राजद को बड़ा झटका : लालू प्रसाद के करीबी श्याम रजक ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा, पार्टी सुप्रीमो पर लगाए यह गंभीर आरोप
डेस्क : बिहार के राजनीतिक हलके से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी राजद को बड़ा झटका लगा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले श्याम रजक ने राजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने बुधवार को राजद की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी। श्याम रजक को लालू परिवार के करीबी नेताओं में माना जाता है। वे बिहार सरकार में मंत्री भी रहे हैं। अब उनके राजद छोड़ने को लालू- तेजस्वी यादव के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। खाकर विधानसभा चुनाव के करीब एक साल पहले रजक बिरादरी से आने वाले श्याम रजक के राजद छोड़ने से यह पार्टी को बड़ा झटका है।
श्याम रजक ने लालू यादव को अपना पत्र भेजा है। उसमें कहा गया है कि वे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पद औऱ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। श्याम रजक ने अपने पत्र में लालू के लिए एक शेर भी लिखा है- “मैं शतरंज का शौकीन नहीं था, इसलिए धोखा खा गया। आप मोहरे चल रहे थे, मैं रिश्तेदारी निभा रहा था।।“
अब चर्चा यह है कि श्याम रजक अब एकबार फिर जदयू में जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से श्याम रजक की बात हो चुकी है। श्याम रजक राजद से जदयू में आए थे और नीतीश सरकार में मंत्री थे। लेकिन बाद में उन्होंने जदयू छोड़ दिया था और फिर से आरजेडी का दामन थामा था।
उन्हें 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव में आरजेडी से फुलवारी से टिकट मिलने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बाद में श्याम रजक को विधान परिषद का सदस्य बनने की उम्मीद थी, लेकिन लालू यादव ने ये भी नहीं किया। राजद ने मुन्नी रजक को विधान परिषद का सदस्य बना दिया था। इसे श्याम रजक के लिए बड़ा झटका माना गया। अब श्याम रजक जदयू में फिर से जा रहे हैं।
Aug 22 2024, 20:05