सीएम नीतीश कुमार ने 1007 कृषि पदाधिकारियों को सौंपा नियुक्ति पत्र, मौके पर कही यह बात
डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि कृषि पदाधिकारियों की बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वे शनिवार को ऊर्जा ऑडिटोरियम में 1007 पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद उन्हें संबोधित कर रहे थे।
![]()
नियुक्ति पत्र प्रदान करने के दौरान मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को बधाई देने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्हें कर्तव्यों के प्रति भी सचेत भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे आशा है कि कृषि विभाग को आप लोग नई ऊंचाई पर पहुंचायेंगे। साथ ही कृषि प्रक्षेत्र में नयी-नयी तकनीकों का प्रयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में 154 अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक (शष्य) एवं समकक्ष स्तर के राजपत्रित पदाधिकारियों तथा 853 प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं समकक्ष स्तर के पदाधिकारियों समेत कुल 1007 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। आज जिन 1007 पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है, उनमें 397 महिला पदाधिकारी हैं। महिला पदाधिकारियों की इतनी बड़ी संख्या यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि कृषि के क्षेत्र में भी महिला पदाधिकारी की भूमिका पुरुष पदाधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली हैं।
![]()
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने प्रतीक चिह्न एवं कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह एवं पटना के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. वीरेंद्र यादव, कृषि निदेशक नितिन कुमार सिंह, अपर सचिव शैलेंद्र कुमार व कल्पना कुमारी, निदेशक उद्यान अभिषेक कुमार, बामेती निदेशक धनंजय पति त्रिपाठी, भूमि संरक्षण निदेशक सुदामा महतो, बासोका निदेशक सनत कुमार जयपुरियार उपस्थित थे।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रहा बिहार का चहुंमुखी विकास : मंगल पांडेय
कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का चहुंमुखी विकास हो रहा है। केंद्र सरकार की ओर से देश में मखाना बोर्ड के गठन का फैसला भी ऐतिहासिक है। जिससे बिहार के मखाना उत्पाद में लगे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। किसान क्रेडिट कार्ड भी तीन से पांच लाख किया जाना कृषि जगत के लिए हितकारी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार में चौथे कृषि रोड मैप का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। राज्य में धान, गेहूं और मक्का के उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि हुई है। साथ ही पोषक अनाजों और जलवायु अनुकूल कृषि क्षेत्र में भी सराहनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं।
कहा कि कृषि विभाग के इतिहास में पहली बार एक साथ 1007 कृषि पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। यह न केवल कृषि जगत के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए एक स्वर्णिम दिवस है। यह नियुक्ति सात निश्चय-दो के तहत युवाओं और महिलाओं को रोजगार देने की सरकार की प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
Feb 09 2025, 11:18