स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की बड़ी घोषणा, जल्द बनेगा रिम्स-2
![]()
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिम्स-2 का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे राज्य के लोगों को आधुनिक और व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
आयुष्मान कार्ड के दुरुपयोग पर सख्त रुख
डॉ. अंसारी ने कहा कि कुछ अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड का दुरुपयोग किया जा रहा है, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यापार नहीं सेवा है, और इसे समझना होगा। उन्होंने विभाग को जल्द से जल्द लंबित बकाया बिलों के भुगतान का निर्देश दिया।
नवजात और मातृ मृत्यु दर पर अच्छी खबर
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि राज्य की नवजात और मातृ मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से थोड़ी कम है, और कई राज्यों की तुलना में झारखंड बेहतर है। सरकार हर साल 2,000-3,000 नए बेड जोड़ने की दिशा में काम कर रही है, ताकि एक लाख बेड का लक्ष्य जल्द पूरा हो सके।
विभिन्न योजनाओं से मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा
एनएचएम के अभियान निदेशक अबू इमरान ने कहा कि राज्य के 85% लोगों को हेल्थ इंश्योरेंस कवर मिल चुका है। झारखंड पहला राज्य है जहां कर्मचारियों को असीमित बीमा कवर दिया जा रहा है। राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा, मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत योजना मिलकर राज्यवासियों को मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर रही हैं।
Jun 04 2025, 11:45