भव्य कलश यात्रा के साथ श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ
कर्नलगंज, गोंडा। विकास खंड परसपुर अंतर्गत ग्राम चरहुंआ के मजरा गोसाई पुरवा स्थित श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर बुधवार को भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने सहभागिता की, जिससे पूरा गांव शिवमय हो उठा। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ आगे बढ़ती रहीं। धार्मिक ध्वजाएं, पारंपरिक वेशभूषा और मंगल गीतों ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।
कलश यात्रा ग्राम चरहुंआ और परसपुर बाजार होते हुए भौरीगंज स्थित मां सरयू के तट पर पहुंची, जहां आचार्य श्यामधर शुक्ला के मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। मुख्य यजमान प्रेमचंद गोस्वामी ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत महिलाओं ने मां सरयू की पावन जलधारा से कलश में जल भरकर श्रद्धा और अनुशासन के साथ पुनः मंदिर परिसर तक यात्रा की।
कार्यक्रम के आयोजक मनोज कुमार गोस्वामी ने बताया कि कलश यात्रा परसपुर होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधिवत समापन किया गया। उन्होंने कहा कि श्री परमेश्वर नाथ महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह है और सभी के सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाया जा रहा है। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
कलश यात्रा में आनंद गोस्वामी, जगजीवन उर्फ पप्पू गोस्वामी, अशोक कुमार गोस्वामी, श्रीचंद गोस्वामी, शिवनरायन गोस्वामी, मुंशी लाल गोस्वामी, राजेश गोस्वामी, संदीप गोस्वामी, केतकी देवी, विनीता गोस्वामी, शालू गोस्वामी, मंजू गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय युवाओं का भी सराहनीय योगदान रहा।
1 hour and 37 min ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1