बस्तर में दिग्गजों ने बनाया माहौल अब प्रत्याशियों के साथ प्रचार की बारी, पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष नड्डा, प्रियंका व केजरीवाल की हो चुकी हैं सभाए
![]()
जगदलपुर- बस्तर संभाग की सभी 12 सीटों पर पहले चरण में सात नवंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं, जिसे बचाए रखने के लिए सत्ताधारी पार्टी पूरा दमखम लगाए हुए हैं। प्रमुख विपक्षी दल भाजपा भी बस्तर में अपनी खोई प्रतिष्ठा को वापस पाने के लिए पूरे साल मेहनत करती रही है।
इन दोनों पार्टियों के बड़े नेता बस्तर में कई बड़ी जनसभाएं ले चुके हैं। चुनावी समर में छोटी पार्टियां भी बस्तर में अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। चुनावी साल 2023 में बीते नौ माह में दोनों ही पार्टियों के कई बड़े नेताओं का बस्तर आना-जाना लगा रहा है।
अपनी-अपनी पार्टी का प्रचार कर लौट चुके हैं दिग्गज नेता
भाजपा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, कांग्रेस से राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, जनता कांग्रेस (जे) के अमित जोगी आदि नेता आकर अपनी-अपनी पार्टी का प्रचार कर लौट चुके हैं।
चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा
12 सितंबर को दंतेवाड़ा से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ करने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आने वाले थे, लेकिन मौसम में खराबी के कारण वे नहीं आ पाए। शाह आते तो उनका भी नाम जनसभा करने वाले दिग्गजों में शामिल हो जाता। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा। भाजपा के द्वारा केंद्र सरकार और कांग्रेस के द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों का बखान लगातार जारी है।




Oct 14 2023, 15:24
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.2k