कृषि मंत्री ने किसानों से धान की सीधी बुवाई अपनाने का किया आग्रह
![]()
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रदेश के किसानों से धान की सीधी बुवाई (डीएसआर) को अपनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक कम लागत, कम पानी की खपत और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी है। धान की सीधी बुवाई से न केवल किसानों का श्रम व समय बचेगा, बल्कि यह विधि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने में भी सहायक सिद्ध होगी।
कृषि मंत्री श्री शाही ने कहा कि पारंपरिक धान की रोपाई की तुलना में डीएसआर तकनीक से किसानों को 7 से 10 दिन पहले फसल प्राप्त हो जाती है, जिससे अगली फसल की समय से तैयारी करना संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि धान की सीधी बुवाई से मीथेन जैसी हानिकारक ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में भी कमी आती है, जो पर्यावरण के लिए लाभकारी है।
श्री शाही ने किसानों को अवगत कराया कि धान की सीधी बुवाई की दो प्रमुख विधियां हैं: सूखे खेत में बुवाई और तर-वतर (मॉइश्चर) बुवाई। सिंचित क्षेत्रों में तर-वतर विधि अधिक कारगर है, जिसमें बुवाई से पहले पलेवा कर खेत को अच्छी तरह से तैयार किया जाता है। इस विधि में बुवाई के बाद पहली सिंचाई 15 से 21 दिन बाद करनी होती है, जिससे पानी की काफी बचत होती है और खरपतवार भी नियंत्रित रहते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि वर्षा आधारित क्षेत्रों में भी सूखे खेत में मशीन से सीधे बुवाई की जा सकती है, परंतु इन क्षेत्रों में फसल के महत्वपूर्ण अवस्थाओं, जैसे पुष्पक्रम प्रारंभ और दाना भरने के समय पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। चिकनी मिट्टी में सतही दरारें सिंचाई की आवश्यकता का संकेत होती हैं।
कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि बुवाई का उपयुक्त समय 20 मई से 30 जून तक है, जिसमें मानसून आगमन से पहले की अवधि सबसे बेहतर है। उन्होंने किसानों को प्रमाणित व उपचारित बीजों का प्रयोग करने की सलाह दी। बुवाई के समय उर्वरक प्रबंधन, खरपतवार नियंत्रण और पौध पोषण के लिए वैज्ञानिक अनुशंसाओं का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
Jun 18 2025, 18:39