अमेठी में टेंट कारोबारी के बेटे की हत्या, नाले में मिला शव
अमेठी। यूपी में अमेठी जिले के बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में ही एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि युवक की गला काटकर निर्मम हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस लाश को कब्जे में लेकर जांच तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।मृतक युवक की पहचान शाहिद (35) पुत्र शरीफ निवासी कस्बा बाजार शुक्ल के रूप में हुई है। शाहिद की लाश उसके घर से लगभग 1 किलोमीटर दूर इंटर कॉलेज रोड पर भारत गैस एजेंसी के पास सड़क के किनारे पड़ी ग्रामीणों ने देखी। इसके बाद पुलिस को सूचना की गई।


युवक ने प्रेम विवाह किया था,परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप

बताया जा रहा है कि युवक ने प्रेम विवाह किया था। दोनों कुछ समय के लिए मुंबई चले गए थे, बाद में पारिवारिक सहमति से वापस कस्बे में रहने लगे।युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।कस्बा निवासी शरीफ टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। उनके अनुसार, उनका 32 वर्षीय बेटा साहिद सोमवार देर शाम घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और परिचितों व रिश्तेदारों से संपर्क किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।


फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया

बाजार शुक्ल थाना क्षेत्र के थानाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल पुलिस पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया चल रही है। अन्य जानकारी जुटाई जा रही है तथा लोगों से पूछताछ की जा रही है। बहुत ही जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।पिता शरीफ ने अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
अज्ञान और भय ने दिया भूत प्रेत का जन्म  — डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’
अमेठी। विकासखंड भेंटुआ के अंतर्गत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय माहना हारीपुर में आयोजित एक प्रेरक परिचर्चा संगोष्ठी ज्ञान, तर्क और वैज्ञानिक चेतना का उत्सव बन गई। कार्यक्रम में प्रख्यात साहित्यकार एवं चिंतक डॉ. रमाकांत तिवारी ‘क्षितिज’ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा, “भूत-प्रेत जैसी धारणाएं वास्तविकता नहीं, बल्कि मन का वहम हैं, जिन्हें अज्ञान और भय ने जन्म दिया है।” अपने ओजस्वी एवं तार्किक उद्बोधन में डॉ. तिवारी ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य मनुष्य को भ्रम के अंधकार से निकालकर सत्य के प्रकाश तक पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे हर विचार को तर्क और प्रमाण की कसौटी पर परखें।
“जब ज्ञान का दीपक प्रज्वलित होता है, तब अंधविश्वास के साए स्वतः ही विलीन हो जाते हैं,” उनके इन शब्दों ने सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों के मन में नई चेतना का संचार किया। संगोष्ठी संवाद का सशक्त मंच बनी। छात्र-छात्राओं ने शिक्षा की गुणवत्ता, नैतिक मूल्यों के क्षरण, करियर निर्माण, सामाजिक कुरीतियों तथा आधुनिक जीवन की चुनौतियों पर प्रश्न पूछे। डॉ. तिवारी ने सहज, सरल और तथ्यपरक शैली में उनके उत्तर दिए, जिससे विद्यार्थियों के चेहरे संतोष और आत्मविश्वास से दमक उठे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों को तनावमुक्त जीवन के सूत्र भी बताए। परीक्षा के समय मानसिक संतुलन बनाए रखने, नियमित दिनचर्या अपनाने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर विशेष बल दिया। विद्यार्थियों को योग और ध्यान का अभ्यास कराया गया तथा नृत्य के माध्यम से भी आत्म-अभिव्यक्ति और मानसिक प्रसन्नता का संदेश दिया गया।रचनात्मकता को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने विज्ञान, पर्यावरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर सुंदर चित्र उकेरे। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन और पेंसिल भेंट की गई, जिससे उनका उत्साह दोगुना हो गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक ललित कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे बौद्धिक एवं रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला रखते हैं। कार्यक्रम की सफलता में समस्त विद्यालय परिवार का उल्लेखनीय योगदान रहा।
पूरे आयोजन का वातावरण जिज्ञासा, संवाद, रचनात्मकता और सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक संवेदनशीलता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं और यही सच्ची शिक्षा का लक्ष्य है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह हाउस अरेस्ट, विधानसभा घेराव से पहले पुलिस की कार्रवाई

अमेठी,। मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में 17 फरवरी को लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव से पहले अमेठी में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शुभम सिंह को उनके आवास पर सोमवार को हाउस अरेस्ट कर लिया गया। सुबह से ही उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिसका फोटो वीडियो स्वयं शुभम सिंह के द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। जिससे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी द्वारा लखनऊ में विधानसभा घेराव के आह्वान के मद्देनज़र प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है। पुलिस की मौजूदगी के बीच शुभम सिंह को उनके ही घर में नजरबंद रखा गया है। शुभम सिंह ने अपने घर से एक वीडियो बनाकर सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है और जनता की आवाज उठाने वालों को रोकना सरकार की घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके बावजूद युवा कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

इसी बीच यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष से मिलने उनके आवास पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व महासचिव यूथ कांग्रेस धर्मेंद्र शुक्ला ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता दबने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि किसी भी हाल में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का प्रथम कर्तव्य है। फिलहाल किसी को नजर बंद नहीं किया गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर ऐसे लोगों पर निगरानी रखी जा रही है। जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अशांति उत्पन्न होने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे इसके लिए पुलिस हर उपाय कर रही है।
सड़क दुर्घटना में पुजारी की मौत, गांव में शोक की लहर
अमेठी। अमेठी जिले के थाना संग्रामपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा घायल हो गए। इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया किपुजारी हरिकृष्ण मिश्रा (45) संग्रामपुर के रहने वाले थे। शुक्रवार को वह अपनी मोटरसाइकिल से कालिकन–चंद्रिकन मार्ग के रास्ते घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खरेथू मोड़, मजरा नेवादा कनू के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कुत्ता उनकी मोटरसाइकिल के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।

घायल अवस्था में हरिकृष्ण मिश्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी साधन से इलाज के लिए प्रतापगढ़ ले गए, लेकिन वहां से भी बेहतर इलाज न मिलने पर उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रयागराज में इलाज के दौरान शुक्रवार की रात हरिकृष्ण मिश्रा ने दम तोड़ दिया। जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। हरिकृष्ण मिश्रा कालिकन धाम में पुजारी के रूप में सेवा कर रहे थे और मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र ओम मिश्रा और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। परिजनों की इच्छा होने पर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की विधिक कार्रवाई कराई जाएगी।
अमेठी में सड़क हादसा : बरात से लौट रहे बुलेट सवार तीन दोस्तों की मौत

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी कोतवाली क्षेत्र में थौरा गांव के पास देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बरात से घर लौट रहे तीन युवकों की बुलेट मोटरसाइकिल को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार महाराजपुर निवासी शेरा लाल कोरी के घर से पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव में बरात गई थी। इसी समारोह में शामिल होने महाराजपुर के ही उत्कर्ष सिंह (32), बजरंग सिंह (25) और अंशु सिंह (29) गए हुए थे। देर रात तीनों युवक एक ही बुलेट मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। थौरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ट्रक ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर तक छिटक गए।

हादसे में उत्कर्ष सिंह और बजरंग सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा युवक अंशु सिंह गंभीर रूप से घायल था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे बचा नहीं पाए और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतकों में से एक की मां बेटे का शव देखकर बेहोश हो गई, जिसे लोगों ने संभाला।

सूचना मिलते ही अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है और परिवारजन बदहवास हालत में हैं।

अमेठी: पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोर घायल, तमंचा-लूटा मोबाइल बरामद

अमेठी । जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत रविवार रात पुलिस और एक शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।एएसपी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, अमेठी थाने के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक दयाशंकर मिश्र टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।

पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो शुरू कर दी फायरिंग

इसी दौरान सूचना मिली कि नौगिरवा चौराहे से एक संदिग्ध युवक काली मोटरसाइकिल से पुलिस चेकिंग से बचकर मुंशीगंज की ओर भाग रहा है।पुलिस ने मुंशीगंज नहर पटरी पर घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। रोकने पर उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण (20) पुत्र बैजनाथ निवासी ग्राम बानथान, थाना मुंशीगंज के रूप में हुई।

एसपी ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना की

उसके पास से एक तमंचा, 315 बोर का एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, ओप्पो A78 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामद मोबाइल गौरीगंज में हुई एक मारपीट की घटना से जुड़ा मिला।पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आरोपी पर अमेठी, मुंशीगंज और गौरीगंज थानों में चोरी व नकबजनी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम की सराहना की है।

अमेठी में पत्नी का पति पर नृशंस हमला, आंख में मिर्च डालकर चाकू से वार, नाजुक अंग काटा

अमेठी। जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति पर पहले आंख में मिर्च डालकर हमला किया, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसका नाजुक अंग भी काट दिया। इस हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत नाजुक होने पर एम्स रायबरेली रेफर किया गया।

दूसरी पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था अंसार

घटना मैगलगंज मजरे कचनाव गांव की है, जहां 38 वर्षीय अंसार अपनी दूसरी पत्नी नाजनी (निवासी हारीमऊ गांव) के साथ कमरे में सो रहा था। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब तीन बजे नाजनी ने पहले पति को नशीला पदार्थ खिलाने का प्रयास किया और उसके बाद आंख में मिर्च डाल दी। अचानक हुए हमले से अंसार संभल पाता, इससे पहले नाजनी ने चाकू से कई वार कर दिए और उसका नाजुक अंग काट दिया।

नाजनी को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

अंसार की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो नाजनी कमरे से भागने की कोशिश कर रही थी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। घायल अंसार को 108 एंबुलेंस से जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर स्थिति में एम्स रायबरेली भेजा गया।

पहली पत्नी के संतान न होने पर कर ली थी दूसरी शादी

पीड़ित के भाई सूफियान ने बताया कि अंसार की पहली शादी 14 वर्ष पहले अयोध्या जिले की इटौंजा निवासी शब्तुन से हुई थी, लेकिन संतान न होने पर उसने आठ माह पहले नाजनी से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद से ही नाजनी आए दिन झगड़ा करती थी और धमकियां देती थी। शनिवार रात भी दोनों में विवाद हुआ था।

पुलिस आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विधान चंद यादव ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर पर आरोपी पत्नी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नाजनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क के किनारे मिला युवक का शव

अमेठी। सड़क के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने ने में जुटी। पुलिस की मशक्कत का परिणाम थोड़ी ही देर में सामने आया और मृतक युवक की पहचान हो गई जिसे परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।

मुसाफिरखाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह निजामुद्दीनपुर गांव के पास जाखा मोड पर बाइक से गिरा हुआ एक युवक को देखकर स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की लाश को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने में जुट गई। थोड़ी सी देर में उसे युवक की पहचान सुल्तानपुर जनपद के बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत अशरफपुर गांव निवासी अजीत यादव (30) पुत्र रामसूरत यादव के रूप में हुई। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वह थाने पर आ रहे हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जाएगी।

परिजनों ने बताया कि मृतक जामो थाना क्षेत्र अंतर्गत राम शाहपुर में स्थित एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। ऐसा प्रतीत होता है कि देर रात वह घर के लिए निकला था और रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई इसके बाद युवक वहीं पर गिर पड़ा । उसके सिर में गंभीर चोट आने की वजह से वह उठ नहीं सका। युवक का एक पैर बाइक के नीचे ही दबा था जबकि वहीं पर वह उल्टी भी किया हुआ था। प्रथम दृष्ट्या बाइक के अनियंत्रित होने पर पेड़ से टकराने के उपरांत सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हुई प्रतीत होती है।

अमेठी में भीषण सड़क हादसे में 5 की मौत, एक घायल

अमेठी । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में रविवार सुबह शव को लेकर जा रही एंबुलेंस, एक पिकअप वाहन से टकरा गई। जिसके चलते एंबुलेंस पर सवार छह में से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बचाव राहत कार्य शुरू करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से हटाकर सड़क से यातायात को बहाल कराया।

हरियाणा से शव लेकर परिजन जा रहे थे बिहार

बाजार शुकुल थाने के थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह करीब 6 बजे की है। जहां हरियाणा से एक लाश लेकर परिजन एम्बुलेंस से बिहार जा रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सामने चल रही पिकअप में एंबुलेंस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी की एंबुलेंस में सवार 6 लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।मृतकों का राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा पुत्र अशोक शर्मा, निवासी राम भद्रपुर थाना कल्यानपुर जनपद समस्तीपुर बिहार, रवि शर्मा पुत्र बलराम, निवासी राम भद्रपुर थाना कल्यानपुर जनपद समस्तीपुर बिहार, सरफराज निवासी नालहर हरियाणा, आबिद पुत्र हामिद निवासी फिरोजपुर थाना व जनपद नूह हरियाणा , फुलो शर्मा पुत्र स्व. राम प्रसाद शर्मा, निवासी रवि टोला थाना हथौड़ी जनपद समस्तीपुर बिहार है।

मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से हुई पहचान

पुलिस टीम बचाव राहत कार्य में जुट गई। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस से सभी को बाहर निकल गया और स्थानीय अस्पताल भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल छठे व्यक्ति का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजार शुकुल में किया जा रहा है। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान बिहार निवासी शर्मा परिवार के रूप में हुई है।सूचना मिलते ही डीएम संजय कुमार चौहान, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, यूपीडा टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के बाद वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।

लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें – जिलाधिकारी संजय चौहान

अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सलाहकार समिति (बैंकर्स) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लंबित आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीएम ने बैंकों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करें तथा अस्वीकृत मामलों में स्पष्ट कारण दर्ज करें।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से आवेदन बैंकों को भेजने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने नेडा को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाने हेतु एक महीने का रोस्टर जारी करने को कहा।

बैठक में डीएम ने चेतावनी दी कि जिन बैंकों की प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहेगा, उनके सरकारी खाते बंद कर अन्य बैंकों में स्थानांतरित किए जाएंगे और जिम्मेदार बैंक प्रबंधकों के विरुद्ध शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राजीव पांडेय, जीएमडीआईसी दिनेश चौरसिया, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।