बिजनौर से मवाना जा रही गाड़ी पेड़ से टकराई
बहसूमा/ मेरठ।बिजनौर से मवाना ब्रेड सप्लाई करने जा रही एक  गाड़ी रविवार को नेशनल हाईवे-34 पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बहसूमा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को गाड़ी से बाहर निकलवाया। घायलों की पहचान जगदीप और नवाजिश के रूप में हुई है। दोनों को शरीर में गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हस्तिनापुर भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति पर नियंत्रण रखें और सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
सड़क हादसे में एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
बहसूमा।थाना बहसूमा की रामराज चौकी क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टिकोला मिल से गन्ना डालकर घर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोग उसके नीचे दब गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रामराज चौकी क्षेत्र के राज फार्म हाउस के पास हुई। बताया गया कि गांव मोड कला निवासी रितेश जाटव पुत्र मामराज सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली से टिकोला मिल में गन्ना डालकर शनिवार देर शाम गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान राज फार्म हाउस के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार बहादुर पुत्र धीर सिंह, रितेश पुत्र मामराज और कृष्ण पुत्र तेजपाल ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही रामराज चौकी इंचार्ज जगतपाल सिंह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल हस्तिनापुर सीएचसी भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने बहादुर पुत्र धीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। रितेश व कृष्ण की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में हादसे के बाद शोक की लहर है।
रेडियम बेल्ट लगाकर गौवंश की सुरक्षा का संदेश
बहसुमा/मेरठ।रामराज क्षेत्र में गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशाल राठी रामराज की टीम द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। जय श्री राम जय गौ माता हमारी शक्ति गौ सेवा टीम के तत्वावधान में गौवंश की सुरक्षा के लिए रेडियम बेल्ट लगाने का कार्य किया गया। यह अभियान करीब एक माह पूर्व शुरू किया गया था, जिसके अंतर्गत सड़क पर विचरण करने वाले गौवंश को रेडियम बेल्ट पहनाई गई, ताकि रात्रि के समय वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने बताया कि यह रेडियम बेल्ट शुभम, जो वर्तमान में दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं, के सहयोग से उपलब्ध कराई गई। टीम के सभी सदस्यों ने मिलकर इस पुनीत कार्य को संपन्न कराया। रेडियम बेल्ट लगाने से अंधेरे में भी गौवंश दूर से दिखाई देता है, जिससे वाहन चालकों को सतर्क रहने में मदद मिलती है और दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है।

टीम की ओर से अन्य सामाजिक और गौ सेवा से जुड़ी संस्थाओं से भी अपील की गई कि वे इस प्रकार के अभियानों को आगे बढ़ाएं और गौवंश की सुरक्षा में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान रजनीश कुमार, अमित कुमार, अक्षय कुमार, कपिल कुमार सहित अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे, जिनके सहयोग से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

क्षेत्रवासियों ने टीम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य न केवल गौवंश की रक्षा करते हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।
टिकौला शुगर मिल ने किया सत्र 2025–26 का गन्ना मूल्य भुगतान
बहसुमा/मेरठ। टिकौला शुगर मिल द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया गया है। शुगर मिल के अधिशासी अध्यक्ष हिमांशु कुमार मंगलम ने जानकारी देते हुए बताया कि मिल द्वारा 6 दिसंबर 2025 से 12 दिसंबर 2025 तक किसानों से खरीदे गए गन्ने का संपूर्ण भुगतान किया गया है। इस अवधि में कुल 32 करोड़ 13 लाख रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी गई है, जिससे क्षेत्र के किसानों में संतोष और प्रसन्नता का माहौल है।

अधिशासी अध्यक्ष ने बताया कि गन्ना मूल्य का भुगतान पारदर्शी व्यवस्था के तहत सीधे बैंक खातों में भेजा गया है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे अपने संबंधित बैंकों से भुगतान की पुष्टि कर लें।

शुगर मिल प्रबंधन ने किसानों से यह भी अपील की है कि वे चीनी मिल को केवल साफ-सुथरा, ताजा तथा जड़-पत्ती, मिट्टी और हरे अगोले से रहित गन्ने की ही आपूर्ति करें। यदि पर्चियों से अधिक गन्ना उपलब्ध हो तो किसान चीनी मिल अथवा गन्ना विकास परिषद से संपर्क कर अतिरिक्त सट्टा आवश्यकता अनुसार करा सकते हैं।

इसके साथ ही किसानों से अपना बेसिक कोटा पूर्ण करने तथा टिकौला शुगर मिल में गन्ना आपूर्ति बढ़ाने का आग्रह किया गया है, ताकि किसान इनामी व उपहार योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। गन्ना मूल्य भुगतान होने से क्षेत्रीय किसानों को बड़ी राहत मिली है।
समसपुर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की मासिक बैठक आयोजित
बहसुमा। मेरठ।भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक, जो प्रत्येक माह की 17 तारीख को आयोजित की जाती है, इस माह समसपुर ग्राम में विशेष प्रधान के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और किसान हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष सोर्सिंग प्रधान ने की, जबकि संचालन विशेष प्रधान द्वारा किया गया। पंचायत का नेतृत्व युवा जिला अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) आकाश सिरोही ने किया। बैठक में आगामी किसान समस्याओं को लेकर रणनीति बनाई गई तथा आंदोलनात्मक और संगठनात्मक नीति पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं, फसलों के उचित दाम, बिजली, सिंचाई, गन्ना भुगतान और अन्य स्थानीय मुद्दों पर अपने-अपने सुझाव रखे। बैठक में मुख्य रूप से मोनू, मोहित, सिंधु, शक्ति सिंह, विक्की तेवतिया, रामधन सिसोला, ज्ञानेंद्र सरूरपुर, देवेंद्र सरूरपुर, सोरन प्रधान, अनुज धामा, विक्रांत समसपुर, प्रवीण धुपगढ़ी, नॉटी भूपगढ़ी, प्रतीक, आशा, विशाल खेड़ी, मोनू खेड़ी, मुस्तकीम भाई मवाना, सल्लू भाई मवाना, भगत सिंह मारकापुर, सोहित चौधरी, जीत खान, अंकित चौहान, शोभित चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष सोर्सिंग प्रधान ने कहा कि संगठन किसानों के हक और अधिकारों के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करता रहेगा। वहीं युवा जिला अध्यक्ष आकाश सिरोही ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर किसान हित में कार्य करने का आह्वान किया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
रामराज विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया
बहसुमा/ मेरठ।कोहरे के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चौकी इंचार्ज जगतपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की जानकारी दी गई और उनका पालन करने की अपील की गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि कोहरे के समय वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें तथा आगे-पीछे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अपनी लेन में ही वाहन चलाएं और अनावश्यक ओवरटेक करने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या किसी भी तरह से ध्यान भटकाने वाली गतिविधियों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने मोड़ पर वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर के प्रयोग पर विशेष जोर दिया और कहा कि कोहरे में इंडिकेटर का सही इस्तेमाल दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक होता है। कोहरा दृश्यता को काफी कम कर देता है, ऐसे में वाहन चालक पार्किंग लाइट, दोनों इंडिकेटर का उपयोग करते हुए सड़क के किनारे या डिवाइडर पर बने सफेद निशानों पर ध्यान केंद्रित कर सुरक्षित रूप से वाहन चलाएं। चौकी इंचार्ज ने वाहन के शीशे साफ रखने, नींद आने की स्थिति में या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यदि कोहरा अत्यधिक घना हो और वाहन चलाना असुरक्षित प्रतीत हो, तो बेहतर होगा कि सड़क से हटकर किसी सुरक्षित स्थान पर रुक जाएं और कोहरा कम होने का इंतजार करें। अभियान के माध्यम से थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने प ने आमजन से सावधानी बरतने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
भारतीय गौ सेवा संघ में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं डॉ. रेखा सिरोही
बुलंदशहर। भारतीय गौ सेवा संघ की केंद्रीय मीटिंग में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लेते हुए डॉ. रेखा सिरोही को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह जानकारी बुलंदशहर जनपद से संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल ने दी। उन्होंने बताया कि यह फैसला संगठन की नीतियों और कार्यशैली को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा। केंद्रीय बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया यह निर्णय महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और गौ सेवा के कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। संघ पदाधिकारियों का मानना है कि डॉ. रेखा सिरोही के नेतृत्व में महिला मोर्चा संगठन की गतिविधियों को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल ने बताया कि डॉ. सिरोही लंबे समय से सामाजिक कार्यों, विशेषकर गौ संरक्षण एवं सेवा से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनके अनुभव और कार्यकुशलता से संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर लाभ मिलेगा। नियुक्ति की घोषणा के बाद संघ के सदस्यों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा गया। पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि महिला मोर्चा के माध्यम से गौ सेवा के साथ-साथ समाज में जागरूकता, प्रशिक्षण और सेवा कार्यों को और अधिक विस्तार मिलेगा।
ऑनलाइन प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को जोड़ा गया ऐतिहासिक विरासत से
बहसूमा/मेरठ। डी मोनफोर अकादमी में विद्यार्थियों को देश की ऐतिहासिक धरोहरों से जोड़ने के उद्देश्य से एक ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विद्यालय की शिक्षिका मिस प्रिया चुग के निर्देशन में संपन्न हुई। प्रतियोगिता का विषय “ऐतिहासिक स्थलों पर जाकर बच्चों ने छुट्टियां कैसे बिताई” रखा गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि जागृत करना तथा पर्यटन के महत्व को रेखांकित करना रहा। विद्यार्थियों ने अपने अनुभवों को रचनात्मक शैली में प्रस्तुत करते हुए बताया कि ऐतिहासिक स्थलों की यात्राएं न केवल ज्ञानवर्धक होती हैं, बल्कि इससे मनोरंजन के साथ-साथ सांस्कृतिक समझ भी विकसित होती है। सभी प्रतिभागियों की प्रविष्टियां ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की गईं। प्रतियोगिता में आराध्या, नवदीप और अमोल को विजेता घोषित किया गया। उनकी रचनाओं को विषय की स्पष्टता, मौलिक विचारों और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से सराहा गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने कहा कि इस प्रकार की ऑनलाइन प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की सोच को रचनात्मक दिशा देती हैं और उन्हें हमारी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनती हैं। वहीं विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ऐसे ज्ञानवर्धक और रचनात्मक अवसर उपलब्ध कराना भी है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से यह स्पष्ट हुआ कि इस तरह की ऑनलाइन गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता बढ़ाने के साथ-साथ देश की अमूल्य विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कोहरे ने दी दस्तक, जनजीवन हुआ प्रभावित

बहसूमा/मेरठ। क्षेत्र में घना कोहरा दस्तक दे चुका है। स्थिति यह रही कि दिन के 11:00 बजे तक भी सामने कुछ साफ दिखाई नहीं दिया। अचानक बढ़े कोहरे के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आया। सड़कों पर चल रहे वाहनों की रफ्तार पर लगाम लग गई, वहीं लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे का असर पशु-पक्षियों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। ठंड और दृश्यता कम होने के कारण पक्षी दाना खोजने के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को भी अपने पशुओं की देखभाल में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। घने कोहरे के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। दृश्यता कम होने से वाहन चालक धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह ने वाहन चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी से अपील की है कि कोहरे के दौरान कम स्पीड में वाहन चलाएं, हेडलाइट व फॉग लाइट का प्रयोग करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है, इसलिए सभी लोग सावधानी बरतें। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। घने कोहरे के चलते क्षेत्र में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर का गांव मोड खुर्द के किसानो नहीं ढोल नगाड़ों और फूल मलाओ के साथ जबरदस्त स्वागत किया
जनपद /मेरठ /बहसुमा भारतीय किसान यूनियन (तोमर) कि एक पंचायत गांव मोड खुर्द इन्तजार प्रधान के आवास के आवास पर हुई भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर का गांव मोड खुर्द के किसानो नहीं ढोल नगाड़ों और फूल मलाओ के साथ जबरदस्त स्वागत किया गया। जिस समय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर अपनी गाडियो के काफिले के साथ रामराज पंहुचे तो वहां मौजूद युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी लगभग सैकडो कार ट्रैक्टर के काफिले के साथ मिले और उसके बाद गांव मोड खुर्द कि और रवाना हो गये गांव कि पंचायत मे किसानो ने भारी संख्या मे भाग लिया पंचायत मे उपस्थित किसानो के लिए आयोजककर्ता ने हलवा पुरी ओर सब्जी कि खाने कि व्यवस्था कि गयी थी पंचायत मे किसानो ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर को अपनी अपनी समस्याओं से अवगत कराया सबसे बडा मुद्दा पंचायत मे ये छाया रहा कि स्मार्ट मीटर बिजली विभाग द्वारा जबरदस्ती थौपे जा रहै है जबकि ये किसान हित मे नही है और अभी सरकार ने गन्ने पर 30 रू बढाया था लेकिन गन्ना सेटर पर जो किसान गन्ना ढाल रहै है उनसे मनचाहा बाढा काटा जा रहा है और बिजली विभाग किसानो बिजली के कनैशन और बिजली मुफ्त दी जाऐ और कुल 5000 रू ही कनंशन काट दिये जाते है जबकि बडे बडे उधोग पति पर करोडो बकाया भुगतान चलता है उनके कनशंन नही काटे जाते चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान देश है लेकिन उसके बाद भी किसानो को अनदेखा किया जाता है और पंचायत मे इन्तजार को चौधरी संजीव तोमर जिला अध्यक्ष मेरठ नियुक्त किया गया इस मौके पर मुख्य रूप से राष्ट्रीय सलाहकार ईन्दरजीत शांगवान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी युवा पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष अकित गुर्जर युवा कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी हसीर कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी प्रदेश संगठन मंत्री पप्पी जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर निखिल चौधरी जिला महासचिव मेहरबान जिला सचिव फुरकान जिला सचिव शिराजू युवा जिला उपाध्यक्ष हनी बालियान आदि मौजूद रहै ।।