कैबिनेट में 23 प्रस्तावों पर फैसला आज, BJP संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी; दिल्ली में लगेगी अंतिम मुहर
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से सोमवार का दिन बेहद अहम रहने वाला है। योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में करीब 23 अहम प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को मंजूरी मिल सकती है, जो राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के 10 प्रस्ताव और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के तीन प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल हैं।
वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग में लिपिकीय संवर्ग के पुनर्गठन का प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी संगठन में भी बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश में जिला और क्षेत्रीय कमेटियों के गठन के बाद अब प्रदेश स्तरीय कमेटी के गठन और निगमों, बोर्डों व आयोगों में कार्यकर्ताओं के मनोनयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसी क्रम में रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर प्रदेश कोर कमेटी की अहम बैठक हुई। इसमें पंकज चौधरी, धर्मपाल सिंह और केशव प्रसाद मौर्य समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
करीब एक घंटे चली इस बैठक में प्रदेश कमेटी के पदाधिकारियों—महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मीडिया टीम और विभिन्न मोर्चों के नामों पर मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में जगह नहीं मिल पा रही है, उन्हें निगमों, बोर्डों और आयोगों में समायोजित किया जाए।
बताया जा रहा है कि इन नामों पर अंतिम फैसला दिल्ली में होने वाली बैठक में लिया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठक के बाद प्रस्तावित सूची लेकर दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां अगले दो-तीन दिनों में नामों को अंतिम रूप देकर सूची जारी की जा सकती है।
1 hour and 37 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.9k