कोल्हान के बाद अब संताल और कोयलांचल के रण में दिग्गजों की बारी, भाजपा की इन सीटों पर खास नजर


Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण की 43 सीटों पर मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद अब दूसरे और अंतिम चरण में 38 सीटों की बारी है। दूसरे चरण में कुल 38 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को मतदान होगा। 

इनमें अधिसंख्य सीटें संताल प्रमंडल और कोयलांचल क्षेत्रों में स्थित हैं। भाजपा की इन सीटों पर पैनी नजर है।

दूसरे चरण में वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, स्पीकर रबींन्द्रनाथ महतो, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो, कल्पना सोरेन, वर्तमान मंत्री इरफान अंसारी, हफीजुल हसन सहित कई दिग्गजों की किस्मत दाव पर लगी है। 

इनमें से कुछ नेताओं ने जहां पहले ही पार्टी बदल ली थी तो कुछ अपनी टिकट नहीं मिलने पर बागी होकर दूसरे दलों से चुनाव मैदान में उतर गए। वही झामुमो के विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने भी झामुमो छोड़ भाजपा का दामन थामा। 

चुनाव में इन सभी नेताओं के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जिन नेताओं/नेत्रियों की इस बार पार्टी बदल गई है, उनमें सीता सोरेन, लुईस मरांडी, लोबिन हेम्ब्रम, हेमलाल मुर्मू, उमाकांत रजक आदि प्रमुख हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड की जनता का पूर्ण जनादेश भाजपा और NDA गठबंधन के पक्ष में है। झारखंड की जनता हेमंत सोरेन की सरकार से त्रस्त है।

बिरसा मुंडा की जयंती पर केंद्रीय रक्षा मंत्री रांची पहुंचे, कहा पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा

झारखंड का नेतृत्व करने वाला ऐसा व्यक्ति हो जिसके दामन में कोई दाग ना हो - राजनाथ सिंह

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा में दूसरे चरण का चुनाव 20 नवंबर को 38 सीटों पर होना है। इसे लेकर सभी पार्टियों प्रचार प्रसार में लगी हुई है आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजधानी रांची पहुंचे जहां वह खीजरी विधानसभा में भाजपा के प्रत्याशी रामकुमार पाहन के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। 

भाजपा प्रत्याशी रामकुमार पाहन ने कहा कि पिछली सरकार 2019 में जिन वादों के साथ सत्ता में आई थी वह पूरा नहीं कर पाई। न रोजगार मिला और न ही बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता। रामकुमार पाहन ने कहा कि जल जंगल जमीन के मुद्दे पर यूपीए की सरकार बनी लेकिन उनके ही शासनकाल में सबसे ज्यादा जमीन को लूट गया। 

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज का दिन बहुत पवित्र है आज भगवान बिरसा मुंडा जी का 150वी जयंती है देव पूर्णिमा भी है। उन्होंने कहा कि आज से हमारी सरकार ने पूरे देश में गौरव जनजाति दिवस मनाने का फैसला किया है। इस मौके पर उन्होंने परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का को भी याद किया। वहीं उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य का प्रतिनिधित्व ऐसे व्यक्ति को करना चाहिए जिसके दामन में कोई दाग ना हो। उन्होंने अपने तीन मुख्यमंत्री के नाम लेते हुए कहा कि उनके दामन में कोई भी दाग नहीं है वही विपक्ष में तीन ऐसे मुख्यमंत्री हुए जो जेल भी गए। वही राजनाथ सिंह ने घोषणा पत्र की जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा जो भी घोषणा करती है उसे पूरा करती है।

राहुल गांधी के चौपर को 1 घंटे तक महागामा में रोका, कांग्रेस ने भाजपा का षड्यंत्र बताया

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण के लिए गोड्डा में पहुंचे राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई। 

जिसकी वजह से उन्हें काफी देर तक हेलीकॉप्टर में ही इंतजार करना पड़ा। दरअसल महगामा विधानसभा में राहुल गांधी की चुनावी सभा आयोजित की गई थी। महगामा से कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका पांडेय सिंह के लिए वोट मांगने राहुल गांधी गोड्डा पहुंचे थे।

राहुल गांधी के रोके जाने पर कांग्रेस ने तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि झारखंड में अपनी निश्चित हार को देखकर भाजपा बौखलाहट में षड्यंत्रों का सहारा लेकर जीत दर्ज करना चाहती है लेकिन दूसरे चरण के चुनाव में भाजपा और एनडीए का सुपड़ा साफ होना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा षड्यंत्रकारीयो की जमात है और अपने किए कार्यों के बजाय षड्यंत्र के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। 

प्रथम चरण के चुनाव में अपनी स्थिति का आंकलन करने के बाद भाजपा दूसरे चरण के चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने हेतु संघर्ष कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर ऐसीगांव कार्रवाई की जा रही है। 

कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि महागठबंधन के चुनावी अभियान को प्रभावित करने के लिए पहले भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन के हेलीकॉप्टर को भी रोका गया था। भाजपा जितनी भी कोशिश कर ले महागठबंधन का विजय अभियान जारी रहेगा।

 चौपर रोकने के कारण बोकारो से बेरमो के रास्ते में खड़े हजारों लोगों तथा स्वागत के लिए पहुंचे हजारों दोपहिया चार पहिया वाहनों में सवार युवाओं को निराशा जरूर हुई लेकिन जनता भाजपा के मंसूब़ और उनके मानसिक स्तर को समझ गई है कि भाजपा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपनी ओछी हरकतों पर उतर आई है।

PVUNL ने झारखंड स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर कार्यक्रम की झलकियां दिखाई

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची डेस्क: आज रशियन छात्रावास में झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में PVUNL के CEO आर.के. सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और भगवान बिरसा मुंडा के योगदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन के बारे में बताया। 

CEO ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने न केवल आदिवासी समाज के लिए संघर्ष किया, बल्कि समस्त झारखंडवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बने। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

इसके बाद, एकलव्य स्कूल और कस्तूरबा गांधी विद्यालय के छात्रों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित नृत्य एवं कहानी की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। 

कार्यक्रम के अंत में, CEO आर.के. सिंह ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार वितरित किए और उनकी सराहना की।

रांची के सरला-बिरला स्कूल सहित कई जगहों पर छापेमारी, एक रिसॉर्ट और बीजेपी नेता का घर भी शामिल

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के बीच आज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। राजधानी रांची के करीब नामकुम इलाके में पुलिस ने दबिश दी। पुलिस नामकुम के महिलौंग स्थित सरला बिरला स्कूल कैंपस और जोन्हा स्थित एक रिसॉर्ट में जांच करने पहुंची। बताया जा रहा है कि यहां पैसे रखे जाने की सूचना पर पुलिस पहुंची। हालांकि जांच के क्रम में कुछ मिला नहीं है।

हम बता दे कि इससे पहले झारखंड पुलिस ने आज से ठीक 15 दिन पहले भाजपा नेता और जीडी गोयनका स्कूल के अध्यक्ष मदन सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की थी। नामकुम के जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में पुलिस सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक जांच की थी।

पुलिस सूत्रों की मानें तो सरला बिरला स्कूल, उषा मार्टिन यूनिवर्सिटी, अनगड़ा रिसोर्ट और एक भाजपा नेता के यहां छापेमारी की गई। रांची पुलिस के डीएसपी, इंस्पेक्टर सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स शिक्षण संस्थान के एक-एक कमरों की जांच की। पूरे कैंपस को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। लेकिन छापेमारी में कुछ नहीं मिला है।

प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव में सभी EVM, वीवीपैट स्ट्रांग रूम में सील, किसी भी बूथ पर पुनर्मतदान नहीं


Image 2Image 3

2019 के विधानसभा चुनाव से 3 प्रतिशत अधिक हुआ मतदान

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 43 विधानसभा सीटों पर संपन्न हुए मतदान के बाद इवीएम, वीवीपैट आदि स्ट्रांग रूम पहुंच चुके हैं। वहां उन्हें सील कर दिया गया है। स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। सभी 15 जिले के स्ट्रांगरूम की सुरक्षा में एक-एक कंपनी अर्द्धसैनिक बल तैनात हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि ने प्रथम चरण के शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं का आभार जताया। साथ ही कहा कि किसी भी बूथ पर पुनर्मतदान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मतदान आशानुरूप हुआ, लेकिन शहरी क्षेत्र में कम मतदान हुआ है। आगे के चुनाव को ध्यान में रखकर निर्वाचन आयोग शहरी क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर फोकस कर काम करेगा। हालांकि 2019 के विधानसभा चुनाव से इस बार 3 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। 

के रवि ने बताया कि 43 सीटों पर हुए मतदान का प्रतिशत 66.48 रहा है। इंड ऑफ पोल डेटा में मामूली बढ़ोत्तरी संभावित है। वहीं पोस्टल बैलेट का पूरा डेटा आने के बाद मतदान प्रतिशत में आंशिक बढ़ोत्तरी होगी। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन विभिन्न मामलों में कुल दस केस दर्ज किये गये हैं। उसमें कांके, हटिया और रांची में एक-एक, जमशेदपुर पूर्वी में चार, जमशेदपुर पश्चिमी में दो और पलामू में एक मामला दर्ज हुआ है।  

वहीं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक विभिन्न एजेंसियों द्वारा कुल 2 अरब 13 करोड़ से अधिक की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की जा चुकी है।

पहले चरण के मतदान के बाद भाजपा ने कहा झारखंड में कमल खिलेगा, दूसरे चरण 20 नवंबर को भी जनता जवाब देगी

Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत 

देश के पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता अनुराग ठाकुर, झारखंड मैं 43 सीटों पर हुए प्रथम चरण के चुनाव में कहा कि यहां की जनता इस बार कमल खिलाने को तैयार है। वहीं उन्होंने महागठबंधन सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल पर निशाना साधा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि गठबंधन सरकार में राजद, कांग्रेस, झामुमो से झारखंड के लोगों को सिर्फ लव-जिहाद, लैंड जिहाद, ही मिला है। जनकल्याण के बजाय जिहाद-कल्याण ,यहां पर चल रहा है। और इसके कई उदाहरण यहां पर आपके सामने हैं। 

झारखंड की जनता अपने आप को ठगा महसूस करती है। यहां पर जल, जंगल और जमीन का घोर भ्रष्टाचार हुआ है। हेमंत सोरेन ने कितनी नौकरियां दीं ये पूरी जनता जानती है। रिकॉर्ड पेपर लीक हुआ। अनुराग ठाकुर ने पेपर दिखाते हुए कहा स्वयं सरकार ने माना है कि 5 साल में मात्र 11,400 लोगों को ही नौकरी मिल पाई।

मतदान के दिन भाजपा पहुंची चुनाव आयोग के पास, गठबंधन सरकार पर आचार सहिंता उलंघन का लगाया आरोप


Image 2Image 3

रांची। वोटिंग के दिन भाजपा पहुंची चुनाव आयोग, वोटिंग से एक रात पहले ‘मंईयां सम्मान योजना’ के तहत सरकार के पैसा भेजने के खिलाफ भाजपा चुनाव आयोग पहुंची।

 सवाल उठाया की कि मंईयां सम्मान योजना के तहत दी जाने वाली राशि चुनाव के एक दिन पहले रात में किसके आदेश पर दिया गया?

साथ ही, चुनाव आयोग को बताया कि हर महीने के 6, 7 तारीख को मंईयां सम्मान योजना का पैसा खाते में जाता था। हालांकि चुनाव के ठीक एक रात पहले इस बार राशि भेजी गई, जो सही नहीं है। चुनाव के चक्कर में मंईयां को पैसा के लिए एक सप्ताह इंतजार करना पड़ गया। इससे दुर्भाग्य और क्या होगा।

इसके अलावा हटिया विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी अजय नाथ शाहदेव का हर बूथ पर फोटोयुक्त उनका पर्ची बंट रहा था, इसकी भी शिकायत की गई। महुआ मांजी चुनाव के दौरान चुटिया में पार्टी का पट्टा पहनकर घूम रही है, उनके खिलाफ भी शिकायत की गई है।

भाजपा ने कहा कि हुसैनाबाद में संजय कुमार यादव नाम के एक थाना प्रभारी है, जो खुलेआम आरजे डी के समर्थन में काम कर रहे हैं। भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को पीटकर बंद कर दिए हैं। उनको सस्पेंड करने की मांग की गई।

 अजय नाथ शाहदेव और महुआ माजी पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश हुए। बाकी दो मामले में जांच के आदेश दिए गए। प्रतिनिधिमंडल में पुष्कर तिवारी भी थे।

झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 43 सीटों पर 2019 से ज्यादा मतदान हुआ 2024में, जानें रांची जिला के किस सीट पर कितनी वोटिंग हुई


Image 2Image 3

रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड में विधानसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान बुधवार को खत्म हो गया। पहले दौर में 15 जिलों की 43 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ, जहां कुल 683 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहे। मतदान की बात करे तो बुधवार को हुए इन क्षेत्रों के मतदाता लोकतंत्र में अपनी पूरी आस्था दिखाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने अपने-अपने घरों से निकले। हालांकि शहरी मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर उदासीन रहे। वहीं ग्रामीण मतदाता में उत्साह दिखा। 

उम्मीदवारों की बात कर तो प्रथम चरण के चुनाव में कई चर्चित चेहरे चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, महुआ माजी, सीपी सिंह, मधु घोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा, रघुवर दास की बहू पूर्णिमा दास और अर्जुन मुंडा की पत्नी जैसै कई प्रत्याशियों के सियासी भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो गया। पहले चरण के चुनाव में कुल 43 सीटों में से सबसे ज्यादा छह सीटें पूर्वी सिंहभूम जिले में रहीं। वही रांची जिले में पांच विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ तो सबसे कम एक-एक सीट कोडरमा और रामगढ़ जिले की रही।

अभी तक के पहले चरण के 43 सीटों हुए मतदान के आंकड़ों की बात करें तो 65.27% मतदान दर्ज किया गया है। वही 2019 में में हुए चुनाव में 63.75% मतदान हुआ था। यानी शुरुआती आंकड़े से ही पता चल रहा है कि पहले चरण की इन 43 सीटों पर 2019 के मुकाबले एक फीसदी से अधिक मतदान हुआ है। 

वही आपको बताते हैं की रांची जिला में हुए पांच विधानसभा में 2019 के मुकाबले में 2024 में कितनी वोटिंग हुई

सीट 2024 में वोटिंग %  2019 में वोटिंग %

हटिया -    58.50     56.19

कांके -    52.65     61.26

मांडर -     72.16     67.58

रांची -     52.27     49.06

तमाड़ -    74.05      68.48

चुनाव आयोग से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहले चरण की 43 सीटों में सबसे अधिक खरसावां विधानसभा सीट के लिए 79.11 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि रांची में सबसे कम 52.27 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।

विस चुनाव के स्वीप आइकॉन व झारखंड के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी ने किया मतदान

Image 2Image 3

रांची जिला के पांच विधानसभा क्षेत्र में शाम 4 बजे तक रांची में सबसे कम 44.25% और माण्डर में सबसे ज्यादा 64.77 % रहा

 रिपोर्टर जयंत कुमार 

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के स्वीप आइकॉन महेंद्र सिंह धोनी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने सपरिवार जेवीएम शामली के अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग किया। धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी, पिता पान सिंह और मां देवकी देवी ने भी अपने मत का प्रयोग किया।

दूसरी ओर राजकृत मॉडल उच्च विद्यालय डोरंडा, बूथ संख्या 374 में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने शहरी क्षेत्र मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान के प्रति उदासीनता को दूर करते हुए अपने मत का प्रयोग करें।

वहीं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ नेहा अरोड़ा ने बताया कि 43 विधानसभा सीट 3 बजे तक 59.28% मतदान हुआ है। मतदान प्रक्रिया शाम 5:00 बजे तक चालू रहेगा। जबकि, दूसरे चरण में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को महाराष्ट्र के साथ ही आएंगे। राज्य में 950 बूथ ऐसे भी हैं, जहां मतदान का समय शाम 4 बजे तक के लिए ही होगा।