cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 22:20

केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव नवनिर्मित ऑडिटोरियम ‘दण्डकारण्य‘ एवं इलेक्ट्रॉनिक ऑक्शन प्रणाली का करेंगे उद्घाटन, नवा रायपुर में कार्यक्रम

रायपुर-   केन्द्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव 12 अगस्त को नवा रायपुर स्थित अरण्य भवन में नवनिर्मित ऑडिटोरियम और इलेक्ट्रॉनिक ऑक्शन प्रणाली का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वन मंत्री केदार कश्यप, केन्द्रीय वन महानिदेशक एवं भारत सरकार के विशेष सचिव जितेन्द्र कुमार भी शामिल होंगे।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव ने बताया कि लगभग दो करोड़ रूपए की लागत से नवनिर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम में आंतरिक साज-सज्जा, लाइट, साउंड सिस्टम, वातानुकूलन, स्टेज, एल.ई.डी स्क्रीन जैसे समस्त सुविधाओं का समावेश किया गया है। इस ऑडिटोरियम में 140 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि वन मुख्यालय में समय-समय पर होने वाले सेमिनार, वर्कशॉप, मैदानी अमले, संयुक्त वन प्रबंधन समिति सदस्यों के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए इसकी आवश्यकता थी। इसके लोकार्पण पश्चात् अब मुख्यालय स्तर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों हेतु एक ‘स्टेट ऑफ आर्ट सभागार‘ वन विभाग के पास उपलब्ध होगा और समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन हेतु किराए पर अन्य परिसर लेने पर होने वाले व्यय की बचत होगी।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव ने बताया कि वन विभाग के विभिन्न काष्ठागारों में काष्ठ के नीलाम में प्रतिस्पर्धा एवं पारदर्शिता लाने के प्रयास के अनुक्रम में ई-ऑक्शन की प्रक्रिया शुभारंभ होने से काष्ठागारों में काष्ठ के नीलाम में प्रतिस्पर्धा एवं पारदर्शिता आएगी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में वन विभाग के विभिन्न काष्ठागारों में काष्ठ के नीलाम में प्रतिस्पर्धा एवं पारदर्शिता लाने के प्रयास के अनुक्रम में ई-ऑक्शन की प्रक्रिया का ईओआई के माध्यम से एमएसटीसी के द्वारा ई-ऑक्शन कार्य किया जाएगा। काष्ठागार के काष्ठ नीलामी ई-ऑक्शन के माध्यम से कराये जाने पर शासन एवं बोलीदाता के लिए भुगतान प्रक्रिया त्वरित, पारदर्शी एवं संपर्क रहित हो जायेगी तथा राज्य शासन की राजस्व की प्राप्ति बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य में वन विभाग के विभिन्न काष्ठागारों में ईमारती काष्ठ, बल्ली, व्यापारिक बांस, जलाऊ लकड़ी की नीलामी की जाती है। राज्य में 27 विक्रय डिपो संचालित है जिनसे वर्ष 2023-24 में 258.96 करोड़ रूपए की राजस्व प्राप्ति हुई है। वर्तमान में नीलामी प्रक्रिया भौतिक है जिससे सुदूर स्थित बोलीदाताओं को नीलामी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित नहीं करती है। इसके अतिरिक्त भुगतान की प्रक्रिया में कागजी कार्यवाही तथा बहुत सारे रिकार्ड रखने पड़ते हैं। ई-ऑक्शन प्रणाली में कागजी कार्रवाई से निजात मिलेगी।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 22:10

कृषि उत्पादन में वृद्धि और कृषकों के कल्याण के लिए सदैव तत्पर है मोदी सरकार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उच्च उत्पादन क्षमता वाली जलवायु अनुकूल व बायोफोर्टिफाइड फसलों की 109 किस्मों को जारी करने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा की फसलों की इन नई किस्मों से छत्तीसगढ़ में विशेषकर धान की उत्पादन क्षमता में और अधिक वृद्धि होगी। इससे प्रदेश के अन्नदाता उन्नत खेती के साथ और अधिक समृद्ध बनेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ट्विटर प्लेटफार्म एक्स पर कृषि के क्षेत्र में इस क्रांतिकारी कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं कृषि वैज्ञानिकों का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए सभी अन्नदाताओं को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) में उच्च उत्पादन क्षमता वाली जलवायु अनुकूल व बायोफोर्टिफाइड फसलों की 109 किस्मों को जारी किया। इनमें 34 खेत की फसलें और 27 बागवानी की फसलें शामिल हैं। वैज्ञानिकों के मुताबिक धान की ऐसी किस्में तैयार की गई है, जिसमें 20 प्रतिशत कम पानी लगेगा। इनमें चावल की 9 और गेहूं की 2 उन्नत किस्मों को तैयार किया गया है। इसके अलावा दालों में अरहर और चने की 2-2, मसूर की 3 उन्नत किस्में उपलब्ध होंगी।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 22:04

मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर 188 परिवारों की शिकायतें हुई दूर, वर्षों से लंबित 3 करोड़ से ज्यादा की राशि हितग्राहियों को लौटायी गयी

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन से विभागों के लंबित कार्याें का यथाशीघ्र निराकरण किया जा रहा है। श्री साय सरकार द्वारा सभी वर्गाें के कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं का समय पर निराकरण होने से आमजनों को उचित न्याय मिल रहा है। आवास एवं पर्यावरण विभाग मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा लंबे समय से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अंतर्गत हितग्राहियों के लंबित भुगतान के लिए धनराशि वापसी के निर्देश दिए हैं। इस पहल के परिणामस्वरूप लगभग 188 परिवारों को 3.01 करोड़ मंडल द्वारा वापस किए गए हैं।

गृह निर्माण मण्डल के आयुक्त कुंदन कुमार ने बताया कि मंत्री ओ.पी. चौधरी के निर्देश का उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को देर से भुगतान के मुद्दे को हल करना था। विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा पात्र हितग्राहियों को धन वापसी की गई है।

मंडल द्वारा किया गया यह प्रयास सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही को सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है कि नागरिकों को उनके अधिकारित धन प्राप्त हों। मंत्री की पहल से प्रभावित परिवारों को राहत मिली है और विभाग ऐसे लंबित मुद्दों को हल करने के लिए सतत काम करता रहेगा।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अपनी कार्यप्रणाली के सरलीकरण की ओर आगे बढ़ रहा है, जिससे मंडल द्वारा आमजनों को अधिक सरलीकृत, संवेदनशील आवश्यक तथा पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं प्रदान किया जा सके।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 21:57

साहित्य भवन के विस्तार के लिए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने की 20 लाख की घोषणा

रायपुर-   वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन आज कोरबा जिले के घंटाघर स्थित पं मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन समिति कोरबा द्वारा आयोजित अभिनंदन और पुस्तक विमोचन समारोह में शामिल हुए। मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने मंत्री श्री देवांगन का शॉल व श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर जोगेश लांबा, शहर के साहित्यकार और समिति संरक्षक मो. युनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश चतुर्वेदी, अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, विजय राठौर, कृष्ण कुमार चंद्रा, बलराम राठौर, जितेंद्र वर्मा और अंजना सिंह सहित अन्य साहित्यकार उपस्थित थे।

मंत्री श्री देवांगन ने साहित्यकारों को संबोधित करते हुए कहा की हम तो स्कूल, कॉलेज में सामान्य तौर पर सिर्फ पुस्तकों को अध्यन करते हैं, लेकिन उन पुस्तकों लिखने वाले लेखक, साहित्यकारों की इसके पीछे बहुत सारी मेहनत होती है। एक-एक शब्द के मायने के हिसाब से उन्हें माले की तरह गूथ कर पुस्तक के माध्यम से हम तक पहुंचाते हैैं। इस अवसर पर तीनों साहित्यकारों के पुस्तक क्रमशः बहतरीन के दुलरवा, मधु मंजरी और पारस पखना का विमोचन किया।

कार्यक्रम के दौरान साहित्य समिति द्वारा मंत्री श्री देवांगन से साहित्य भवन में विभिन्न विकास और विस्तार कार्य करने की मांग करने पर उन्होंने विधायक निधि से तत्काल 20 लाख रूपए की देने की घोषणा की। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, नरेंद्र पाटनवार, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, रामकुमार राठौर, मुकुंद सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार उपस्थित थेे।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 21:48

उप मुख्यमंत्री अरुण साव छत्तीसगढ़ साहू अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में हुए शामिल

रायपुर-    उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में अपने उत्कृष्ट कार्यों से साहू समाज का नाम रोशन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। हमारा समाज हर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा समाज होने के नाते सभी समाजों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी भी हमारी है। उन्होंने पहली बार आयोजित प्रदेश साहू अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को ऐतिहासिक एवं गरिमामय बताते हुए इसके आयोजन के लिए समाज के पदाधिकारियों को बधाई दी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि साहू समाज को और ज्यादा संगठित होकर सही नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। हमारे समाज की प्रतिभाओं को प्रदेश और देश की प्रतिभा बनाने की जिम्मेदारी समाज की है। साहू समाज को नई सोच और जज्बे के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने समाज के संगठन में महिला और युवा प्रकोष्ठ के साथ ही अन्य प्रकोष्ठों के गठन पर जोर दिया।

छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष टहल सिंह साहू ने कहा कि समाज के अधिकारी-कर्मचारी बुद्धिजीवी वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। समाज को सही दिशा दिखाने का दायित्व बुद्धिजीवी वर्ग का है। साहू समाज ने पिछले कुछ वर्षों में सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सार्थक कदम उठाए हैं। हमें आगे भी इसे जारी रखना है। सामाजिक संगठन में योग्य लोगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए हमारी निर्वाचन प्रणाली को बदलने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेश में साहू समाज के लोगों की सही संख्या का पता लगाने साहू समाज द्वारा सामाजिक जनगणना का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज को ऐसा काम करना है जिसका अनुसरण अन्य समाज भी करे।

छत्तीसगढ़ साहू अधिकारी-कर्मचारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह को विधायक भोलाराम साहू, ईश्वर साहू, दीपेश साहू, इंद्र कुमार साहू, रोहित साहू, संदीप साहू, मोतीलाल साहू और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश साहू संघ के उपाध्यक्ष भुनेश्वर साहू, महामंत्री दयाराम साहू और लखन साहू, युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पवन साहू, डॉ. नारायण साहू, इंजीनियर यशवंत साहू, घनश्याम साहू और भागवत कथा वाचिका यामिनी साहू सहित साहू समाज के अनेक पदाधिकारी तथा अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 21:34

मिनीमाता निर्वाण दिवस एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम राजनांदगांव में आयोजित ममतामयी मिनीमाता निर्वाण दिवस एवं जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पाण्डेय, विधायक आरंग गुरू खुशवंत साहेब एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर शासकीय नवीन महाविद्यालय ठेलकाडीह का नाम संत गुरू घासीदास बाबा के नाम पर रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सोनेसरार, डोंगरगांव विकासखड के ग्राम साकरदाहरा, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मोतीपुर में सतनाम भवन निर्माण एवं सतनाम भवन राजनांदगांव में मंच निर्माण के लिए 10-10 लाख रूपए तथा शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज राजनांदगांव में ममतामयी मिनीमाता की प्रतिमा स्थापना के लिए 5 लाख रूपए दिए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर सतनामी समाज द्वारा मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी को हर घर तिरंगा कार्यक्रम अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के सम्मान के लिए शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ममतामयी मिनीमाता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने जिला सतनामी सेवा समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी और कहा कि सभी संत गुरू घासीदास बाबा के पथ पर चलते हुए सतनामी समाज को शिक्षा एवं विकास के हर क्षेत्र में आगे बढ़ा़एं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद ममतामयी मिनीमाता पहली महिला सांसद रही हैं। अविभाजित मध्यप्रदेश में कार्य करते हुए उन्होंने आजीवन नारी शक्ति को आगे बढ़ाने, अस्पृश्यता को दूर करने का कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा ने 18वीं सदी में मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया तथा समाज में व्याप्त छूआ-छूत एवं भेदभाव को दूर करने के लिए उनके संदेश आज भी मार्गदर्शक एवं प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा के विचार एवं उनके संदेशों का अनुकरण करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य कर रही है। सरकार द्वारा किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं विभिन्न वर्गों के हित में कार्य किया जा रहा है। रामलला दर्शन, तेंदूपत्ता संग्रहण के अंतर्गत 5500 रूपए मानक बोरा पारिश्रमिक जैसी योजनाओं से आम जनता को लाभ मिल रहा है। संत गुरू घासीदास बाबा का आर्शीवाद ऐसे ही बना रहे और हम आम जनता के हित में कार्य कर सकें। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा गिरौदपुरी में जैतखाम के निर्माण, प्रदेश में सतनामी समाज के लिए भवन, सांस्कृतिक पंथी नृत्य को बढ़ावा देने के लिए उनके अवदानों को स्मरण किया।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता के योगदान से समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने महिलाओं के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई है और उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है। वर्ष 1952 में पहली महिला सांसद के रूप में उन्होंने अस्पृश्यता को दूर करने के लिए कानून बनाने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों का विरोध किया। उन्होंने मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ का नेतृत्व किया। सतनामी समाज तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी में जैतखाम के निर्माण के लिए मैं निमित्त बना, इस बात की मुझे खुशी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विभिन्न योजनाएं देश को विकास पथ पर आगे ले जा रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गांव, गरीब एवं किसानों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान, 2 साल का धान का बकाया बोनस 3716 करोड़ रूपए का भूगतान, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने 1000 रूपए देने की योजना से सभी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने आम जनता के लिए जीवन भर का रास्ता बनाया है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में और भी अच्छे कार्य होंगे और प्रदेश उन्नति की दिशा में आगे बढ़ेगा।

सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि सतनामी समाज अन्य सभी समाज को साथ लिए समरसता एवं सद्भावना के साथ आगे बढ़ते जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को राजनांदगांव जिले के लिए विशेष स्नेह के प्रति आभार प्रगट किया। उन्होंने कहा कि हम सब संत गुरू घासीदास बाबा के बताए हुए मार्ग मनखे-मनखे एक समान के अनुसार चले। मुख्यमंत्री इसी मंशा के अनुरूप कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकानाएं दी।

विधायक आरंग गुरू खुशवंत साहेब ने कहा कि ममतामयी मिनीमाता ने बाल विवाह को रोकने, अस्पृश्यता का निवारण करने तथा समाज के हित में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सतनामी समाज द्वारा संत गुरू घासीदास बाबा के मनखे-मनखे एक समान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में आवास का निर्माण किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले अनुसूचित जाति एवं जनजाति के हितग्राही इससे लाभान्वित हुए हैं। सतनामी समाज की उन्नति एवं विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वागीण विकास के लिए सभी को संत गुरू घासीदास बाबा के बताए मार्ग पर चलना है। मदिरापान तथा गुटखा जैसे व्यसन से दूर रहना है।

इस अवसर पर पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, विधायक डोंगरगढ़ हर्षिता बघेल, पूर्व विधायक रामजी भारती, पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, सचिन बघेल, खूबचंद पारख, नीलू शर्मा, रमेश पटेल, भरत वर्मा, कोमल राजपूत, दिनेश गांधी, रिखीराम गेण्ड्रे, कुलबीर सिंह छाबड़ा, चेतन चंदेल, पार्थ गेंड्रे एवं अन्य जनप्रतिनिधि, जिला सतमानी सेवा समिति के अध्यक्ष युवराज दास ढ़ीरहेर, उपाध्यक्ष कमलेश्वर सांडे, उपाध्यक्ष महिला प्रतिमा बंजारे, महामंत्री कमल कुमार लहरे, कोषाध्यक्ष संजीव बंजारे, सचिव ऋषिराज खरे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 21:19

‘एक पेड़ मां के नाम’ पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया वृक्षारोपण

रायपुर-     ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान के तहत आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने ठाकुर प्यारेलाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा रायपुर में नीम पौधा का रोपण किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाना था। वृक्षारोपण कार्यक्रम में निहारिका बारिक सिंह, सचिव राजेश सिंह राणा, संचालक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण रजत बंसल और अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत देश में सितम्बर 2024 तक 80 करोड़ एवं मार्च 2025 तक 140 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य में लगभग 4 करोड़ पौधारोपण किए जाने का लक्ष्य है।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 21:12

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में 13 अगस्त को जोहार तिरंगा कार्यक्रम का होगा आयोजन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर-    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13 अगस्त को रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में जोहार तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संध्या 6 बजे से शुरू होगा।

इस अवसर पर देश के जाने माने गायक कैलाश खेर एवं साथियों द्वारा संस्कृति एवं देशभक्ति पर आधारित गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी।

जोहार तिरंगा कार्यक्रम के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग के विशेष सहयोग से किया जा रहा है। 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित यह कार्यक्रम न केवल देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करेगा बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को भी उजागर करेगा।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 18:55

सड़क हादसे में मौत, हाईकोर्ट का आदेश, ​बीमा कंपनी दे 1 करोड़ 10 लाख मुआवजा

बिलासपुर- सड़क दुर्घटना में मौत के बाद मृतक एसईसीएल कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाया। हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी को मृत कर्मचारी के परिवार को 1 करोड़ 10 लाख रुपए भुगतान करने का निर्देश दिया है।

तखतपुर के ग्राम खपरी का रहने वाला मृतक हरिराम राजवाड़े एसईसीएल के कुसमुंडा माइनिंग विभाग में पदस्थ गया था। 27 अक्टूबर 2022 को सुबह लगभग 5.30 बजे हरिराम अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए कुसमुंडा जा रहा था। रास्ते में पंतोरा की ओर से आ रहे टैंकर सीजी-07, सीए-9468 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए उसे टक्कर मारी दी थी। इस हादसे में हरिराम की मौके पर मौत हो गई।

बलौदा पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की। इधर, मृतक की पत्नी व बेटियों ने आर्थिक क्षतिपूर्ति के लिए मोटर दावा अधिकरण के तहत परिवाद दायर किया। इसमें टैंकर चालक, मालिक व टैंकर का बीमा करने वाली द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी पुराना बस स्टैंड बिलासपुर को पक्षकार बनाया गया।

कोर्ट ने वाहन का बीमा करने वाली कंपनी को क्षतिपूर्ति मुआवजा देने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि रिस्क कवर करने के लिए वाहन मालिक अगर समय पर प्रीमियम की राशि जमा कर रहे हैं, तो संबंधित बीमा कंपनी की जिम्मेदारी बनती है कि रिस्क कवर किया जाए।

cgstreetbuzz

Aug 11 2024, 18:46

खाद्य मंत्री श्री बघेल ने ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित किया, समाज को आगे बढ़ाने में मिनीमाता का योगदान अविस्मरणीय

रायपुर-  खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने आज बेमेतरा जिले के नगर पंचायत नवागढ़ के बस स्टैण्ड में छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद ममतामयी मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम सर्वोच्च गुरु असम दास जी गुरुगोसांई खपरीडीह खुर्द के सानिध्य में संपन्न हुआ ।

खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कार्यकम को सम्बोधित करते हुए कहा कि ममतामयी मिनी माता ने सतनामी समाज को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किया। समाज को भी संगठित होकर शिक्षा, स्वास्थ्य, और हर क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने समाज को एकजुट होकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को उंचा उठाने के लिए प्रयास किया था । खाद्य मंत्री ने समाज के लोगों को छत्तीसगढ़ की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की बात कही। समाज द्वारा सतनाम भवन नवागढ़ से बस स्टैंड तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यकम में पद्म उषा बारले ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की शानदार प्रस्तुति दी गई।

इस अवसर पर नगर पंचायत नवागढ़ के अध्यक्ष मंजूलता रात्रे , जिला पंचायत सदस्य अंजू बघेल नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष धनलाल देशलहरे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला सतनामी सेवा समिति नवागढ़ के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।