गोण्डा में तहसील परिसर की जलपान कैंटीन की नीलामी 6 फरवरी को

गोण्डा।जनपद गोण्डा में तहसील परिसर स्थित जलपान कैंटीन की दुकान की नीलामी को लेकर सार्वजनिक सूचना जारी की गई है। वित्तीय वर्ष 2026–27 (01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक) के लिए तहसील परिसर के पश्चिमोत्तर स्थित जलपान कैंटीन की नीलामी दिनांक 06 फरवरी 2026 को अपराह्न 3:00 बजे तहसील सभा कक्ष, तहसील गोण्डा सदर में आयोजित की जाएगी।

नीलामी की सामान्य शर्तों के अनुसार प्रत्येक बोलीकर्ता को बोली बोलने से पूर्व ₹5,000 की अग्रिम जमानत जमा करना अनिवार्य होगा। बिना जमानत राशि जमा किए कोई भी व्यक्ति बोली में भाग नहीं ले सकेगा। नीलामी समाप्त होने के बाद उच्चतम बोली लगाने वाले को बोली की सम्पूर्ण धनराशि तत्काल जमा करनी होगी, जिसमें जमानत राशि भी समाहित रहेगी। निर्धारित समय पर धनराशि जमा न करने की स्थिति में जमानत जब्त कर पुनः नीलामी कराई जाएगी अथवा द्वितीय उच्चतम बोलीकर्ता के पक्ष में ठेका दिया जा सकेगा।

कैंटीन का संचालन केवल स्वीकृत स्थान पर ही किया जाएगा। ठेकेदार को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक किसी भी सामग्री का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी तथा कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उप जिलाधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना तहसील परिसर में फोटोस्टेट मशीन लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिन व्यक्तियों पर पूर्व की नीलामी का कोई बकाया है, वे बोली में भाग नहीं ले सकेंगे।
पीड़ित महिलाओं को दिलाया जाय हरसंभव न्याय: एकता सिंह
उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने की जनसुनवाई, तथा निरीक्षण

गोण्डा। 05 फरवरी,2026
उ.प्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह का बुधवार को जनपद में आगमन हुआ। आगमन के उपरान्त उन्होंने सर्किट हाउस गोण्डा में महिला सम्बन्धी जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कुल 06 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का मौके पर ही तत्काल निस्तारण कराया गया, जबकि शेष 04 प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये।

सदस्य श्रीमती सिंह ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निस्तारण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी महिला के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राप्त प्रकरणों में पीड़ित महिलाओं को हरसंभव न्याय दिलाया जाय। जनसुनवाई से पूर्व श्रीमती सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हलधरमऊ का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इसके पश्चात आंगनबाड़ी केन्द्र बटौरा बख्तावर सिंह का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को प्रदान की जा रही पोषण सेवाओं, पंजीकरण, उपस्थिति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा कार्यकत्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इसके उपरान्त प्रशिक्षण संस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा, ए.एन.एम. तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ वार्ता/संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी एवं सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम के अन्त में दर्जीकुंआ स्थित शिवबहादुर द्वारा आयोजित चाय आमंत्रण कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी एस.पी. सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, महिला थाना प्रभारी अनीता यादव, संरक्षण अधिकारी चन्द्रमोहन वर्मा, सेंटर मैनेजर चेतना सिंह, सिद्धनाथ पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
युवक को ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर,एक की मौत एक घायल
*तेरहवीं भोज से लौट रहे थे युवक, पुलिस जांच में जुटी

गोंडा।जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में देर रात हुए एक सड़क हादसे में नरसिंह (40) की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं लल्लू (38) गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के तत्काल बाद लल्लू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया है।मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा परन्तु उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।यह हादसा मसौलिया,गौरा माझा मार्ग पर हुआ है।मृतक नरसिंह व घायल लल्लू दोनों करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बसेरिया तिवारी पुरवा गांव के निवासी थे।दोनों देर रात रामगढ़ गांव में एक रिश्तेदार के यहां तेरहवीं भोज कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।घर लौटते समय वे मैजापुर चीनी मिल में गन्ना बेचकर जा रही एक खाली ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गए।टक्कर इतनी भीषण थी कि नरसिंह की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाली पुलिस मौके पहुंची और ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दिया है।मृतक नरसिंह के चार बच्चे हैं,जिनमें क्रमशः आंचल(15),अजीत (10),अंशिका (7) व रिया(4) हैं।इस हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही परिजन करनैलगंज कोतवाली पहुंच गए।करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मृतक नरसिंह के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा घायल लल्लू का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है।परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही प्रारम्भ कर दिया है।
जिले के 5 विधायकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर घाघरा पुल न बंद करने की मांग की
बंद करने से पहले वैकल्पिक पुल बनाने पर दिया जोर

गोंडा।जिले के पाच विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों पर चर्चा किया और उसके बाद सभी विधायकों ने एक मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में क्रमशः प्रेम नारायण पांडेय विधायक तरबगंज, बावन सिंह विधायक कटरा बाजार, विनय कुमार द्विवेदी विधायक मेहनौन,अजय कुमार सिंह विधायक करनैलगंज तथा प्रभात कुमार वर्मा विधायक गौरा शामिल थे।इन सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री से संजय सेतु (घाघरा पुल) को मरम्मत के लिए तब तक बंद न करने की मांग किया, जब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था या पांटून (पीपा पुल) पुल न बन जाए।उन्होंने तर्क दिया कि वैकल्पिक व्यवस्था के बिना पुल बंद होने से प्रतिदिन लाखों लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों की इस मांग को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि पहले वैकल्पिक मार्ग बनाया जाएगा,उसके बाद ही पुल को मरम्मत के लिए बंद किया जाएगा।जनप्रतिनिधियों ने यह भी मांग किया कि मरम्मत के स्थान पर एक नया संजय सेतु (घाघरा पुल)बनाया जाए,ताकि लोगों को भविष्य में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।मुख्यमंत्री ने विधायकों की इस मांग पर भी आश्वासन दिया है।मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान जिले के अधिकारियों और विकास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा किया साथ ही उन्होंने शेष विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने का निर्देश दिया।सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने उनकी मांगों को सुना और स्वीकार किया।विधायक मेहनौन विनय कुमार द्विवेदी ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया कि उन्होंने पांटून (पीपा) पुल बने बिना घाघरा पुल न बंद करने का आश्वासन दिया है।उन्होंने इसको लेकर के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया है।
नाबालिग के साथ रेप के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार,घर में घुसकर वारदात को दिया था अंजाम


आरोपी को छुड़ाने गये 4 अभी भी फरार

गोंडा।जिले के कटरा बाजार थाने की पुलिस ने दूसरे समुदाय की एक नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी मोहम्मद गोलू उर्फ़ सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है,वहीं इस मामले में चार अन्य आरोपी क्रमशः अकबर अली,अब्बास अली, शब्बीर अली व मेराज की तलाश जारी है,जिन्होंने आरोपी को छुड़ाने के लिए पीड़ित परिवार के घर में घुसकर मारपीट किया था।घटना कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में 2 फरवरी की रात लगभग 11 बजे हुई थी।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी लड़की घर में अकेली थी,जबकि परिवार के अन्य सदस्य रिश्तेदारी में गये हुए थे।इसी दौरान मोहम्मद गोलू उर्फ़ सद्दाम हुसैन ने घर का दरवाजा खटखटाया और बेटी ने अपने पिता को समझकर दरवाजा खोल दिया कि तभी आरोपी मोहम्मद गोलू उर्फ़ सद्दाम हुसैन घर में घुस गया और नाबालिग लड़की को जमीन पर पटक कर उसके कपड़े फाड़ दिए,उसने लड़की के साथ अश्लील हरकत किया और दुष्कर्म का प्रयास किया।लड़की के चिल्लाने पर पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।आरोपी के पकड़े जाने के बाद उसके परिवार के सदस्य अकबर अली, अब्बास अली, शब्बीर अली व मेराज असलहा लेकर मौके पर पहुंचे।उन्होंने पीड़िता के साथ मारपीट भी किया और मोहम्मद गोलू को छुड़ाने का प्रयास किया।इस दौरान पूरे मुहल्ले के लोग इकट्ठा हो गये।कटरा बाजार पुलिस ने बालिका का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।

कटरा बाजार थाने के थानाध्यक्ष विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद गोलू उर्फ़ सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।घटना में शामिल चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।फरार चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी कटरा बाजार थाने की पुलिस जांच कर रही है।
आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया तो रद्द होगा कीटनाशी लाइसेंस
*15 फरवरी तक पंजीकरण अनिवार्य, नियम तोड़ने पर कीटनाशी विक्रेताओं पर एफआईआर*

*आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश*

*आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण न कराने वाले कीटनाशी विक्रेताओं का लाइसेंस होगा निरस्त*

*गोण्डा 04 फरवरी 2026*  -  जनपद में कीटनाशी लाइसेंस धारकों के लिए आई०पी०एम०एस० (IPMS) पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन कीटनाशी विक्रेताओं द्वारा अभी तक आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया गया है, यदि वे 15 फरवरी 2026 तक पंजीकरण नहीं कराते हैं तो उनका कीटनाशी लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए विक्रेताओं को गूगल सर्च में ipms.gov.in टाइप कर वेबसाइट खोलनी होगी। इसके बाद Login/Register सेक्शन में जाकर Sign Up विकल्प चुनना होगा। पंजीकरण फॉर्म भरने के उपरांत पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से मोबाइल नंबर का सत्यापन करना होगा। सत्यापन के बाद कीटनाशी लाइसेंस एवं पैन कार्ड की फोटो अपलोड कर फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म सबमिट करने के पश्चात विक्रेता को स्वयं अपना यूजरनेम और पासवर्ड बनाना होगा।

जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी कीटनाशी लाइसेंस धारक 15 फरवरी 2026 तक आईपीएमएस पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराता है, तो उसका लाइसेंस निष्क्रिय मानते हुए निरस्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही यदि लाइसेंस निरस्त होने के बाद कीटनाशी रसायनों की बिक्री की जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी विक्रेता की स्वयं की होगी। उन्होंने सभी कीटनाशी विक्रेताओं से समय रहते पंजीकरण कराकर कार्रवाई से बचने की अपील की है
विकृत मानसिकता वाले करते हैं ऐसे अपराध, शिवानी हत्याकांड पर बोली एकता सिंह
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनी समस्या

गोंडा।एक दिवसीय दौरे पर पहुंची राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह ने स्थानीय सर्किट हाउस में जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से सम्बन्धित शिकायतों को सुनते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया।जनसुनवाई के दौरान देहात कोतवाली क्षेत्र की एक बालिका ने यौन उत्पीड़न संबंधी लिखित शिकायती पत्र दिया और पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उक्त मामले में कोई कार्रवाई नहीं किया है।जिसके बाद एकता सिंह ने मौके पर मौजूद पुलिस के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्यवाही करने का निर्देश दिया।जिले में हाल ही में हुए शिवानी पांडेय आनर किलिंग मामले पर एकता सिंह ने बड़ा बयान दिया।उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध विकृत मानसिकता वाले लोग ही कर सकते हैं।राज्य महिला आयोग की सदस्य ने आगे कहा कि जब पिता और भाई ने ही बेटी से जीने का अधिकार छीन लिया हो,तो इसमें पुलिस या महिला आयोग क्या कर सकता है।एकता सिंह ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।उन्होंने इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बात कर आवश्यक निर्देश दिया है।दरअसल इस पूरे घटनाक्रम का राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और उन्होंने भी पूरे मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने समाज में जागरूकता की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार बार जागरूक करने के बाद भी ऐसी घटनाएं समाज को सोचने पर मजबूर करती हैं।जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान लगभग 10 शिकायतें महिलाओं से संबंधित प्राप्त हुई।एकता सिंह ने अधिकारियों को अगली सुनवाई तक इन शिकायतों का समाधान करने के निर्देश दिए और उन्होंने यह भी कहा कि अगली जनसुनवाई में यह शिकायतें दोबारा नहीं आनी चाहिए।
अधिवक्ता की मौत के मामले में दोबारा होगी जांच, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दिया आदेश
गोंडा।जिला मुख्यालय स्थित मोहल्ला गायत्री पुरम निवासी अधिवक्ता राजकुमार लाल श्रीवास्तव की हिरासत में हुई मौत के मामले में एक बड़ा निर्णय लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित सिंह की अदालत ने पुलिस की फाइनल रिपोर्ट को नकारते हुए खारिज कर दिया है।अदालत ने याचिकाकर्ता पवन कुमार श्रीवास्तव की याचिका को स्वीकार करते हुए थाना कोतवाली नगर को उक्त मामले में पुनः निष्पक्ष व गहन विवेचना का आदेश दिया है।यह मामला 16 मई 2023 का है जब अधिवक्ता राजकुमार लाल श्रीवास्तव को कथित रूप से हिरासत में लिया गया था।इस मामले में मृतक अधिवक्ता के परिजनों का आरोप है कि हिरासत के दौरान राजकुमार लाल श्रीवास्तव के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था तथा इस दौरान तेजाब पिलाने के कारण उनकी हालत खराब हुई और दौरान इलाज उनकी मौत हो गई।इस मामले में कोतवाली नगर में मुकदमा भी दर्ज किया गया था।विवेचना के बाद पुलिस ने 30 सितंबर 2023 को यह स्पष्ट करते हुए फाइनल रिपोर्ट दाखिल कर दिया था कि अपराध के समुचित साक्ष्य नहीं मिले।पुलिस द्वारा दाखिल किये गए फाइनल रिपोर्ट के विरुद्ध मृतक अधिवक्ता के भाई पवन कुमार श्रीवास्तव ने 16 अक्टूबर 2025 को प्रोटेस्ट दाखिल किया था और आरोप लगाया था कि पुलिस द्वारा जानबूझकर कमजोर धाराएं लगाई गई तथा चिकित्सकीय साक्ष्यों की अनदेखी की गई।इसके साथ ही जांच आरोपी पुलिसकर्मियों के प्रभाव वाले थाने से कराई गई।मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस की विवेचना को खारिज करते हुए पुनर्विवेचना के आदेश दिए हैं।
आनर किलिंग मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वत: सज्ञान,डीजीपी से 5 दिन में मांगी रिपोर्ट
*महिला आयोग अध्यक्ष बोलीं,व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर आघात

गोंडा।जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र निवासिनी शिवानी पांडेय(21) की कथित आनर किलिंग मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वत:संज्ञान लिया है।शिवानी की हत्या उसके पिता व भाई ने कथित तौर पर प्रेमी से शादी करने के कारण किया था।आयोग ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया है।यह घटना पूरे ललक गांव के मजरे बाबा पुरवा की है।आरोप है कि शिवानी के पिता चंद्र प्रकाश पाण्डेय व भाई राहुल पाण्डेय ने उसे करंट लगाकर और मारपीट कर मौत के घाट उतार दिया था।राष्ट्रीय महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर मामले में विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट पांच दिन के भीतर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।आयोग ने निष्पक्ष व समयबद्ध जांच,दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा आनर आधारित हिंसा की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के लिए निर्देशित किया है।आयोग ने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस घटना को अत्यंत भयावह और अमानवीय बताया।आयोग के अनुसार,अपनी पसंद से विवाह करने के निर्णय के कारण युवती की हत्या,महिला के जीवन,गरिमा, समानता और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर गंभीर आघात है।राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा की है और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्य सरकारों को ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।वरिष्ठ अधिवक्ता व सिविल बार की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष ओझा ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और इन पर रोक लगनी चाहिए।श्रीमती ओझा ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा स्वत: संज्ञान लेने को एक गंभीर कदम बताया और सरकार से जागरूकता अभियान चलाने का अनुरोध किया।उन्होंने कहा, मैं समझती हूँ कि अब राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा आरोपियों को कड़ी सजा दिलाए जाने को लेकर कोर्ट में तीव्र और सख्त पैरवी की जाएगी।
जमीनी विवाद में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, भाई घायल
*पिता पुत्र समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

गोंडा।जिले के कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र अंतर्गत लगभग दो दशक पुराने जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।यह घटना नारायनपुर गांव के दुल्हिन पुरवा मजरे की है।मृतक की पहचान शिव शंकर दूबे उर्फ़ लल्ला दूबे (32) के रूप में हुई है।बताते चलें कि देर रात विवादित खेत में सिंचाई के दौरान छत्तर बली दूबे अपने चार बेटों सुनील दूबे, विनोद दूबे, धर्मेंद्र दूबे व रवींद्र दूबे के साथ मौके पर पहुंचे और आपसी कहासुनी के बाद पिता पुत्रों ने मिलकर लल्ला दूबे के ऊपर चाकू से कई वार किये,जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई तथा लल्ला दूबे को बचाने दौड़े उनके भाई अमरनाथ पर भी हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया,जिससे अमरनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।मृतक लल्ला दूबे के तीन बच्चे हैं जिनमें सौरभ(12),शिवांश(10) व लक्ष्मी (8) शामिल हैं।करनैलगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि यह विवाद 20 साल पुराना है और सभी पक्ष आपस में पट्टीदार हैं।पुलिस ने छत्तर बली दूबे व उनके चार पुत्रों क्रमशः सुनील दूबे, विनोद दूबे, धर्मेंद्र दूबे व रवींद्र दूबे के खिलाफ हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है तथा पुलिस के आला अधिकारियों ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया।जांच के लिए डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।मौके पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।