ईरान-इस्राइल युद्ध : 12 साल बाद गैस गोदामों पर 500 मीटर तक लगी लंबी कतार
![]()
*व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद, घरेलू की बुकिंग तीन गुना बढ़ी, आनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल*
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच कालीन नगरी में एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर की मांग तीन गुना बढ़ गई है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद होटल, ढाबा और मिठाई दुकानदार अब घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं। 12 साल बाद एक बार फिर एजेंसियों के गोदामों पर 500 मीटर लंबी कतार देखने को मिली। ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर फेल होने के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। एजेंसी संचालकों के मोबाइल नॉट रिचएबल बता रहा है। जिले में भारत गैस, इंडियन ऑयल और एचपी की 40 एजेंसियां हैं। इससे 2.07 लाख उज्ज्वला और तीन लाख सामान्य उपभोक्ता जुड़े हैं। युद्ध के कारण विश्व में गैस, तेल की आपूर्ति प्रभावित होने का अंदेशा है। सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ते ही आपूर्ति कम होने के पहले ज्ञानपुर नगर में स्थित एक एजेंसी पर ग्राहकों की लंबी कतार लग गई। कुछ लोगों को ही सिलिंडर मिला। कुछ लोग बिना लिए ही वापस लौट गए। कुछ इसी तरह गोपीगंज, अभोली, भदोही स्थित एजेंसियों पर दिखा। एजेंसी संचालकों ने बताया कि पहले एक दिन में 400 से 500 सिलिंडरों की मांग होती थी। बीते चार-पांच दिनों से मांग एक हजार तक पहुंच गई है। मांग में बढ़ोतरी के सापेक्ष आपूर्ति 50 फीसदी तक ही हो रही है। गोपीगंज नगर में बेबी बानो, करीम, शिवशंकर चौबे, रवि गुप्ता ने बताया कि करीब एक सप्ताह के इंतजार के बाद भी गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
सहालग, रमजान के कारण रिफिलिंग की बढ़ी मांग
इन दिनों सहालग के साथ रमजान भी चल रहा है। इस कारण भी घरेलू गैस सिलिंडर की मांग बढ़ी है। शादी के आयोजनों में व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से घरेलू सिलिंडर का ज्यादा प्रयोग हो रहा है। इस कारण एजेंसियों और गोदामों पर भीड़ बढ़ गई है। एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि लोग पैनिक होकर बुकिंग करा रहे हैं। इससे एजेंसियो पर भीड़ बढ़ी है। पहले हर गाड़ी में 10 से 12 व्यावसायिक सिलिंडर आते थे, अब नहीं आ रहे हैं।
होटल कारोबारियों की बात
सरकार को जल्द से जल्द व्यावसायिक सिलिंडरो की आपूर्ति शुरू करानी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। रेस्टोरेंट और होटल बंद हो सकते हैं। वैकल्पिक व्यवस्था से काम चलाया जा रहा है। दो से तीन दिन बाद संकट और बढ़ जाएगा। - संजय उमर वैश्य, रेस्टोरेंट संचालक
व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिल रहा है। एजेंसी संचालकों ने मोबाइल बंद कर दिए हैं। अधिक कीमत देने के बाद भी नहीं मिल रहा है। जो सिलिंडर लगा है उसके खत्म होने के बाद होटल बंद करने की नौबत आ जाएगी।
- विजय कुमार चौरसिया, होटल संचालक
जिनके यहां शादी पड़ी है उनके माथे पर बल पड़ गया है। सिलिंडर जिसके पास है वह काला बाजारी कर रहा है। एक-दो दिन में स्थिति बिगड़ने की संभावना है। - आरिफ अंसारी, मैरिज लान संचालक
स्कूलों में लकड़ी से एमडीएम बनाने पर रोक है। बुधवार को विद्यालय का सिलेंडर खत्म हो गया। एजेंसी पर नहीं मिलने के कारण घर से सिलिंडर लाकर एमडीएम बनवाया गया। आपूर्ति नहीं सुधरी तो विद्यालयों में एमडीएम बनाने में दिक्कत होगी। - सुधीर सिंह, प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय पड़ाव।
जिले में फिलहाल सिलिंडर आपूर्ति में कोई संकट नहीं है। लोग पैनिक होकर बुकिंग कर रहे हैं। पांच मार्च तक की बुकिंग वाले ग्राहकों को सिलिंडर मिल चुका है। व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति शासन से बंद कर दी गई है। कई एजेंसियों पर नजर रखी जा रही है ताकि कालाबाजारी न हो सके। - सुनील कुमार, डीएसओ।
40 एजेंसी जनपद में करती है सिलिंडर वितरण
5.10 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं जिले में
15 हजार व्यावसायिक सिलिंडर के उपभोक्ता हैं


*सिलेंडर की किल्लत की अफवाह पर पहुंचे थे लोग, जिलापूर्ति अधिकारी ने समझाकर लोगों को लौटाया*
*1.47 लाख बच्चे देंगे परीक्षा,31 को आएगा परिणाम*
3 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1