मिड-डे-मिल में कीड़ा मिलने पर बच्चों ने खाने से किया इनकार, किया जमकर हंगामा

डेस्क : बिहार के सरकारी स्कूलों में मिलने वाले मिड-डे-मिल में गड़बड़ी शिकायत मिलना कोई नई बात नही है। आए दिन ऐसी घटना को लेकर हंगामे होते रहते है। बावजूद यह मामला थमने का नाम नही ले रहा है। आज फिर ऐसी ही एक घटना मुजफ्फरपुर जिले से सामने आई है। जहां में मिड डे मील के चावल में कीड़ा मिलने के बाद स्कूली बच्चों ने जोरदार हंगामा मचाया और भोजन खाने से सीधे तौर पर इनकार कर दिया। बच्चों के अभिभावकों ने भी स्कूल पहुंचकर उनका साथ दिया और विध्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

मिली जानकारी के अनुसार जिले कांटी प्रखंड के बहुआरा पंचायत के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय विशुनपुर महानंद अजा टोला में एनजीओ द्वारा स्कूल में मिड डे मील की सप्लाई दी जाती है। एनजीओ द्वारा भेजे गए मध्यान भोजन में कीड़ा निकलने के बाद बच्चों ने भोजन खाने से इंकार कर दिया। स्कूली बच्चों ने इस बात की जानकारी अपने-अपने अभिभावकों को दी। जिसके बाद अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। स्कूल के हेडमास्टर ने इस मामले की जानकारी पत्र के माध्यम से मुखिया को दे दी है और एनजीओ के खिलाफ एक्शन की मांग की है।

बता दें कि पूर्व में भी कांटी प्रखंड के कई स्कूलों में एनजीओ के द्वारा बच्चो के लिए बनाए जाने वाले मध्यान भोजन में कीड़ा निकल चुका है और इसकी शिकायत भी संबंधित विभागों से की गई फिर भी आज तक कोई इसमें सुधार नहीं हो रहा है।

एशियन (महिला) हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का सीएम नीतीश कुमार ने किया अनावरण, गौरव यात्रा को हरी दिखा किया रवाना

डेस्क : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग में आयोजित समारोह में हरी झंडी दिखाकर एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी (महिला) गौरव यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने से पहले ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके पश्चात् ट्रॉफी गौरव यात्रा के बस में साथ जानेवालीं एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों को मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी सौंपा। मुख्यमंत्री, संसदीय कार्य मंत्री, खेल मंत्री एवं उपस्थित वरीय पदाधिकारियों को एकलव्य स्पोर्ट्स स्कूल की बच्चियों ने हॉकी स्टीक भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हॉकी गौरव यात्रा के लिये तैयार की गयी बस का मुआयना किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बस को विदा कर यात्रा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक आलोक राज, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, खेल विभाग के प्रधान सचिव डॉ. बी. राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल विभाग के निदेशक महेन्द्र कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

ट्रॉफी गौरव यात्रा का उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति का विकास और खेल के क्षेत्र में राज्य की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी के गौरव के प्रति लोगों को जागरूक कर पहली बार बिहार में होनेवाली इस प्रतियोगिता को सफल बनाना है। जहां-जहां ट्रॉफी गौरव यात्रा पहुंचेगी वहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से वहां ट्रॉफी के स्वागत और सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे ताकि बिहार में पहली बार होने वाली इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता को सफल बनाने में सबकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

राज्य में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास और महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयास के सकारात्मक परिणाम के रूप में ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता 'विमेंस एशियन चौंपियंस ट्रॉफी 2024' की मेजबानी करने का गौरव बिहार को प्राप्त हुआ है।

ज्ञातव्य है कि बिहार में पहली बार 11 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक आयोजित होनेवाली अंतर्राष्ट्रीय विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024' के संदर्भ में ट्रॉफी गौरव यात्रा 14 अक्टूबर से 10 नवंबर तक निकाली जा रही जो हरियाणा, पंजाब, ओडिशा और झारखंड राज्यों के अलावा बिहार के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी।

विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीम हिस्सा ले रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय राजगीर खेल परिसर के हॉकी ग्राउंड में प्रतियोगिता के सभी मैच खेले जाएंगे। भारत 2023 का विजेता है इसलिए ट्रॉफी भारत के पास ही है जो हमारे लिए बहुत गर्व की बात है।

गौरतलब है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 29 अगस्त को राजगीर खेल परिसर में अंतर्राष्ट्रीय खेल अकादमी और एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड का उद्घाटन किया था और 5 अक्टूबर को विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के शुभंकर और लोगो का अनावरण भी किया था।

पैसे के लिए बना हैवान, अपनी सगी मां को धारदार हथियार से काटकर उतारा मौत के घाट

डेस्क : बिहार के बांका जिले से पैसों के लिए हैवानियत भरी घटना को अंजाम देने की घटना सामने आई है। जिले के खेसर थाना क्षेत्र के मधुबन गांव में बीते रविवार की देर शाम एक पुत्र ने पैसे के लिए अपनी वृद्ध मां की धारदार हथियार से हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को बरामद कर हत्यारोति पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के गोविंद भट्ट के 30 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार ने अपनी 65 वर्षीय मां गीता देवी की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद खेसर थानाध्यक्ष बलवीर विलक्षण ने खून से सने मृतका के शव को कब्जे में लेकर हत्यारोपित पुत्र राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष बलवीर विलक्षण ने बताया कि आरोपित पुत्र से थाना में पूछताछ की जा रही है। इधर, घटना से ग्रामीण हतप्रभ है।

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित पुत्र राजीव कुमार मानसिक रूप से विक्षिप्त है। वह पहले से ही वृद्ध मां के साथ रुपए की मांग को लेकर मारपीट करता रहता था। इस वजह से उसकी मां घर से भागी-भागी फिरती थी। रविवार की शाम भी मां से रुपए की डिमांड की। पैसे देने से मना करने पर उसने मां को पुआल काटने वाले धारदार हथियार से दर्जनों बार प्रहार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मौर्य एक्सप्रेस से 12 करोड़ की कोकीन के साथ कोच अटेंडेंट गिरफ्तार, मुजफ्फरपुर रेल थाने की टीम ने दबोचा

डेस्क : मुजफ्फरपुर रेल थाने की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। रेल थाने की टीम ने 15027 मौर्य एक्सप्रेस के ए-वन कोच से 1.048 किग्रा कोकीन और विदेशी शराब के चार टेट्रा पैक के साथ कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 12 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गयी है।

गिरफ्तार कोच अटेंडेंट की पहचान धनंजय कुमार आरा के तरारी थाना के बरसी धनगांव निवासी के रुप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे शनिवार को सोनपुर स्थित रेल कोर्ट में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल, कोच अटेंडेंट का आइकार्ड भी जब्त किया है।

मामले में इंस्पेक्टर रंजीत कुमार के बयान पर मादक अधिनियम के तरह केस दर्ज किया गया है। दारोगा जयप्रकाश को केस का आईओ बनाया गया है। यह पहला मामला है कि मुजफ्फरपुर जंक्शन पर किसी भी एजेंसी ने चलती ट्रेन से कोकीन जैसा मादक पदार्थ जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 12 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गयी है। रेल थानेदार इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पूछताछ में धनंजय ने रेल पुलिस को बताया कि वह ढाई-तीन साल से मौर्य एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट है। उसे एक 25-30 साल के युवक ने ओडिशा के झाड़सुगुडा स्टेशन पर पैकेट दिया था। बदले उसने मोटी रकम देते हुए यूपी के देवरिया सदर स्टेशन पर एक व्यक्ति सौंपने को कहा था। उसके बारे में युवक ने कुछ नहीं बताया। एक कोड वर्ड दिया, जिससे वह उस व्यक्ति की पहचान कर सके। धनंजय ने बताया कि उसने यात्रियों को देने वाले कंबल-चादर में पैकेट छिपाकर रख दिया। साथ ही अपने लिए टेट्रा पैक विदेशी शराब भी रखी थी।

धनंजय ने पुलिस को बताया कि वह पहली बार कोकीन जैसा मादक पदार्थ संग ले जा रहा था। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर जब पुलिस तलाशी लेने लगी तो वह पसीने से तरबतर हो गया। इससे पुलिस ने भांप लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने कंबल-चादर के बीच से निकाल कोकीन का पैकेट पुलिस को सौंपा।

बाइक से घर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, गांव के ही युवक पर हत्या को अंजाम देने की आशंका

डेस्क : प्रदेश में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। वे हत्या, लूट जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आराम से चलते बन रहे है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है। जहां पानापुर ओपी क्षेत्र के डुमरिया में बीते रविवार की देर शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक कैलाश सहनी का 25 वर्षीय पुत्र विकास सहनी था।

मिली जानकारी के अनुसार विकास देर शाम करीब आठ बजे बाइक से विशुनपुर बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक युवक से उसका विवाद हुआ। इसके बाद विकास को गोली मारकर आरोपित युवक फरार हो गया। घटना के बाद लोग वहां पहुंचे। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, विकास की मौत के बाद परिजन रोने बिलखने लगे।

ओपी अध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने कहा कि आपसी विवाद में गोली मारे जाने की सूचना मिली है। घटना की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार गोली मारने की घटना में गांव के ही युवक की संलिप्तता की सूचना है। मृतक के परिजन के बयान पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

राज्य के वित्त संपोषित डिग्री कॉलेजों के लिए बड़ी खबर, जल्द मिलेगा बकाया अनुदान की राशि

डेस्क : प्रदेश के वित्त संपोषित डिग्री कॉलेजों के लिए बड़ी खबर है। कॉलेजों को शीघ्र ही बकाया अनुदान राशि मिलेगी। इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। शिक्षा विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। विभागीय मंत्री की सहमति मिलने के बाद इसे लोक वित्त समिति को भेजा जाएगा। कैबिनेट की स्वीकृति के बाद संस्थानों को अनुदान जारी कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि वित्त संपोषित डिग्री कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2014-17 से ही अनुदान नहीं मिला है। फिलहाल एक साल की अनुदान राशि भेजी जाएगी। शेष सत्रों का अनुदान आगे के चरण में भेजे जाएंगे। राज्य में वित्त संपोषित डिग्री कॉलेजों की संख्या करीब 225 है।

मिली जानकारी के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष में करीब 230 करोड़ का प्रबंध इसके लिए किया गया है। राशि संबंधित विश्वविद्यालयों को भेजी जाएगी। फिर विश्वविद्यालय के माध्यम से राशि संबंधित कॉलेजों को दी जाएगी। इस राशि से कॉलेजों के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को वेतन भुगतान किया जाएगा। इस राशि का उपयोग किसी अन्य कार्य के लिए नहीं किया जाएगा। इससे करीब दस हजार शिक्षकों-कर्मियों को बकाया वेतन मिल सकेगा।

कॉलेजों में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं की संख्या के आधार पर इनकी अनुदान राशि तय होती है। विभागीय पदाधिकारी बताते हैं कि विश्वविद्यालयों की ओर से पूर्व में भेजी गयी अनुदान राशि का उपयोगिता प्रमाणपत्र नहीं आने के कारण भुगतान लंबित रहा है।

*गाड़ी के आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस में जल्द करवा ले यह काम, नही तो होगी कार्रवाई

डेस्क : वाहन निबंधन और ड्राइविंग लाइसेंस में मोबाइल नंबर को अपडेट करवाने में लोग रुचि नहीं ले रहे हैं। इसको लेकर जिला परिवहन कार्यालय सख्त हो गया है। अब ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जिन्होंने अपने मोबाइल नंबर को अपडेट नहीं किया है। जिला परिवहन कार्यालय की मानें तो ऐसे सैकड़ों लोग हैं, जिन्होंने अभी तक मोबाइल नंबर अपडेट नहीं किया है। ऐसे लोगों को परिवहन कार्यालय ने जल्द से जल्द मोबाइल अपडेट करने की जानकारी भी दी थी। परिवहन विभाग ने आम लोगों से वाहन रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मोबाइल नंबर अपडेट करने का निर्देश दिया था। इसके लिए एक महीने का समय दिया गया था। आधार नंबर से लिंक मोबाइल नंबर को ही अपडेट करना है। इसके लिए आम लोगों को वाहन और ड्राइविंग लाइसेंस का डेटा वाहन और सारथी पोर्टल पर अपडेट करना है। अपडेट की पूरी प्रक्रिया परिवहन सेवा पोर्टल से होगी। नंबर अपडेट नहीं होने की स्थिति में संबंधित वाहन का प्रदूषण प्रमाणपत्र भी नहीं बन पाएगा। मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने से ई-चालान में दिक्कत हो रही है। इसके अलावा दुर्घटना एवं अन्य घटना की स्थिति में वाहन मालिक की पहचान में परेशानी होती है। वाहन रजिस्ट्रेशन से लिंक मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होने से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालोंपर कार्रवाई नहीं हो पाती है।
बिहार से मानसून की हो गई विदाई, सामान्य से इतने प्रतिशत कम हुई बारिश

डेस्क : बिहार में इस साल भी किसानों को मानसून की मार झेलनी पड़ी है। बीते रविवार को पटना सहित प्रदेश से मानसून की विदाई हो गई। इस बार राज्य में सामान्य से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई। वहीं, पटना जिले में 39कम बारिश रिकॉर्ड की गई। इस वर्ष प्रदेश में एक सप्ताह की देरी से 20 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। वहीं 28 जून तक पूरे प्रदेश में इसका प्रसार हुआ था।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से मानसून की वापसी का सिलसिला प्रारंभ हुआ था। प्रदेश में सामान्य तौर पर 992.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। लेकिन, इस बार 798.3 मिमी ही वर्षा हुई। इस दौरान औरंगाबाद, किशनगंज, नवादा और शेखपुरा जिलों में ही सामान्य से अधिक जबकि, बांका में सामान्य बारिश हुई।

राज्य के 33 जिलों में 1 से लेकर 49 प्रतिशत तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। लगातार तीसरे वर्ष सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2024 में पिछले साल की अपेक्षा थोड़ी ज्यादा बारिश हुई। 2023 में 760 जबकि इस बार 798 मिमी बारिश हुई। 2023 में समय से एक दिन पहले 12 जून को मानसून आया था। वहीं, वर्ष 2022 में मानसून अपने निर्धारित समय पर 13 जून को प्रवेश कर गया था। लेकिन 683 मिमी बारिश हुई।

हैवानियत की सारी सीमांओ को किया पार, दशहरा का मेला देखकर लौट रही मासूम को बनाया हवश का शिकार

डेस्क : बेगूसराय से मानवता को शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है। जहां एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। बच्ची बीते शनिवार की रात विजयादशमी का मेला घूमने गई थी। उसके बाद देर रात वह घर वापस नहीं आई तो परिजन परेशान हो गए। उसके बाद इसकी पड़ताल शुरू हो गई। इसके साथ ही पुलिस को इसकी सुचना दे दी गई। उसके बाद पुलिस की टीम भी मामले की जांच में जूट गई है। बच्ची को शनिवार की रात करीब 2 बजे चकिया थाना पुलिस ने एक चिमनी के पास सड़क किनारे से अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में बरामद किया।

बताया जा रहा है कि बच्ची को शनिवार की रात करीब 2 बजे चकिया थाना पुलिस ने एक चिमनी के पास सड़क किनारे से अर्धनग्न और बेहोशी की हालत में बरामद किया। जिसके बाद पुलीस उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरी ओर बच्ची के मेला देखकर घर नहीं लौटने पर परिजन खोजबीन कर रहे थे। तभी बेगूसराय सदर अस्पताल में बच्ची की होने की जानकारी मिली जिसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और उसकी पहचान हुई।

बच्ची के परिजनों की माने तो उसे एक साइकिल सवार के द्वारा बहला फुसलाकर कर चिमनी के पास ले जाया गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में पिता ने बताया कि मेला देखकर घर जा रही थी, लेकिन पिता मेला में बेटी को ढूंढते रह गया पूरी रात कुछ आता पता नहीं चला। इस मामले में सदर डीएसपी-टू भास्कर रंजन ने बताया कि रात मेला देखने गई एक सात आठ साल बच्ची को अगवा किया गया और उसके साथ रेप की घटना को अंजाम दिया गया है।

वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर डीएसपी-टू भास्कर रंजन के नेतृत्व में चकिया थाने की पुलीस पूरी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। घटना के बाद एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

फिलहाल मेडिकल बोर्ड के द्वारा पूरे मामले की जांच कराई जा रही है बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे बाल चिकित्सा वार्ड आईसीयू में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। विजयदशमी के मौके पर जिस तरह से दरिंदों ने एक नाबालिक बच्ची को अगवा कर रेप की घटना को अंजाम दिया है वह अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ी कर रही है।

डीएसपी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के साथ-साथ आरोपी की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्दी बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा की बच्ची के साथ एक युवक ने रेप किया है या उसके साथ सामूहिक रेप की घटना को अंजाम दिया गया है क्योंकि बच्ची अभी भी बोलने की स्थिति में नहीं है।

मुम्बई में बाबा सिद्दकी की हत्या पर बिहार की सियासत गरम, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने एनडीए पर साधा निशाना

डेस्क : बीती रात एनसीपी के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या अपराधियों ने बांद्रा में कर दी। बांद्रा के खेर वाड़ी सिग्नल के पास उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर ही गोली मार कर बाबा सिद्दीकी की हत्या कर दी गई। वहीं इस घटना के बाद देश की सियासत गरमाई हुई है। तेजस्वी भी इस घटना को लेकर एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा हैं।

तेजस्वी यादव ने पहले ट्विट कर एनडीए सरकार पर हमला बोला था। तेजस्वी ने कहा था कि, "महाराष्ट्र के वरीय नेता बाबा सिद्दक़ी की हत्या का समाचार बेहद दुखद है। परवरदिग़ार से इल्तिजा है कि मरहूम को जन्नत में आला मक़ाम दें और परिजनों को सब्र और हिम्मत। महाराष्ट्र में NDA शासन में लगातार हो रही ऐसी आपराधिक घटनाओं को क्या नाम देंगे"?

वहीं आज दिल्ली जाने से पहले पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने बाबा सिद्दीकी की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि मुंबई के बांद्रा जैसे जगह में यह हत्या हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को पूरे मामला को गंभीरता से देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बाबा सिद्दीकी हमारे जिला गोपालगंज के रहने वाले हैं और बिहार के निवासी है। कुछ दिन पहले ही हमारी उनसे बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई है उसे लग रहा है कि कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि आज सरकार को लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को सुधारना चाहिए।