ईरान - इस्त्राइल जंग 24 घंटे बजता है सायरन ,बंकर बना सुरक्षित ठिकाना
*ईरान - इस्त्राइल जंग ने बढ़ाई टेंशन,दो साल पहले इस्त्राइल गए थे श्रमिक*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। इस्राइल और ईरान के बीच जारी युद्ध में जिले के 14 मजदूर इस्राइल में फंस गए हैं। ये मजदूर जिले के अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी तेल अवीव के पास रमाला शहर में काम कर रहे थे। युद्ध के बाद से उनके परिवार में चिंता है, हालांकि मजदूरों ने वीडियो कॉल से सुरक्षित होने की जानकारी दी है। ज्ञानपुर बैराखास के रहने वाले सुनील विश्वकर्मा बताते हैं। उनके भाई अनिल विश्वकर्मा दो साल पहले इस्राइल गए हैं। वह कारपेंटर (शटरिंग) का काम करने वहां गए हैं। वह येरूसलम के पास के एक शहर में रहते हैं। वह बताते हैं कि खतरा जिस क्षेत्र में बढ़ता है, वहां सायरन बजता है। फोन पर भी सरकार का अलर्ट जारी होता है। पहले की तुलना में इस बार हमले अधिक हो रहे हैं। ईरानी मिसाइलों को आसमान में ही गिरा दिया जा रहा है। अलर्ट पर बंकरों में लोग छिपते हैं। बैराखास के ही रहने वाले भाईलाल विश्वकर्मा और उनका परिवार भी बेहद चिंतित है। उनके भाई रामसूरत इस्राइल करीब डेढ़ साल पहले गए थे। वह तेल अवीव में रह रहे हैं। रामसूरत ने वीडियो कॉलिंग में बताया कि अभी यहां पर छुट्टी चल रही है। उनके सामने ही मिसाइलों को गिराया जा रहा है। इस्राइल की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत है। उन्होंने कहा कि वे अपनी आंखों से इन घटनाओं को देख रहे हैं। इससे खतरे की कोई बात नहीं है। भुसौला गांव के रहने वाले अंजीत बिंद 15 मई 2024 को इस्राइल गए हैं। वह राज मिस्त्री का काम करते हैं। वह इस्राइल के सलाम शहर में है। परिवार से उनकी लगातार बातचीत होती है। उन्होंने वीडियो कॉल पर बताया कि इस्राइल पर दागी जाने वाली मिसाइलें और बम अक्सर आसमान में ही निष्क्रिय कर दिए जाते हैं।
युद्ध की खबर से घर वाले हैं परेशान
इजराइल गए रामसूरत विश्वकर्मा की भाभी संगीता देवी ने बताया कि देवर से प्रतिदिन वीडियो काल से बात हो रही है। उसने बताया कि यहां कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन युद्ध के नाम से ही मन में भय बना रहता है। पूर्व में भी युद्ध हुए थे, लेकिन इस बार कई देशों से एक साथ हो रहा है।
ये श्रमिक गए हैं इस्राइल
ज्ञानपुर के भुसौला के अंजीत बिंद
भदोही के जलालपुर के राजू
पिलखनी के मोहन और प्रेमसागर
बरैला के अरूण कुमार
बैराखास के अनिल विश्वकर्मा व रामसूरत विश्वकर्मा
औराई के चंद्रपुरा के अजय प्रकाश
संवरपुर के जयसिंह चौहान
लालीपुर के शिव प्रसाद
मधईपुर के महादेव
बलीपुर के भानु प्रताप
*सिलेंडर की किल्लत की अफवाह पर पहुंचे थे लोग, जिलापूर्ति अधिकारी ने समझाकर लोगों को लौटाया*
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। ईरान और इजरायल युद्ध के बीच जंग जारी है। इस बीच, सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा अफवाहों को बढ़ाया दिया जा रहा है। इसके कारण ज्ञानपुर नगर के एक गैस एजेंसी पर बुधवार को ग्राहकों का रेला उमड़ पड़ा। हालांकि अफसरों को समझाने पर वे माने और वापस गए। जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि कालीन नगरी में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। सरकार एवं कंपनियों ने बुकिंग का समय बढ़ा कर 15 से 25 दिन कर दिया है। ऐसे में कुछ लोग सोशल प्लेटफार्मों पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कहा कि जनपद में कुल 40 गैस एजेंसियां संचालित हैं।हर एजेंसी पर पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध है। कहा कि किसी प्रकार की दिक्कतें हों तो संबंधित से संपर्क कर सकते हैं। लोगों से धैय बनाए रखने का आह्वान किया।बता दें कि ज्ञानपुर नगर के उक्त एजेंसी पर बुधवार को अचानक बड़ी तादात में लोग गैस लेने को पहुंच गए। देखते ही देखते वहां पर काफी तादात में लोग एकत्रित हो गए थे। मामले की जानकारी पर संबंधित विभाग के अफसरों ने लोगों को पहुंच कर समझाया उसके बाद वे माने। उल्लेखनीय है कि जिले में कुल उज्ज्वला योजना 207688 लाभार्थी हैं। उधर, ज्ञानपुर के अलावा भदोही, औराई, सुरियावां, जंगीगंज, गोपीगंज समेत पूरे जनपद में इस तरह की बात सामने नहीं आई। लोग एजेंसियों से पहले की तरह बुकिंग करके रसोई गैस ले रहे हैं। हालांकि इन दिनों गैस बुक कराने वालों की तादात ज्यादा देखी जा रही है।
परिषद विद्यालयों में 16 मार्च से होगी वार्षिक परीक्षा
*1.47 लाख बच्चे देंगे परीक्षा,31 को आएगा परिणाम*
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। जिले में परिषदीय विद्यालयों में 16 से 20 मार्च तक परीक्षा होगी। पहली से आठवीं तक के एक लाख 47 हजार बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे। जबकि 31 मार्च को परिणाम आएगा। इसके बाद नया शिक्षण सत्र शुरू होगा। बता दें कि जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय है। इनमें करीब एक लाख 47 हजार छात्र-छात्राएं हैं। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा, सीबीएसई और संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं समाप्ति की ओर हैं। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने पहली से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा की समय सारिणी को जारी कर दिया। 16 से 20 मार्च तक परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा कराई जाएगी।परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्न पत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार कराकर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को दिया जाएगा। बीएसए इसका मुद्रण कराकर विद्यालयों में वितरण कराएंगे। कक्षा एक की वार्षिक परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो से पांच की परीक्षा लिखित और मौखिक दोनों माध्यम से होगी। दो एवं तीन में इसका अधिभार 50-50 फीसदी होगा। वहीं, कक्षा चार तथा पांच में क्रमश: 70 एवं 30 का होगा। लिखित परीक्षा 50 नंबर की होगी। लिखित परीक्षा दो घंटे की होगी जबकि मौखिक परीक्षा के लिए प्रधानाध्यापक आवश्यकतानुसार समय तय करेंगे।बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल का पत्र आते ही बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारी को शुरू कर दिया है। 25 मार्च को कॉपियों को जांचा जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने कहा कि परीक्षा की समय सारिणी मिली है। बताया कि इस बार परीक्षा में कई बदलाव किए गए हैं। वार्षिक परीक्षा और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होने के बाद परीक्षाफल जारी करने के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावकों की बैठक होगी। इसमें मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। इसके बाद ही परीक्षाफल जारी होगा।
भदोही में लूट-डकैती के 3 बदमाशों का हाफ एंकाउंटर:पैर में लगी गोली, कई मुकदमे दर्ज, 50 हजार रुपए इनाम घोषित था
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही जिले के औराई क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान 50 हजार रुपए के तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार किए गए। मुठभेड़ में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। औराई पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश कोठरा बाईपास के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के घुटने के नीचे पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान कुशीनगर निवासी पंकज राव ( पुत्र वशिष्ठ राव) सर्वेश सिंह ( पुत्र रामकरण सिंह) और सकलेन ( पुत्र मुस्तकीम) के रुप में हुई है। ये तीनों अंतरर्जनपदीय वांछित अपराधी थे और औराई थाने में भी इनके खिलाफ मामले दर्ज थे।पुलिस के अनुसार, पंकज राव पर 28 , सर्वेश सिंह पर 13 और सकलेन पर 27 मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज है। यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है,जिस पर लूट और डकैती जैसे गंभीर अभियोग पंजीकृत है। तीनों पर 50 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस टीम इन बदमाशों की अन्य घटना घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में फाॅरेसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम-1. प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी थाना औराई मय हमराह हे0का0 संजय दूबे, कां0 योगेश चहल व कां0 रंजीत सिंह. का0 विनीत सिंह, चा0 हे0का0 एकलाख खान
टीम -2. निरीक्षक अपराध शेतांषु शेखर पंकज, उ0नि0 विजय कुमार सरोज, हे0का0 कमलेश यादव, का0 पवनेश राय, का0 आलोक, हे0का0 राजेश प्रधान, चालक का0 इमरान खाँ थाना औराई जनपद भदोही।
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन:युवाओं ने रखे विचार, अनिरुद्ध त्रिपाठी ने किया संबोधित
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। राष्ट्रीय सेवा योजना और मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में काशी नरेश विश्वविद्यालय में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने कहा कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। प्राचार्य प्रो. रमेश चंद्र यादव ने ऐसे कार्यक्रमों को युवाओं के बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने और जानने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. श्रीश कुमार उपाध्याय ने यूथ पार्लियामेंट की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी राम गोपाल सिंह चौहान ने उपस्थित युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में वैशाली अग्रहरि ने प्रथम, संतुष्टि जायसवाल ने द्वितीय, ऋषिका पांडेय ने तृतीय, निक्की जायसवाल ने चतुर्थ और सोनू यादव ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य द्वारा मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र पाल बघेल, प्राचार्या प्रो. डॉ. माया, डॉ. अंशुबाला, डॉ. प्रीति और डॉ. ज्योति यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भारत ने जीता टी20 वर्ल्ड कप 2026: ज्ञानपुर पुलिस लाइन्स में फाइनल मैच का लाइव प्रसारण देखा गया
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। यह जीत करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक मैच का लाइव प्रसारण ज्ञानपुर स्थित पुलिस लाइन्स में एक बड़ी प्रोजेक्टर स्क्रीन पर दिखाया गया। भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने अधिकारी, कर्मचारीगण और रिक्रूट आरक्षियों के साथ मिलकर मैच का आनंद लिया। फाइनल मुकाबले में भारत के ओपनर बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की शुरुआत की। संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत ने निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआती झटकों से उबर नहीं पाई और 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
भदोही। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान आज रात जिले में आएंगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुघ्न कन्नौजिया ने बताया कि वह महिला दिवस के तहत होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही महिला कल्याण की योजनाओं की समीक्षा करेंगी।आज शाम चार बजे लखनऊ से चलेंगी और रात नौ बजे राजकीय गेस्ट हाउस ज्ञानपुर पहुंचेगी। नौ मार्च को सुबह 10.15 बजे जिला चिकित्सालय में गोद भराई, अन्न प्राशन और कन्या जन्मोसव में भाग लेंगी। सुबह 11 बजे जिला महिला बंदीगृह का निरीक्षण करेंगी। दोपहर 12 बजे महिला कल्याण विभाग, बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा करेंगी।
भदोही। जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट नौ मार्च को काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय होगा। मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत यह आयोजन होगा। आपातकाल के 50 वर्ष और भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख पर तीन मिनट का भाषण होगा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित शीर्ष 10 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित तीन प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर शामिल होंगे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, प्रस्तुति की स्पष्टता एवं संरचना, भाषण शैली, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा एवं प्रवाह तथा समय पालन के आधार पर होगा। मूल्यांकन 100 अंकों में होगा।
भदोही में कार्पेट एक्सपोर्टर की बेटी बनी IAS:इंफ्रा शम्स अंसारी ने सेकंड अटेम्प्ट में 24वीं रैंक हासिल की, जिले की पहली लड़की का UPSC में सेलेक्
रिपोर्ट - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले को UPSC सिविल सेवा परीक्षा-2025 में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। इफ्रा शम्स अंसारी ने ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। वह भदोही जिले से पहली महिला IAS अधिकारी बनने जा रही हैं। इस सफलता से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। हालांकि इफ्रा के पिता ने घंटों बाद काफी मान मनौवल जद्दोदजद के बाद पत्रकारों से बातचीत कर खुशी जाहिर की है।
भदोही के रोटहां गांव की निवासिनी इफ्रा शम्स अंसारी के कालीन कारोबारी पिता शम्स आलम अंसारी ने रमजान के इस पवित्र पाक महीने में बेटी की सफलता को सबसे बड़ी खुशी बताया है। उन्होंने कहा कि IAS देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में से एक है और बेटी का चयन पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है। इफ्रा ने प्रारंभिक शिक्षा ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ से पूरी की। उसके बाद दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज फॉर वुमेन से इकोनॉमिक्स (ऑनर्स) में स्नातक और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से एम.ए. किया। UPSC तैयारी के लिए उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रेजिडेंशियल कोचिंग अकादमी (RCA) से कोचिंग ली। पिता ने बताया कि इफ्रा को प्रेरणा अपनी क्लासमेट श्रुति शर्मा से मिली, जिन्होंने दो साल पहले UPSC पास कर IAS बनीं। पहले प्रयास में कम रैंक मिलने पर इफ्रा ने दूसरा प्रयास किया और इस बार 24वीं रैंक हासिल की। पिता शम्स ने कहा कि परिवार में इफ्रा भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं और वह बेटी नहीं बेटा है। उत्तर प्रदेश और देश में चल रहे सामाजिक माहौल हिन्दू मुस्लिम और कटोगे बटोगे जैसे नेताओं के बयानबाजी के सवाल पर शम्स अंसारी ने कहा कि बेटी को पूरी कम्युनिटी को साथ लेकर चलने की हिदायत रहेगी, अल्लाह उसे सफलता दे। हमारी इच्छा है कि इफ्रा देश-समाज की बेहतरी के लिए काम करे। पिता ने परिस्थितियों को देखते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि बेटी के लिये IAS के मुकाबले IFS ही अच्छा विकल्प है।
भदोही। माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित यूपी बोर्ड हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन इस वर्ष एक ही केंद्र पर होगा। विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में 92 टेबलों पर कांपियों की जांच होगी। एक स्टैटिक और एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कांपियों का मूल्यांकन किया जाएगा। हाईस्कूल-इंटरमीडिएट को मिलाकर डेढ़ लाख से ज्यादा कांपियों की जांच होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि पिछले वर्ष कांपियों की जांच के लिए दो केंद्र बनाए गए थे। लेकिन इस वर्ष हाईस्कूल-इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं की कांपियां वीएनजीआईसी में ही होगी। यूपी बोर्ड कांपियों का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होना प्रस्तावित है।मूल्यांकन की प्रक्रिया एक निर्धारित तिथि से शुरू हो जाएगी। डीआईओएस ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए नियुक्त परीक्षकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जहां, से मूल्यांकन में नियुक्त परीक्षक अपना नियुक्तिपत्र प्राप्त कर लिए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए वीएनजीआईसी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन का कार्य सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। मूल्यांकन के पर्यवेक्षण को माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज द्वारा पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जा रही है। मूल्यांकन केंद्रों पर बाहरी व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा
1 hour and 52 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1