लोक अदालत को लेकर बैठक संपन्न, वाद निस्तारण के लिए चिन्हित

फर्रुखाबाद l राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अभिनितम उपाध्याय की अध्यक्षता में एवं उनके विश्राम कक्ष में बैठक सम्पन्न की गयी। इस बैठक का संचालन युगल शम्भू सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया।अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारण होने योग्य राजस्व/वकबन्दी/लघु फौजदारी/विद्युत विभाग आदि राजस्व मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया है, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके। राजस्व वाद 222 मामले, फौजदारी वाद 857 मामले एवं प्रकीर्ण वाद 68305 मामले कुल 69384 मामले प्रशासन की ओर से चिन्हित किये गये हैं।
मंगलवार को तैयारी बैठक में  संजय कुमार षष्ठम अपर जिला जज/नोडल अधिकारी, यदुवंश कुमार वर्मा उपजिलाधिकारी (राजस्व), उमाशंकर सीीओ, डी. के. राजपूत एसडीओ, अभय कुमार वर्मा सीओ सिटी, राधा रमन वरिष्ठ सहायक आदि प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित हुये।
प्राथमिक स्तर के बच्चों से जिलाधिकारी ने किया सीधे संवाद, बच्चों से किए प्रश्न उत्तर, मिड डे मील की ली जानकारी, साफ सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश
फर्रुखाबाद l मंगलवार को विकासखंड कमालगंज अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बर्ना बुजुर्ग का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों में जाकर बच्चों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे और उनकी समझ एवं सीखने की क्षमता को परखा। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा—विशेष रूप से पढ़ना, लिखना एवं गणितीय दक्षता—को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी प्रयास सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, उन्होंने शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने तथा बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, नामावली पंजिका एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार हेतु निर्देश दिए और परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण बनाए रखने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने मिड डे मील योजना के अंतर्गत बच्चों से भोजन की गुणवत्ता, मात्रा एवं वितरण की नियमितता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ को निर्देशित किया कि योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रत्येक छात्र को निर्धारित मानकों के अनुरूप पोषाहार प्राप्त हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालयों में संचालित सभी शासकीय योजनाओं—जैसे निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, यूनिफॉर्म, एवं अन्य लाभ—का समयबद्ध एवं प्रभावी वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को चॉकलेट एवं टॉफी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने भी जिलाधिकारी के साथ आत्मीय संवाद कर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।
इस मौके पर पी0डी0 डी0आर0डी0ए0,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध रूप से खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश, आधा दर्जन वाहन पकड़े, पुलिस के हवाले

फर्रुखाबाद l जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मंगलवार को चौकी आईटीआई, थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत आवास विकास क्षेत्र के अंतर्गत खानपुर में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू लदी परिवहन करती हुई पाई गई,जिन्हें रोक कर उनके प्रपत्र चेक किये गये, मौके पर उपस्थित व्यक्तियों से वाहनों से संबंधित वैध प्रपत्रों की मांग की गई, किन्तु कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया जा सका। प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनन एवं अवैध परिवहन का पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तत्काल कब्जे में लेकर चौकी आईटीआई परिसर में खड़ा कराया गया। वाहनों को कार्रवाई हेतु थाना कादरीगेट की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। संबंधित प्रकरण में खनन विभाग एवं पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है, साथ ही संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी दशा में बख्शा न जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जाए तथा प्रवर्तन कार्यवाहियों को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाया जाए, जिससे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध खनन अथवा खनिजों के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त हो, तो तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
आलू किसानों की बिजली बिल माफ करने की मांग, स्मार्ट मीटर समाधान के लिए शिविर लगाए जाएं
उपभोक्ताओं की समस्या सुने बगैर कनेक्शन ना काटे जाएं

फर्रुखाबाद l आलू किसानों की खराब आर्थिक स्थिति को देखते हुए विल माफ करने तथा बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने व रोक लगाने , स्मार्ट मीटर के उपभोक्ताओं की समस्याओ़ के समाधान हेतु शिविर लगाने की मांग मुख्यमंत्री से की गयी है।
आलू विकास विपणन सहकारी संघ के निदेशक अशोक कटियार ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि आलू किसान इस समय मंदी के कारण गहरे आर्थिक संकट के दौर से गुज़र रहे हैं। उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगा दी गई है लेकिन अभी भी जिन उपभोक्ताओं के यहां जबरिया स्मार्ट मीटर लगा दिए हैं उनके विल अत्यधिक आ रहे हैं। जिससे आम जनता में नाराजगी बढ रही है ।ऐसे उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान हेतु शिविर आयोजित किया जाए। बकायेदार आलू किसानों के विल माफ किए जाए तथा भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने पर रोक लगाई जाए। बिजली बिल छूट योजना को जून तक बढ़ाया जाए।
दो सगे भाइयों ने वृद्ध पिता की हथियार मारकर निर्मम हत्या कर दी, पुलिस ने बड़े भाई को लिया हिरासत में,
फर्रुखाबाद l मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने वृद्ध पिता के सिर में हथियार मारकर हत्या कर दी। ग्राम अर्राह पहाड़पुर में 70 वर्षीय रामसनेही बेटे अनिल व ओमकार के साथ घर में रहते थे। सोमवार की रात बेटों ने पिता की किसी हथियार से सिर में हमला करके मार डाला। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद मौके पर मिले बड़े बेटे ओमकार को हिरासत में ले लिया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल के साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं l

बताते है कि ओमकार की शादी तो हुई थी  लेकिन पत्नी उसे छोड़कर चली गई। अनिल ने दो शादियां की थीं पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी और दूसरी पत्नी छोड़कर बहनोई के साथ चली गई और अनिल पिता पर दबाव डाल रहा था कि शादी करवा दो,रामसनेही शादी करने को तैयार नहीं हो रहा था । वृद्ध रामसनेही दोनों आवारा बेटों को खाना बनाकर खिलाया करते थे।
सीओ सिटी अभय कुमार वर्मा ने बताया कि बेटे अनिल व ओमकार ने ही अपने वृद्ध पिता की हत्या की है l पुलिस ने ओमकार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है तहरीर मिलने पर करवाई की जाएगी l
सपा और कांग्रेस का भाजपा ने पुतला फूंक आक्रोश व्यक्त किया
फर्रुखाबाद l
सोमवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह ने विपक्ष के खिलाफ जन आक्रोश महिला सम्मेलन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं
पार्टी मुख्यालय पर आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह ने कहा 16 व 17 अप्रैल को केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के तहत नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विधेयक का सपा और कांग्रेस पार्टी के द्वारा विरोध करके महिलाओं के जन अधिकार के साथ सबसे बड़ा विश्वास घात किया गया। यह बिल महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सबसे बड़ा अधिकार दिलाने वाला था महिलाओं की भागीदारी से एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है 16 अगस्त 17 अप्रैल का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन साबित हुआ जब सपा और कांग्रेस जैसे राजनीतिक दलों ने महिलाओं के अधिकारों का हनन कर दिया देश उनके इस कृत्य के लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। बिल का विरोध करके करोड़ो माताओं, बहनों और बेटियों के साथ विश्वास घात करके सपा और कांग्रेस ने अपनी महिला विरोधी सोच को दर्शाने का काम किया। वास्तव में जब महिलाओं को अधिकार देने का समय आया तब सारा विपक्ष केवल मूकदर्शक  बना रह गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच प्रत्येक महिलाओं को अधिकार देने वाली है भाजपा महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और कांग्रेस पार्टी की सांसद प्रियंका गांधी एक महिला है लेकिन उन्होंने इस बिल का विरोध करके महिलाओं की आत्म सम्मान को चोट देने का कार्य किया।
  पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ मिथिलेश अग्रवाल ने कहा विपक्ष द्वारा बिल का विरोध करना महिलाओं के सम्मान पर सबसे बड़ी चोट है। महिलाएं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देती है। केंद्र सरकार के द्वारा लाया गया इस महत्वपूर्ण विधेयक महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने वाला था।
   महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक ने कहा नारी का सम्मान देश का सम्मान होता है सपा और कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध करके नारी की आत्म सम्मान पर प्रहार किया है। भारतीय नारी हर कदम पर ऐसे राजनीतिक दलों को सबक सिखाने का कार्य करेंगी।
  कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे ने की इस मौके पर अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य जिला मंत्री श्वेता दुबे जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष ममता सक्सेना पूर्व महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष चित्रा  अग्निहोत्री जिला उपाध्यक्ष हिना दवे रचना अवस्थी जिला महामंत्री हिमांशु गुप्ता जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह कृष्ण मुरारी राजपूत आदि लोग मौजूद रहे।
  *सपा और कांग्रेस का पुतला दहन*
प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बबीता पाठक जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे जिला मंत्री श्वेता दुबे जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत जिला उपाध्यक्ष हिना दवे अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य के नेतृत्व में भाजपा महिला मोर्चा की सैकड़ो महिला कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी प्रियंका गांधी सपा और कांग्रेस का पुतला दहन किया इस दौरान राहुल गांधी प्रियंका गांधी अखिलेश यादव डिंपल यादव मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।
9 मई को राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की  मूर्ति का अनावरण होगा
फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर स्थापित है मूर्ति,

फर्रुखाबाद l प्रदेश के कैबिनेट एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह जोकि जिले के प्रभारी मंत्री भी है इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। साथ ही अति विशिष्ट अतिथि होगे परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह
सांसद विधायक जनप्रतिनिधि सहित तमाम संगठन के लोगों का भी आगमन होगा
कार्यक्रम संयोजक भाजपा नेता पूर्व सैन्य अधिकारी वीरेंद्र सिंह राठौड़ प्रदेश सह संयोजक पूर्व सैन्य प्रकोष्ठ होगे ।
आगरा में लगेगी महाराणा सांगा की भव्य मूर्ति
सपा के बिगड़ैल सांसद के घर के सामने लगेगी मूर्ति
राणा सांगा के इतिहास को आते जाते खुद पढ़ते हुए निकले
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह राजू ने लखनऊ कार्यालय पर कहा कि राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर फर्रुखाबाद में मूर्ति का अनावरण होगा यह गौरव का पल होगा l मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एव पर्यटन मंत्री
जयवीर सिंह सहित परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के हृदय से आभारी रहेंगे 9 मई को रोडवेज बस स्टैंड का नाम राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप बस स्टेशन हो, कई मुद्दों पर पर्यटन मंत्री  से लखनऊ में वार्ता हुई और आगरा में करोड़ों क्षत्रियों की आवाज़ पर आगाज हो गया राणा सांगा की भव्य मूर्ति भी स्थापित किया जा रहा है खासकर जिनको महाराणा सांगा का इतिहास नहीं मालूम उनको सुबह शाम उनके दर्शन होगे एवम् इतिहास का भी अनुभव होगा वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महापुरुषों का सम्मान बढ़ाया है जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में एक प्रस्ताव दिया था वहां के विधायक का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं उन्होंने प्रस्ताव के बाद एनओसी जारी कराई अब अनूप शहर बुलंदशहर में भी शीघ्र महाराणा प्रताप की मूर्ति
लगेगी बजट स्वीकृति कर दिया है
गौ सेवकों ने प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया
फर्रुखाबाद l पूरे भारत में साधु संतों के आवाहन पर तहसील स्तर पर सभी गौ सेवकों ने एक साथ सोमवार को पहले से निर्धारित समय पर पूरे भारत में तहसील स्तर पर ज्ञापन देने का कार्य सभी गौ सेवकों ने किया जिसमें  ज्ञापन के माध्यम से सभी ने प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्य्मंत्री को सम्बोधित तहसीलदार को ज्ञापन की कॉपी दी जिसमे गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किया जाए गौ माता की हत्या बंद की जाए जैसे तमाम विषय हैं मुख्यरूप से सचिन शर्मा रोहित राठौर सौरभ मिश्रा दीपक शर्मा रितेश प्रयांशु कश्यप हिमांशु गुप्ता शिवम् गुप्ता नरेंद्र राठौर साहिल मिश्रा विमलेश मिश्रा सहित लगभग आधा सैकड़ा लोग उपस्थित रहे l
विश्व मलेरिया दिवस और विश्व पेंगुइन दिवस पर किया जागरूक
फर्रुखाबाद l आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में विश्व मलेरिया दिवस और विश्व पेंगुइन दिवस को जागरूकता  दिवस के रूप में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के कक्षा  बारहवीं द के विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में छात्रा तनीज़ ने मलेरिया के कारणों , लक्षणों और उससे बचाव के उपायों पर अपने व्याख्यान के माध्यम से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को स्वस्थता अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं छात्रा रिया राठौर ने पर्यावरणीय महत्त्व, जलवायु परिवर्तन तथा प्रदूषण के कारण पेंगुइन के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरों के विषय में जानकारी दी। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत विद्यालय के कक्षा छ: के छात्रों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य नितिन चतुर्वेदी ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप लोग अपने घर में गन्दे पानी को न भरने दें, क्योंकि रुके हुए पानी में ही मलेरिया के मच्छर पनपते हैं। कूलर के पानी को भी बदलते रहें। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्णिमा अग्निहोत्री, डाॅ०अञ्जना चौहान, डाॅ० नैन्सी सहित कई शिक्षक - शिक्षिकाओं ने अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
इटावा बरेली हाई-वे पर ऑटो और ट्रक की टक्कर, एक मासूम सहित तीन की मौत, आधा दर्जन से अधिक घायल

फर्रुखाबाद l राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को  इटावा-बरेली हाईवे पर जमापुर मोड़ के निकट डीसीएम और सवारियों से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर लगने से तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सोमवार को दोपहर एक ऑटो फर्रुखाबाद से शाहजहांपुर की ओर जा रहा था और उसमें क्षमता से अधिक लोग बैठे हुए थे जैसे ही ऑटो जमापुर मोड़ के पास पहुंचा ही था, तभी सामने से आ रहे डीसीएम की आमने सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक दंपति सहित और 16 महीने के मासूम बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं l
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों एवं राहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना देने के बाद राहत कार्य शुरू हुआ l पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सीएचसी राजेपुर व लोहिया अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, पुलिस ने तत्काल क्रेन और लोडर की सहायता से सड़क पर घटना के बाद खड़े वाहनों को हटाकर जाम को खुलवाया बताते है कि कमालगंज क्षेत्र के हव्वापुर गांव निवासी रामकरन अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शाहजहांपुर जनपद के थाना अल्लापुर क्षेत्र में स्थित मनिहार गांव ऑटो में बैठ कर जा रहे थे। ऑटो गांव का दिलीप कुमार चला रहा था और ऑटो में रामकरन, उनकी पत्नी पुष्पा, उनका 16 माह का पुत्र युवराज, अंशू, उसकी पत्नी बिट्टा, चार साल राज, दिलीप, पवन, नन्हीं, रमेश चंद्र, सतेंद्र और उसकी पत्नी तनू सहित 13 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है जमापुर मोड़ पार कर रहे चालक ने ऑटो गलत दिशा में मोड़ दिया, तभी सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से सतेंद्र कुमार, उनकी पत्नी तनू और मासूम युवराज की मौत हो गई। घायलों का इलाज़ राजेपुर सीएचसी और लोहिया अस्पताल में किया जा रहा है, गंभीर रूप से घायल पुष्पा देवी व नन्हीं को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है