मौसम अलर्ट : बिहार में आज शाम से बदल सकता है मौसम का मिजाज, इतने डिग्री तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने की संभावना
डेस्क : पिछले कुछ दिनों से राजधानी पटना समेत पूरे प्रदेश में अच्छी धूप निकलने और तापमान में बढ़ोत्तरी से ठंढ से राहत मिली है। लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने से ठंड में इजाफा होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार शाम या शुक्रवार सुबह से प्रदेश में सर्द उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस होगी।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम राजस्थान और उसके आसपास 1.5 किमी ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों प्रभावों के कारण पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में बारिश का अनुमान है। प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि, यह स्थिति केवल दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी, इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर बांग्लादेश और उत्तर-पूर्वी असम में भी एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, छह फरवरी यानी आज से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि, कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन वातावरण में अधिक ठंडक महसूस होगी। राज्य के उत्तरी भाग के ग्रामीण क्षेत्रों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
बीते बुधवार को पटना सहित बिहार के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि मोतिहारी 7.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं गया का अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनत तापमान 14.4, भागलपुर का अधिकतम तापमान 28.3 और न्यूनतम तापमान 14.0 और मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 26.4 और न्यूनत तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।











Feb 06 2025, 09:28
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
7.9k