दिशोम गुरु' शिबू सोरेन के निधन पर देशभर में शोक की लहर, झारखंड विधानसभा सत्र स्थगित; 3 दिन का राजकीय शोक घोषित
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के सोमवार को हुए निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। उन्हें 'दिशोम गुरु' के नाम से जानने वाले लाखों लोग, विशेषकर आदिवासी समुदाय, उनके निधन से गहरे सदमे में हैं। उनके सम्मान में झारखंड विधानसभा का चल रहा मानसून सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही, राज्य में तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। झारखंड के तमाम नेता-मंत्री भी गुरुजी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
प्रमुख हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन को बड़ी क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "जनता, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए किये उनके कामों को सदैव याद रखा जाएगा।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूं। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहां के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया।"
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने भावुक पोस्ट में कहा, "झारखंड आंदोलन के अगुआ, दिशोम गुरु आदरणीय श्री शिबू सोरेन जी के निधन से मर्माहत हूं, स्तब्ध हूं। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह मेरे पिता तुल्य रहे हैं। सदैव उनका सानिध्य मुझे मिला। उनके मार्गदर्शन में मुझे उपमुख्यमंत्री के पद पर रहने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।"
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संरक्षक श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।"
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पोस्ट किया, "झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक एवं आदिवासी समाज के जाने-माने दिग्गज नेता श्री शिबू सोरेन का आज इलाज के दौरान निधन हो जाने की खबर अति-दुखद। उनके पुत्र तथा वर्तमान में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनके परिवार के साथ-साथ उनके समस्त समर्थकों एवं अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।"
शिबू सोरेन का जाना भारतीय राजनीति, विशेषकर झारखंड के आदिवासी समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति है, जिन्होंने अपना जीवन आदिवासियों के अधिकारों और राज्य के विकास के लिए समर्पित कर दिया।
Aug 04 2025, 12:21