*पीवीयूएनएल, पतरातू में लोहरी उत्सव का हर्षोल्लास के साथ आयोजन

पतरातू, झारखंड:

पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) के टाउनशिप ग्राउंड में लोहरी उत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के सीईओ श्री ए.के. सहगल एवं श्रीमती रेणु सहगल ने उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को लोहरी की शुभकामनाएँ दीं और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों—श्री अनुपम मुखर्जी, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना); श्री मनीष खेतरपाल, महाप्रबंधक (ओएंडएम); श्री ओ.पी. सोलंकी, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस); तथा श्री जोगेश चंद्र पात्र, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं कमीशनिंग) की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इस पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि लोहरी का यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और नए आरंभ लेकर आए। पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों एवं उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने आपसी सौहार्द और एकजुटता को और मजबूत किया।

दावोस में गूंजेगी 'युवा झारखंड' की धमक: विश्व आर्थिक मंच में भागीदारी देश के विकास के लिए 'टर्निंग प्वाइंट'।

रांची: झारखंड के निर्माण के 25वें वर्ष में राज्य एक बड़ी वैश्विक छलांग लगाने के लिए तैयार है। विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) की दावोस बैठक में झारखंड की भागीदारी महज एक संवाद नहीं, बल्कि भारत की आर्थिक प्रगति के लिए एक 'टर्निंग प्वाइंट' साबित होने वाली है। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, झारखंड अब विश्व के विकास की अगली कहानी को आकार देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

प्रमुख रणनीतिक बिंदु:

1. खनिजों से औद्योगिक क्रांति तक: झारखंड, जो कोयला, लौह अयस्क, तांबा और यूरेनियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों से संपन्न है, अब खुद को केवल संसाधनों के स्रोत के रूप में नहीं, बल्कि मूल्यवर्धित उद्योगों (Value-added industries) और सतत आपूर्ति श्रृंखला (Sustainable Supply Chain) के भागीदार के रूप में पेश करेगा।

2. उत्तरदायी निवेश और सतत विकास: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य "प्रकृति के साथ सामंजस्य" की अपनी मूल सोच को वैश्विक मंच पर रखेगा। दावोस में राज्य का ध्यान उत्तरदायी खनन, स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु-अनुकूल विकास पर होगा, जो विश्व आर्थिक मंच के मूल एजेंडे से मेल खाता है।

3. वैश्विक निवेशकों से सीधा संवाद: दावोस का मंच झारखंड को दुनिया की प्रमुख कंपनियों के सीईओ, वित्तीय संस्थानों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं से सीधे जुड़ने का अवसर देगा। इससे राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा और आधुनिक विनिर्माण के क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाएँ प्रबल होंगी।

4. 25 वर्षों का युवा झारखंड: अपनी रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा झारखंड अब एक परिपक्व औद्योगिक आधार, विशाल मानव संसाधन और नवाचार के साथ वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के प्रयास से लापता बच्चे हुए बरामद, पुलिस थपथपा रही अपनी पीठ....बाबूलाल मरांडी

भाजपा निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 12 दिनों से लापता बच्चे बरामद हुए, इसमें दो राय नहीं कि पुलिस ने काफी मेहनत की, दिन-रात एक कर दिया। इसी का परिणाम है कि यह बात गांव-गांव तक फैल गई और लोग इन बच्चों को ढूँढने में लग गये। अंततः बजरंग दल के युवाओं ने ही इन बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला।

कहा कि रामगढ़ के चितरपुर से बजरंग दल के कार्यकर्ता सचिन प्रजापति, डबलु साहु, सन्नी और उनके साथियों ने जिस दिलेरी से बच्चों को बरामद किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। तस्वीरें आपके सामने हैं, मैंने पहले भी पोस्ट किया था।इन तस्वीरों को देखकर कोई भी हकीकत और बयानबाज़ी के बीच के फ़ासले को आसानी से समझ सकता है कि सच क्या है और कुछ पुलिस वाले इसे किस तरीके से परोस कर पूरी वाहवाही हड़पने का घटिया प्रयास कर रहे हैं।

कहा लेकिन पुलिस की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखकर चंद सवाल उभरते हैं। पुलिस ने अपनी पीठ तो थपथपा ली, लेकिन बरामद करने वाले बजरंग दल के इन युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए चंद शब्द तक नहीं कहे। अब श्रेय लेने की होड़ मचेगी और मनचाहे लोगों को चुन-चुन कर पुरस्कार बांटे जाएंगे।

कहा कि वे चाहेंगे कि पुलिस अपनी गलती सुधारे और इन युवाओं को बुलाकर सम्मानित करे, ताकि आगे भी लोग मदद के लिए आगे आएं।

दूसरों की पहचान और मेहनत को खा जाना एक 'दलाल संस्कृति' है और इससे बचा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने भी जो प्रशासन की प्रशंसा के पुल बांधे हैं, ऐसा लगता है कि उन्हें भी अधिकारियों ने सही जानकारी नहीं दी है। उन्हें भी धरातल की सच्चाई पता कर अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संशोधन करना चाहिए और असली नायकों को सम्मान देना चाहिए।

कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है, तो मान लिया जाएगा कि यह व्यवस्था संवेदनहीन थी, है और रहेगी। पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा इन बातों का ख्याल न रखा जाना निंदनीय और शर्मनाक है।

बूथ के कार्यकर्ता ही पार्टी की पूंजी हैं, उनके साथ खड़ा रहूंगा.....आदित्य साहू

प्रदेश भाजपा के नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष सांसद आदित्य साहू एवम राष्ट्रीय परिषद के 21 निर्वाचित सदस्यों की आज के चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विधिवत घोषणा की। इस अवसर पर पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष श्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी,संजय सेठ,पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधुकोड़ा,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी एन सिंह,दिनेशानंद गोस्वामी, अभयकांत प्रसाद,यदुनाथ पांडेय,दीपक प्रकाश,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, सांसद बी डी राम,मनीष जयसवाल, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल,सचेतक राज सिन्हा,नागेंद्र महतो, प्रदेश चुनाव सह अधिकारी गणेश मिश्र,दुर्गा मरांडी,सुनीता सिंह,सहित पार्टी के सांसद,विधायकगण,पूर्व सांसद,पूर्व विधायक गण,पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी,जिला अध्यक्ष गण विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी गण सहित हजारों की संख्या में पूरे प्रदेश से कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम संचालन प्रदेश महामंत्री,चुनाव अधिकारी सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने और धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया।

विषय प्रवेश कराते हुए डॉ प्रदीप वर्मा ने पिछले 22 दिसंबर 2024 से झारखंड में भाजपा के चल रहे संगठन पर्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश और प्रदेश नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के परिश्रम और प्रयास से बूथ से लेकर प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया विधिवत संपन्न हुई। उन्होंने सभी का आभार प्रकट किया।

अपने उद्गार व्यक्त करते हुए नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू ने कहा कि आज मैं भाजपा रूपी मां के प्यार और दुलार से अत्यंत रोमांचित हो रहा हूं, निः शब्द हूं। एक मां ने शरीर से जन्म दिया लेकिन दूसरी मां पार्टी ने मुझे समाज जीवन में पहचान दी और प्रसिद्धि दी।

कहा कि आज के अवसर पर अपने केंद्रीय नेतृत्व भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा,कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन,गृह मंत्री अमित शाह जी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जी के प्रति हृदय से आभार प्रकट करते हुए बाबा बैजनाथ,बाबा वासुकीनाथ, बाबा वंशीधर ,बाबा टांगीनाथ, आंजन धाम,बाबा आम्रेश्वर ,माता छिन्नमस्तिका, माता भद्रकाली,माता सरना और राज्य के समस्त जाहिर थान ,मांझी थान जैसे पवित्र स्थलों देवी देवताओं को प्रणाम करता हूं।

कहा कि मैं आज के अवसर पर झारखंड के वीर सपूत भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हो, जतरा टाना भगत, तिलका मांझी, शेख भिखारी ,बुद्धू भगत जैसे अमर शहीदों के प्रति भी अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

कहा कि अपनी व्यस्तताओं के बीच दिल्ली से चलकर रांची आए केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव अधिकारी श्रीमान जुएल उरांव जी का विशेष आभार प्रकट करता हूं। साथ ही संगठन पर्व की जिम्मेवारी संभाल रहे हमारे साथी प्रदेश महामंत्री एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा जी, और उनके साथ श्री गणेश मिश्र जी,श्रीमती सुनीता सिंह का भी आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने बूथ से लेकर जिला और प्रदेश की सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने में अपनी महती भूमिका निभाई।

कहा कि मैं एक अदना सा कार्यकर्ता , कुचु बूथ पर पर वोट की पर्ची काटने का काम करता था लेकिन भाजपा ही है जो साधारण से साधारण कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष तक पहुंचा सकती है। दूसरे किसी दल में यह संभव नहीं। मैं देश के उच्च सदन राज्य सभा का सदस्य बना तो भी मुझे यह अहसास नहीं हुआ जैसा आज महसूस कर रहा हूं। मंच पर बैठे हमारे अभिभावक मार्गदर्शक श्रीमान बाबूलाल मरांडी जी जो झारखंड राज्य के एक धरोहर हैं, जिनके पास संगठन और सरकार चलाने के गहरे अनुभव हैं, ऐसे वरिष्ठ व्यक्तित्व के साथ कार्य करना और फिर दायित्व ग्रहण करना ऐसा लग रहा जैसे एक बड़े भाई ने अपने अनुज को जिम्मेवारी सौंपी हो।

कहा कि मैं सौभागशाली हूं कि संगठन के पास अनुभवी और प्रभावशाली नेतृत्व का खजाना है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार का नेतृत्व करने वाले श्रीमान अर्जुन मुंडा जी , संगठन और सरकार दोनों का प्रदेश स्तर पर सफल नेतृत्व करने वाले विकास पुरुष श्रीमान रघुवर दास जी , पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जी, चंपई सोरेन जी जैसे नेतागण का अनुभव है। पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष पद्मविभूषण कड़िया मुंडा जी,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद जी,पी एन सिंह जी,श्री यदुनाथ पांडेय जी,डॉ रविंद्र कुमार राय जी डॉ दिनेशानंद गोस्वामी जी, दीपक प्रकाश जी का कुशल मार्गदर्शन है। और साथ में ऐसे मजबूत नींव के पत्थर हैं जिन्होंने संगठन कार्य केलिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है श्रीमान नागेंद्र त्रिपाठी जी, श्रीमान कर्मवीर सिंह जी जिनके कुशल मार्गदर्शन में पार्टी वैचारिक और सांगठनिक कार्यों को गति दे रही है। मैं आज के अवसर पर सभी महानुभावों का आभार प्रकट करते हुए जोहार नमस्कार करता हूं।

कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे एक सुसज्जित सेना की अगुवाई करने के योग्य पार्टी ने मुझे समझा है। यह बड़ा ही गुरुत्तर दायित्व है परंतु आप सभी के प्यार स्नेह और ताकत के बल पर अपना क्षण क्षण और कण कण पार्टी को समर्पित करने की कोशिश करूंगा। मैं भले शरीर से अगली पंक्ति में बैठा दिखूंगा लेकिन मेरा मन हमेशा पार्टी के अंतिम पायदान पर,बूथों पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं से जुड़ा रहेगा। क्योंकि वही कार्यकर्ता पार्टी का आधार है,बुनियाद है। उसी के बल पर पार्टी ऊंचाइयों को छूती है। मैं कोशिश करूंगा कि वैसे जमीनी कार्यकर्ताओं के सुख दुख का सहभागी बन पाऊं। ईश्वर मुझे ऐसी ताकत प्रदान करें ऐसी प्रार्थना करता हूं।

कहा कि झारखंड के कार्यकर्ताओं केलिए अभी संघर्षों और चुनौतियों का समय है। हम सभी को झारखंड में सरकार बनाने की नहीं बल्कि आज झारखंड की अस्मिता,संस्कृति को बचाने की चुनौती है। और भले ही हम विरोधियों के झूठ फरेब के कारण सरकार नहीं बना पाए लेकिन जनता का भरोसा आज भी भाजपा के ऊपर है। राज्य की जनता हम पर उम्मीद भरी नजरों से देख रही।सभी को पता है कैसे आए दिन घोटाले उजागर हो रहे है।राज्य के जल जंगल जमीन पर डाका डाला जा रहा। लैंड जिहाद, लव जिहाद के सहारे कैसे गरीब आदिवासी दलित की जमीन लूटी जा रही।कैसे उन्हें उनकी परंपरा ,संस्कृति से काटने का लगातार बड़े पैमाने पर षडयंत्र चल रहा। राज्य घुसपैठियों की शरण स्थली बन गया है। घुसौपैठियों को सत्ता का खुल्लमखुल्ला संरक्षण प्राप्त है।

कहा कि इतना ही नहीं लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने जो पेसा नियमावली बनाई उसने आदिवासी समाज की आत्मा पर ही प्रहार कर दिया।अबुआ सरकार के नाम पर जनता को केवल धोखा मिल रहा। ऐसे में हमारी जिम्मेवारी ज्यादा है। एक साथ हमे दो दो जिम्मेवारी निभानी है। संगठन को सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी,सर्व समावेशी बनाकर और मजबूत करना है दूसरी ओर राज्य की भ्रष्ट निकम्मी सत्ता से जनता को मुक्ति दिलानी है। रामचरित मानस में कहा है... राम काज किन्हें बिना मोहि कहां विश्राम

कहा कि देश को राष्ट्र विरोधी ताकतों,विचारों से मुक्ति दिलाना ,सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को स्थापित करना, अंत्योदय को साकार करना यह हमारा लक्ष्य है। मां भारती तभी विश्वगुरु के रूप में फिर से प्रतिष्ठित होगी जब भारत विकसित भारत,आत्म निर्भर भारत बनेगा।

कहा कि हम सब को अपने परिश्रम से माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत बनाने के संकल्प को सिद्धि में बदलना है। इसके लिए झारखंड को भी विकसित बनाना है।बिना विकसित झारखंड के विकसित भारत नहीं बन सकता।

हमें अपने अपने स्तर से इस राम काज में गिलहरी की भांति छोटे छोटे प्रयास करने हैं। छोटे छोटे प्रयासों से ही बड़े संकल्प की सिद्धि होती है।भाजपा का संकल्प बेदाग है निश्छल है,आप सभी के सहयोग से यह संकल्प अवश्य पूरा होगा।

उन्होंने राज्य के सभी कार्यकर्ताओं,शुभचिंतकों के प्रति अपना आभार प्रकट किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी एक सहज सरल व्यक्तित्व के धनी हैं।इन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने श्री साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड को विकसित झारखंड,अटल जी के संकल्पों का झारखंड बनाने केलिए भाजपा की सरकार बनानी है। कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री आदित्य साहू के नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी।और झारखंड में भाजपा एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी।

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने श्री आदित्य साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने श्री साहू को बूथ ,मंडल,जिला और प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष के रुप में गंभीरता पूर्वक कार्य करते हुए देखा है। जन समस्याओं,कार्यकर्ताओं के सुख दुख के प्रति इनकी संवेदशीलता सराहनीय है।

कहा कि झारखंड गठन के संकल्प अभी अधूरे हैं। राज्य की वर्तमान सरकार ने झारखंड को गर्त में धकेल दिया है।विधि व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम हैं और पुलिस वसूली में मस्त है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार झारखंड की समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रही है। अभी भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।आगे की अधूरी लड़ाई हम सब नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी के नेतृत्व में लड़ेंगे और इस भ्रष्ट निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।

केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के जल जंगल जमीन की सुरक्षा की लड़ाई अब भाजपा कार्यकर्ता आदित्य जी के नेतृत्व में लड़ेंगे और ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे। उन्होंने यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने परिश्रम और अनुभवों से भाजपा को एक नई पहचान दी है।इनके अधूरे कार्यों को नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद आदित्य साहू जी पूरा करेंगे।झारखंड भाजपा का एक मजबूत संगठन खड़ा होगा।और पार्टी जन आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी।

पूर्व केंद्रित मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि नए अध्यक्ष का चयन शुभ मुहूर्त में हो रहा है। उन्होंने बधाई शुभकामनाएं दी और कहा कि आदित्य साहू जी के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी। और इनके नेतृत्व में झारखंड अपनी चुनौतियों से निकलकर बाहर आयेगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पी एन सिंह ने आदित्य साहू जी को बधाई शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये भाजपा के हीरा जैसे बहुमूल्य कार्यकर्ता हैं जिन्हें उन्होंने 20 वर्ष पूर्व ही पहचान लिया था।

एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। हम सब मिलकर इनके नेतृत्व में संगठन को मजबूत करेंगे और जोर शोर से झारखंड की सत्ता में आएंगे।

विधायक सीपी सिंह ने भी अपने संबोधन से नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष को बधाई शुभकामनाएं दी।

बधाई शुभकामनाएं देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय,विकास प्रीतम, आरती कुजूर, भानु प्रताप शाही, बड़कुवर गगराई,प्रदेश मंत्री सरोज सिंह,सीमा पासवान, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, हेमंत दास,शिवपूजन पाठक ,योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक,प्रवक्ता अजय साह,रमाकांत महतो,राफिया नाज,विजय चौरसिया,जेबी तुबिद,गीता कोड़ा,महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, रांची पूर्वी और पश्चिमी जिला के अध्यक्ष विनय महतो धीरज,नरेंद्र सिंह, सहित सभी जिलों के जिला अध्यक्ष गण,जिला ,मंडल के पदाधिकारी गण,मोर्चों के पदाधिकारी सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

गढ़वा मे विराट श्री रुद्र महायज्ञ के आयोजन के निमित भव्य नगर भ्रमण सह कुटिया प्रवेश का कार्यक्रम सुसंपन्न।

गढ़वा :- गढ़वा जिला के जागृति युवा क्लब के द्वारा 08 मार्च 2026 से 16 मार्च 2026 तक ग्राम जोबरइया के श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विराट श्री रुद्र महायज्ञ के यज्ञाधीश आचार्य आशीष वैद्य जी महाराज जी के पर्णकुटीर (कुटिया) प्रवेश -सह- नगर भ्रमण का कार्यक्रम आज गढ़वा शहर मे भव्य तरीके से सुसंपन्न हुआ।

वहीं विदित हो कि यह कार्यक्रम पूर्व नियोजित योजना के अनुसार बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर जोबरईया से एक भव्य शोभायात्रा के रूप में जोबरईया, सिरहे, नवादा होते हुए नवादा मोड़ से नहर चौक होकर यज्ञाधीश आचार्य जी श्री श्री आशीष वैद्य जी महाराज के आवास तक पहुंची।

इस दौरान सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु भक्तजन मोटरसाइकिल एवं चारपहिया वाहन से हनुमत ध्वज लहराते हुए बाबा नीलकंठ महादेव एवं मां गढ़देवी मैया के जयकारों के साथ यज्ञाधीश महाराज के अगवानी के लिए उनके आवास तक पहुंचे।

अगवानी करने के लिए विराट श्री रूद्र महायज्ञ के प्रधान संयोजक श्री राकेश पाल जी वहां विशेष रूप से उपस्थित थे। यज्ञाधीश महाराज जी को फूलों से सजी हुई विशेष वाहन में सम्मान सहित बैठाकर यह शोभायात्रा नहर चौक से चिनिया मोड, रंका मोड हुए होते हुए मझियांव मोड़ से होकर गढ़वा मझियांव रोड में स्थित जोबरइया गांव के यज्ञस्थल परिसर में पहुंची। कुटिया प्रवेश से पूर्व कुटीया की विधिवत पूजा अर्चना की गई।

पूजा अर्चना के कार्य में वाराणसी से आए हुए आचार्य गौरव शास्त्री जी और दीपक मिश्रा जी विशेष रूप से मंत्रोच्चार में सम्मिलित रहे।पूजा के दौरान अतुल ब्रह्मचारी जी ने वाद्य यंत्र पर अपनी प्रस्तुति से संपूर्ण वातावरण को भक्ति में बना दिया। संपूर्ण शोभायात्रा के दौरान प्रशासन के लोगों ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के द्वारा नियुक्त दंडाधिकारी संजीत कुमार विशेष रूप से सक्रिय रहे।

वहीं पूजा कार्यक्रम समाप्ति के पश्चात श्री रुद्र महायज्ञ के प्रधान संयोजक श्री राकेश पाल ने जागृति युवा क्लब -सह- यज्ञ आयोजन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के आयोजन में अनुशासन व्यवस्था एक प्रमुख अंग रहा।सबों के तत्परता और सहयोग से संपूर्ण यज्ञ के दौरान भी यह व्यवस्था निरंतर बनी रहे हमें ऐसी योजना पर कार्य करना होगा।

शोभायात्रा सह नगर भ्रमण कार्यक्रम में अगल- बगल कई गांव के सैकड़ो भक्तजन के साथ - साथ इस कार्यक्रम में गढ़वा प्रखंड प्रमुख अनीता देवी,नवादा पंचायत की मुखिया आशा देवी समेत पूर्व प्रखंड प्रमुख तेतरी देवी,राम प्रसाद राम, सुखवीर पाल, मां गढ़देवी मंदिर निर्माण समिति से विनोद जायसवाल, सरदार रणजीत सिंह,विजय हलवाई, सुरेश अग्रवाल, सुनील कुमार कुशवाहा, समेत जागृति युवा क्लब के सभी सीनियर जूनियर सदस्य गण एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।।

रांची में भीषण शीतलहर का अलर्ट: उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जारी की एडवायजरी, अभिभावकों और छात्रों के लिए विशेष अपील।

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में कड़ाके की ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन के आधार पर जिले के नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों और छात्र-छात्राओं के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियाँ और अपील जारी की है।

न्यूनतम तापमान और येलो अलर्ट: जिले का तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और मौसम विभाग ने इसे 'येलो जोन' (शीतलहर) में रखा है। उपायुक्त ने सर्दी-खांसी, निमोनिया और हाइपोथर्मिया जैसी बीमारियों से बचाव हेतु लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है।

प्रशासन की मुख्य अपील एवं सावधानियाँ:

आम जनता के लिए: गर्म कपड़ों (मफलर, दस्ताने, टोपी) का अनिवार्य उपयोग करें। सुबह-शाम कोहरे के समय बाहर निकलने से बचें।

अभिभावकों के लिए विशेष निर्देश: बच्चों को स्कूल भेजते समय मोटे गर्म कपड़ों की परत पहनाएं। यदि बच्चा अस्वस्थ लगे, तो उसे स्कूल भेजने के बजाय तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।

छात्र-छात्राओं के लिए: स्कूल जाते समय अपने नाक और मुंह को स्कार्फ या मफलर से ढंक कर रखें और समय-समय पर गुनगुने पानी का सेवन करें।

निरंतर निगरानी: उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिला प्रशासन स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है। ठंड के प्रकोप को देखते हुए भविष्य में स्कूलों के समय या छुट्टी के संबंध में आगे के निर्देश जारी किए जा सकते हैं।

एक माँ ही इस खुशी को महसूस कर सकती है"– बच्चों की बरामदगी पर मुख्यमंत्री का सोशल मीडिया संदेश वायरल।

रांची: धुर्वा से लापता मासूम अंश और अंशिका की सकुशल बरामदगी पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी खुशी व्यक्त की है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (X) पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने न केवल पुलिस की पीठ थपथपाई, बल्कि इस पूरी घटना के पीछे छिपे बड़े आपराधिक नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का संकल्प भी दोहराया।

"परेशान करने वाले थे पिछले कुछ दिन": मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि बच्चों के लापता रहने के दौरान वे व्यक्तिगत रूप से काफी व्यथित थे। उन्होंने कहा, "आखिर कोई इतना कैसे गिर सकता है? शुरुआत में सफलता नहीं मिल रही थी, जो चिंताजनक था। लेकिन रांची पुलिस ने जिस तरह दूसरे राज्यों में हुई समान घटनाओं के तार जोड़कर अपराधियों तक पहुँच बनाई, वह वाकई प्रशंसनीय है।"

बड़े नेटवर्क पर प्रहार की तैयारी: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान बच्चों की बरामदगी पर खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राज्य और राज्य के बाहर सक्रिय ऐसे गिरोहों की गहन पड़ताल कर उनकी कमर तोड़ी जाएगी। वहीं, सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक ने पुष्टि की है कि मामले को अभी गोपनीय रखा जा रहा है ताकि इस बड़े नेटवर्क की पहचान कर उसे पूरी तरह खत्म किया जा सके।

सरकारी योजनाओं से जुड़ेगा परिवार: मुख्यमंत्री ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए रांची जिलाधिकारी (DC) को निर्देशित किया है कि वे स्वयं अंश और अंशिका के परिवार से मिलें और उन्हें सभी जरूरी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ट्वीट में लिखा– "एक मां और परिवार ही इस पल की असीमित खुशी महसूस कर सकता है।"

अंश-अंशिका की वापसी से बहाल हुआ पुलिस का इकबाल, 'संघर्ष समिति' ने मुख्यमंत्री और डीजीपी का जताया आभार।

रांची: अंश-अंशिका बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक सह राजद नेता कैलाश यादव ने दोनों मासूमों की सकुशल बरामदगी पर अपार हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने इसे शासन-प्रशासन की साख और विश्वसनीयता की जीत बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखंड पुलिस की पूरी टीम को बधाई दी है।

प्रशासन की कर्मठता को साधुवाद: कैलाश यादव ने कहा कि भारी दबाव और विपक्ष की राजनीति के बावजूद प्रशासन ने दिन-रात मेहनत कर इस चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, डीजीपी तदाशा मिश्रा, रांची एसएसपी राकेश रंजन और उनकी पूरी टीम (सिटी, ग्रामीण, ट्रैफिक एसपी एवं डीएसपी) सहित धुर्वा और जगन्नाथपुर थाना प्रभारियों को इस सफलता के लिए साधुवाद दिया।

मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की प्रशंसा: यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को बच्चों और उनके परिवार को समुचित सुविधा देने का निर्देश देना सच्ची मानवता का परिचय है। उन्होंने कहा, "मकर संक्रांति के दिन भगवान जगन्नाथ स्वामी ने न्याय किया है।"

अपराधी गिरोह पर कड़ी कार्रवाई की मांग: समिति ने प्रशासन से आग्रह किया है कि केवल बच्चों की बरामदगी ही काफी नहीं है, बल्कि इस पूरे अपहरणकर्ता गिरोह का खुलासा होना चाहिए। अपराधियों पर ऐसी कठोर कार्रवाई हो जो समाज में एक बड़ी नजीर बने।

मुहिम के साथियों का आभार: इस अवसर पर संघर्ष समिति के रंजन यादव, नंदन यादव, बबन यादव, अनीता यादव और पूर्व पार्षद उर्मिला देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की सराहना की।

अंश-अंशिका की सुरक्षित वापसी: रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी, डीजीपी ने दी पूरी टीम को बधाई।

रांची: झारखंड पुलिस ने एक बार फिर अपनी कुशलता और टीम वर्क का परिचय दिया है. रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के मौसीबाड़ी खटाल से 2 जनवरी को लापता हुए दो मासूम बच्चे अंश और अंशिका को पुलिस ने रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से सकुशल बरामद कर लिया.

मानव तस्कर गिरोह का नेटवर्क

झारखंड पुलिस मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने बताया कि यह एक बहुत बड़ा गिरोह है. फिलहाल मामले को पूरी तरह से गुप्त इसलिए रखा जा रहा है क्योंकि इसमें एक बड़े नेटवर्क को पकड़ना है. वहीं, बच्चों के सकुशल वापसी के बाद सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि फिलहाल अभी इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस की टीम काम कर रही है. बच्चों को किस तरह से ले जाया गया था और उन्हें कहां-कहां रखा गया था इसकी जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी.

बच्चों की सुरक्षित वापसी पर डीजीपी ने रांची पुलिस की सराहना की और एसएसपी राकेश रंजन सहित पूरी टीम को बधाई दी. पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी तदाशा मिश्र ने कहा कि रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत स्पेशल टीम ने बच्चों को बरामद किया. उन्होंने एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि पूरी टीम ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ मामले को संभाला. डीजीपी ने अभियान में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह सफलता पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी सहायता का परिणाम है.

बच्चों के परिजनों ने दी धन्यवाद

बच्चों के माता-पिता ने रांची पुलिस को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, "रांची पुलिस को बहुत-बहुत बधाई. हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है. पुलिस ने इतनी तत्परता दिखाई कि हमारे बच्चे सुरक्षित लौट आए". परिजनों ने बताया कि 2 जनवरी को बच्चे घर से लापता हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी ट्रेस किए.

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी बच्चों को चितरपुर ले गए थे. फिलहाल, रांची पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. डीजीपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. दोनों बच्चे अब अपने परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं. यह घटना झारखंड पुलिस की अपराध नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से पुलिस की छवि और मजबूत हुई है.दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी बच्चों को चितरपुर ले गए थे. फिलहाल, रांची पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. डीजीपी ने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. दोनों बच्चे अब अपने परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं. यह घटना झारखंड पुलिस की अपराध नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से पुलिस की छवि और मजबूत हुई है.

हेमंत सोरेन के आवास पर धनबाद जिला झामुमो की महत्वपूर्ण बैठक, संगठन को धार देने पर हुई चर्चा

रांची: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय अध्यक्ष श्री हेमंत सोरेन के कांके रोड स्थित आवास पर धनबाद जिला संगठन की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में धनबाद जिला और महानगर के सभी स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के मुख्य बिंदु:

संगठनात्मक समीक्षा: बैठक में धनबाद जिला अंतर्गत संगठन की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई।

रणनीति पर चर्चा: आगामी चुनौतियों को देखते हुए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

जनसंवाद: पार्टी के सिद्धांतों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने पर बल दिया गया।

प्रमुख उपस्थिति: बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता श्री विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव श्री अभिषेक प्रसाद "पिंटू", केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह सांसद श्री विजय हांसदा और केंद्रीय सदस्य श्रीमति नीलम मिश्रा मौजूद रहीं।

इसके अतिरिक्त श्री रमेश टुडू, श्री कामेश्वर महथा, काजी सेराज अहमद, श्री जग्गू महतो, श्री गुरुचरण बास्की सहित धनबाद जिला अध्यक्ष श्री लखि सोरेन, जिला सचिव श्री मन्नू आलम, महानगर अध्यक्ष श्री मंटू चौहान और महानगर सचिव श्री रामु मंडल ने भी अपने विचार साझा किए।

वार्ड समितियों की भागीदारी: बैठक की खास बात यह रही कि इसमें धनबाद जिला के सभी वर्ग संगठनों के अध्यक्ष/सचिव के साथ-साथ धनबाद महानगर के अंतर्गत आने वाली सभी वार्ड समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव भी शामिल हुए, जिससे जमीनी स्तर के फीडबैक पर सीधे चर्चा हो सकी।