Jun 21 2024, 10:42
झारखंड में तीन से चार दिनों में मॉनसून के प्रवेश की संभावना, मानसून आगमन के पूर्व बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश से मिली राहत*
झा. डेस्क राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली है। यह बारिश दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून के आगमन के पूर्व की आहट है। बारिश के साथ विभिन्न भागों में तेज ठंडी हवा चली। गुरुवार को सबसे अधिक बारिश खूंटी में 63.5 मिमी दर्ज की गई। इधर, वज्रपात से गुमला में एक, लोहदरगा में एक और रांची के बुढ़मू में दो व्यक्ति की मौत हो गई। पलामू और गढ़वा के लोगों ने भी बारिश से राहत की सांस ली है। मेदिनीनगर का तापमान पिछले 24 घंटों में पांच डिग्री नीचे 37.8 पर चला गया। अधिकतम तापमान के हिसाब से राज्य में सबसे अधिक पारा 38.7 डिग्री गोड्डा का दर्ज किया गया। रांची में गुरुवार को 39.4, हजारीबाग में 20, रामगढ़ में 19.2, राजमहल में 19.2, चतरा में 17, हजारीबाग में 12.5, गुमला में 10.5, गढ़वा में 10.5, पलामू में 5.5, चक्रधरपुर में 5.4 मिमी समेत राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश हुई। संताल के जिलों में कहीं कहीं तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले चार दिनों के दौरान बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश होगी। इस दौरान कुछ जगहों पर आंधी और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। तीन से चार दिनों में मॉनसून के प्रवेश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून प्रवेश कर चुका है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान यह झारखंड में प्रवेश कर सकता है। इससे मौसम में और नमी आने के आसार हैं। विभाग के अनुसार, मॉनसून का नार्दर्न लिमिट देश के अमरावती, गोंडिया, दुर्ग, रामपुर(कालाहाड़ी) मालदा, भागलपुर और रक्सौल तक कायम हो चुका है। चार से पांच डिग्री गिरा तापमान बारिश होने से झारखंड के कई हिस्सों के तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट आई है। राज्य में सरायकेला का अधिकतम तापमान 37.2, गढ़वा का 37.7, देवघर 35.3, गुमला 38.1 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के सभी जिलों के तापमान 40.0 डिग्री से नीचे आ गए हैं। रांची का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम हुआ पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे राजधानी का मौसम भी पूरी तरह से बदल चुका है। मौसम ठंडा और सुहाना हो गया है। गुरुवार की शाम को भी यहां मूसलाधार बारिश हुई। दिन के दौरान अधिकतम तापमान 33.4 दर्ज किया गया जो डिग्री सामान्य से एक डिग्री अधिक है। यहां बारिश और ठंडी हवा के कारण न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री है, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम है। शहरों के तापमान (डिग्री में) शहर अधिकतम गोड्डा 38.7 प सिंहभूम 38.0 गुमला 38.1 मेदिनीनगर 37.8 सरायकेला 37.2 हजारीबाग 37.0 बोकारो 36.1 रामगढ़ 36.2 चतरा 36.6 रांची 33.4 रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा, 'राजधानी समेत पूरे राज्य का मौसम बदल गया है। विभिन्न भागों में बारिश होने के साथ तेज ठंडी हवा चलने से पलामू, गढ़वा समेत अन्य सभी भागों में तापमान गिरा है। गुरुवार को राज्य के किसी भी क्षेत्र में उष्ण लहर की स्थिति नहीं रही। अगले चार दिन तक राज्य के ऊपर बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। झारखंड में अगले तीन से चार दिनों के दौरान मॉनसून प्रवेश करने की संभावना व्यक्त की गई है।'
Jun 22 2024, 12:14