निर्माणाधीन विद्युत केंद्र का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, समय से पूर्ण करने के निर्देश
फर्रूखाबाद l  मोहम्मदाबाद क्षेत्र के उखरा स्थित निर्माणाधीन 400/220/132 केवी विद्युत पारेषण केंद्र का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर ने स्थलीय निरीक्षण किया गया। लगभग 926.77 रुपए करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति का जिलाधिकारी ने गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (पारेषण) ने अवगत कराया कि पारेषण केंद्र में 400 केवी की दो विद्युत लाइनें बदायूँ से तथा दो लाइनें उरई (जनपद जालौन) से जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2024 में प्रारंभ हुआ था, जिसमें 400 केवी का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि 220 केवी एवं 132 केवी स्तर के कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्य 31 मई 2026 तक पूर्ण कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
अधिकारियों द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद जनपद फर्रूखाबाद एवं कन्नौज को विद्युत आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा l साथ ही क्षेत्र में निर्बाध एवं सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए। उन्होंने सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लापरवाह पालिका के सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि वेतन रोकने के आदेश, केयरटेकर गौशाला में रखें रजिस्टर
फर्रूखाबाद l जनपद में गौशालाओं की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा रविवार को कान्हा गौशाला, सकबाई का औचक निरीक्षण किया l  निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि गौशाला में कुल 461 गौवंश पशुगणना रजिस्टर में दर्ज हैं। गौशाला में 15 केयर टेकर तैनात हैं, जिनमें से 11 मौके पर उपस्थित पाए गए, जबकि 04 केयर टेकर अवकाश पर थे। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, टैगिंग रजिस्टर, चिकित्सा रजिस्टर, निरीक्षण रजिस्टर एवं वैक्सीनेशन रजिस्टर मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही गौशाला में स्थापित सी0सी0टी0वी0 कैमरे भी सही प्रकार से कार्यरत नहीं मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के समय अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका अनुपस्थित पाए गए। इस गंभीर लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा अग्रिम आदेश तक वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
गौशाला में गौवंश के लिए पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत 02 समर (पानी की व्यवस्था हेतु उपकरण) उपलब्ध पाए गए, जबकि 02 पानी की टंकियां निर्माणाधीन स्थिति में मिलीं। मौके पर उपस्थित केयर टेकर द्वारा अवगत कराया गया कि गौवंश को प्रतिदिन दो समय भूसा उपलब्ध कराया जा रहा है तथा लगभग 40 कुंतल हरा चारा प्रतिदिन दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के सहायक अभियंता विशाल सिंह भी उपस्थित रहे, किंतु वे अपेक्षित सूचनाएं उपलब्ध कराने में असमर्थ पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए—
केयर टेकरों की ड्यूटी दिन एवं रात्रि शिफ्ट में व्यवस्थित रूप से लगाई जाए।
भूसा एवं दाने का पर्याप्त एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
गौवंश को प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध कराया जाए।
सभी आवश्यक रजिस्टर अद्यतन रखते हुए निरीक्षण के समय उपलब्ध कराए जाएं।
गौशाला परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पशुओं को छाया भी उपलब्ध हो सके।
सी0सी0टी0वी0 कैमरों को तत्काल ठीक कराकर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि गौशालाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से दुरुस्त करते हुए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
470 रिक्रूटमेंट आरक्षियों की दीक्षांत परेड संपन्न, मुख्य अतिथि ने कर्तव्य बोध की दिलाई शपथ

फर्रुखाबाद। रविवार को तेज धूप और गर्म हवाए भी चल रही थी ऐसे में पुलिस लाइन फतेहगढ़ में 470 रिक्रूटमेंट आरक्षियों की दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन किया गया l इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश अपराध के अपर पुलिस महानिदेशक एस.के. भगत विशेष रूप से उपस्थिति रहे जिन्होंने परेड की सलामी लेकर रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान
दीक्षांत परेड में कुल 470 रिक्रूट आरक्षियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें 12 टोलियों में विभाजित किया गया था। सभी टोलियों ने आकर्षक वर्दी और अनुशासित कदमताल के साथ शानदार प्रदर्शन किया। परेड के दौरान रिक्रूट्स का उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बन रहा था।
मुख्य अतिथि एस.के. भगत ने कहा कि प्रशिक्षण की कठोर तपस्या के बाद रिक्रूट आरक्षियों को अपने जीवन का एक नया सफ़र शुरू हो रहा है। उन्होंने सभी नव-नियुक्त आरक्षियों को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया, इससे अन्य प्रशिक्षुओं ने प्रेरणा ली। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी रिक्रूट आरक्षियों ने देश की सेवा और कानून व्यवस्था का पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस आयोजन के साथ ही प्रशिक्षण की यात्रा का समापन हुआ l साथ ही अपना कर्तव्य निभाने के लिए तैयार हो गए हैं।
गंगा नहाने गए युवक की  डूबने से मौत
फर्रुखाबाद l गंगा नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र का रहने वाला था l घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा छाया हुआ है l परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना क्षेत्र के मोहल्ला कटरा बक्शी निवासी 23 वर्षीय बिलाल पुत्र चांदमिया अपने दोस्त फिरोज, इरफान, ताजमिया और ताजमहल के साथ थाना क्षेत्र के पंखियों की मढ़ैया, कटरी धर्मपुर स्थित गंगा घाट पर नहाने गया था। बताते है कि बिलाल अचानक बिना बताए गंगा में कूद गया और गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। काफी देर तक बिलाल नजर नहीं आया तो दोस्तों में हड़कंप मच गया । शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। गांव के सलमान पुत्र मीर मोहम्मद और नौशाद पुत्र नींबू सहित अन्य लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है  परिजनों के आने के बाद ही कार्यवाही की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई होमगार्ड भर्ती परीक्षा, डीएम एसपी ने परीक्षा केदो का किया औचक निरीक्षण 
फर्रूखाबाद l होमगार्ड भर्ती परीक्षा के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी डॉक्टर अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ तथा दुर्गा नारायण पी0जी0 कॉलेज का भ्रमण किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए परीक्षा कक्षों, सी0सी0टी0वी0 कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम का जायजा लिया गया। सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा सी0सी0टी0वी0 कैमरे सुचारू रूप से संचालित पाए गए।
उपस्थिति के संदर्भ में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में निर्धारित 384 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 287 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, राजकीय इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में 384 के सापेक्ष 274 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा दुर्गा नारायण पी0जी0 कॉलेज में 384 के सापेक्ष 282 परीक्षार्थी उपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराया जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
समस्त परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होती पाई गई। प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
तहसील सदर में भ्रष्टाचार को लेकर अधिवक्ताओं में उबाल, भ्रष्टाचार न रुका तो कड़ा रुख अपनाएंगे,भविष्य की रणनीति पर हुआ विचार विमर्श
फर्रुखाबाद। तहसील सदर में
व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध अधिवक्ताओं में आक्रोश की चिंगारी सुलग रही है। शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता दया शंकर तिवारी के चैम्बर में वकीलों की अनौपचारिक बैठक में तहसील प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी गयी यदि भ्रष्टाचार पर लगाम न लगी तो वकील बेलगाम हो जाएंगे।
बैठक में वादों की सुनवाई न होना, सुनवाई के बाद महीनों आदेश पारित न होना, बाहरी व अनाधिकृत कर्मचारियों की न्यायालयों, कार्यालयों व पटलों पर अनियमिततापूर्वक कार्य करने पर रोष व्यक्त किया गया। अनुराग तिवारी एडवोकेट ने कहा कि अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी के चलते वादकारियों को सालों चक्कर लगाने पड़ते हैं। तारीख पर तारीख की परम्परा से वादीकारी व अधिवक्ता हलकान हैं, अब इन अनियमितताओं के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करना ही होगा। पंकज राजपूत एडवोकेट ने कहा कि नियम विरुद्ध व मनमानी ढंग से आदेश पारित कर दिया जाता है फिर उसमें वर्षों संशोधन नहीं होता, जिससे अधिवक्ता व वादकारी दोनों परेशान होते हैं। उन्होंने कहा काला कोट न्याय की लड़ाई के लिए पहना, लेकिन हम खुद अन्याय और भ्रष्टाचार सह रहे हैं। उन्होंने कहा कि तहसील बार एसोसिएशन निष्क्रिय है, जिसके कारण अधिकारी बेलगाम हैं और भ्रष्टाचार से तहसील कार्यालय की पहचान है, जो बेहद चिन्ता का विषय है।  वरिष्ठ अधिवक्ता दयाशंकर तिवारी ने कहा कि कायमगंज अधिवक्ता संघ द्वारा समर्थन मांगा गया है, उनकी मांगों का जल्द निर्णय लेंगे। इस मौके पर अधिवक्ता दयाशंकर तिवारी, अनुराग तिवारी, प्रवीन सक्सेना, अजय प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह, पंकज राजपूत, महेन्द्र प्रताप सिंह, रमेश यादव, रवनेश यादव, मंजेश कटियार, जनार्दन राजपूत, राजीव चौहान, प्रदीप सक्सेना, प्रघुम्न कुमार गुप्ता, प्रकाश द्विवेदी, जितेन्द्र सक्सेना, मुन्ना यादव, गोविन्द अवस्थी, सन्तोष सक्सेना, दिलीप सक्सेना, योगेश दीक्षित (सभी एडवोकेट) सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

इनसेट में
दो अधिवक्ताओं के मिटे मतभेद व मनभेद
फर्रुखाबाद। लम्बे समय से दो पालों में नजर आने वाले अधिवक्ता रवनेश चन्द्र यादव व जनार्दन राजपूत के मतभेद और मनभेद वरिष्ठ अधिवक्ता दयाशंकर तिवारी ने दूर कर दिये। दर्जनों अधिवक्ताओं के बीच दोनों को मिठाई खिलाई गई और दोनों अधिवक्ता गले मिले। इस ‘राम-भरत’ मिलाप कर वकीलों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
अतिथि देवो भव की भावना से परीक्षार्थियों को वाहन में बिठाकर उन्हें परीक्षा केंद्र पर छोड़े, वाहन को ओवरलोड ना करें एआरटीओ
फर्रूखाबाद l उ0प्र0 होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेन्ट-2025 की प्रस्तावित लिखित परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज एआरटीओ कार्यालय में ऑटो/टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में लगभग 7000 परीक्षार्थियों के सम्मिलित होने की संभावना है। परीक्षा में अन्य जनपदों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं परीक्षार्थियों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) कृष्ण कुमार यादव द्वारा सभी चालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि परीक्षार्थियों से किसी भी स्थिति में निर्धारित दरों से अधिक किराया न वसूला जाए। उन्होंने कहा कि अन्य जनपदों से आने वाले परीक्षार्थी जनपद के अतिथि हैं, अतः उनके साथ “अतिथि देवो भवः” की भावना के अनुरूप विनम्र, शिष्ट एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए। किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों में निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही सवारियां बैठाएं तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करें। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने तथा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न न करने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी बताया गया कि प्रवर्तन टीमों द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी तथा उल्लंघन की स्थिति में विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित चालकों को परीक्षा तिथियों के दौरान प्रमुख परीक्षा केंद्रों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन के आसपास विशेष सतर्कता बरतने, यातायात सुचारु बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुँचाने में सहयोग करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस मौके पर लगभग 42 ऑटो/टैम्पो एवं ई-रिक्शा चालक उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन द्वारा सभी चालकों से अपेक्षा की गई कि वे अनुशासन, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, जिससे परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराया जा सके।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश, डी एल निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएं
फर्रूखाबाद l जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई l इस दौरान नये ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने एवं डी0एल0 निरस्तीकरण करने के निर्देश दिए गए l
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर के निर्देश पर शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा कर प्रभावी नियंत्रण हेतु ठोस कार्ययोजना बनाना रहा।
बैठक में यातायात कार्यालय द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि माह मार्च 2026 तक जनपद में कुल 127 सड़क दुर्घटनाएं घटित हुईं, जिनमें 89 व्यक्तियों की मृत्यु हुई।
इस दौरान दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अध्यक्ष महोदय ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिये।
अध्यक्ष द्वारा वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 के दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए नये ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने हेतु पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही—जैसे संकेतक चिन्हों की स्थापना, सड़क मरम्मत, स्पीड ब्रेकर एवं प्रकाश व्यवस्था—सुनिश्चित कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जाए।
सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि एवं उच्च मृत्यु दर को दृष्टिगत रखते हुए अध्यक्ष ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में दोषी पाए जाने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस (डी0एल0) निरस्त किये जाएं। इस क्रम में परिवहन विभाग द्वारा एक वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किये जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री ऐश्वर्या उपाध्याय, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेन्द्र पाल सिंह, अधिशासी अभियन्ता (प्रा0ख0/नि0ख0) लोक निर्माण विभाग मुरलीधर एवं अशोक कुमार, एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत, एसीएमओ डॉ0 सर्वेश कुमार यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार, सहायक अभियन्ता सेतु निगम वी0पी0 चतुर्वेदी, परियोजना प्रबंधक सेतु निगम राजेन्द्र सिंह, एआरएम राजेश कुमार, टीएसआई सतेन्द्र कुमार, रोल आउट मैनेजर दीपक कुमार, आलोक बिहारी लाल, मुकेश गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
गणना का कार्य 22 मई से शुरू होगा, 30 दिन तक चलेगा
फर्रूखाबाद l
जनपद में भारत की प्रस्तावित जनगणना-2027 का कार्य वर्तमान में युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। यह जनगणना दो चरणों में संपन्न कराई जानी प्रस्तावित है। प्रथम चरण के अंतर्गत मकानों की सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 (30 दिवस) तक किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या एवं जाति गणना का कार्य संपादित किया जाएगा।
जनपद में जनगणना-2027 का कार्य नवागंतुक जिलाधिकारी/प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी डा० अंकुर लाठर एवं अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) के कुशल निर्देशन में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 19 अप्रैल 2026 से प्रारम्भ किया गया है। प्रत्येक प्रगणक एवं सुपरवाइजर को 03 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जो जनपद स्तर पर प्रशिक्षित कुल 64 फील्ड ट्रेनरों द्वारा संपन्न कराया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रत्येक दशा में समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनपद में जनगणना-2027 हेतु कुल 4468 प्रगणक एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इन कार्मिकों को प्रथम चरण हेतु ₹9000/- तथा द्वितीय चरण हेतु ₹16000/- का मानदेय प्रदान किया जाएगा। इस प्रकार जनगणना कार्य पूर्ण होने पर प्रत्येक प्रगणक/सुपरवाइजर को कुल ₹25000/- मानदेय देय होगा।
अब तक कुल 2317 प्रगणक एवं सुपरवाइजर को जनपद स्तर पर चयनित 13 प्रशिक्षण स्थलों पर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। इनमें मेजर एस०डी० सिंह यूनिवर्सिटी जनपद का सबसे बड़ा प्रशिक्षण केंद्र है, जहाँ प्रतिदिन लगभग 400 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दिनांक 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत इन तिथियों में प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थगित रखा गया है। शेष बचे 2151 कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु दिनांक 28 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक प्रशिक्षण प्रस्तावित किया गया है।
महिला की संग्दिध मौत पुलिस क्षेत्राधिकारी  मौके पर पहुंचे
फर्रुखाबाद l थाना जहानगंज के गांव विरियानगला में महिला की संग्दिध मौत होने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद मौके पर पहुंच गए l
रामाधार वर्मा निवासी मुडरामऊ थाना पाली हरदोई ने लगभग 18 साल पहले अपनी पुत्री सहेली की शादी विरियानगला थाना जहानगंज निवासी जितेन्द्र पुत्र रघुवीर के साथ की थी , लड़की के पिता रामाधार वर्मा व गांव वालों ने बताया कि पति जितेन्द्र हमेशा लड़ाई-झगड़ा शराब पीकर मार पीट करता रहता था,जिसको लेकर संदिग्ध परिस्थितियों में सहेली की मौत हुई है ।  पुलिस क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद, थानाध्यक्ष जहानगंज, क्षेत्रीय राजपूताना पुलिस चौकी इंचार्ज उदय सिंह व फोरेसिंक टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया है l