पंचतत्व में विलीन हुए पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, राजकीय सम्मान के साथ दी गई आखिरी विदाई
#dr_manmohan_singh_funeral
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ कर दिया गया है, वह पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। मनमोहन सिंह की बेटी ने उन्हें मुखाग्नि दी। मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी समेत कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
![]()
निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सलामी दी गई। पीएम मोदी ने निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, जेपी नड्डा, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।
मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आज सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग कांग्रेस मुख्यालय में अंतिम दर्शन के लिए लाया गया, जहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। मनमोहन सिंह की अंतिम यात्रा कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड से निगमबोध घाट के लिए निकली। पार्थिव शरीर के साथ मुख्य वाहन में राहुल गांधी भी बैठे नजर आए। कांग्रेस मुख्यालय से निगमबोध घाट तक उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई, तो इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मनमोहन आपका नाम रहेगा' और ‘मनमोहन सिंह अमर रहें' नारे लगाते रहे।










Dec 28 2024, 14:27
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
15.8k