राज्यपाल संतोष गंगवार ने शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म में शामिल होकर दी श्रद्धांजलि

नेमरा, रामगढ़, 16 अगस्त 2025: झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार आज पूर्व मुख्यमंत्री और दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास, नेमरा पहुंचे।

राज्यपाल ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर विधानसभा पहुंचा, गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

रांची, 16 अगस्त 2025: झारखंड के दिवंगत शिक्षा मंत्री श्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर आज अंतिम दर्शन के लिए झारखंड विधानसभा परिसर में रखा गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो, राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा परिसर में श्री सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र चढ़ाए गए। श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और विधानसभा सचिवालय के पदाधिकारी व कर्मचारी भी शामिल थे। श्री सोरेन का निधन 15 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में हुआ था।

योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे, शिबू सोरेन को लेकर कह दी बड़ी बात

#shibusorenshradh_karm

दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज उनके पैतृक गांव नेमरा में किया जा रहा है। इस दौरान कई दिग्गज नेता और कई चर्चित चेहरे भी शामिल हो रहे हैं। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बाबा रामदेव, तेलंगाना सीएम रेवंत रेड्डी और आरके आनंद का आना तय हुआ है। योग गुरु बाबा रामदेव भी नेमरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि दी।

शिबू सोरेन के गांव पहुंचे बाबा रामदेलव ने कहा कि जल-जंगल जमीन की रक्षा करने वाले महापुरुष शिबू सोरेन झारखंड ही नहीं पूरे देश के लिए एक आदर्श थे।जिन्होंने जल, जंगल, जमीन की लडाई करके आदिवासी समाज से लेकर जितने भी शोषित और पिछड़े वर्ग के लोग थे उनकी आवाज सुनकर एक लोकनायक की तरह उभरे, उनको प्रणाम करता हूँ। उन्होंने कहा कि जब भी मैंने कोई योग शिविर या कोई कार्यक्रम आयोजित किया वे हमेशा शामिल हुए। लोग भले ही मुझे गुरु मानते हैं लेकिन मैं इन्हें गुरु मानता हूँ। और उन्हें ही मैं श्रद्धांजलि देने आया हूँ।

अश्विनी कुमार चौबे नेमरा पहुंचे

पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे नेमरा पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जी के पद चिन्हों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने गुरु जी के समय के अपने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि एक बार बक्सर की सभा मे गुरु जी ने कहा था कि वे लड़कर झारखंड लेंगे। उन्होंने जो कहा था करके दिखाया।

पप्पू यादव भी पहुंचे नेमरा गांव

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की श्रद्धांजलि सभा और संस्कार भोज में शामिल होने के लिए पूर्व सांसद पप्पू यादव आज रामगढ़ के नेमरा गांव पहुंचे हैं। सुबह से ही गांव के बाहर बनाई गई पार्किंग में गाड़ियों और लोगों की भीड़ बढ़ गई है। हालात को देखते हुए, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

शिबू सोरेन की श्रद्धांजलि सभा और संस्कार भोज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे इलाके पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। सभी रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई आईपीएस और 40 डीएसपी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

रामगढ़ के नेमरा में शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज होंगे शामिल

रामगढ़, 16 अगस्त: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और 'दिशोम गुरु' शिबू सोरेन का श्राद्ध कर्म आज उनके पैतृक गांव नेमरा में आयोजित हो रहा है। इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

कार्यक्रम में लोगों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए, प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के लिए 10 आईपीएस अधिकारी, 60 डीएसपी और 2,500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। लोगों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए नेमरा में एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो 5 अगस्त से ही गांव में हैं, ने अधिकारियों को परिवहन, भोजन, स्वच्छता और चिकित्सा जैसी सभी सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

यातायात: सुविधाजनक आवाजाही के लिए तीन बड़े पार्किंग क्षेत्र बनाए गए हैं और 300 से अधिक ई-रिक्शा चलाए जा रहे हैं।

भोजन और सुविधाएं: तीन बड़े भोजन पंडालों में पारंपरिक श्राद्ध भोजन और प्रसाद परोसा जाएगा। आगंतुकों के लिए विश्राम स्थल और विशेष पैदल मार्ग भी बनाए गए हैं।

प्रदर्शनी: शिबू सोरेन के जीवन और योगदान को दर्शाने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी और स्मृति दीर्घा भी स्थापित की गई है, जिसमें उनकी दुर्लभ तस्वीरें और ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदर्शित किए जाएंगे।

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक, सीएम हेमंत बोले- ऐसे नहीं जाना था...

#jharkhandeducationministerramdassorenpassedaway

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार को 62 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोरेन की हालत गंभीर थी और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, भाजपा नेता और झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन, हेमंत सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पाना मुर्मू सोरेन ने शोक व्यक्त किया है।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी सोशल मीडिया साइट पर रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मैं अत्यंत मर्माहत हूं। उनका जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।

सीएम हेमंत सोरेन ने क्या कहा

रामदास सोरेन के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ऐसे छोड़कर नहीं जाना था रामदास दा... अंतिम जोहार दादा।'

चंपाई सोरेन ने जताया शोक

झारखंड आंदोलन में रामदास सोरेन के साथी रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा, ‘झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन जी के निधन की दुखद सूचना से व्यथित हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार

अर्जुन मुंडा ने जताई संवेदना

वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन के निधन का अत्यंत ही दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

बाथरूम में गिरने के बाद घायल हो गए थे मंत्री

2 अगस्त को दिल्ली लाए जाने के बाद रामदास सोरेन लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उस दिन जारी एक बयान के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी और वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम गहन चिकित्सा देखभाल प्रदान कर रही थी। 2 अगस्त को अपने आवास के बाथरूम में गिरने के बाद मंत्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिल्ली आने से पहले, उन्हें जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, विधानसभा में दी जाएगी अंतिम श्रद्धांजलि

रांची: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर आज शनिवार सुबह दिल्ली से रांची लाया गया। दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार रात उनका निधन हो गया था।

एयरपोर्ट पर दी गई श्रद्धांजलि

झामुमो नेता का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा लाया गया। इस दौरान झामुमो और कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता हवाई अड्डे पर मौजूद थे और उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

सोरेन के निजी सचिव अजय सिन्हा ने बताया कि पार्थिव शरीर को अब झारखंड विधानसभा परिसर में रखा जाएगा, जहां मंत्री, विधायक और अन्य नेता उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देंगे।

घाटशिला भी ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

अजय सिन्हा ने आगे बताया कि विधानसभा के बाद पार्थिव शरीर को उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला ले जाया जाएगा, जहां इसे मऊ भंडार मैदान और झामुमो शिविर कार्यालय में रखा जाएगा।

62 वर्षीय रामदास सोरेन को 2 अगस्त को अपने आवास के बाथरूम में गिरने के बाद जमशेदपुर से दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत गंभीर थी और वह लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में ली अंतिम सांस

रांची, 16 अगस्त 2025: झारखंड के शिक्षा मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता रामदास सोरेन का निधन हो गया है। उन्होंने 15 अगस्त की रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से घाटशिला विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक महीने में जेएमएम को दूसरा बड़ा झटका

पार्टी के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर उनके निधन की पुष्टि की। सोरेन के बड़े बेटे सोमेश सोरेन ने भी अपने पिता के निधन की जानकारी दी।

रामदास सोरेन (62) पिछले कई दिनों से गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती थे। उनके समर्थकों और परिजनों को उम्मीद थी कि वह ठीक होकर लौटेंगे, लेकिन 15 अगस्त की रात करीब 10:45 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यह झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए एक महीने में दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले, 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन का भी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन के ठीक 11 दिन बाद, और उनके दशकर्म के दिन ही, रामदास सोरेन का भी निधन हो गया।

कल रांची पहुंचेगा पार्थिव शरीर

रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर शनिवार, 16 अगस्त को सुबह 8 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगा। इस मौके पर पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सूर्या हांसदा हत्या मामले में गठित की जांच टीम

17 अगस्त को टीम का होगा दौरा, स्व सूर्या हांसदा के परिजनों से करेंगे मुलाकात, लेंगे घटना की जानकारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सूर्या हांसदा के तथाकथित एनकाउंटर मामले में सात सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है। पार्टी का मानना है कि सूर्या हांसदा का एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या हुई है।

गोड्डा जिला में सूर्या हांसदा के पुलिस इनकाउन्टर (हत्या) का सही वस्तुस्थिति पता करने हेतु यह टीम 17 अगस्त को उनके परिवार से मिलकर इस मामले से जुड़ी सारी जानकारी प्राप्त करेगी।।

गठित टीम में (1) पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा जी (2) पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री अमर बाउरी जी (3) भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक श्री भानू प्रताप शाही जी (4) पूर्व सांसद श्री सुनील सोरेन जी (5) पूर्व विधायक श्री अमित मंडल जी (6) पूर्व विधायक श्री रणधीर सिंह जी (7) श्रीमती अनिता सोरेन जी शामिल हैं।

......

स्वतंत्रता दिवस पर पीवीयूएनएल में गर्व के साथ ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक आयोजन

स्वतंत्रता दिवस का आयोजन पीवीयूएनएल, पतरातु में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री ए. के. सहगल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत सीआईएसएफ, एनसीसी और फायर विंग द्वारा आकर्षक परेड मार्च से हुई।

ध्वजारोहण के बाद श्री सहगल ने कर्मचारियों एवं आमंत्रित अतिथियों को संबोधित करते हुए पीवीयूएनएल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से 800 मेगावाट पूर्ण भार परीक्षण (फुल लोड ट्रायल) को सुरक्षा मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा करने की सराहना की। उन्होंने सभी से समाज के उत्थान हेतु कार्य करने और सतत विकास की दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।

श्रीमती रेनु सहगल अध्यक्षा स्वर्णरेखा महिला समिति ने कस्तूरबा स्कूल की स्टूडेंट्स को स्पेक्स डिस्ट्रीब्यूट किया।इसके बाद बाल भवन और सृजन के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया और सीआईएसएफ जवानों ने इज़राइली मार्शल आर्ट “क्राव मागा” थीम पर शानदार कॉम्बैट प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अंत में उत्कर्ष छात्रवृत्ति, सीईओ मेधावी सम्मान और अन्य उपलब्धियों के पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही, मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा 11 मोटर चालित साइकिलें दिव्यांगजनों को प्रदान की गईं। इस अवसर पर पीवीयूएनएल परिवार, स्थानीय गणमान्य नागरिक और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

दशकर्म पर भावुक हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, 'गुरुजी' की याद में नम हुईं आंखें

नेमरा, रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपने पैतृक गांव नेमरा में दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के दशकर्म के दौरान भावुक हो गए। पारंपरिक रस्मों का निर्वहन करते हुए, मुंडन के वक्त उनकी आंखें नम हो गईं।

पुत्रधर्म के साथ-साथ राजधर्म का भी निर्वहन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिलहाल अपने पिता के श्राद्धकर्म को लेकर नेमरा में ही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर दशकर्म को झारखंडी सभ्यता, संस्कृति और परंपरा को समर्पित करते हुए लिखा, "झारखंड राज्य निर्माता वीर दिशोम गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित। वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें. इस दौरान, वे पुत्रधर्म के साथ-साथ राजधर्म का भी निर्वहन कर रहे हैं।

वे गांव की गलियों और खेतों में घूमकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और साथ ही रांची से भेजी जा रही महत्वपूर्ण सरकारी फाइलों का निपटारा भी कर रहे हैं।