*अब मान्यता प्राप्त संगठन बना महिला शिक्षक संघ*
ललितपुर- परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का ज्ञान दे रहीं महिला शिक्षकों की समस्यायें अब प्राथमिकता पर सुनी जायेंगी और समस्याओं का शीघ्र निस्तारण भी कराया जा सकेगा। अब महिला शिक्षक संघ को शासन से मान्यता प्रदान की गयी है। महिला शिक्षक संघ अब प्रभावशाली संगठन होने के साथ-साथ महिलाओं की आवाज को मुखर करेगा। यह बात शनिवार को संबोधित करते हुये महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष आरती सिंह कुशवाहा ने कही।
महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष आरती सिंह कुशवाहा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या के लगातार अथक प्रयासों के चलते बड़ी कामयाबी संगठन को हासिल हुई है। कामयाबी के रूप में महिला शिक्षक संघ को शासन से मान्यता प्राप्त हुयी है। महिला शिक्षक संघ अब महिला सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करेगा। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना मौर्या और सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि महिला शिक्षिकाओं की समस्याओं का अब जिला स्तर पर त्वरित निस्तारण हो सकेगा। आरती सिंह कुशवाहा ने कहा कि एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है। इसलिए अब संगठन में अन्य महिला शिक्षकों को बतौर सदस्य के रूप में जोड़कर संगठन का विस्तार किया जायेगा।
महिला शिक्षक संघ को मान्यता प्राप्त होने के बाद जिलाध्यक्ष आरती सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में पदाधिकारियों व सदस्यों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिकेश यादव से मुख्यालय स्थित उनके कार्यालय में जाकर शिष्टाचार भेंट की। बीएसए को संगठन की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर मान्यता प्राप्त होने पर मिष्ठान खिलाया गया। मौके पर कुछ महिला शिक्षकों की समस्याओं को भी संगठन की ओर से बीएसए के समक्ष रखा गया, जिसे गंभीरता से लेते हुये बीएसए ने तत्काल समस्याओं का निस्तारण किया। खण्ड शिक्षा अधिकारी तालबेहट व बिरधा की मौजूदगी में महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष आरती सिंह कुशवाहा ने बीएसए को अवगत कराया कि ब्लाक बिरधा के कम्पोजिट विद्यालय यू.पी.एस.पटसेमरा में तैनात सहायक अध्यापिका शशिप्रभा वर्मा का वेतन लम्बे समय से अवरूद्ध चल रहा है, तो वहीं ब्लाक जखौरा के रानीकोडर विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका रिंकी अग्रवाल का वेतन संबंधी समस्या थी।
इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय आलापुर में तैनात सहायक अध्यापिका नेहा बंसल का स्थानान्तरण अंर्तजनपदीय होने पर उनका सात माह से वेतन अवरूद्ध था, यह समस्या भी बीएसए के समक्ष रखी गयी। सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुये बीएसए हरिकेश यादव ने तत्काल अधीनस्थों को निर्देशित कर समस्या निस्तारण के निर्देश दिये। साथ ही बीएसए ने महिला शिक्षक संघ को मान्यता मिलने पर बधाई देते हुये संगठन द्वारा महिला शिक्षकों के हितार्थ किये जा रहे कार्यों को लेकर भूरि-भूरि सराहना की। इस दौरान जिलाध्य्क्ष आरती सिंह कुशवाहा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश राठौर, महामंत्री सुनीता व रितु, मीनाक्षी, बबिता देवी, शशिलता, सीमा सिंह, ममता, रजनी ओझा, बबीता रिछारिया, प्रियंका मिश्रा, ऊषा साहू, रंजना पाठक, सुखदा अग्निहोत्री, गरिमा, शशिप्रभा वर्मा, रिंकी अग्रवाल, नेहा बंसल, प्रीति वर्मा आदि उपस्थित रहीं।
Feb 10 2024, 20:34