बहसूमा में बंदरों का आतंक बढ़ा, व्यापार मंडल ने नगर पंचायत से की तत्काल कार्यवाही की मांग
बहसूमा (मेरठ)। नगर के कई इलाकों में बंदरों का बढ़ता आतंक अब गंभीर समस्या के रूप में उभर रहा है। स्थानीय व्यापारियों और कस्बे के नागरिकों ने बंदरों द्वारा लोगों पर हमले, घरों को नुकसान पहुंचाने और बाजार की गतिविधियों को प्रभावित करने की शिकायतों को लेकर चिंता व्यक्त की है। इसी मुद्दे को लेकर बहसूमा व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत बहसूमा को एक ज्ञापन सौंपने पहुंचा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष सिघल ने बताया कि नगर के मुख्य बाजार, मंगल बाजार, रामलीला ग्राउंड और अन्य चिन्हित स्थानों पर सुबह 5 बजे से 7 बजे तक और रात 9:30 से 10 बजे के बीच बंदरों का झुंड सक्रिय रहता है। इस दौरान सीनियर सिटीजन, महिलाएं, छोटे बच्चे और बाजार में आने वाले उपभोक्ता अक्सर बंदरों के हमलों का शिकार हो रहे हैं। कई लोग घायल भी हो चुके हैं। इसके अलावा बसों से आने-जाने वाले यात्री, विशेषकर महिलाएं और छात्र, बंदरों की वजह से असुरक्षित महसूस करते हैं।
व्यापार मंडल ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि बंदरों को पकड़कर नगर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाए, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके। साथ ही आपात स्थिति में हादसे रोकने के लिए नगर पंचायत द्वारा दो कर्मचारियों को सुबह और रात के निर्धारित समय में मुख्य बाजार क्षेत्रों में तैनात करने की भी मांग की गई है।
व्यापार मंडल ने कहा कि बंदरों की बढ़ती संख्या न केवल आम जनता के लिए खतरा बन रही है, बल्कि बाजार की गतिविधियाँ और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
अध्यक्ष आशीष सिघल ने अधिशासी अधिकारी से अपेक्षा की है कि इस समस्या को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे नगरवासियों को राहत मिले और नगर में सुरक्षित वातावरण बहाल किया जा सके।
— निवेदक : आशीष सिघल, अध्यक्ष, बहसूमा व्यापार मंडल बहसूमा (मेरठ)







4 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k