महाशिवरात्रि से पहले यात्रा मार्गो की दुरुस्त करे व्यवस्था, नहीं तो होगी कार्यवाही : श्याम सुंदर केशरी

पालकी यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सड़क, विजली व अन्य का निरीक्षण कर सम्बंधित को दिया गया निर्देश
मीरजापुर। महाशिवरात्रि पर्व पर नगर में निकलने वाली पालकी यात्रा वाले मार्गो का नपाध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी एवं महंत योगानंद गिरी महाराज ने सिटी मजिस्ट्रेट, ईओ नगर पालिका, बिजली विभाग, जलनिगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ यात्रा मार्गो का स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने बूढ़ेनाथ, त्रिमोहानी, मुकेरी बाजार, लालडिग्गी, इमामबाड़ा, बल्ली का अड्डा, नारघाट, टेढ़ी नीम से गुजरने वाली यात्रा मार्गो पर जलनिगम द्वारा की जा रही कार्यों को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है।निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर जलनिगम की लापरवाही देखने को मिली, सड़के खोदने के बाद उसकी मरम्मत नहीं कराई गई थी।

जिस पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था के लोगो को कड़ी फटकार लगाते हुए महाशिवरात्री से पहले सभी मार्गों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। बता दे जलनिगम की लापरवाही को लेकर पालिकाध्यक्ष ने कुछ दिनों पहले ही सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से मिलकर समय से कार्य पूर्ण कराने की मांग भी की थी। जलनिगम के कार्यों के कारण यात्रा वाले मार्गो पर कई मार्ग क्षतिग्रस्त हुए है और कई जगहों पर गड्डे हुए है। इस मौके पर नपाध्यक्ष ने कहा है कि महाशिवरात्रि हिन्दुओं का प्रमुख त्यौहार है, इस पर्व पर नगर के बूढ़ेनाथ और बरियाघाट से पालिका यात्रा निकलती है।जलनिगम के कार्यों के कारण यात्रा मार्गो पर सड़क को खोद कर उसकी मरम्मत नहीं की गई है।

यात्रा को देखते हुए आज निरीक्षण किया गया, कई मार्गों पर जलनिगम द्वारा लापरवाही बरती गई। जिसे पर्व से पहले दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया गया है।अगर पर्व से पहले इनके द्वारा मार्गो को नहीं दुरूस्त किया जाता है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर कराया जायेगा। इसके साथ ही नगर पालिका के निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी मार्गो की पैचिंग करने का निर्देश दिया गया। पीडब्लूडी, नगर पालिका मिलकर दो दिनों में धुंधी कटरा मार्ग का निर्माण करायेगी। जिन मार्गो पर मलबा पड़ा मिला है, उसे पर्व से पहले उठवा लिया जायेंगा।यात्रा वाले मार्गो पर विशेष साफ सफाई के निर्देश दिये गये है। जिन खम्भों पर लाइट नहीं है वहां स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। बिजली विभाग के अधिकारियो से तारो को ऊंचा करने और सुव्यस्थित करने के लिए भी कहा गया है।

इस मौके पर अलंकार जायसवाल, गौरव उमर, संदर्भ पांडेय, सलिल पाण्डेय, अंकज मिश्रा, अश्वनी गुप्ता, प्रिंस केशरी, शिव सोनी, ईओ जी0 लाल, मनोज सेठ, विपिन मिश्रा, कटरा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक वैद्यनाथ सिंह अपने हमराहियों के साथ मौजूद रहे।
लालगंज में टी बी उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को जागरूक किया गया
मिर्जापुर। लालगंज - टी बी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत किसान कल्याण केन्द्र लालगंज में कैंप लगाकर 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टी बी रोग के प्रति जागरूक किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लालगंज के क्षय विभाग के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद ने टी बी के समस्त लक्षणों से परिचित कराते हुए उन्हें सरकारी स्तर से प्रदान की जाने वाली समस्त निः शुल्क सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

शमीम अहमद ने बताया कि टी बी प्रभावित मरीजों को सरकारी स्तर से भारत सरकार की तरफ से 1000 रुपये प्रति माह पोषण योजना के तहत खान पान और भरण पोषण के लिए दिया जाता है, जब तक टी बी की दवा चलेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को टी बी के लक्षण दिखाई देते हैं तो वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं और इस मानवीय कार्य में सहयोग करें।

इस अवसर पर डॉक्टर पंकज, डॉक्टर मनोज, शमीम अहमद, धनंजय श्रीवास्तव (वर्ड हेल्थ पार्टनर), नीरज सिंह एल टी आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में तीन संदिग्ध रोगियों की स्क्रीनिंग की गई और उन्हें इस्पुटम कंटेनर दिया गया।
बाइक सवार को झपकी आने से हादसा, ट्रामा सेंटर रेफर

हलिया मिर्जापुर।स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ददरी बांध के समीप बुधवार की दोपहर सड़क हादसे में रॉबर्ट्सगंज से हलिया लौट रहे बाइक सवार को चलते समय अचानक झपकी आ गई, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार हलिया कस्बा निवासी समरनाथ (40) अपने दो बच्चों के साथ बाइक से रॉबर्ट्सगंज से घर वापस आ रहे थे। जैसे ही वे ददरी बांध के पास पहुंचे,उन्हें अचानक नींद आ गई।संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में समरनाथ के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई। गनीमत रही कि पीछे बैठे दोनों बच्चों सुरक्षित रहे।घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया लाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रीना ने प्राथमिक उपचार करते हुए। जांच के दौरान दाहिने पैर में गंभीर चोट पाए जाने पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि घायल को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है।
अज्ञात वाहन के चपेट आने से युवक समेत दो लोगों की मौत

लालगंज(मीरजापुर): थाना क्षेत्र के बसही कला गांव में स्थित वाराणसी रीवा हाईवे पर बुधवार की सुबह नौ बजे के करीब अज्ञात वाहन के चपेट आने से युवक समेत दो लोगों की मृत्यु हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। लालगंज थाना क्षेत्र के परसिया गांव के निवासी 26 वर्षीय दिलीप कुमार मिश्र अपने रिश्तेदार 70 वर्षीय आनंद प्रसाद तिवारी कोरांव थाना के नथ‌ऊपुर गांव जिला प्रयागराज के निवासी के साथ लगभग सुबह नौ बजे मीरजापुर के भुईली गांव में स्थित रिश्तेदारी से घर वापस लौट रहे थे। थाना क्षेत्र के बसही कला गांव में किसी अज्ञात वाहन के टक्कर के बाद बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।परसिया गांव के चंद्रमणि मिश्रा के तीन पुत्रों में सबसे छोटा दिलीप कुमार अविवाहित था और लखनऊ से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। प्रयागराज जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र के नथऊपुर गांव के आनंद तिवारी को एक पुत्र और पांच पुत्रियां सभी की शादी विवाह कर चुके हैं। मृतक आनंद तिवारी के जीजा नंदौली पटेहरा गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता विजय नारायण मिश्र ने बताया की दोनों लोग मीरजापुर के भुईली गांव में स्थित रिश्तेदारी में शादी मे शामिल होकर लौट रहे थे। प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्पेशल मॉनिटरिंग टीम ने स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
शैक्षणिक व पोषण व्यवस्थाओं की परखी स्थिति, अधिकारियों को दिए निर्देश

हलिया, मिर्जापुर स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का मंगलवार को स्पेशल मॉनिटरिंग टीम द्वारा दौरा किया गया। इस दौरान टीम ने शिक्षा, पोषण एवं साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा शिक्षकों से बातचीत की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

एनएचआरसी की स्पेशल मॉनिटर डॉ. पूनम मल्कोन्डिया ने निरीक्षण की शुरुआत कंपोजिट विद्यालय बड़ौहा से की। वहां उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय हलिया प्रथम, प्राथमिक विद्यालय कोठीकला, कंपोजिट विद्यालय मझियान एवं सह स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान बच्चों से कविताएं व गीत सुनने के साथ उन्हें अक्षर ज्ञान की जांच की गई।आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रमों की स्थिति देखी गई तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से शासन की योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी ली गई।डॉ. मल्कोन्डिया ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, बच्चों से निरंतर संवाद स्थापित करने तथा शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों एवं अभिभावकों से शिक्षण व अन्य गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।

इस मौके पर बाल विकास परियोजना अधिकारी बाणी वर्मा, दिलीप वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र यादव, जिला समन्वयक रविंद्र मिश्रा, एमडीएम प्रभारी प्रभात बाजपेई, प्रशिक्षण प्रभारी रविंद्र पांडेय, कानूनगो अशोक दुबे, लेखपाल विनोद प्रसाद सहित सुरक्षा व्यवस्था में उप निरीक्षक श्यामलाल एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Mirzapur:13 फरवरी तक सड़क मरम्मत एवं सफाई न हुई तो लागू होगा 'सनातन कर्फ्यू'
बूढ़ेनाथ मंदिर के महंत डॉ योगानन्द गिरि की पत्रकार वार्ता में एलान
-
मिर्जापुर। नगर के बूढ़ेनाथ मंदिर से शिवरात्रि 15 फरवरी तक सड़क, सफाई एवं बिजली की सुचारु व्यवस्था नहीं हुई तो उसके पहले 13 फरवरी को नगर में 'सनातन कर्फ्यू' लागू किया जाएगा।एक पत्रकार वार्ता में 'सनातन कर्फ्यू' को परिभाषित करते हुए बूढ़ेनाथ मंदिर के महंत डॉ योगानन्द गिरि ने कहा कि माँ विंध्यवासिनी एवं बाबा बूढ़ेनाथ की सनातन नगरी में चक्का जाम सनातन प्रेमी लोग करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी संबन्धित विभागों की होगी।

     डॉ योगानन्द गिरि ने अफसोस जताया कि भारतीय सनातन संस्कृति के देवता बाबा विश्वनाथ के  विवाहोत्सव पर आयोजित होने वाले शिवरात्रि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं नगरपालिका परिषद को सक्रिय होना चाहिए लेकिन दुःख की बात है कि अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया जबकि 19 जनवरी को ही जिला प्रशासन को पत्रक दे दिया गया था। यदि तब से काम होता तो अब तक सड़कें दुरुस्त हो गई होती।


     डॉ गिरि ने कहा कि जिस प्रकार वीआईपी के आगमन पर 24 घण्टे में सारी व्यवस्था ठीक की जाती है, उसी प्रकार लाखों भक्तों की भी भावनाओं को देखते हुए 13 फरवरी के पहले सारे गड्ढों को पाट कर समतल करना चाहिए।
डॉ गिरि ने कहा वर्ष में एक दिन बाबा बूढ़ेनाथ शहर की जनता को दर्शन देने निकलते हैं और माँ गौरी की पालकी निकलती है, इसलिए नगर की सनातन प्रेमी जनता की ख्वाहिश है कि वह नङ्गे पांव यात्रा में निकल सके।

    पत्रकार-वार्ता के दौरान पालकी यात्रा के उद्देश्यों पर भी डॉ योगानन्द गिरि ने विस्तार से प्रकाश डाला तथा सनातन एकता रहेगी तभी समाज खुशहाल रह सकता है। डॉ गिरि ने कहा सनातन संस्कृति की रक्षा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मनसा-वाचा- कर्मणा लगे हैं। ऐसी स्थिति में उनकी मशीनरी को भी चाहिए कि वह माँ विंध्यवासिनी की नगरी से सार्थक संदेश प्रदान करें।
   एक सवाल के जवाब में डॉ गिरि ने कहा कि सनातन संस्कृति जाति-पाति, ऊंच-नीच का भेदभाव नहीं करती। भगवान शंकर की भक्ति के चलते ही उनकी बारात में भूत-प्रेत, नर-पिशाच सब थे। उन्होंने नगर की एक एक जनता से कहा कि वे पालकी यात्रा में अवश्य शामिल हों।

   पत्रकार वार्ता के बाद सड़क आदि की समस्या के लिए नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी एवं नगर मजिस्ट्रेट से टेलीफोन पर वार्ता की गई जिस पर दोनों अध्यक्ष एवं नगर मजिस्ट्रेट ने 11 फरवरी को 11 बजे मंदिर आकर समस्या सुलझाने का भरोसा दिया।
मीरजापुर में 'लुटेरी दुल्हनों' के गैंग का पर्दाफाश
आगरा के एक युवक को शिकार बनाने के दौरान पुलिस ने गिरोह की कई महिलाओं को लिया हिरासत में 


मीरजापुर। शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। आगरा के एक युवक को शिकार बनाने के दौरान पुलिस ने गिरोह की कई महिलाओं को हिरासत में लिया है। इस दौरान पुलिस ने शादी के नाम पर अवैध रूप से धन उगाही करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, करते हुए महिला पुरुष सहित कुल 6 को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹ 30,000  बरामद किया है। बताते चलें कि जनपद के राजगढ़ थाना पर वादिनी मीरा देवी पत्नी अखिलेश शर्मा निवासिनी ग्राम ट्रास जमुना कालोनी, फ्रंस-2 जी 6-80 रामबाग, एत्माददौला जनपद आगरा द्वारा नामजद लोगों के विरूद्ध शादी के लिए रिश्ते का झांसा देकर अवैध रूप से धन की उगाही करने के सम्बन्ध लिखित तहरीर दी गयी थी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की थी। मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा घटना को गंभीरता पूर्वक लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में घटना से सम्बन्धित आरोपियों की यथाशीघ्र गिरफ्तारी करने के लिए थाना प्रभारी राजगढ़ को निर्देश दिये गये थे। उक्त निर्देश के अनुक्रम में थाना राजगढ़ पुलिस 10 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना राजगढ़ क्षेत्र से घटना से सम्बन्धित जितेन्द्र पुत्र राममुरत निवासी दाउदपुर थाना चन्दौली जनपद चन्दौली, रामविलाश पुत्र राजकुमार निवासी सवैया पट्टीदारी थाना सैयदराजा चन्दौली, महिमा पत्नी जितेन्द्र  निवासी दाउदपुर थाना चन्दौली जनपद चन्दौली,  रीता पत्नी राजू निवासी लालपुर थाना मड़िहान मीरजापुर, जिऊती पत्नी संजय निवासी चौखड़ा (भागलपुर ) थाना राजगढ़, मीरजापुर व मनीषा पुत्री मगरू निवासी भवानीपुर थाना राजगढ़, मीरजापुर को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से अवैध अवैध उगाही की धनराशि 30,000 रूपये बरामद कर उनके विरूद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया।

बाक्स मैटर----
     *पूछताछ में यह हुआ खुलासा*

पूछताछ में गिरफ्तार ठगों द्वारा बताया गया कि उनका एक संगठित गिरोह है जिसका मुखिया अजीत है। उन लोगों द्वारा फर्जी दुल्हन बनाकर व दुल्हन के रिस्तेदार-नातेदार बनकर शादी का झांसा देकर जरुरत मंद लोगो से ठगी करते है। इस प्रकार प्राप्त धन को आपस में बाट कर भौतिक सुख सुविधाओं का लाभ उठाते है।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत कंपोजिट विद्यालय के बच्चों को किया गया जागरूक
मीरजापुर। जनपद में टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए लगातार हर स्तर पर निरन्तर प्रयास जारी रखा गया है।  इसी क्रम में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के अन्तर्गत 10 फरवरी को क्षय रोग विभाग के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शमीम अहमद द्वारा कंपोजिट विद्यालय दुबारकलां,  लालगंज में टीबी के समस्त लक्षणों एवं सरकारी स्तर से उपलब्ध समस्त नि:शुल्क सुविधाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया कि जांचोपरांत पाए गए टीबी मरीजों को पोषण योजना के तहत खाते में रुपया 1000 प्रति माह पूरे इलाज अवधि तक दिया भी जाएगा। उन्होंने उपस्थित छात्र और छात्राओं से अनुरोध किया गया कि आप किसी भी व्यक्ति को यदि बताए गए लक्षणों से प्रभावित पाते हैं तो उन्हें अविलंब सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लालगंज तक जांच इलाज के लिए भेज इस अभियान को सफल बनाने में सहायक बने जिससे कि हम आप सभी टीबी के दुष्परिणामों से अपने को और अपने लोगों को सुरक्षित बनाए रख सकें। डॉक्टर अशोक यादव ने छात्र छात्राओं को टेबलेट एलबेंडा जोल गोली खाने के लिए विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान आनन्द सिंह, नीरज सिंह, सुजीत तथा अध्यापक बंधुओं सहित अन्य लोग मौजूद रहे हैं।
अज्ञात महिला का शव मलिने से मचा हड़कंप


लालगंज(मीरजापुर): थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव में स्थित मेजा जरगो लिंक बाणसागर नहर में अज्ञात महिला का शव दिखाई देने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा पुलिस सूचना दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि महिला के शव का शिनाख्त नहीं हो पाया है।
लालगंज थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव में स्थित बाणसागर नहर में अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए पानी लेने गई गांव की महिला इंद्रावती ने सबसे पहले देखा कि नहर में एक महिला का शव बहता जा रहा है। शव को देखते ही इंद्रावती भयभीत होकर नहर से बाहर आकर गांव के लोगों में सूचना दिया। नहर में शव मिलने की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दिया मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। महिला के शरीर पर काले रंग की साड़ी और लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण पहनी हुई है।
महिला का शव पानी में काफी दिनों से रहने के कारण फूल गया था। लोगों द्वारा चर्चा किया जा रहा था कि यह महिला लोकल नहीं कहीं बाहर की लगती है या तो किसी ने हत्या कर नहर में फेंक दिया है। कुछ लोग यह भी चर्चा कर रहे थे की महिला जिस तरीके साड़ी पहनी थी इस तरह की साड़ी बेटा बांध कर मध्यप्रदेश की महिलाएं ही पहनती हैं।हालांकि इस संबंध में लालगंज के प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि शव का शिनाख्त कराने के लिए फोटो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया है लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। बताया की शव कहीं बाहर का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला के मौत का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा।
श्रम विभाग: विंध्याचल के गोपालपुर में फर्जी लाभार्थियों पर डीएम ने एफआईआर दर्ज कराने का दिया निर्देश
करणी सेना के पत्र पर कार्यवाही

कूट रचित दस्तावेज लगाकर लिया गया लाभ


मिर्जापुर। जिलाधिकारी ने श्रम विभाग के भ्रष्टाचार मामले में करणी सेना के पत्र का संज्ञान लेते हुए  सहायक श्रम आयुक्त सतीश सिंह व थाना अध्यक्ष विंध्याचल को स्थानीय गोपालपुर प्रकरण पर मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
करणी सेना जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार ने बताया कि, श्रम विभाग में 2021 से अब तक लगातार भ्रष्टाचार हो रहा है। करणी सेना ने भ्रष्टाचार मुद्दे को वरीयता देते हुए जिलाधिकारी को पत्रक देकर श्रम विभाग में अधिकारियों - कर्मचारियों की मिली भगत से तथा जानबूझकर अपात्रों को दिए गए हितलाभ पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की लगातार मांग की जाती रही है। श्री सिंह ने योजना में भ्रष्टाचार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बिना विवाह के कन्या विवाह योजना तथा बिना प्रसव यानी कि बिना बच्चा जन्मे, कूट रचित दस्तावेज के सहारे मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना का बड़े पैमाने पर  2021 में लाभ दिया गया है। पहली जांच में 85 प्रतिशत फर्जी आवेदक पाए गए हैं, जो अपराध की गंभीरता को दर्शाता है। विंध्याचल के गोपालपुर में भी बिचौलिए की मदद से बंदर बाट की गई थी, जिसमें सभी दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई थी। आज जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएलसी मिर्जापुर व थानाध्यक्ष विंध्याचल से तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर अवगत कराने का निर्देश दिया है, यह सच्चाई की जीत है।
ज्ञात हो कि, इस संबंध में इसके पूर्व मंगल तिवारी ने श्रमिकों के हित में अपनी आवाज उठाई थी और अब नतीजा सामने आ रहा है। आज वे यूनियन के माध्यम से मजदूरों की आवाज बने हुए हैं। 105 आवेदनों की जांच में जो लगभग 90 आवेदन फर्जी पाए गए हैं और विभाग ने वसूली की नोटिस जारी की है ये उसी का परिणाम है। इस विषय पर मंगल तिवारी कहते हैं कि उनके द्वारा जो पूर्व में भ्रष्टाचार को लेकर श्रमिक हित में अपात्रों की जगह पात्रों को लाभ मिलने सहित फर्जी मामले के जांच की आवाज उठाई गई थी उसी क्रम में 1072 आवेदनों की जांच में पहले चार और जून 2025 में 90 फर्जी मिले है।इसके लिए जिलाधिकारी मिर्जापुर से लेकर शासन तक पत्र लिखा गया था।90 खाता धारकों से वसूली की नोटिस जारी है, लेकिन विभाग अभी भी संदिग्ध आवेदनों पर जान बूझकर बिना अनुमति के भुगतान कर रहा है जो एक गंभीर विषय है। विभाग के कर्मचारियों अधिकारियों ने पात्र श्रमिकों की जगह अपात्र लोगों का चयन किया फिर उनके खाते में योजना का पैसा भी भिजवाया है जो अत्यंत गंभीर विषय है। विभाग की खुद की सिंडिकेट है जिसे विभाग के अधिकारी कर्मचारी से लेकर बाबू चलाते हैं ऐसे सिंडिकेट की जांच जरूर होनी चाहिए और किसी भी श्रमिक को जिन्हें जानबूझकर फंसाया गया हो ऐसे  निर्दोष लोगों पर एफआईआर नहीं होनी चाहिए बल्कि जिन्होंने जानबूझकर कूट रचित दस्तावेज का प्रयोग कर लाभ लिया या दिलवाया है ऐसे तथा जिन्होंने इसको  सुनियोजित ढंग से प्रश्रय दिया है उनकी तथा उनके संपत्ति की जांच होनी चाहिए।