*अवैध वसूली को रोकने के लिए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी के साथ एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाक़ात की*
सुल्तानपुर,व्यापारियों को परेशान न करने की मांग धनतेरस-दीपावली पर जांच के नाम पर अवैध वसूली रोकने की अपील सुल्तानपुर में सोमवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी (डीएम) कुमार हर्ष से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने धनतेरस और दीपावली के त्योहारों के दौरान व्यापारियों को जांच के नाम पर परेशान न करने और अवैध वसूली रोकने की मांग की। प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने डीएम को बताया कि खाद्य विभाग के अधिकारी अपने साथ निजी व्यक्तियों को रखते हैं। ये लोग व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर जाकर नमूना भरने का डर दिखाकर अवैध वसूली करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमानुसार नमूने के लिए सामग्री का बाजार मूल्य पर भुगतान किया जाना चाहिए और व्यापारी से रसीद लेनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जाता। इसके बजाय, अधिकारी बाद में फर्जी रसीद लगाकर शासन से भुगतान प्राप्त कर लेते हैं। त्रिपाठी ने यह भी बताया कि खाद्य विभाग के लाइसेंस की निर्धारित फीस 2000 रुपये और पंजीयन की 100 रुपये है, लेकिन व्यापारियों से लाइसेंस के लिए 5000 से 10000 रुपये और पंजीयन के लिए 2000 से 3000 रुपये वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों के व्यवहार पर भी चिंता जताई, कहा कि वे दुकानों पर व्यापारियों से अपराधियों जैसा व्यवहार करते हैं और मोबाइल फोन छीन लेते हैं ताकि कोई फोटो या वीडियो न बन सके। उन्होंने अधिकारियों को व्यापारियों से अच्छा व्यवहार करने का निर्देश देने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत की कि खाद्य अधिकारी उन व्यापारियों के प्रतिष्ठानों से नमूने भरते हैं जो उन्हें पैसे नहीं देते, जबकि पैसे देने वाले व्यापारियों के यहां अनियमितताएं होने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। इसके अतिरिक्त, उन्होंने खाद्य विभाग के कार्यालय की अव्यवस्था और उसके शहर के किनारे स्थित होने की समस्या भी उठाई, जिससे व्यापारियों को कार्यालय ढूंढने में परेशानी होती है। उन्होंने कार्यालय को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष रमेश अग्रहरि, संरक्षक सत्यनारायण मोदनवाल, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कसौधन और विनोद अग्रहरि, तहसील अध्यक्ष जयसिंहपुर अरविंद गुप्ता, सदर तहसील अध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष विनोद मोदनवाल, मुकेश महाजन, महेश साहू और नगर अध्यक्ष शीतला अग्रहरि सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Oct 14 2025, 02:43