हमसफर व प्रयागराज एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेनें दिल्ली के निकट दादरी तक दौड़ेगी, सफर होगा और आसान
![]()
![]()
विश्वनाथ प्रताप सिंह
प्रयागराज, अगर आप भी प्रयागराज से दिल्ली के बीच यात्रा करने की योजना बना रहे हैं और 'रिग्रेट' के कारण कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से परेशान हैं, तो यह खबर आपके लिए राहत भरी है। उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। अब प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस की क्लोन ट्रेनें नई दिल्ली की जगह दादरी तक चलेंगी, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी ट्रैफिक रहता है
आमतौर पर क्लोन ट्रेनों को मुख्य स्टेशनों तक ले जाने में भारी ट्रैफिक और प्लेटफार्म की उपलब्धता को लेकर तकनीकी चुनौतियां आती हैं। इस कारण इनका संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर क्लोन ट्रेन चलाना बहुत जटिल हो गया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भारी ट्रैफिक रहता है।
नई दिल्ली की जगह दादरी तक क्यों?
ऐसे में प्रयागराज और हमसफर के पहुंचने के बाद प्लेटफार्म दे पाना मुश्किल हो रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर मध्य रेलवे ने नया प्लान तैयार किया है। प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाला दादरी स्टेशन अब इन क्लोन ट्रेनों का नया गंतव्य होगा। चूँकि दादरी प्रयागराज मंडल का ही हिस्सा है, इसलिए इसके संचालन के लिए अन्य रेलवे मंडलों की अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे ट्रेन का परिचालन और अधिक सुगम हो जाएगा।
किसे मिलेगा फायदा?
इस बदलाव का सीधा फायदा उन यात्रियों को होगा जो गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर जाना चाहते हैं। जो यात्री दादरी से आगे नई दिल्ली जाना चाहते हैं, उन्हें वहां से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्थानीय प्रबंध करना होगा, लेकिन एनसीआर क्षेत्र में जाने वालों के लिए यह एक बड़ी सुविधा साबित होगी।
'रिग्रेट' की समस्या का समाधान
वर्तमान में ट्रेनों में सीटों की भारी मांग है। रेलवे की नई नीति के अनुसार, अब आरक्षित कोचों में कुल बर्थ के सापेक्ष केवल 25 प्रतिशत ही वेटिंग लिस्ट जारी की जा रही है, जिससे 'रिग्रेट' की स्थिति जल्दी आ जाती है। यानी, जब ट्रेन में कोई भी सीट या वेटिंग उपलब्ध नहीं होती, तो रेलवे इसे आधार मानकर क्लोन ट्रेन चलाने का निर्णय लेगा।
प्रयागराज से क्लोन एक्सप्रेस का शेड्यूल
शेड्यूलिंग : अगर किसी रूट पर लगातार रिग्रेट की स्थिति बनी हुई है, तो प्रयागराज से क्लोन एक्सप्रेस को एक दिन, तीन दिन या प्रतिदिन के लिए शेड्यूल किया जा सकेगा।
टिकट बुकिंग : क्लोन ट्रेनों के नंबर के आगे 'जीरो' लगा होगा। इनका शेड्यूल और समय सारिणी आइआरसीटीसी और पीआरएस काउंटरों पर उपलब्ध होगी, जहां से यात्री टिकट आरक्षित करा सकेंगे।
चार्टिंग में बदलाव : जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय सुबह 05:01 बजे से दोपहर 2:00 बजे के बीच है, उनका पहला रिजर्वेशन चार्ट आमतौर पर एक दिन पहले रात 8:00 बजे तक तैयार कर लिया जाता है। वहीं, जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय दोपहर 2:01 बजे से रात 11:59 बजे के बीच या फिर रात 12:00 बजे से सुबह पांच बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट प्रस्थान समय से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जा रहा है। इन नियमों के कारण अब क्लोन को चलाना आसान होगा।
यात्रियों का आसान होगा सफर
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह के अनुसार, यदि किसी मुख्य ट्रेन में लगातार रिग्रेट मिल रहा है, तो यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्लोन एक्सप्रेस को तुरंत ट्रैक पर उतारा जाएगा। ये ट्रेनें मुख्य ट्रेन के आगे या पीछे चलेंगी और स्टेशनों पर इनका ठहराव भी नियमित ट्रेन की तरह ही होगा। इस नई व्यवस्था के बाद, उम्मीद है कि प्रयागराज से दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को 'नो सीट' की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी।



विश्वनाथ प्रताप सिंह
1 hour and 34 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1