गांव के अंदर बने तालाबों का मिटता अस्तित्व लेखपाल कानून  समेत सभी राजस्व अधिकारी बेखबर
 
विश्वनाथ प्रताप सिंह


तालाब खत्म होने पर आने वाला संकट भयानक सरकार बनी लापरवाह

प्रयागराज। मामला जनपद प्रयागराज बारा तहसील अंतर्गत आने वाले कई गांवों  का है जहां पर सरकार सुरक्षा के दृष्टि से गांव के अंदर तालाब खलिहान की जमीन आबादी नाली चक मार्ग जैसे कई सरकारी संपत्ति गांव के लोगों की सुविधाओं के लिए छोड़ रखे हैं लेकिन बढ़ती आबादी और लोगों की हवस ने इन सब को निगलना शुरू कर दिया है हम आपको ग्राम सभा नौडिया तरहार  गांव के अंदर बने नंनुही  तालाब को दिखा रहे हैं जो कि लगभग जितना दिख रहा है उसे दो गुना बड़ा था लेकिन लोग उसे पाट कर कब्जा करने में आए तो आधा सीमट कर रह गया दिन ब दिन इस तालाब का अस्तित्व मिटता जा रहा है लेकिन राजस्व विभाग अधिकारी इस पर लापरवाह बने हुए जो कि समाज के लिए चिंता का विषय है अगर ऐसे ही होता रहा तो आने वाले समय में घरों  से निकलने वाला पानी कहां जाएगा लोगों के लिए मारामारी की समस्या बनेगी जो की चिंता का विषय है
नवरात्रि के चौथे दिन सरस्वती परिवार द्वारा देवरख गांव स्थित प्रभु जी की बैठक मंदिर में चली स्वच्छता की बयार

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।  सरस्वती सामाजिक सेवा संस्थान अरैल  नैनी प्रयागराज द्वारा  देवरख स्थित प्रभु जी की बैठक मंदिर में  कार्यक्रम अधिकारी विकास मिश्रा के नेतृत्व में*चलाया गया स्वच्छता अभियान। उन्होंने कहा कि ऐसे मंदिरों में साफ सफाई रखना सभी का कर्तव्य है।

  मंदिर महन्त पप्पू शुक्ल जी को संस्थान सरस्वती परिवार द्वारा सम्मानित किया गया एवं महंत जी द्वारा प्रोफेसर आशीष शुक्ला जी को सम्मानित किया गया।

प्रोफेसर आशीष शुक्ला ने कहा कि मंदिर में प्रवेश करने मात्र से ही सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होने लगता है, इसलिए आस्था के ऐसे पवित्र स्थानों को स्वच्छ रखना हम सभी का दायित्व है।

वरिष्ठ समाजसेवी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि सरस्वती परिवार द्वारा विगत कई वर्षों से तीर्थस्थलों एवं गंगा तटों पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिससे लोग धीरे-धीरे स्वच्छता के प्रति जागरूक भी हो रहें हैं। सभी को ऐसे पवित्र मुहिम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

स्वच्छता कार्यक्रम में सर्व श्री
कुंवर जी तिवारी, मनीष पाण्डेय, धीरज यादव, सहदेव चौरसिया,ऋषि दीक्षित, एड.आत्म प्रकाश यादव, विनोद गुरानी, ओमप्रकाश श्रीवास्तव,इंदु सिंह, नीरज पांडेय ,प्रियांशु उपाध्याय, शशिकांत पांडेय, दीपक दीक्षित, कार्तिकेय तिवारी, तुलसी तिवारी* आदि उपस्थित रहे।
फाफामऊ थाना क्षेत्र अतर्गत चादपुर गाँव में भरभराकर कोल्ड स्टोर ढहा

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज में अमोनिया गैस रिसाव से सपा के पूर्व MLA का कोल्ड स्टोरेज ढहा, कई मजदूर दबे

प्रयागराज के चंदापुर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव के बाद भवन धराशायी हो गया, जिससे कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। हादसे के बाद मलाक हरहर इलाके में हाईवे पर आवागमन रोक दिया गया है।

मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं, जबकि फाफामऊ समेत आसपास के थानों की फोर्स भी तैनात है। अब तक कई मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कोल्ड स्टोरेज पूर्व विधायक अंसार अहमद का है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

प्रयागराज में भीषण हादसा: अमोनिया टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज ढहा, आठ मजदूरों की मौत

प्रयागराज । फाफामऊ क्षेत्र के चंदापुर में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस टैंक फटने से पूरी इमारत धराशायी हो गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कई मजदूरों को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में लगभग 8 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 6 से अधिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मजदूर सहरसा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

तेजी से चला राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमों ने मोर्चा संभालते हुए मलबे में दबे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया। दर्जन भर से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है।

अमोनिया गैस के रिसाव के कारण बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

हाईवे पर यातायात बाधित

हादसे के बाद मलाक हरहर इलाके में हाईवे पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।

प्रशासन मौके पर, जांच शुरू

जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। यह कोल्ड स्टोरेज सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने उनके परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इलाके में दहशत का माहौल

तेज धमाके और गैस रिसाव के कारण आसपास के लोग सहम गए। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

गैस बुकिंग पर आया एक और अपडेट, कोटे से अधिक सिलिंडर के लिए देनी होगी ये जानकारी; क्या है नया नियम

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच नया अपडेट आया है। भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक नई प्रक्रिया शुरू की है। अब कोटे से अतिरिक्त सिलिंडर चाहिए होंगे तो प्रयोजन बताना होगा। घर में शादी है या भंडारा, परिवार के सदस्यों और आने वाले मेहमानों की भी जानकारी देनी होगी।

एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत के बीच भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक नई प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन उपभोक्ताओं ने सालाना कोटे के 12 सिलिंडर रिफिल करा लिए हैं, उन्हें नई बुकिंग के लिए हेलो बीपीसीएल एप पर जाकर सवालों के जवाब देने होंगे। परिवार के सदस्यों की संख्या, आने वाले मेहमानों का विवरण, घर में शादी, भंडारा या कोई अन्य आयोजन है तो उसकी भी जानकारी देनी होगी। तभी सिलिंडर बुक होगा। 

रविवार से लागू इस नियम की जानकारी गैस एजेंसी संचालकों और उपभोक्ताओं को भी नहीं थी। सुबह से ही मोबाइल फोन से बुकिंग की कोशिश कर रहे लोग असफल होने पर गैस एजेंसी पहुंचे। एजेंसी पर मौजूद स्टाफ को भी इसकी जानकारी नहीं थी। संचालक ने कंपनी के अधिकारियों को कॉल की तो इस नई प्रक्रिया की जानकारी मिली। 

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्टि्रब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेश सचिव आदर्श गुप्ता के मुताबिक, एक वित्त वर्ष में उपभोक्ता 12 सिलिंडर ले सकते हैं। कई उपभोक्ताओं का कोटा पूरा हो चुका है।  

बीपीसीएल कंपनी के नए दिशा-निर्देशलिहाजा, बीपीसीएल कंपनी के नए दिशा-निर्देश के तहत अब उपभोक्ताओं को बुकिंग के लिए मोबाइल एप डाउनलोड करना होगा। क्रमवार सवालों के जवाब देने होंगे। उसके बाद ही बुकिंग होगी। 

उपभोक्ताओं को होगी परेशानीस्मार्टफोन के दौर में भी तमाम शहरी और ग्रामीण उपभोक्ता कीपैड वाला फोन ही चलाते हैं। कई ऐसे हैं जो स्मार्टफोन खरीद नहीं सकते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को कोटे के अलावा गैस बुकिंग के लिए फोन खरीदना, एप डाउनलोड कर सवालों के जवाब देना भी कठिन होगा। ऐसी स्थिति में घर बैठे एलपीजी बुकिंग की सहूलियत का लाभ भी नहीं मिलेगा। उनको एजेंसी के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।

पूछे जाएंगे ये सवाल- परिवार में छह या इससे अधिक सदस्य हैं?- परिवार में मेहमान आए हैं।- शादी, भंडारा या अन्य कोई कार्यक्रम है।- अन्य घरेलू उपयोग के लिए। 

काला हिरण सरक्षित क्षेत्र :योजना ही बनाता रह गया प्रयागराज वन विभाग, बीत गई सर्दी पर नहीं हुई मृगों की गणना

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।कृष्ण मृग (ब्लैकबग) संरक्षित क्षेत्र में काले हिरणों के झुंड साल दर साल वृहद आकार ले रहे हैं। विलुप्ति के संकट से घिरे हिरणों का कुनबा बढ़ना सुखद समाचार है। इनकी संख्या में कितनी बढ़ी, इसकी सटीक जानकारी इन्हें संरक्षित करने वाले विभाग के पास भी नहीं है। हालांकि समय-समय पर विभाग इनकी गणना कराता रहा है। करीब तीन वर्ष बाद इस बार सर्दी के मौसम में इसकी योजना बनी थी, लेकिन वन विभाग सिर्फ तैयारी ही करता रह गया।

वर्ष 2017 में कृष्ण मृग संरक्षित क्षेत्र घोषित यमुनापार में मेजा के चांद खमरिया में लगभग 126 हेक्टेयर में यह कृष्ण मृग संरक्षित क्षेत्र स्थित है। काले हिरण पहाड़ी इलाकों, पथरीले मैदानों व जंगलों के मिश्रित क्षेत्र में रहना पसंद करते हैं। चांद खमरिया व उसके आसपास का इलाका भी ऐसा ही है, इस नाते सरकार ने इस क्षेत्र को वर्ष 2017 में कृष्ण मृग संरक्षित क्षेत्र घोषित किया था। कुलाचे भरते काले हिरणों की एक झलक देखने के लिए प्रयागराज के दूरस्थ इलाकों से ही नहीं रायबरेली, बांदा, प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट के अलावा मध्य प्रदेश से भी बड़े पैमाने पर पर्यटक आते हैं।

तीन वर्ष पूर्व गणना में हिरणों की संख्या करीब 500 थी

करीब तीन वर्ष पूर्व इनकी गणना हुई थी। तक हिरणों की संख्या लगभग 500 के आसपास थी। अनुमान के आधार पर विभाग हिरणों की संख्या 600 से अधिक बता रहा है। इस साल जनवरी में अयोध्या स्थित आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय की टीम से हिरणों की गणना कराने की तैयारी थी। हालांकि विभाग सिर्फ योजना ही बनाता रह गया। डीएफओ अरविंद कुमार का कहना है कि गणना को लेकर विश्वविद्यालय की टीम से फिर संपर्क किया जाएगा।

आसान नहीं गर्मी में सटीक गणना

जानकारों का कहना है कि सर्दी में संरक्षित क्षेत्र में न पानी की कमी होती है और न चारे की। धूप सेकने के चक्कर में यह ज्यादातर खुले मैदानों में रहते हैं। जबकि, गर्मी के दिनों में हिरण चारे-पानी व छांव की तलाश में कई-कई किमी दूर तक भटकते रहते हैं। एक जगह पर उनका मिलना मुश्किल होता है। ऐसे में अगर, गर्मी में गणना कराई भी गई तो वह ज्यादा सटीक नहीं होगी।

जल की एक-एक बूंद अमृत के समान, प्रयागराज के सीएमपी डिग्री कॉलेज में जल संकट की समस्या पर जताई चिंता

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में सीएमपी डिग्री काॅलेज एवं राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी ने नासी सभागार में कार्यशाला की। 'पानी एवं हमारा भविष्य' विषय पर बोलते हुए मुख्य अतिथि अध्येता अरुण तिवारी ने कहा कि जल की चुनौतियों से पूरी दुनिया जूझ रही है। भारत का समाज शुरु से प्रकृति का पूजक रहा है। समाज ने ही तालाब बनाया कुंएं बनाए और नदियां अविरल, निर्मल एवं सदानीरा थीं। व्यक्ति, संस्था एवं समुदाय के स्तर पर हमको अपनी जिम्मेदारी तय करनी होगी। जल चक्र ठीक करने की आवश्यकता है।

जल प्रबंधन एवं वर्षा जल संचयन पर जोर

World Water Day 2026 जल साक्षरता सर्टिफिकेट कोर्स के संयोजक डाॅ. प्रमोद शर्मा ने कहा कि पानी की एक एक बूंद अमृत के समान हैं। जल प्रबंधन एवं वर्षा जल संचयन एवं पौधारोपण से हम बहुत सी समस्याओं को कम कर सकते हैं। शुद्ध पेय जल सबको उपलब्ध होना चाहिए। नासी के सचिव डाॅ. संतोष शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने नासी के उद्देश्य एवं अपने विचारों को साझा किया। छात्र-छात्राओं ने गंगा गैलरी का अवलोकन भी किया।

पुरस्कृत हुए छात्र-छात्राएं

World Water Day 2026 निबंंध लेखन में प्रथम पुरस्कार अनुष्का आरख, द्वितीय पुरस्कार ज्योति त्रिपाठी एवं निष्ठा नाथ को तृतीय पुरस्कार शांति सिंह एवं अनन्या सिंह को दिया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में शिल्पी सिंह को प्रथम पुरस्कार, अनन्या सिंह और वंदना तिवारी को द्वितीय पुरस्कार, मैत्रीय कपूर एवं भूमिखा आरख को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। आर्यशेखर, प्रो. एसएम प्रसाद, डा. डीके साहू, डा. सर्वेश सिंह, डा. पूजा गौर, डा. श्रद्धा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

आठ माह में तैयार हुई बड़ी पेयजल योजना, बभनकुइया में घर-घर नल से शुद्ध पानी पहुंचा — जल जीवन मिशन का ग्रामीणों को मिला सीधा लाभ

विश्व जल दिवस पर भव्य जल अर्पण दिवस समारोह, सांसद प्रवीण पटेल और विधायक दीपक पटेल की मौजूदगी में गांव को समर्पित हुई योजना, जल संरक्षण का दिलाया गया संकल्प

विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज।विश्व जल दिवस के अवसर पर विकास खंड सहसों के ग्राम बभनकुइया में जल जीवन मिशन के अंतर्गत तैयार की गई पेयजल योजना को विधिवत जनता को समर्पित किया गया। जल अर्पण दिवस के रूप में आयोजित इस भव्य समारोह में क्षेत्रीय सांसद प्रवीण पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अश्विनी श्रीवास्तव द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जल संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। उपस्थित लोगों को जल बचाने, स्वच्छ पानी का उपयोग करने तथा जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर विधायक दीपक सिंह पटेल तथा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संजीव कुमार शाक्य भी समारोह में मौजूद रहे। समारोह के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत तैयार की गई नल पेयजल योजना को जल अर्पण कर ग्राम प्रधान अशोक कुमार को सौंपा गया।

योजना के चालू होते ही ग्राम बभनकुइया के सैकड़ों परिवारों को घर-घर शुद्ध पेयजल मिलने की व्यवस्था शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें पानी के लिए दूर स्थित हैंडपंप, कुएं और तालाबों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब नियमित जलापूर्ति से बड़ी राहत मिली है। अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी ने बताया कि इस योजना को लगभग आठ माह की अवधि में पूरा किया गया। कार्यदायी संस्था लार्सन एंड टूब्रो निर्माण दल द्वारा पाइप लाइन बिछाने, पानी की टंकी बनाने तथा घर-घर कनेक्शन देने का कार्य तेजी से किया गया, जिससे समय से पहले योजना पूरी हो सकी। योजना के पूर्ण होने से पूरे गांव को स्थायी पेयजल व्यवस्था से जोड़ दिया गया है।

समारोह के दौरान अतिथियों ने वृक्षारोपण कर जल संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से जल बर्बादी रोकने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पानी पहुंचाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारी कम होगी, स्वच्छता बढ़ेगी और जीवन स्तर में सुधार होगा। इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, जिला समन्वयक अश्विनी श्रीवास्तव, कार्यदायी संस्था के परियोजना निदेशक शुभंकर सिल, गोविन्दराजन, साहिदुल इस्लाम, प्रशांत मिश्रा, आकाश यादव सहित पूरी तकनीकी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अशोक कुमार, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रयागराज -कानपुर सेक्शन में कवच लागू

विश्वनाथ प्रताप सिंह
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे ने आज, 22 मार्च 2026 को प्रयागराज– कानपुर सेक्शन (190 रूट किलोमीटर) पर 'कवच' स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू कर दिया है। 'कवच' प्रणाली को औपचारिक तौर पर गाड़ी संख्या 14163 के माध्यम से लागू किया गया। आज इस ट्रेन के लोकोमोटिव में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री एन.पी. सिंह ने 'कवच' प्रणाली के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए ट्रेन संख्या 14163 में सवार होकर सूबेदारगंज से मनौरी स्टेशन तक 'फुटप्लेट निरीक्षण' भी किया।

पहले चरण में, 'कवच' को इस मार्ग पर संचालित हो रही आठ जोड़ी ट्रेनों गाड़ी संख्या 14113/14114, 14163/14164, 12307/12308, 12417/12418, 22437/22438, 15003/15004, 20433/20434, और 12403/12404 पर लागू किया जाएगा। इसके अलावा अन्य  ट्रेनों और 'वंदे भारत' ट्रेनों को भी धीरे-धीरे इसमें शामिल किया जाएगा।

यह शुरुआत भारतीय रेलवे के सबसे महत्वपूर्ण सेक्शनों में से एक पर 160 किमी/घंटा की गति से ट्रेन चलाने, रेलवे सुरक्षा को बढ़ाने और परिचालन दक्षता में सुधार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
सपा से आए देवी सिंह पटेल को भाजपा में मिली जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी... सोशल मीडिया पर बहस


विश्वनाथ प्रताप सिंह

प्रयागराज। प्रयागराज के यमुनापार में भारतीय जनता पार्टी के जिला पदाधिकारियों की सूची जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। भाजपा के ही नेता करछना निवासी सुशील त्रिपाठी ने संगठन में जिला उपाध्यक्ष बनाए गए देवी सिंह पटेल की सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करके तंज कसा। इसी तरह करछना के अनुज शर्मा ने भी भाजपा के नवनिर्वाचित जिला उपाध्यक्ष देवी सिंह पटेल की सपा नेताओं के साथ फोटो शेयर कर बधाई देते हुए तंज कसा है।

बता दें कि हाल ही में बीजेपी यमुनापार जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला की नई टीम की घोषणा की गई। उसमें जिला उपाध्यक्ष के रूप में देवी सिंह पटेल का चयन किया गया है। देवी सिंह पटेल पूर्व विधायक राम सेवक पटेल के बेटे हैं। चर्चित संस्थान शुआट्स में वह बतौर शिक्षक भी कार्य किए। इसके अलावा वह समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ भी रहे। सोशल मीडिया पर लगातार तंज के बीच चर्चाओं का बाजार गर्म है। कमेंट बॉक्स में लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं। वहीं सपा से भाजपा में शामिल देवी सिंह पटेल को उनके समर्थक बधाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि करछना या मेजा से देवी सिंह पटेल चुनाव भी लड़ सकते हैं। दोनों विधानसभा सीटों पर देवी सिंह पटेल और उनके पिता पूर्व विधायक राम सेवक पटेल की अच्छी पैठ है।