एडीओ कृषि समेंद्र सिंह के विरुद्ध गाली गलौज का मुकदमा दर्ज,छपिया ब्लॉक से हटाए गए
*बीडीओ व कर्मचारियों को गाली देने का आडियो वायरल

गोंडा।जिले के छपिया विकास खंड में तैनात सहायक विकास अधिकारी कृषि समेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।उन पर ग्राम प्रधान से बातचीत के दौरान बीडीओ और अन्य ब्लॉक कर्मचारियों को गाली देने का आरोप है।वायरल आडियो में समेंद्र सिंह ने छपिया ब्लॉक के बीडीओ मानूलाल यादव और अन्य कर्मचारियों पर अपात्रों को आवास दिलाने के लिए वसूली करने का आरोप लगाया।आडियो में उन्होंने विकास खंड स्थापना बाबू,उर्दू अनुवादक जैद और आवास कंप्यूटर आपरेटर राम प्रकाश का नाम लेते हुए कहा कि यह कर्मचारी रद्द किए गए आवेदनों को दोबारा स्वीकृत करने का दबाव बना रहे थे।भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो यह आडियो 27 दिसंबर 2025 का है।एडीओ कृषि ने ग्राम प्रधान ढढौवा राम तौल वर्मा को फोन किया था और बातचीत के दौरान कथित रूप से गाली गलौज किया।वायरल आडियो में उन्होंने पैरोल के लिए देवीपाटन मंडल के आयुक्त और विभागीय मंत्री से भी बातचीत का जिक्र किया।सोशल मीडिया पर आडियो वायरल होने के पश्चात खंड विकास अधिकारी छपिया मोनूलाल यादव ने छपिया थाने में तहरीर दिया।जिसके आधार पर छवि धूमिल करने और गाली गलौज करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए समेंद्र सिंह को छपिया विकास खंड से हटा दिया है।मामले में छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल आडियो व अन्य साक्ष्य खंड विकास अधिकारी छपिया से मांगे गए हैं।साक्ष्य मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशासी अभियंता मुख्यालय से किए गए संबद्ध
*शिकायतकर्ता को गाली गलौज कर धमकाने का मामला

गोंडा।जिले के लोक निर्माण विभाग खंड 2 के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार त्रिपाठी को उनके पद से हटा दिया गया है।उन्हें तत्काल प्रभाव से लोक निर्माण विभाग के लखनऊ स्थित मुख्यालय से सबद्ध किया गया है।यह कार्यवाही शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले उनके एक वायरल वीडियो के बाद हुई है।बताते चलें कि 27 फरवरी को सभी समाचार पत्रों व पोर्टल में प्रकाशित खबर के अनुसार 26 फरवरी को अधिशासी अभियंता विनोद कुमार त्रिपाठी का एक वीडियो वायरल हुआ था।इसमें वह शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी को लाठी से मारने की धमकी देते और अभद्र शब्दों का प्रयोग करते हुए दिखाई दे रहे थे।शिकायतकर्ता राहुल गोस्वामी ने 26 फरवरी को शिकायत दर्ज कराया था कि उनके खेत की पास के सड़क को दो मीटर के स्थान पर चार मीटर तक बढ़ा दिया गया है,जबकि अन्य स्थानों पर मात्र दो मीटर ही बढ़ाया गया था।इसी शिकायत की जांच के लिए विनोद कुमार त्रिपाठी मौके पर गए थे।वीडियो सामने आने के बाद शासन ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को मामले की जांच का आदेश दिया था।जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी करनैलगंज नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर जांच कराई और रिपोर्ट शासन को भेज दिया।इसी रिपोर्ट के आधार पर विनोद कुमार त्रिपाठी को गोंडा से हटाकर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।उन्हें अभी किसी खंड में तैनात नहीं किया गया है।गोंडा से हटाए जाने के पश्चात विनोद कुमार त्रिपाठी ने कहा कि हम लोग सरकार के कर्मचारी हैं,सरकार हमलोगों का स्थानांतरण करती रहती है इसमें हमको कोई दिक्कत नहीं है।
गोण्डा पुलिस की समीक्षा गोष्ठी: लंबित अभियोगों का निस्तारण और अपराधियों पर कड़ा नियंत्रण

गोण्डा। पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में लंबित अभियोगों की विवेचना, जांच प्रार्थना पत्रों की स्थिति, प्रारंभिक जांच और पेशेवर अपराधियों पर कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य निर्देश और समीक्षा

लंबित विवेचनाओं, विशेषकर अनवारित अभियोगों को जल्द निस्तारित करने के निर्देश।
इनामी और जिलाबदर अभियुक्तों की जानकारी ली गई और गैंगस्टर प्रकरणों में धारा 14(1) के तहत संपत्ति जब्ती की समीक्षा की गई।
पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर अधिक से अधिक गैंग रजिस्ट्रेशन हेतु निर्देश।
"ऑपरेशन कनविक्शन" के अंतर्गत चिन्हित वाद/मुकदमों की समीक्षा और नए मुकदमों की पहचान।
वाहन चोरी/नकबजनी के हॉटस्पॉट की पहचान कर रात्रि गश्त प्रभावी बनाने, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों पर बैरियर लगवाने का निर्देश।
पीड़ितों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण और सहानुभूतिपूर्ण सुनवाई सुनिश्चित करने हेतु सभी अधिकारियों को निर्देश।
धारा 107 BNSS के अंतर्गत अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश।
यक्ष ऐप का उपयोग अधिक से अधिक अभियोगों में करने और बीट क्षेत्र की गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों व जनसमस्याओं का डिजिटल रिकॉर्ड रखने हेतु निर्देश।

गोण्डा पुलिस की उपलब्धियाँ (01 जनवरी 2026 – 28 फरवरी 2026):

गैंगस्टर एक्ट के तहत 20 अभियुक्तों के विरुद्ध 05 अभियोग पंजीकृत।
धारा 14(1) के तहत ₹52,44,689/- की संपत्ति जब्त।
25 अभियुक्तों पर गुण्डा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्यवाही।
"ऑपरेशन कनविक्शन" के तहत 82 अभियोगों में 142 अभियुक्तों को सजा:
03 अपराधियों को आजीवन कारावास
03 को 10 वर्ष से अधिक कारावास
07 को 5 वर्ष से अधिक कारावास
129 को 5 वर्ष से कम / अर्थदंड

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी  मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय और समस्त क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य संदेश: गोण्डा पुलिस अपराधियों की आर्थिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कर रही है।
सिर पर वार करने से हुई शीला की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
*4 जगह मिले चोट के निशान, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में पांच दिन से गायब 25 वर्षीय शीला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।देहात कोतवाली पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम की आज आई रिपोर्ट में शीला की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार,मृतका शीला की शरीर पर चार जगह चोट के निशान मिले हैं इनमें सबसे गंभीर चोट सिर पर थी और सिर पर वार करके शीला की हत्या की गई थी।हत्यारों ने शव को ठिकाने लगाने से पहले उसके हाथ रस्सी से बांध दिए थे और उसका ही दुपट्टा उस पर डालकर गन्ने के खेत में शव को छोड़ करके फरार हो गये थे।सिर पर वार से हत्या की पुष्टि होने के बाद देहात कोतवाली पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर  पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दिया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है,जिसके बाद गोंडा जिले की पुलिस ने राहत की सांस लिया है।बताते चलें कि परिजनों ने पहले ही प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त किया था,इसके साथ ही पुलिस अब अन्य कई बिंदुओं पर भी विस्तार से जांच कर रही है।बताया गया था कि शीला 29 मार्च को दोपहर से ही बिना बताए घर से गायब थी।देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन किया था और 30 मार्च को परिजनों ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।प्रकरण में देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है।रिपोर्ट में सिर व शरीर के अन्य स्थानों पर चार जगह चोट के निशान मिले हैं।सिर में अधिक चोट लगने के कारण शाक से शीला की मौत हुई है।हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक की हार्ट अटैक से मौत, टहलते समय आया हार्ट अटैक,सड़क पर गिरे
*2015 में सिपाही से बने थे उपनिरीक्षक

गोंडा।जिले के धानेपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव (48) का शुक्रवार को देवरिया स्थित उनके पैतृक घर पर हार्ट अटैक से निधन हो गया है।वह एक अप्रैल को पांच दिन की छुट्टी लेकर अपने घर करमुआ थाना भाटपार रानी,देवरिया गये हुए थे।शुक्रवार सुबह वह अपने घर पर टहल रहे थे कि तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे सड़क पर गिर गए।परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार,देवरिया ले गए जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सत्येंद्र कुमार यादव का अभी हाल ही में कटरा बाजार थाने से धानेपुर थाने में तबादला हुआ था और वे 2015 बैच के उपनिरीक्षक थे।इससे पहले उन्होंने सिपाही के रूप में अपनी सेवा दिया था और अपनी मेहनत से पदोन्नति प्राप्त किया था।सत्येंद्र कुमार यादव के निधन की सूचना मिलते ही धानेपुर थाने में शोक का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही धानेपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने सभी पुलिसकर्मियों के साथ शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया है तथा उन्होंने मृतक उपनिरीक्षक के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।थानाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव ने सत्येंद्र कुमार यादव को एक मेहनती और अच्छे व्यक्ति के रूप में याद किया।उन्होंने कहा कि हमने अपने साथी सत्येंद्र कुमार यादव को श्रद्धांजलि दिया है।हमारे पूरे थाने की पुलिस फोर्स मृतक उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार यादव के परिजनों के साथ खड़ी है।उन्होंने कहा कि हम लोगों को नहीं पता था कि छुट्टी लेकर घर के काम से जाएंगे और हार्ट अटैक से उनकी मौत हो जाएगी।उनको कोई बीमारी भी नहीं थी,स्वस्थ थे।उनको थाने में कभी भी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हुई है।
दो बच्चों के साथ नदी में कूदी महिला, मासूम की मौत ग्रामीणों ने मां बेटे को बचाया
*पति से झगड़े के बाद उठाया कदम

गोंडा।जिले के खोंड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित बैजपुर गांव में एक महिला ने आत्मघाती कदम उठाते हुए डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची को नदी में फेंक 4 वर्षीय बच्ची को गोद में लेकर कुआनों नदी में छलांग दिया।इस घटना में डेढ़ वर्षीय बच्ची की नदी में डूबने से मौत हो गई है।स्थानीय लोगों ने महिला व उसके 4 वर्षीय बेटे को बचा लिया है और खोंड़ारे थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,सोनम (30) का अपने पति मदनलाल पारिवारिक विवाद हुआ था।

विवाद के बाद देर रात सोनम अपने दो बच्चों क्रमश: डेढ़ वर्षीय अंशी और चार वर्षीय आयुष के साथ राजघाट पुल पहुंच गई।वहाँ उसने पहले बच्ची अंशी को नदी में फेंका उसके बाद बेटे आयुष को गोद में लेकर खुद छलांग लगा दिया।उसी समय वहाँ से गुजर रहे दो राहगीरों ने यह देखा और तत्काल नदी में कूदकर महिला व उसके बेटे को बचाया।बचाई गई सोनम और आयुष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहाँ से उन्हें जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया है।दोनों का इलाज जारी है।हालांकि, डेढ़ वर्षीय बच्ची अंशी पानी के तेज बहाव में बह गई थी।शुक्रवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग ढाई किलोमीटर दूर खोंड़ारे पुलिस ने बरामद किया।

खोंड़ारे पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अब जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती सोनम से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने किन घरेलू विवादों के कारण इतना बड़ा कदम उठाया।मामले में खोंड़ारे थानाध्यक्ष कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि महिला ने घरेलू विवाद के कारण राजघाट पुल से कुआनों नदी में छलांग लगाई थी।स्थानीय लोगों ने महिला व उसके बेटे को बचा लिया,जिनका इलाज चल रहा है।बच्ची का शव लगभग तीन किलोमीटर दूर खलगवां के पास मिला है।पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

5 बच्चों की कसम खाने के बाद भी भागी मां,5 दिन से नहीं चला पता
*पति ने मोबाइल फोन मिलने पर पीटा था

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्वा मलारी गांव की रहने वाली पांच बच्चों की माँ गीता देवी (40) के अपने 27 वर्षीय प्रेमी के साथ फरार होने के मामले में अब एक नई कहानी सामने आई है।6 माह पहले जब पति ने अपनी पत्नी के पास दो मोबाइल फोन मिलने पर पिटाई किया था,तब पत्नी ने अपने पति और पांचों बच्चों की कसम खाई थी कि दोबारा उसके द्वारा इस तरीके की कोई गलती करके उससे बात नहीं करेगी।

इतना ही नहीं पति रामराज ने अपनी पत्नी की इन  हरकतों को सुधारने के लिए उसे उसके मायके भेज दिया था।वहाँ पर वह अपने पति और घर वालो के साथ जा करके मां काली जी के स्थान पर हाथ रख करके कसम भी खाया था।परन्तु उसके बावजूद भी 29 मार्च की रात अपने मायके से प्रेमी के साथ फरार हो गई और 5 दिन से लगातार फरार चल रही है।जिससे घर पर मौजूद चार बच्चे पूरी तरह से परेशान हैं।वह मोतीगंज थाना क्षेत्र के सोहांस गांव स्थित अपने मायके गीता देवी अपने पांच बच्चों में से चार को  घर पर छोड़कर अपने दो साल के बच्चे को साथ ले गई है।

पांच दिन से लापता गीता देवी के पति रामराज अत्यधिक परेशान है।उसने पुलिस प्रशासन से अपनी पत्नी और दो साल के बच्चे की बरामदगी के लिए गुहार लगाया है।रामराज विशेष रूप से अपने छोटे बच्चे को वापस पाने की मांग कर रहे हैं।घर पर छूटे चार बच्चे भी अपनी माँ गीता को लेकर परेशान हैं और ठीक से खाना नहीं खा पा रहे हैं।पति रामराज को तह भी चिंता है कि कहीं गीता देवी दोबारा आकर उनकी संपत्ति में हिस्सा न मांगे।

पति रामराज ने कहा है कि वह जहां भी है वहीं रहे,लेकिन संपत्ति में हिस्सा न मांगे और उनके दो साल के बच्चे को वापस कर दे।रामराज ने कहा कि यदि उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रहना चाहती है तो न रहे,लेकिन उनके बच्चे और जो जेवरात पहन कर गई है,उन्हें वापस कर दे।
ग्राम प्रधान से पीड़ित परिवार की नहीं हो रही सुनवाई


गोंडा(करनैलगंज)। मामला थाना करनैलगंज अन्तर्गत पुलिस चौकी भंभुआ अंतर्गत ग्राम बुढ़वलिया के मजरा महिपत गंज से जुड़ा है। जहाँ के निवासी छन्नू पुत्र नसीम ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज को एक शिकायती पत्र दिया है जिसमें आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान बुढ़वलिया मैनुद्दीन ने अपने चार पहिया वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए मेरे घर के सामने बँधी बकरी और उसके बच्चे को कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। जबकि इससे पहले भी इस तरह की घटना प्रधान द्वारा की जा चुकी है। जिससे पीड़ित का आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस संबंध में पीड़ित ने कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया प्रन्तु विपक्षी प्रधान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मामले को दबवा दिया। अब प्रधान द्वारा आये दिन गाली गलौज व धमकी दी जा रही है जिससे पीड़ित को अनहोनी की आशंका सता रही है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है जाँच कर कार्रवाई की जाएगी।
पांच दिन से लापता युवती की खेत में मिली लाश,प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

*खुलासे को लगी 4 टीमें

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भीटी भटवल गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पिछले 5 दिन से लापता 25 वर्षीय युवती का शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला।शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा था और उस फर लाल कपड़ा डाला गया था।उक्त घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी।गन्ने की कटाई कर रहे एक युवक ने खेत में लाल कपड़े से ढकी हुई कोई चीज देखी और पास जाकर देखा तो युवती की लाश पड़ी मिली,इसके बाद उसने मृतका शीला के पिता अशोक कुमार को इसकी सूचना दिया।सूचना मिलते ही मृतका के पिता अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और मृतका की पहचान अपनी बेटी शीला के रूप में किया तथा देहात कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दिया।पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना व घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा डाग स्क्वायड व फोरेंसिक ने भी मौके पर जांच कर साक्ष्य एकत्रित किया।परिजनों के अनुसार, शीला 29 मार्च को दोपहर लगभग 12 बजे घर में बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई थी और इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 30 मार्च को परिजनों ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराया था,तो पुलिस ने उसी दिन संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया था।गुमशुदगी के 5 दिन बाद उसका शव मिलने से मामला हत्या की आशंका की तरफ मुड़ गया है।परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।उनका कहना है कि शीला की एक युवक के साथ बातचीत होती थी।इसी बिन्दु को आधार बनाकर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है।पुलिस अब युवती की काल डिटेल,मोबाइल नंबर और उसके संपर्क में रहने वालों की कुंडली खंगाल रही है।शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने माना जा रहा है,हालांकि पुलिस ने अभी अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं किया है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के सालपुर चौकी अंतर्गत भटवल गांव में गन्ने के खेत में युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी,इसके बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दिया है।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए एसओजी,सर्विलांस और देहात कोतवाली पुलिस समेत कुल 4 टीमों का गठन किया गया है तथा सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक के अनुसार युवती के पिता ने पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।आब शव मिलने के पश्चात सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और खुलासे के लिए 4 पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
ऑपरेशन कन्विक्शन’ में दहेज हत्या के 4 आरोपियों को 10-10 साल कैद, 30,000-30,000 रुपये अर्थदण्ड की सजा

गोण्डा । जिले में पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के तहत दहेज हत्या के मामले में चार दोषी अभियुक्तों को आज दिनांक 02.04.2026 को न्यायालय द्वारा 10-10 वर्ष की सजा और 30,000-30,000 रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया गया।

घटना का संक्षिप्त विवरण

वादी श्री कौशल कुमार सिंह ने थाना धानेपुर को सूचना दी कि लगभग 2 वर्ष पूर्व उनकी पुत्री कोमल की शादी हरिकेश सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही कोमल को उसके पति और ससुराल वालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 12.03.2024 को सूचना मिली कि कोमल घर नहीं लौटी। जांच में पता चला कि दहेज की मांग को लेकर उसे ससुराल वालों ने मार दिया। इस संबंध में थाना परसपुर में मु0अ0सं0-88/2024, धारा 498ए, 304बी भादवि व ¾ डी0पी0 एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

दोषसिद्धि एवं अभियोग

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश और गोण्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। माननीय न्यायालय/पीठासीन अधिकारी श्री राजेश कुमार (तृतीय) महोदय द्वारा थाना परसपुर पुलिस, मॉनिटरिंग सेल, अभियोजक और कोर्ट स्टाफ की प्रभावी पैरवी के फलस्वरूप दोषी अभियुक्तों को दोषी ठहराया गया।

दोषी अभियुक्त

हरिकेश सिंह पुत्र पवन कुमार सिंह
रामकेवल पुत्र सिद्धमान
पवन कुमार सिंह पुत्र रामकेवल
रीता सिंह पत्नी पवन कुमार सिंह
सभी निवासी ग्राम रामपाल पुरवा, बहुवन मदार माझा, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा

अभियोग:
मु0अ0सं0-88/2024, धारा 498ए, 304बी भादवि व ¾ डी0पी0 एक्ट, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा

इस कार्रवाई से ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ की गंभीरता और अपराधों के खिलाफ तेजी से न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता उजागर हुई।