किया है कि 371 संपत्तियों का पंजीकरण खामियों के कारण निरस्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना: ग्रामीण युवाओं के लिए 10 लाख तक ऋण का सुनहरा मौका
*ग्रामोद्योग रोजगार योजना: युवाओं को 10 लाख तक ऋण, स्वरोजगार का अवसर*

*खादी बोर्ड की पहल: बेरोजगारों को मिलेगा आसान ऋण, बनें आत्मनिर्भर*

*गांव में ही रोजगार का मौका: 4% ब्याज पर ऋण, महिलाओं को ब्याजमुक्त सुविधा*

*ऑनलाइन आवेदन शुरू: मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग योजना से जुड़ें, रोजगार पाएं*


*गोण्डा 29 अप्रैल 2026*  -  उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, गोंडा द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। योजना का उद्देश्य गांव स्तर पर रोजगार सृजन कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।

इस योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवक-युवतियां अपने गांव में उद्योग स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत पर मात्र 4 प्रतिशत ब्याज देना होगा, जबकि महिला एवं आरक्षित वर्ग के लाभार्थियों को ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा प्रदान की जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी योजना के ई-पोर्टल mmgrykhadi.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षिक व तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, जाति/निवास प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और नमूना हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन के बाद उसकी हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में जमा करनी होगी।

प्राप्त आवेदनों का चयन स्कोर कार्ड के आधार पर किया जाएगा तथा चयनित आवेदनों को बैंक के माध्यम से वित्तपोषण के लिए अग्रसारित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग कार्यालय ने जनपद के बेरोजगार युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं और प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, 122 राजामोहल्ला, गोंडा या दूरभाष संख्या 9580503142 पर संपर्क किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों पर किसी एक निर्धारित दुकान से पुस्तकें, कॉपियां या यूनिफॉर्म खरीदने का नहीं बनाएगा दबाव-जिला

*विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों, उत्सवों या अन्य गतिविधियों के नाम पर अभिभावकों से किसी प्रकार की अवैध शुल्क की नहीं की जाएगी वसूली-जिलाधिकारी*


*विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र- छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों से वर्ष भर में लिए जाने वाले सभी शुल्क की देनी होगी रसीद-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 29 अप्रैल,2026*।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला शुल्क नियामक समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों द्वारा लिए जा रहे शुल्क, नियमों के अनुपालन तथा अभिभावकों से संबंधित शिकायतों की गहन समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय प्रबंधन छात्र-छात्राओं अथवा उनके अभिभावकों पर किसी एक निर्धारित दुकान से पुस्तकें, कॉपियां या यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव नहीं बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बाध्यता पूरी तरह अवैध है और इसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालयों को निर्देशित किया कि वे पारदर्शिता बनाए रखें और अभिभावकों के हितों का विशेष ध्यान रखें।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रमों, उत्सवों या अन्य गतिविधियों के नाम पर अभिभावकों से किसी प्रकार की अवैध वसूली नहीं की जाएगी। यदि किसी विद्यालय के खिलाफ इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालय एवं उसके प्रबंधन के विरुद्ध शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालय द्वारा लिए जाने वाले प्रत्येक शुल्क की विधिवत रसीद अभिभावकों को देना अनिवार्य होगा, जिससे शुल्क संबंधी पारदर्शिता बनी रहे। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि जनपद के विद्यालय प्रत्येक वर्ष अनावश्यक रूप से यूनिफॉर्म, पुस्तकें एवं कॉपियां बदलने की प्रवृत्ति पर रोक लगाएं। ऐसा करना अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है, जो स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों की नियमित जांच की जाए तथा यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन पाया जाए, तो तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए।

बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि प्रशासन अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए हैं कि विकासखंडवार सभी विद्यालयों के लिए नोडल अधिकारी नामित करें और नोडल अधिकारियों द्वारा विद्यालयों की रेंडम जांच कराई जाए।

बैठक के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर रामचंद्र, खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रामखेलावन सिंह सहित अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह पूर्वक मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित

खरगूपुर (गोंडा)। यूपी बोर्ड परीक्षा में स्कूल टॉप करने वाली छात्रा सहित अन्य मेधावी छात्राओं को प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने मंगलवार को सम्मानित किया। खरगूपुर क्षेत्र के बाबा पृथ्वीनाथ बालिका इंटर कॉलेज की हाई स्कूल की छात्रा साक्षी  ने 94.66% अंक पाकर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसे विद्यालय के प्रबंधक नित्यानंद शुक्ल व प्रधानाचार्य ऊषा त्रिपाठी ने छात्रा को साइकिल, किताब व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

इसके अलावा हाई स्कूल की निधि, प्रज्ञा, अंशिका, दृष्टि, प्रतिज्ञा, पल्लवी तथा इंटर मीडियट की छात्रा मानसी,आंचल, प्रिया सहित 20 छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया। प्रबंधक श्री शुक्ल ने कहा कि शिक्षा एक ऐसी विधा है, जिसे प्राप्त कर तुम लोग कहीं भी सम्मान की हकदार बन सकती हो। इसलिए सभी लोग खूब मेहनत से पढ़कर स्कूल, जिले व प्रदेश का नाम रोशन करो। छात्राओं को प्रधानाचार्य व सहायक अध्यापक टी पी यादव, वासुदेव तिवारी, सुनीता शुक्ला ने भी संबोधित किया। इस मौके पर शेषनारायण शुक्ल, रामदास पांडेय, धर्मेंद्र शर्मा, माधव राज यादव, राम उददुर वर्मा, रंजू शुक्ला, माधुरी शुक्ला, सैयदा खातून, गीता शुक्ला रहीं।
*औचक निरीक्षण में सख्त दिखीं आयुक्त: खराब वेंटिलेटर और ICU तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश*
*बाबू ईश्वर शरण अस्पताल में व्यवस्थाओं पर कड़ा रुख, मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता*

*साफ-सफाई, पेयजल और उपचार व्यवस्था सुधारने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी*

*गोंडा, 28 अप्रैल 2026* – मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयुक्त ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी तथा वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। इस दौरान उन्होंने मरीजों के बेड पर बिछी चादरों की स्थिति देखी और निर्देश दिया कि सभी मरीजों को स्वच्छ एवं नियमित रूप से बदली जाने वाली चादरें उपलब्ध कराई जाएं। अस्पताल में सभी वार्डों में लगे कूलरों को क्रियाशील करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वेंटिलेटर मशीनों की स्थिति भी देखी। कुछ वेंटिलेटर खराब पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को निर्देश दिया कि खराब पड़े सभी वेंटिलेटर मशीनों व अन्य चिकित्सा उपकरणों को तत्काल ठीक कराया जाए तथा ICU को युद्धस्तर पर पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अलावा उन्होंने मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज और उनके तीमारदारों को मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिलनी चाहिए।

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि व्यवस्थाओं में सुधार लाते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा चोरी करने के 04 आरोपी अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, कब्जे से चोरी का माल बरामद


गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व प्रभारी क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज श्री अभिषेक दावच्या के नेतृत्व में थाना को0 कर्नलगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 234/26 धारा 305(A), 331(4) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित 04 अभियुक्तों 1. संदीप यादव पुत्र लल्लू उर्फ बाबा, 02. सूरज पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय, 03. तिलकराम पुत्र सीताराम मिश्रा, 04. शिवकुमार गुप्ता पुत्र राजबहादुर गुप्ता को बालपुर जाट से टेड़ी नदी की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अदद फाइबर मडगाड काला रंग, 10 अदद फाइबर वाइजर काला रंग , 1 अदद फाइबर पाइन, 10  अदद लोहे का ब्लाक, 16 अदद सिल्वर पालिस ब्लाक बरामद किया गया ।

घटना का संक्षिप्त विवरण-
दिनांक 27.04.2026 को वादी श्री सोनेलाल पुत्र गंगा प्रसाद निवासी सालपुर, जनपद गोण्डा द्वारा थाना कर्नलगंज पर सूचना दी गई कि उसकी दुकान बाबामोटर साईकिल सर्विस सेन्टर कस्बा बालपुर बाजार में है। दिनांक 24.02.2026 की रात कुछ चोरो द्वारा पीछे का दरवाजा तोड़कर समान चोरी कर लिए है। पता करने पर पता चला की संदीप यादव, सूरज पाण्डेय, तिलकराम, शिवकुमार गुप्ता द्वारा मेरा समान चोरी कर लिया गया है । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को0 कर्नलंगज पुलिस द्वारा मु0अ0सं0- 234/26 धारा 305(A), 331(4), 317(3) बीएनएस बनाम संदीप यादव आदि 04 नफर अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। जिसमें आज दिनांक 28.04.2026 को थाना कोतवाली कर्नलगंज पुलिस टीम द्वारा घटना में संलिप्त 04 शातिर चोरों 1. संदीप यादव पुत्र लल्लू उर्फ बाबा, 02. सूरज पाण्डेय पुत्र अशोक पाण्डेय, 03. तिलकराम पुत्र सीताराम मिश्रा, 04. शिवकुमार गुप्ता पुत्र राजबहादुर गुप्ता को बालपुर जाट से टेड़ी नदी की तरफ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अदद फाइबर मडगाड काला रंग, 10 अदद फाइबर वाइजर काला रंग , 1 अदद फाइबर पाइन, 10  अदद लोहे का ब्लाक, 16 अदद सिल्वर पालिस ब्लाक बरामद किया गया । गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना को0कर्नलगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय रवाना किया गया।