गेहूं खरीद केंद्र का जिला अधिकारी ने किया निरीक्षण, गेहूं खरीद, टोकन एवं स्टॉक का अवलोकन किया, रजिस्टर पर किसानों का नंबर लिखा जाए

फर्रुखाबाद l जनपद में खाद्य विभाग द्वारा संचालित गेहूँ क्रय कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा गुरुवार को राजकीय गेहूँ खरीद केंद्र, सातनपुर मंडी का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र पर रखे अभिलेखों का गहन परीक्षण किया, जिसमें टोकन रजिस्टर, क्रय पंजिका एवं बोरा रजिस्टर आदि शामिल रहे। अभिलेखों के अवलोकन में पारदर्शिता एवं अद्यतन प्रविष्टियों पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान डिप्टी आर0एम0ओ0 द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि वर्तमान तक केंद्र पर कुल 40 किसानों से 2828 कुंतल गेहूँ की खरीद की जा चुकी है, जिसमें से 38 किसानों का भुगतान उनके खातों में किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि क्रय पंजिका में सभी किसानों के मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किये जाएं, ताकि किसी भी स्थिति में किसानों से त्वरित संपर्क स्थापित किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और समस्त व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा स्वयं की उपस्थिति में गेहूँ के नमूने की नमी की जांच कराई गई तथा इलेक्ट्रॉनिक कांटे की शुद्धता भी परखी गई। उन्होंने गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि गेहूँ क्रय में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाए तथा किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
आर्मी वेल्फेयर एजूकेशन सोसाइटी के स्थापना दिवस पर हुए विभिन्न कार्यक्रम
फर्रुखाबाद l आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में आर्मी वेल्फेयर एजूकेशन सोसाइटी के स्थापना दिवस को बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस उपलक्ष्य में विद्यालय में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। विद्यालय के वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सैनिकों के पाल्यों के लिए उत्तम प्रारम्भिक शिक्षा से लेकर व्यावसायिक शिक्षा तक के महत्त्वपूर्ण योगदान को दर्शाया। छात्राओं ने ‘टुकड़ा-टुकड़ा सी करके सपना एक बनाया’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया।
कक्षा 12 ‘अ’ की छात्रा आरजू राठौर ने सैनिकों के पाल्यों के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा से लेकर तकनीकी शिक्षा तक द्वारा किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कक्षा 12 की छात्रा आराध्या सिंह ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता ‘नित जीवन के संघर्षों से जब टूट चुका हो अन्तर्मन’ का ओजस्वी पाठ कर सभी की सराहना प्राप्त की। विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय गीत प्रस्तुत कर के कार्यों को सराहा। इस अवसर पर बास्केटबॉल एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सराहनीय प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व विकास एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में मील का पत्थर सिद्ध हो रहा है।
विद्यालय के चेयरमैन ब्रिगेडियर मनीष कुमार जैन, सिखलाई रेजिमेंट सेंटर, फतेहगढ़ (उ.प्र.) ने AWES स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि AWES शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रही है तथा यह संस्था सैनिकों के पाल्यों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस मौके पर डॉ. अंजना चौहान, पूर्णिमा अग्निहोत्री, डॉ. नैन्सी, डॉ. शिवाली वर्मा, डॉ. सुनील कुमार त्रिपाठी सहित अनेक अध्यापकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
केंद्रीय और जिला कारागार पहुंच कर डीएम एसपी ने परखी  व्यवस्थाएं
फर्रुखाबाद l  जिला कारागार एवं केंद्रीय कारागार का जिला अधिकारी डॉ अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। डीएम व एसपी ने जेल में बंद बंदियों की समस्याओं को भी सुना l साथ ही उन्होंने बंदियों का समय समय पर मेडिकल परीक्षण भी कराया जाए जिससे उनका स्वास्थ्य ठीक रहे। अधीक्षक ने बताया कि बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाता है।
आलू बचाओ यात्रा राजभवन पहुंची, राज्यपाल ने सुनी किसानों की समस्या, सातनपुर मंडी राज्य का पहला आलू खरीद केंद्र खुला

फर्रुखाबाद l आलू किसान बचाओ यात्रा राजभवन लखनऊ तक ले जाकर आलू किसानों का दर्द राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से बयां करने का असर दिखाई दे रहा है l उन्होंने कहा कि
आलू मंडी सातनपुर में राज्य का पहला आलू खरीद केंद्र खुल गया है l  इसका उद्घाटन करने लखनऊ से उद्यान निदेशक वीपी राम व हाफेड के प्रबंध निदेशक शैलेंद्र कुमार सुमन आये,,,इस दौरान किसान नेता अशोक कटियार, आलू निर्यातक सुधीर शुक्ला, राजीव यादव लालू, पूर्व मंडी अध्यक्ष रिंकू वर्मा,मंडी सचिव ,आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे l पीडिओ ने सभी का आभार व्यक्त किया l किसान अशोक कटियार ने इसे किसानों की जीत बताया और कहा कि आलू आधारित उद्योग फर्रुखाबाद में लगने पर ही समस्या का स्थायी समाधान होगा। आलू किसानों को हक ना मिलने तक सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रहेगा,,,
किसानों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री से मिलने हरदोई जा रहे  किसान नेता को किया हाउस अरेस्ट, 11मई से जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन

फर्रुखाबाद l भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकेत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकांत मिश्रा जनपद के किसानों की समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री से मिल ने हरदोई जा रहे थे तभी जिला प्रशासन को उनके जाने की खबर मिलते ही उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया और उनका प्रधानमंत्री और जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन उप जिला अधिकारी ने उनके आवास पहुंच कर लिया l उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को झांक कर  रखती है जिससे किसान को लाभ न मिल सके l सरकार की तमाम योजना किसानों तक नहीं पहुंचती है, लिंक रोड में जो किसानों की ज़मीन जा रही उन किसानों को सर्किल रेट से चार गुना देने का आश्वासन दिया था लेकिन सरकार कम रेट में किसने की जमीन को ले रही है उन्होंने कहा कि किसानों को लाभ नहीं मिलेगा तो वह अपनी जमीन लिंक रोड के लिए हस्तांतरित नहीं करेगा l उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांग मांग पूरी नहीं होती है तो 11 मई से जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन दिया जाएगा जब तक किसानों के साथ में फैसला नहीं हो जाता है कब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा l
लोक अदालत को लेकर बैठक संपन्न, वाद निस्तारण के लिए चिन्हित

फर्रुखाबाद l राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभिनितम उपाध्याय की अध्यक्षता में एवं उनके विश्राम कक्ष में बैठक सम्पन्न की गयी। इस बैठक का संचालन युगल शम्भू सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया।अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण होने योग्य राजस्व/वकबन्दी/लघु फौजदारी/विद्युत विभाग आदि राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके। राजस्व वाद 222 मामले, फौजदारी वाद 857 मामले एवं प्रकीर्ण वाद 68305 मामले कुल 69384 मामले प्रशासन की ओर से चिन्हित किये गये हैं।
मंगलवार को तैयारी बैठक में  संजय कुमार षष्ठम अपर जिला जज/नोडल अधिकारी, यदुवंश कुमार वर्मा उपजिलाधिकारी (राजस्व), उमाशंकर सीीओ, डी. के. राजपूत एसडीओ, अभय कुमार वर्मा सीओ सिटी, राधा रमन वरिष्ठ सहायक आदि प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित हुये।
प्राथमिक स्तर के बच्चों से जिलाधिकारी ने किया सीधे संवाद, बच्चों से किए प्रश्न उत्तर, मिड डे मील की ली जानकारी, साफ सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश
फर्रुखाबाद l मंगलवार को विकासखंड कमालगंज अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बर्ना बुजुर्ग का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों में जाकर बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी समझ एवं सीखने की क्षमता को परखा। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा—विशेष रूप से पढ़ना, लिखना एवं गणितीय दक्षता—को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, उन्होंने शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने तथा बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, नामावली पंजिका एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए और परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने मिड डे मील योजना के अंतर्गत बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, मात्रा एवं वितरण की नियमितता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ को निर्देशित किया कि योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक छात्र को निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषाहार प्राप्त हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालयों में संचालित सभी शासकीय योजनाओं—जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, एवं अन्य लाभ—का समयबद्ध एवं प्रभावी वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को चॉकलेट एवं टॉफी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने भी जिलाधिकारी के साथ आत्मीय संवाद कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।
इस मौके पर पी0डी0 डी0आर0डी0ए0,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश, आधा दर्जन वाहन पकड़े, पुलिस के हवाले

फर्रुखाबाद l जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मंगलवार को चौकी आईटीआई, थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत आवास विकास क्षेत्र के अंतर्गत खानपुर में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू लदी परिवहन करती हुई पाई गई,जिन्हें रोक कर उनके प्रपत्र चेक किये गये, मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से वाहनों से संबंधित वैध प्रपत्रों की मांग की गई, किन्तु कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनन एवं अवैध परिवहन का पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तत्काल कब्जे में लेकर चौकी आईटीआई परिसर में खड़ा कराया गया। वाहनों को कार्रवाई हेतु थाना कादरीगेट की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित प्रकरण में खनन विभाग एवं पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है, साथ ही संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी दशा में बख्शा न जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जाए तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाया जाए, जिससे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
आलू किसानों की बिजली बिल माफ करने की मांग, स्मार्ट मीटर समाधान के लिए शिविर लगाए जाएं
उपभोक्ताओं की समस्या सुने बगैर कनेक्शन ना काटे जाएं

फर्रुखाबाद l आलू किसानों की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए विल माफ करने तथा बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने व रोक लगाने , स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं की समस्याओ़ के समाधान हेतु शिविर लगाने की मांग मुख्यमंत्री से की गयी है।
आलू विकास विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि आलू किसान इस समय मंदी के कारण गहरे आर्थिक संकट के दौर से गुज़र रहे हैं। उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है लेकिन अभी भी जिन उपभोक्ताओं के यहां जबरिया स्मार्ट मीटर लगा दिए हैं उनके विल अत्यधिक आ रहे हैं। जिससे आम जनता में नाराजगी बढ रही है ।ऐसे उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान हेतु शिविर आयोजित किया जाए। बकायेदार आलू किसानों के विल माफ किए जाए तथा भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने पर रोक लगाई जाए। बिजली बिल छूट योजना को जून तक बढ़ाया जाए।
दो सगे भाइयों ने वृद्ध पिता की हथियार मारकर निर्मम हत्या कर दी, पुलिस ने बड़े भाई को लिया हिरासत में,
फर्रुखाबाद l मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने वृद्ध पिता के सिर में हथियार मारकर हत्या कर दी। ग्राम अर्राह पहाड़पुर में 70 वर्षीय रामसनेही बेटे अनिल व ओमकार के साथ घर में रहते थे। सोमवार की रात बेटों ने पिता की किसी हथियार से सिर में हमला करके मार डाला। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मौके पर मिले बड़े बेटे ओमकार को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल के साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं l

बताते है कि ओमकार की शादी तो हुई थी  लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई। अनिल ने दो शादियां की थीं पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी और दूसरी पत्नी छोड़कर बहनोई के साथ चली गई और अनिल पिता पर दबाव डाल रहा था कि शादी करवा दो,रामसनेही शादी करने को तैयार नहीं हो रहा था । वृद्ध रामसनेही दोनों आवारा बेटों को खाना बनाकर खिलाया करते थे।
सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा ने बताया कि बेटे अनिल व ओमकार ने ही अपने वृद्ध पिता की हत्या की है l पुलिस ने ओमकार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है तहरीर मिलने पर करवाई की जाएगी l