Bhadohi

Jan 23 2024, 15:09

*स्वरोजगार से जुड़ेंगी 35 हजार महिलाएं, होंगी सशक्त*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को आगे बढ़ने मदद कर रहा है।

सरकारी अनुदान के सहारे महिलाएं आत्मनिर्भर बन खुद को सशक्त बनाने के साथ ही परिवार को भी मजबूत बना रही है। जिले में मिशन से जुड़ी 35 हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। इसके लिए विभागीय कवायद शुरू हो गई है।सपना ऊंची उड़ान का पर संसाधन कोई नहीं, मन में विचार यही कि स्वरोजगार करें भी तो कैसे।

कोई हुनर भी नहीं, जिसे सहारा बनाया जा सके, स्वरोजगार करें भी तो कैसे। आधी आबादी में शुमार नारी शक्ति की इस विवशता को शासन ने पूरी तरह से समझा और परखा है।

आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का सहारा देकर स्वरोजगार से जोड़ने की योजना संचालित की जा रही है। मिशन के तहत गठित समूहों से जुड़ी 35 हजार महिलाओं को सिलाई-कटाई, पशुपालन, मत्स्य पालन से लेकर अचार, मुरब्बा बनाने से लेकर अन्य कार्यों के जरिए स्वरोजगार देने की योजना बनाई गई है। उम्मीद है कि इस योजना के जरिए वह स्वरोजगार से जुड़कर अपने और परिवार के खुशहाली का द्वार खोल सकेंगी। उनके सपने पूरे होंगे। जरूरतमंद हर महिला के हाथ काम होगा। इसके लिए उन्हें हुनर भी सिखाया जाएगा तो रोजगार शुरू करने को धन की कमी को भी पूरी की जाएगी।

कहां मिलेगा रोजगार का अवसर

- आजीविका मिशन के तहत गठित महिला समूह से जुड़ी महिलाओं को सिलाई-कटाई, अचार, मुरब्बा बनाने, पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, मशरूम उत्पादन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को ड्राई फूड तैयार कर देने सहित अन्य तमाम कार्य का प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।

मिशन से क्या मिलता है सहयोग

आजीविका मिशन के तहत गठित समूहों को स्वरोजगार के लिए 1.10 लाख रुपये की दर से सामुदायिक निवेश निधि की धनराशि देकर वितपोषित किया जा जाता है। जिससे वह रोजगार की शुरूआत करती हैं। रिवाल्विंग फंड में 15 हजार रुपये समूह को मिलता है। जो उनके खाते में रहता है। इसके साथ ही उन्हें स्वरोजगार को बढ़ाने के लिए 20 लाख रुपये तक का कैश क्रेडिट लोन उपलब्ध कराया जाता है।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की एक स्थिति

जिले में ब्लॉक- छह

ग्राम पंचायतें - 546

समूह गठित- 6780

जुड़ी महिलाएं- 82,126

स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं की संख्या- 20 हजार

- आजीविका मिशन के तहत जिले में 6780 समूहों का गठन किया जा चुका है। इससे 82126 महिलाएं जुड़ी हैं। 20,000 महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। अन्य समूहों से भी जुड़ी 35,000 महिलाओं को उनकी जरूरत के अनुसार स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास चल रहा है।- श्यामजी, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन।

Bhadohi

Jan 23 2024, 15:08

*3.25 करोड़ से 30 राजकीय स्कूलों में बढ़ेगी मूलभूत सुविधाएं*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही ‌करीब डेढ़ दशक पूर्व बने जिले के 30 राजकीय हाईस्कूल में प्रोजेक्ट अलंकार योजना से मूलभूत सुविधाएं बढ़ेंगी।

तीन करोड़ 25 लाख की लागत से स्वच्छ पानी, बालक-बालिका के लिए शौचालय का निर्माण होगा। इसके लिए परियोजना ने 50 फीसदी बजट जारी कर दिया है। विभाग अब निर्माण की कवायद में जुट गया है।बालिकाओं को घर के समीप हाईस्कूल तक की शिक्षा देने के लिए साल 2009 में 33 पूर्व माध्यमिक विद्यालय को उच्चीकृत कर हाईस्कूल का दर्जा दिया गया।

एक-एक विद्यालय पर 58-58 लाख की लागत से भवन, शौचालय, लैब, पेयजल की सुविधाएं की गई। करीब डेढ़ दशक में देखरेख न होने से शौचालय और पेयजल की व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। जिससे यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की तरफ से पिछले कई साल से प्रस्ताव भेजा जा रहा था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल रही थी।

माध्यमिक स्कूलों की दशा सुधारने के लिए प्रोजेक्ट अलंकार योजना लागू की गई है। 2023-24 में प्रोजेक्ट अलंकार योजना से 30 राजकीय विद्यालयों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल के लिए तीन करोड़ 25 लाख रूपये स्वीकृत किया गया।

जिसमें परियोजना कार्यालय ने आधा बजट यानि एक करोड़ 54 लाख भेज दिया है। 30 राजकीय स्कूलों में चार लाख 57 हजार की दर से एक करोड़ 37 लाख खर्च कर सबमर्सिबल, आरओ आदि की सुविधा की जाएगी। इसके अलावा छह विद्यालय में 22 लाख प्रति विद्यालय की दर से एक करोड़ 32 लाख खर्च कर छह-छह शौचालय बनाए जाएंगे।

जिसमें छह बालक और छह बालिका के लिए रहेंगे। यही नहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय मॉडल इंटर कॉलेज गिर्दबड़गांव में 47.58 लाख से मल्टीपरपज हाल का निर्माण होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक विकायल भारती ने बताया कि परियोजना से आधा बजट करीब एक करोड़ 54 लाख स्वीकृत हो गया है। जल्द ही कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य कराया जाएगा।

Bhadohi

Jan 23 2024, 15:08

*रबी की खड़ी फसलों की हल्की सिंचाई करें किसान*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। लगातार ठंड पड़ रही है। सूरज की किरणें कम ही समय तक धरती पर पहुंच रही हैं। ऐसे में रबी की फसलों की खास देखभाल जरूरी है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसे मौसम में फसलों की सिंचाई जरूरी है।

इससे उनका विकास अच्छा होगा। और रोग भी नहीं लगेगा।

आलू को पाला से बचाने के लिए हल्की सिंचाई जरूरी है।जिले में करीब 42 हजार हेक्टेयर में गेहूं की खेती होती है। वहीं लगभग 1200 से 1300 किसान आलू की खेती करते हैं। जिले में इन दिनों जबरदस्त ठंड का असर देखा जा रहा है। ऐसे में फसलों पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।

खासकर आलू के लिहाज से यह मौसम अच्छा नहीं है। नवंबर माह में बुआई की गई गेहूं फसल की सिंचाई किसान कर सकते हैं।कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने बताया कि रबी की फसलों की सिंचाई की जानी चाहिए। सिंचाई के बाद खरपतवार नियंत्रण रखने के लिए विशेषज्ञ के सलाह पर दवा का भी छिड़काव कर सकते हैं। किसान बैगन, टमाटर, पत्तागोभी, मिर्च आदि सब्जी के फसलों की निराई गोड़ाई कर मिट्टी चढ़ा दें।

Bhadohi

Jan 23 2024, 12:40

*25 श्रमिक पहले चरण में जाएंगे इस्राइल, जिला अस्पताल में हुआ मेडिकल,27 जनवरी को लखनऊ होगी साक्षात्कार*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। जिले के 25 कुशल श्रमिक पहले चरण में इस्राइल जाएंगे। इसकी सूची शासन से श्रम विभाग कार्यालय में आ गई है। विभाग की तरफ से जिला अस्पताल में श्रमिकों का मेडिकल कराया गया। 27 जनवरी को लखनऊ में साक्षात्कार के बाद सभी को भेजने की प्रक्रिया पूर्ण होगी।

इस्राइल में युद्ध के बने हालात के बाद वहां पर कुशल श्रमिकों की जरूरत बताई गई थी। इसमें कई श्रेणी के श्रमिकों को वहां काम के लिए बुलाया गया है। प्रदेश से दस हजार श्रमिकों को वहां भेजा जाना है। इसको लेकर शासन की ओर से श्रम विभाग के पास जब आदेश आया तो विभाग की ओर से पंजीकृत श्रमिकों से दस जनवरी तक आवेदन मांगे गए।

10 जनवरी तक 199 श्रमिकों ने जाने के लिए सहमति पत्र दिया

श्रम विभाग कार्यालय में 10 जनवरी तक 199 श्रमिकों ने जाने के लिए सहमति पत्र दिया।श्रमिकों का जिला अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में मेडिकल किया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि 15 श्रमिकों की सूची पहले चरण के लिए शासन से आई है।

10 जनवरी तक कुल 199 श्रमिकों ने आवेदन किया

जिनका मेडिकल कराया गया है। 27 जनवरी को लखनऊ में उनका साक्षात्कार होना है। इसके बाद शासन स्तर से ही उनको भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।भवन निर्माण की चार श्रेणियों के कामगारों से आवेदन मांगे गए। 10 जनवरी तक कुल 199 श्रमिकों ने आवेदन किया। इनमें सिरेमिक टाइल, प्लास्टरिंग, शटरिंग कारपेंटर (फ्रेमवर्क) और आयरन वेल्डिंग शामिल हैं।

शटरिंग कारपेंटर श्रेणी में सबसे अधिक 125 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए

ज्ञानपुर के सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय में अभी तक शटरिंग कारपेंटर श्रेणी में सबसे अधिक 125 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं, जबकि सिरेमिक टाइल श्रेणी में 37, प्लास्टरिंग में 20 और आयरन वेल्डिंग श्रेणी में 12 आवेदन किए गए हैं।

Bhadohi

Jan 22 2024, 16:50

*धान खरीद में धांधली के पांच आरोपियों को दबोचा,कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लैपटॉप, आधार कार्ड किया बरामद*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। औराई पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने धान खरीद में हुई धांधली के मामले में पांच आरोपियों को दबोचा लिया है। उनके पास से लैपटॉप व आधार कार्ड बरामद किया गया है।

मामले की जांच औराई पुलिस के हाथ क्राइम ब्रांच की टीम कर रही थी। काफी छानबीन के बाद पुलिस को यह सफलता मिली। छोटे काश्तगारों के नाम पर क‌ई कुंतल बिके धान धान खरीद घोटाले की खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी। जिसके बाद विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया था।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीएम गौरांग राठी ने जांच के निर्देश दिए थे। हरकत में आई पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने पांच आरोपियों, दर्जनों आधार कार्ड व लैपटॉप को कब्जे में लिया है। आरोपितों से पूछताछ चल रही है। बता दें कि औराई तहसील क्षेत्र के तिउरी गांव निवासी राकेश सिंह समेत अन्य किसानों ने भेजे गए शिकायती पत्र में कहा कि, अनिल सिंह, अभय सिंह,मोहन सिंह, हरिशंकर के जमीन की खतौनी को साइबर कैफे से हैक करके फर्जी तरीके से धान बेचने का काम किया जा रहा है।

इतना ही नहीं जिनके नाम पर कुछ बिस्वा जमीन है, उसे भी कुंतलों धान बेचने की बात कही जा रही है। औराई तहसील के कुछ कर्मी भी लिप्त है। धान खरीद में मिलर, केंद्र प्रभारी, दलालों की मिली भगत से किसानों को फायदा नहीं मिल पा रहा है। इसके पूर्व भी औराई तहसील क्षेत्र में धान खरीद फर्जीवाड़ा हुआ था। जिसका खुलासा करते हुए पुलिस ने क‌ईयों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था।

डीएम के आदेश पर क्राइम ब्रांच व औराई थाने की पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके पास से करीब सौ आधार कार्ड, लैपटॉप आदि बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आगामी दिनों में पुलिस बड़े मामले का पर्दाफाश कर सकती हैं। उधर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद खलबली मच गई।

Bhadohi

Jan 22 2024, 15:45

*श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के लाइव प्रसारण को देख भावुक हो गए नगरवासी, जगह-जगह आयोजित रहा पूजन कार्यक्रम*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। में अयोध्या के प्रभु श्रीराम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को कालीन नगरी में हर तरफ उत्साह और उल्लास का माहौल है। भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरी तरह से रामरंग में रंगा है।

जिले के 16 मंदिरों में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ व बाबा बर्फानी ग्रुप की ओर से 36 घंटे का श्रीरामचरितमानस मानस पाठ का आयोजन किया गया।

नगर सहित गांव- गांव में जगह-जगह से शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें शामिल युवा डीजे में बजते भक्ति गीतों पर झूमते और नाचते रहे। शोभायात्रा को लेकर भदोही नगर में सुरक्षा व्यवस्था के काफी कड़े बंदोबस्त किए गए थे। नगर पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों की तैनाती रही।

भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सुबह से ही बाबा पांडवानाथ मंदिर, बाबा बड़े शिव धाम मंदिर, बाबा तिलेश्वरनाथ मंदिर,बाबा हरिहरनाथ मंदिर,राम जानकी मंदिर, सीतामढ़ी मां जानकी मंदिर समेत जिले के महाराजगंज दुर्गागंज सुरियावां, अभोली जंगीगंज क्षेत्र के मंदिरों में सुबह से भजन-कीर्तन प्रारंभ कर दिया था।

हरिहरनाथ मंदिर में राम प्राण प्रतिष्ठा को लाइव प्रसारण देखते हुए भावुक हो गए। कहा कि यह बहुत ही अद्भुत क्षण है की 500 साल बाद ऐसा मौका देखने मिला। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ मीनाक्षी कात्यायन,व डीएम गौरांग राठी ने हर मंदिर का निरीक्षण किया।

राम भत्तों ने बताया कि भगवान श्रीरामलला अयोध्या में विराजमान हुए हैं। ऐसे में हम लोगों को अपार खुशी है। हम लोग उसके उपलक्ष्य में प्रसाद व भंडारे का आयोजन किया है।

Bhadohi

Jan 21 2024, 18:31

*22 जनवरी को 115 घरों में गूंजेगी किलकारी*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। कालीन नगरी में जिन महिलाओं की डिलीवरी ऑपरेशन के जरिए तीसरे और चौथे सप्ताह में होनी है। वह 22 जनवरी को ही प्रसव की तिथि तय की है।

सरकारी अस्पतालों में अब तक 44 महिलाओं का प्रसव तय हो चुका है। अगर निजी अस्पतालों को मिलाया जाए तो यह संख्या 115 तक पहुंच गई है।अयोध्या में जन्मभूमि पर प्रभु श्रीराम के बाल रूप विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन प्रसव के लिए गर्भवती महिलाओं को बेसब्री से इंतजार है।

अस्पतालों में प्रसव के लिए महिलाएं 22 जनवरी का दिन चुन रही हैं। मृगशिरा नक्षत्र में शिशुओं को जन्म देकर हर गर्भवती महिलाएं उस दिन को खास बनाना चाहती हैं। जिनके घरों में नए मेहमान की आमद होने वाली है, उन्हें इस विशेष दिन का इंतजार है।

गर्भवती महिलाएं इसी दिन अपने शिशु को जन्म देना चाहती हैं। इस कतार में वह महिलाएं विशेष रूप से शामिल हैं, जिनके प्रसव की तिथि जनवरी के अंतिम सप्ताह में है। ऐसी गर्भवती महिलाओं ने चिकित्सकों से इच्छा जताई है कि उनके बच्चे का जन्म 22 जनवरी को ही हो, ताकि घर में आने वाले शिशु का नाम राम या जानकी रखा जा सके।

वहीं, जिनकी तिथि पहले से प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन की तय है, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है। जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), 17 पीएचसी, दो जिला अस्पताल और 160 निजी अस्पताल हैं। सरकारी और निजी चिकित्सालयों को मिलाकर 22 जनवरी को 115 महिलाओं ने गर्भस्थ शिशुओं के जन्म लेने के लिए इच्छा जताई है।

वहीं जिन गर्भवती महिलाओं के प्रसव की तिथि 22 जनवरी के आसपास है, वह प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन को चुन रही हैं। ताकि, प्राण-प्रतिष्ठा वाले दिन ही उनके आंगन में किलकारी गूंजे।

दो जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में 22 जनवरी के दिन 44 गर्भवती महिलाओं की तिथि तय हो गई है। निजी अस्पतालों को मिलाकर संख्या 115 के करीब हो जाएगी।

- डॉ. संतोष कुमार चक, सीएमओ भदोही

Bhadohi

Jan 21 2024, 17:58

*सेहत के लिए नुकसानदेह है मौसम*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। यह मौसम स्वास्थ्य के लिहाज से नुकसानदेह है। ऐसे मौसम में जरा सी लापरवाही बरतने पर तत्काल बीमार पड़ सकते हैं। जिला चिकित्सालय के ओपीडी में 410 मरीज देखे गए। जिन्हें जांच पड़ताल कर दवाएं उपलब्ध कराई गई।

चिकित्सक डाॅ. प्रदीप यादव ने बताया कि ऐसे मौसम में गर्म कपड़ा पहने, गुनगुना पानी पीएं, कान को बांधकर रखे, बिना कामों के घर से बाहर न निकले। लापरवाही बरतने पर बीमार पड़ सकते हैं।

Bhadohi

Jan 21 2024, 17:57

*रामनामी पटके, झंडे और रामदरबार की मूर्तियों से सजा बाजार*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही।अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख नजदीक आते ही जिले का माहौल राममय हो गया है। रामोत्सव मनाने की तैयारियों को लेकर दुकानों पर रामनामी पटके, झंडे और रामदरबार की मूर्तियों की डिमांड बढ़ गई है। दुकानदार भी भगवान राम से जुड़ी सामग्री दुकानों में सजाकर रखने लगे हैं।

 22 जनवरी को भगवान राम का उत्सव ऐतिहासिक बनाने के लिए घरों से लेकर मंदिरों तक तैयारी चल रही है। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का असर बाजार में देखने को मिल रहा है। हर तरफ सभी सरकारी विभाग राम जन्मोत्सव को सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। जिले के भदोही, ज्ञानपुर, गोपीगंज और सुरियावां जैसे इलाके भगवा झंडे और पटके से पट गए हैं। भगवा झंडे की खूब डिमांड देखने को मिल रही है।

लोग आस्था के साथ आकर झंडे, पटका, मूर्ति आदि खरीद रहे हैं।

बड़े झंडों के साथ बाइ क पर छोटे झंडों की मांग

बाजार में छोटे और बड़े भगवा झंडों की डिमांड बढ़ी है। ज्ञानपुर के व्यापारी कृष्णा देववंशी ने बताया कि रामोत्सव को लेकर लोगों में इतना उत्साह कभी देखने को नहीं मिला। इस समय सबसे ज्यादा बड़े झंडों और बाइक पर लगाने वाले झंडों की मांग बाजार में है। वहीं रामनामी पटका, मूर्ति भी खूब मांगी जा रही है।

20 रुपये से 500 रुपये तक हैं झंडे

दुकानों पर भगवान राम से जुड़ी हर सामग्री की मांग है। खासकर राम उत्सव को लेकर झंडे, पटका, फोटो, फ्रेम आदि की मांग जोरों से बढ़ी है। शहर की बुक मार्केट में 20 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के झंडे उपलब्ध हैं। इन दुकानों पर सुबह से लेकर शाम तक सामान खरीदने वालों की भीड़ रहती है। इस समय 50 और 100 रुपये कीमत के झंडे खूब बिक रहे हैं।

Bhadohi

Jan 21 2024, 12:15

*नाबालिग से छेड़खानी में दो को तीन साल का कारावास*

नितेश श्रीवास्तव

भदोही। अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश पाक्सो श्रीमती मधु डोगरा की अदालत ने नाबालिग से छेड़खानी के दो दोषियों को तीन-तीन साल कारावास एवं सात हजार अर्थदंड की सजा सुनाई। तीन साल पूर्व औराई के एक गांव में हुए मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाया। अभियोजन के मुताबिक आठ अगस्त 2020 को नाबालिग के पिता ने औराई कोतवाली में तहरीर दिया कि उसकी बेटी के साथ दो लोगों ने छेड़खानी की।

पुलिस ने दलित उत्पीड़न एवं छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर आरोपपत्र न्यायालय में भेजा। जहां दोनों पक्ष के वकीलों ने अपने-अपने तर्क रखे। पुलिस की मॉनिटरिंग सेल एवं विशेष लोक अभियोजक कौलेश्वरनाथ पांडेय की पैरवी से कोर्ट ने दोनों को छेड़खानी का दोषी माना। न्यायाधीश श्रीमती मधु डोगरा ने दोषी पिंटू बिंद और दिनेश पटेल निवासी नारायणपुर को तीन-तीन साल कारावास और सात हजार अर्थदंड की सजा सुनाई।