कोमल सिंह ने बढ़ाया जिले का मान
गोण्डा। विकास खण्ड बेलसर अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलहा निवासी सूर्यकान्त सिंह की  पुत्री कोमल सिंह ने जेआरएफ (असिस्टेंट प्रोफेसर) की परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद के नाम रोशन किया है। इस संदर्भ में विकास सिंह विक्कू ने बताया कि कोमल सिंह ने प्राथमिक शिक्षा क्षेत्रीय विद्यालय अवध शरण तथा इंटरमीडिएट लखनऊ पब्लिक स्कूल से किया। तदुपरांत बीए इलाहाबाद यूनिवर्सिटी तथा एमए की शिक्षा जेएनयू दिल्ली से अर्जित कर पहली ही बार मे जेआरएफ की परीक्षा में सफलता हासिल कर लिया। उन्होंने बताया कि कोमल के पिता सूर्यकान्त सिंह ग्राम प्रधान तथा माता संगीता सिंह गृहिणी है। इस अवसर पर सोनू सिंह, शिवम सिंह, अर्पित शुक्ला, पंकज सिंह, पंचम सिंह अवनीश शुक्ला सहित तमाम क्षेत्रीयजनों ने शुभकामनाएं प्रेषित किया।
गोंडा: बीएलओ पर दबाव और फॉर्म-07 भरवाने का आरोप, डीएम से की गई लिखित शिकायत
गोंडा। जनपद में पंचायत निर्वाचन से जुड़े कार्यों को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता बैजनाथ दुबे ने आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक बावन सिंह द्वारा जबरन बीएलओ पर दबाव बनाकर फॉर्म-07 भरवाया जा रहा है। बैजनाथ दुबे के अनुसार, कई बूथों पर बीएलओ स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से कार्य नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी गोंडा को लिखित शिकायत भी दी गई है। सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि यदि कहीं भी गलत तरीके से फॉर्म भरवाया गया तो उसकी जानकारी सामने आने पर वह कानूनी और राजनीतिक स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत क्षेत्रों के कुछ बूथों पर बीएलओ पर दबाव डालकर मतदाता सूची से जुड़े फॉर्म भरवाने का प्रयास किया गया, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि इस तरह की कार्यप्रणाली से ग्रामीण मतदाता भय और भ्रम की स्थिति में हैं। बैजनाथ दुबे ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित बीएलओ को दबावमुक्त वातावरण में कार्य करने दिया जाए और यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासन या संबंधित जनप्रतिनिधि की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा शिकायत पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
परिवार परामर्श केन्द्र में 02 जोड़े एक साथ रहने को हुए राजी
गोण्डा। रविवार जनपद गोण्डा के रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केन्द्र में पुलिस अधीक्षक गोण्डा  विनीत जायसवाल के निर्देशन में परामर्शदाताओं द्वारा बिछुडे़ जोड़ो की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा 02 जोड़ों को समझा बुझाकर सुखी जीवन जीने हेतु राजी कर लिया गया।

परिवार परामर्श केन्द्र में उपस्थित सदस्यगण-
महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, श्री शशि कुमार भारती,  राजमंगल मौर्य, गंगाधर शुक्ल,अनीता, डॉ0 उमा,
म0आ0 नेहा सिंह एवं म0आ0 अनुप्रिया सिंह आदि उपस्थित रही।
टीम को सम्मानित करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामना देकर बधाई दी गई
गोरखपुर जोन की 31वीं अंतर्जनपदीय कुश्ती-कलस्टर (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता–2026 में गोण्डा पुलिस टीम द्वारा प्रथम स्थान लाकर "कुश्ती" चैंपियनशिप जीतने पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा टीम को सम्मानित करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामना देकर बधाई दी गई।

गोरखपुर जोन की 31वीं अंतर्जनपदीय कुश्ती-कलस्टर (पुरुष/महिला) प्रतियोगिता–2026 के अंतर्गत आयोजित कुश्ती-कलस्टर (कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म रेसलिंग) प्रतियोगिता जिसका आयोजन दिनांक 05.02.2026 से 07.02.2026 तक जनपद बस्ती में किया गया, जिसमें गोरखपुर जोन के समस्त जनपदों के पुलिस खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस प्रतियोगिता में जनपद गोण्डा के खिलाड़ियों द्वारा टीम प्रभारी एवं कोच के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में अत्यंत अनुकरणीय प्रदर्शन किया गया। ।
जनपद गोण्डा के खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट, अनुशासित एवं सराहनीय प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर कुश्ती-कलस्टर चैंपियनशिप अपने नाम की गई। "कुश्ती-कलस्टर" प्रतियोगिता में गोण्डा पुलिस टीम ने मेज़बान जनपद बस्ती को 30 अंकों से पराजित करते हुए निर्णायक बढ़त के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्धा में—
1. उ0नि0 जगदीश यादव (97 किलोग्राम),
2. हे0कां0 शैलेष मौर्या (90 किलोग्राम),
3. हे0कां0 अफजल अली (65 किलोग्राम),
4. कां0 राजकुमार राणा (57 किलोग्राम) तथा
5. कां0 शिवानन्द यादव (70 किलोग्राम)
द्वारा अपने-अपने भार वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अर्जित किए गए।
इसी क्रम में—
1. हे0कां0 ओमकार विश्वकर्मा (74 किलोग्राम),
2. हे0कां0 दिनेश कुमार (79 किलोग्राम) एवं
3. कां0 आयुष कुमार यादव (82 किलोग्राम)
द्वारा द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल हासिल किया गया।
ग्रीको-रोमन कुश्ती प्रतियोगिता में हे0कां0 जान मोहम्मद द्वारा 97 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया गया।
इसके अतिरिक्त आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में—
आरक्षी धर्मेन्द्र कुमार द्वारा 80 किलोग्राम वर्ग में तथा
महिला आरक्षी आनीता चौरसिया द्वारा भी 80 किलोग्राम वर्ग में
प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल अर्जित किया गया, जो महिला पुलिस कर्मियों की शारीरिक दक्षता एवं खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हे0कां0 भूपेन्द्र गुप्ता द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं साहसिक प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल किया गया।
आज दिनांक 08.02.2026 को पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा अपने कार्यालय/पुलिस लाइन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान गोरखपुर जोन की 31वीं अंतर्जनपदीय पुलिस कुश्ती-कलस्टर प्रतियोगिता–2026 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली गोण्डा पुलिस टीम के समस्त खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महोदय द्वारा खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके प्रशिक्षण, अभ्यास के दौरान आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा खेल गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खिलाड़ियों को समय से खेल उपकरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यह भी कहा गया कि खेल प्रतियोगिताएँ पुलिस बल में अनुशासन, टीम भावना एवं शारीरिक-मानसिक क्षमता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, तथा गोण्डा पुलिस के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से जनपद को गौरवान्वित किया
पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला
*लाठी डंडों व हाकी से पीटा,मेडिकल कॉलेज में भर्ती

गोंडा।जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकुला गांव में देर रात एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते भीम यादव पर  लोगों ने हमला कर दिया।लोगों की मानें तो भीम यादव मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था कि तभी रास्ते में गौरव नामक व्यक्ति ने उसे रोककर गाली गलौज करने लगा, जिसका विरोध करने पर गौरव ने अपने साथियों के साथ लाठी डंडों और हाकी से हमला बोल दिया।जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के अनुसार,परिजन घायल भीम यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय सीधे नवाबगंज थाने ले गये,जहाँ उन्होंने पुलिसकर्मियों को घायल भीम यादव की स्थिति दिखाई और गौरव के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराया।तत्पश्चात इलाज के लिए भीम यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया।पुलिस ने भीम यादव के परिजनों की तहरीर पर आरोपी गौरव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है तथा घायल भीम यादव का जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।नवाबगंज थाने के अपराध निरीक्षक विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि भीम यादव देर रात एक मांगलिक कार्यक्रम में जा रहा था,जब गौरव ने उसे रास्ते में रोककर गाली गलौज और मारपीट किया।घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपी गौरव फरार है और पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
जिलाधिकारी ने किया कलेक्ट्रेट कार्यालयों का औचक निरीक्षण

*कार्यालयों में साफ सफाई एवं फाइलों का रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश-जिलाधिकारी*


*गोण्डा 07 फरवरी,2026*।जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट के सभी कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में कार्यकुशलता, अनुशासन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की निगरानी करना। जिलाधिकारी ने इस दौरान संबंधित पटल सहायकों से वार्ता करते हुए कार्यालय में समय पर उपस्थित रहने, साफ-सफाई बनाए रखने और फाइलों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के लिए विशेष निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यालयीन कार्यों में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। फाइलों का सही तरीके से रखरखाव न केवल काम को तेज़ और प्रभावी बनाता है, बल्कि आम जनता को भी त्वरित और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करने में मदद करता है। साथ ही, उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालय में समय की पाबंदी के महत्व पर भी बल दिया।

उन्होंने जिलाधिकारी के साथ मिलकर कार्यालयीन गतिविधियों का अवलोकन किया और पटल सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिलाधिकारी ने कार्यालयों की सफाई, कार्यस्थल पर अनुशासन, और फाइलों की नियमित जाँच की महत्ता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों का सहयोग और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य निष्पादन आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक कार्यालय के कर्मचारियों के कार्यप्रणाली की समीक्षा की और जहाँ सुधार की आवश्यकता थी, वहाँ उचित सुझाव भी दिए।
जिलाधिकारी का यह निरीक्षण प्रशासनिक कार्यों की पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा जताई कि वे आगामी समय में कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता और अनुशासन बनाए रखें।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारीगण ने जिलाधिकारी के सुझावों और दिशा-निर्देशों का स्वागत किया और उन्हें कार्यान्वित करने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीमती रिंकी जायसवाल, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा, प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र कुमार तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यूपी एसटीएफ ने पचास हजार के इनामी को हरियाणा से किया गिरफ्तार
*कई शराब की दुकानों में चोरी का है आरोप

गोंडा।जिले की परसपुर पुलिस व यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी अपराधी रितिक सिंह उर्फ बिल्लू को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।रितिक सिंह ने अपने साथियों मलखान सिंह, रिजवान,जाकिर,सनी व योगेश के साथ मिलकर परसपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर डेहरास स्थित कंपोजिट बियर की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।चोरी के बाद सभी आरोपी पैसे बांटकर फरार हो गए थे।इन आरोपियों ने धर्मनगर स्थित एक बियर की दुकान में भी इसी तरह की चोरी किया था।इन सभी के साथ परसपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।इसके अतिरिक्त, रितिक सिंह के खिलाफ परसपुर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है,जिसमें वह लगातार फरार चल रहा था।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रितिक की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था,उसके बाद भी जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई तो देवीपाटन मंडल के पुलिस महानिरीक्षक अमित कुमार पाठक ने इनाम की राशि बढ़ाकर 50 हजार रूपए कर दिया था।यूपी एसटीएफ के इंस्पेक्टर ओम शंकर शुक्ला ने अपनी टीम के उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह, मुख्य आरक्षी  दिलीप यादव, कुलदीप सिंह,गिरजा शंकर यादव और शिव भोला शुक्ला के साथ मिलकर इस गिरफ्तारी अभियान को अंजाम दिया।टीम ने परसपुर थाने की पुलिस के साथ हरियाणा में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा।परसपुर थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि रितिक सिंह ने उनके थाना क्षेत्र की कई बियर व शराब की दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है और अब उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
आयोजित हुआ सालाना फातिहा

गोंडा (करनैलगंज)।हर साल की तरह इस साल भी शुक्रवार की रात्रि मोहम्मद जकीउल्लाह शाह डॉक्टर मोहम्मद सलमान के आवास ग्राम जहाँगीरवा के मजरा लोहारनपुरवा में हजरत कफीलुल्लाह शाह बड़े बाबा जी रहमतुल्लाह अलैह का सालाना फातिहा बड़े ही धूम धाम से मनाया गया। जहाँ नये पुरवा से देर शाम हज़रत कफीलुल्लाह शाह रहमतुल्लाह अलैह के नाम का गागर उठाया गया जो कि डॉक्टर सलमान के घर पर लाया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनवारुल हक़ शाह पप्पू मियाँ सज्जादा नशीन दरगाह बाबा शहीद मर्द रहमतुल्लाह अलैह रहे।

कार्यक्रम की शुरुवात महफिले मीलाद से किया गया। मध्य रात्रि से सूफियाना कव्वाली का दौर शुरू हुआ जहां कव्वालों ने पूरी रात्रि कव्वाली सुनाकर लोगों का  खूब मन मोहा। इस मौके पर हिन्दू मुस्लिम एकता की मिसाल भी देखने को मिली।कार्यक्रम में मुहम्मद फाख़िर,गुड्डू मियाँ,शानू मियाँ,गुलजार मियाँ,जमील अहमद, जाहिद हुसैन उर्फ मुल्ला प्रधान,गुल मुहहम्मद,संतराम विश्वकर्मा,अजीज अहमद,सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
छात्र पिटाई मामले में बीएसए ने दिए जांच के आदेश,बीईओ को रिपोर्ट देने के निर्देश
स्कूल के खिलाफ होगी कार्रवाई- बीएसए

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एम जी आर पब्लिक स्कूल गुमदहा में कक्षा 2 के एक छात्र के साथ अध्यापक द्वारा मारपीट के मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं।बताते चलें कि विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे कक्षा 2 के छात्र अभिषेक गोस्वामी को विद्यालय के शिक्षक प्रखर द्वारा मारा पीटा गया था।बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी करनैलगंज को मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है तथा इसके अतिरिक्त विद्यालय के मान्यता संबंधी दस्तावेजों के जांच के निर्देश भी दिए हैं।ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि मान्यता संबंधी सभी नियमों का पालन किया गया है या नहीं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों के साथ मारपीट की अनुमति किसी को नहीं है।उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी और सभी स्कूल संचालकों को पहले ही ऐसे अध्यापकों को न रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षक प्रखर सिंह ने सामाजिक विज्ञान का गृहकार्य न पूरा होने पर छात्र अभिषेक गोस्वामी को 105 डंडे मारे थे।पिटाई के कारण छात्र बीमार हो गया और घर पहुंचने पर परिजनों को घटना का पता चला,जिसके बाद परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया।करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने भी इस मामले में अपनी जांच तेज कर दिया है।भरोसेमंद सूत्रों की मानें तो यह अध्यापक पहले भी कई अन्य छात्रों के साथ मारपीट कर चुका है,परन्तु डर के कारण उन बच्चों के परिजन सामने नहीं आए थे।सोशल मीडिया पर भी लोग अब इस स्कूल के संचालक और अध्यापक के खिलाफ कठोर कार्यवाही को लेकर मांग कर रहे हैं।जबकि शिक्षा का अधिकार अधिनियम(2009) की धारा 17 के तहत विद्यालय में किसी भी बच्चे को शारीरिक दंड अथवा मानसिक प्रताड़ना देना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
बार एसोसिएशन चुनाव के लिए कुल 45 नामांकन वैध पाए गए
*अध्यक्ष के लिए 8,तो महामंत्री के लिए 7 प्रत्याशी कर रहे दो दो हाथ

*एक पूर्व अध्यक्ष सहित 3 पूर्व महामंत्री अध्यक्ष की दौड़ में शामिल

*भाजपा विधि प्रकोष्ठ के सह संयोजक सहित 7 प्रत्याशी महामंत्री की दौड़ में शामिल

गोंडा।जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष व महामंत्री सहित आठ पदों के लिए कुल 45 उम्मीदवार चुनावी समर में उतर चुके हैं जिसके लिए आगामी 13 फरवरी को मतदान व उसी दिन देर रात तक मतगणना के पश्चात चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे।बताते चलें कि बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए जहाँ एक तरफ लगभग आधा दर्जन बार एसोसिएशन की अगुआई कर चुके रवि चंद त्रिपाठी मैदान में हैं तो वहीं दूसरी तरफ एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनिल कुमार सिंह,आलोक कुमार पाण्डेय,इंद्रमणि शुक्ला, विनय कुमार मिश्रा व अजीत श्रीवास्तव आमने सामने हैं,जो अपने मंत्रित्व काल की उपलब्धियों का हवाला देकर अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।वहीं दूसरी तरफ वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष,सहित अन्य पदों के प्रत्याशी अधिवक्ता हितों का हवाला देकर अपने अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते देखे जा सकते हैं।