परीक्षा में 183 बच्चे सफल 12 वीं तक मिलेंगी छात्रवृत्ति
*हर्ष यादव को मिला पहला स्थान,बड़वापुर के 11 बच्चे उत्तीर्ण*



नितेश श्रीवास्तव


भदोही। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में जिले के बच्चों ने झंडा गाड़ दिया है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बड़वापुर के 11 समेत कुल 183 बच्चे परीक्षा में सफल हो गए हैं। नेवादा के हर्ष यादव ने जिले में पहला स्थान हासिल किया है। अब इनको नौवीं से 12वीं तक हर साल 12-12 हजार रुपये सालाना छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा। सफल बच्चों के अभिभावकों ने शिक्षकों को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित विद्यालयों सहित अन्य विद्यालयों में कक्षा आठ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लाभान्वित करने के लिए राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाती है। इसमें उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को कक्षा नौ से लेकर 12 तक की पढ़ाई के दौरान प्रति माह एक हजार रुपये की दर से 48 हजार रुपये छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। नवंबर 2025 में यह परीक्षा जिले में हुई। जिसमें दो हजार बच्चों ने भाग लिया। रविवार को इसका परीक्षाफल जारी किया गया। जिसमें हर्ष यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़वापुर के 11 छात्रों का चयन हुआ है। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रामलाल यादव ने बताया कि बड़वापुर के चयनित बच्चों में सोनू निगम, राहुल, उदय कुमार, आयुष यादव, सोनम, नैंसी, ज्योति, गुड़िया, उजाला, तेजस और अंशिका शामिल है। बताया कि उत्तीर्ण बच्चों को कक्षा नौ से 12वीं तक हर साल 12-12 हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि शिक्षकों की मेहनत से इस बार 183 बच्चे सफल हुए
गांव के विकास को मिलेगी गति, 8.14 करोड़ जारी


नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले की ग्राम पंचायतों में रुके हुए विकास कार्यों को जल्द ही रफ्तार मिलेगी। पंचायत चुनाव से पहले सरकार की ओर से 15वें वित्त के रूप में अनटाइड मद यानि विशेष बजट के रूप में आठ करोड़ 14 लाख जारी किया गया है। इससे पंचायतों में नाली, खड़ंजा, सड़क और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। जिले के छह ब्लॉकों में 546 पंचायतें हैं। इनमें राज्य वित्त और 15वें वित्त से विकास कार्यों के लिए बजट का आवंटन किया जाता है। आबादी के हिसाब से सरकार वित्तीय वर्ष में अनटाइड और टाइड के अलग-अलग खातों में दो बार में धनराशि मुहैया कराती है। टाइड की धनराशि सिर्फ स्वच्छता आदि पर खर्च होती है जबकि अनटाइड की धनराशि पक्के कार्य और वेतन आदि में खर्च किए जाते हैं। लंबे समय से पंचायतों में विकास के लिए बजट नहीं मिल सका था, जिससे विकास कार्य रुक गए थे। लेकिन, होली से पहले शासन ने गांवों में विकास के लिए बजट जारी कर दिया है। जल्द ही पंचायत चुनाव भी होने हैं। इससे पहले सरकार ने अनटाइड के रूप में पंचायतों को बजट जारी कर दिया है। बजट के अभाव में न तो विकास की कार्ययोजना ही बन पा रही थी और न ही कार्य हो पा रहे थे लेकिन अब बजट मिलने के बाद रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जा सकेगी। एक प्रधान ने बताया कि अनटाइड फंड में दो लाख 20 हजार से लेकर पांच लाख तक आबादी के हिसाब से पैसा मिलता है। जिला स्तर पर पैसा आ गया है। होली बाद पंचायतों के खाते में आने की उम्मीद है।



15वें वित्त आयोग से पंचायतों को अनटाइड फंड के रूप में आठ करोड़ 14 लाख जारी हुआ है। इससे गांव में रुके विकास कार्यों में मदद मिलेगी। आबादी के हिसाब से पैसा जारी किया जाएगा।- ज्ञान प्रकाश, प्रभारी डीपीआरओ


इन कार्याे में होगा धनराशि का उपयोग
- गांव में नाली निर्माण एवं जल निकासी की व्यवस्था।
- संपर्क मार्गाें पर इंटरलाकिंग और खड़ंजा कार्य।
- पंचायत भवनों का रखरखाव एवं सुंदरीकरण।
- जिला पंचायत स्तर पर सड़कों का निर्माण।
अमेरिकी टैरिफ से उबरे निर्यातकों के सामने न‌ई परेशानी ने दी दस्तक, युद्ध लंबा खींचा तो करोबार पर दिखेगा का असर

*खाड़ी देशों के बीच छिड़े युद्ध से 80 फीसदी द्विपक्षीय कालीन कारोबार होगा प्रभावित*



नितेश श्रीवास्तव


भदोही। अमेरिकी टैरिफ से उबरे निर्यातकों के सामने अब एक नई परेशानी ने दस्तक दी है। खाड़ी देशों के बीच छिड़े युद्ध ने निर्यातकों को चिंता में डाल दिया है। वर्तमान में भले ही भारतीय कालीनों के निर्यात पर कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन युद्ध अगर लंबा खिंचता है तो निश्चित तौर पर इसका असर कारोबार पर देखने को मिलेगा। इसमें खरीदार देशों में पैनिक स्थिति होने पर 80 फीसदी द्विपक्षीय कारोबार प्रभावित होने की संभावना है। वहीं, कई अहम रास्ते प्रभावित होने के साथ अगले महीने नई दिल्ली में होने वाले कारपेट एक्स्पो पर भी चिंता के बादल मंडराने लगे हैं।भारतीय कालीन की सबसे अधिक मांग अमेरिका और जर्मनी में होती है। यह दोनों देश फिलहाल प्रत्यक्ष रूप से नहीं, लेकिन अप्रत्यक्ष रूप से युद्ध का हिस्सा बने हुए हैं। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के वाइस चेयरमैन असलम महबूब का कहना है कि निर्यातक अभी-अभी अमेरिकी टैरिफ के बोझ से निकले हैं। अगले महीने में नई दिल्ली में होेने वाले कारपेट एक्स्पो में निर्यातकों ने यह उम्मीद लगाई है कि बड़ी संख्या में अमेरिकी खरीदार आएंगे, क्योंकि बीते मेले में टैरिफ के असर के कारण खरीदारों ने दूरी बनाई थी। अब एक बार फिर से जिस तरह की स्थितियां बन रही है। उससे कहीं न कहीं कालीन व्यापारियों में यह चिंता बढ़ रही है कि युद्ध के असर से खरीदार कहीं नई दिल्ली के मेले से भी दूरी न बना लें। बताया कि अमेरिका हमारे निर्यात 60 फीसदी हिस्सेदार है। अगर जर्मनी और अन्य यूरोपिय देशों को जोड़ लिया जाए तो यह 80 फीसदी तक पहुंचा जाता है। अब आने वाले दिनों में युद्ध की स्थिति से व्यापार पर भी इसका असर देखा जा सकेगा।
डॉक्टरों ने केमिकल रंगों से बचने की अपील की:भदोही में होली पर त्वचा और आंखों को नुकसान से बचाने की सलाह
नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में होली पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने लोगों से केमिकलयुक्त रंगों से बचने की अपील की है। डॉक्टरों का कहना है कि बाजार में मिलने वाले क‌ई रंगों में हानिकारक रसायन होते हैं,जो त्वचा, आंखों और बालों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ अजय मौर्य ने बताया कि होली खेलते समय पूरी बांह के कपड़े पहनें। उन्होंने सलाह दी कि शरीर पर नारियल का तेल लगाकर ही रंग खेले,ताकि रंगों का सीधा असर त्वचा न पड़े। डॉ अजय मौर्य ने यह भी कहा कि यदि किसी को जलन, एलर्जी या आंखों में कोई समस्या होती है,तो तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेकर उपचार कराएं।
बिजली के तार और खंभों के पास लगा दी होलिका
*एएसपी बोले,1205 जगहों पर जलेंगी होलिकाएं, पुराने विवाद के आधार पर 25 अति संवेदनशील स्थान चिन्हित*


रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले भर में होलिका दहन की तैयारियां तेज हो गई हैं। होलिका का आकार हर रोज बढ़ रहा है। उत्साह में लोग सुरक्षा का भी नहीं ध्यान दे रहे हैं।कई जगह बिजली के तारों के ठीक नीचे तो कहीं खंभे के पास ही होलिका स्थापित कर दी गई है। होलिका दहन पर हादसे की आशंका बनी हुई है। जिम्मेदार बेखबर है। एएसपी के मुताबिक जिले मं 1205 स्थानों पर होलिका दहन होगी। इसमें पुराने विवाद के आधार 25 स्थान अति संवेदनशील है। ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी की जाएगी। इन स्थानों पर सीसी टीवी कैमरे से निगरानी होगी।
वसंत पंचमी के दिन ही शहर से लेकर गांव तक होलिका की स्थापना शुरू हो गई थी। ज्ञानपुर के बालीपुर रोड, पुरानी बाजार मार्ग, भदोही शहर के मेन रोड, चौरी रोड, ज्ञानपुर रोड, तहसील मार्ग, स्टेशन रोड के साथ ही ग्रामीण इलाकों में होलिका की स्थापना कर दी गई थी।
इसके बाद आस्थावान उसमें प्रतिदिन उपले, झाड़, झखांड़ डाल रहे हैं। अबकी बार होलाष्टक के कारण होलिका दहन दो मार्च को ही किया जाएगा।
चार मार्च को होली खेली जाएगी। जिले के ग्रामीण अंचलों में भी होलिका लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बच्चों और युवाओं की टोली होलिकाओं को सबसे अच्छा बनाने में जान जुट गए हैं। होलिका स्थापना के दौरान कई स्थानों पर लापरवाही की गई है। बिजली के गुजरे तार, खंभे या ट्रांसफार्मर के आसपास ही होलिका को लगाया गया है।
ज्ञानपुर के नथईपुर तिराहे पर तार के नीचे होलिका लगाई गई है। इसी तरह चौरी, सुरियावां, अभोली, ऊंज, सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों में कई स्थानों पर होलिका बिजली के तार के नीचे स्थापित की गई है।
तीन जोन और नौ सेक्टर में बंटा जिला :होलिका दहन और होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। थानावार और जिला स्तर पर पीस कमेटी की बैठक हो चुकी है। जिले को तीन जोन और नौ सेक्टरों में बांटा गया है। एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि शहर से लेकर गांव तक कुल 1205 होलिका सुरक्षा समिति गठित की गई हैं। इसमें बीट प्रभारी, प्रधान, चौकीदार और एक ग्रामीण को शामिल किया गया है। कुल 25 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील होलिकाएं चिह्नित की गई हैं।
रगंभरी एकादशी की रात से बंद हुआ बाबा धाम का कपाट
*परम्परा गत से बंद हुआ कपाट खुलेगा होली के उपरांत*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। गोपीगंज नगर स्थित प्रमुख धार्मिक स्थल बाबा बड़े शिव धाम मे विराजमान देवाधिदेव महादेव का रंगभरी एकादशी की रात दर्शन पूजन व अबीर गुलाल अर्पित करने के उपरांत मंदिर का कपाट बंद कर दिया गयाlबंद कपाट होली के उपरांत खोल दिया जाएगाl
रंग भरी एकादशी पर नगर और ग्रामीण क्षेत्र मे स्थित प्रमुख शिव मंदिर और शिवालयो में महोत्सव का आयोजन किया गया थाlदेररात तक चले दर्शन पूजन के उपरांत मंदिर का  कपाट परम्परा का पालन करते हुए बंद कर दिया गयाl बाबा कि नियमित सुबह शाम की आरती आदि किया जा रहा हैlबाबा बड़े शिव धाम सेवा समिति के सचिव रामकृष्ण खट्टू ने बताया कि प्राचीन काल से चली आ रही परम्परा का पालन करते हुये कपाट बंद किया गया हैlहोली के उपरांत कपाट खुलने के बाद पूर्व की भांति दर्शन पूजन प्रारंभ हो जाएगाl
जीआईसी में ही जांची की जाएगी हाईस्कूल और इंटर कॉलेज की कापियां
*शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर परिषद ने दी मंजूरी तैयारी शुरू हो गई*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव


भदोही। जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में होगा। श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही ने पांच साल बाद मूल्यांकन पर असहमति जताई। जिसके बाद शिक्षा विभाग की ओर से एक केंद्र का प्रस्ताव परिषद को भेजा गया। उक्त प्रस्ताव को परिषद से मंजूरी मिल गई है। मूल्यांकन की तिथि तय होने पर विभाग की ओर से परीक्षकों की तैनाती शुरू की जाएगी। जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से चल रही हैं। करीब 80 फीसदी परीक्षा समाप्त हो गई है। अब बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन की भी तैयारी शुरू हो गई है। परीक्षा खत्म होने के बाद कॉपियों का मूल्यांकन शुरू होगा। सूबे के अलग-अलग जिलों की कॉपियां मंडलवार क्षेत्रों में भेजी जाती हैं। कोविड से पहले हाईस्कूल और इंटर की कॉपियों का मूल्यांकन जीआईसी में होता था, लेकिन पांच साल से हाईस्कूल की कापियों के लिए नेशनल और इंटर के लिए जीआईसी को मूल्यांकन केंद्र बनाया जाता था। साल 2026 में मूल्यांकन केंद्र निर्धारण होने से पहले ही नेशनल इंटर कॉलेज ने केंद्र बनने से हाथ खींच लिया। इसके बाद विभाग ने जीआईसी ज्ञानपुर को ही मूल्यांकन केंद्र बनाने का प्रस्ताव भेजा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि नेशनल इंटर कॉलेज ने इस बार मूल्यांकन न करने का निर्णय लिया। इससे विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज को ही मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहीं पर हाईस्कूल और इंटर की कापियां जांची जाएंगी। बताया कि मूल्यांकन सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगा। इससे पारदर्शिता कायम रहे। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा खत्म होने पर मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नौकरी की मांग पर कलेक्ट्रेट टावर पर चढ़ा व्यक्ति, दो घंटे बाद उतरा

रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही। भदोही में नौकरी की मांग को लेकर एक व्यक्ति कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। टावर पर चढ़ा 45 वर्षीय पंधारी कनौजिया वर्ष 2008 की सफाई कर्मी भर्ती का आवेदक बताया गया है। भदोही में यह भर्ती पर रोक लगा दी गई थी। टावर पर चढ़ा व्यक्ति और उसके साथी लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने की मांग कर रहा है। सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने माइक से समझाकर करीब दो घंटे बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस मामले में पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
सौ शय्या अस्पताल में लेबर कक्ष तैयार,14 नर्सों की हुई तैनाती

*24 घंटे के लिए रोस्टर वाईज लगाई गई ड्यूटी*



रिपोर्ट -‌ नितेश श्रीवास्तव

भदोही।सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल में धीरे-धीरे स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने लगा है। यहां प्रसव सेवा की सुविधा शुरू हो गई है। प्रसव पीड़ता के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें दूर के अस्पतालों का चक्कर लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। ओपीडी भवन के भूतल मंजिला पर एक कक्ष में अभी प्रसव सेवा शुरू हुई है। सिर्फ नार्मल प्रसव कराए जाएंगे। सिजेरियन मरीज को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। यहां 14 नर्सों की तैनाती है। जिनकी दो-दो नर्सों की ड्यूटी 24 घंटे प्रसव कराने के लिए रोस्टर वाइज लगाई गई है। अस्पताल में रोजाना 400 से 500 की ओपीडी होती है, जिन्हें जांच पड़ताल करके चिकित्सक दवा देते हैं। ज्यादातर यहां मौसमी बीमारी के मरीज आते हैं। प्रसव सेवा शुरू होने के बाद अब मरीजों की संख्या में और वृद्धि होगी। इससे मुख्यालय के सरपतहां, लखनों, कसियापुर, नंदापुर, कावल, गडेरियापुर आदि सहित दर्जनों गांव के प्रसव पीड़िता को जिला अस्पताल जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। उन्हें मुख्यालय पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध होगा। यहां महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। ऑपरेशन की जरुरत पड़ने पर मरीज को रेफर किया जाएगा। परिसर में टीबी अस्पताल, डायलिसिस सेंटर, बर्न यूनिट, डिजिटल एक्सरे, सिटी स्कैन आदि सुविधा है। यहां रोजाना एक हजार से 1200 मरीज, तीमारदारों की भीड़ होती है। चार महीने से इमरजेंसी मेडिलक असफर (ईएमओ) तैनात किए गए है। डॉक्टरों को ड्यूटी में और सहूलियत हो गई है।

हाल ही में प्रसव सेवा शुरू किया गया है। दो-दो सिस्टर की ड्यूटी रोस्टर वाइज लगाई गई है। नार्मल प्रसव होगा, ऑपरेशन की जरूरत पड़ने पर मरीज को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। - डॉ. सुनील कुमार पासवान, सीएमएस 10 बेड़ सरपतहां
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन राष्ट्रपति को संबोधित डीएम को दिया
उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता पदाधिकारी जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंच कर धरना प्रदर्शन किया राष्ट्रपति को संबोधित के ज्ञापन जिला अधिकारी को सौपा । ज्ञापन के माध्यम से शांतिपूर्वक संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारिक पर विरोध जताया कहा कि यह लोकतंत्र को कुचलने जैसा है। जिला अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस के साथियों द्वारा नई दिल्ली में जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्वक संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। भारत जैसे लोकतांत्रिक राष्ट्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है पूर्व में भी विभिन्न संगठनों राजनीतिक दलों द्वारा प्रदर्शन अवधारणा किया गया जिन्हें लोकतंत्र की हिस्सा मांगा गया न की अपराध माना गया किंतु वर्तमान में दमनात्मक कार्यवाही लोकतंत्र की व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि उक्त प्रकरण को संज्ञान में लेकर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा लोकतंत्र अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए एवं गिरफ्तार किए गए युवा कांग्रेस साथियों को अभिलंब रिहा किया जाए इस अवसर पर मुख्य रूप से राजेश्वर दुबे, संतोष सिंह बघेल, राजेंद्र प्रसाद मौर्य ,शमशीर अहमद, मोनीश अंसारी ,विमलेश पाल, उमेश कुमार पाल ,विष्णु श्रीवास्तव, विशाल गौतम, नौशाद अली इत्यादि लोग उपस्थित रहे.